Home Mohali Punjab News: आवारा पशु आने से फॉर्च्यूनर हुई हादसे का शिकार, जिम संचालक सहित 2 की मौत

Punjab News: आवारा पशु आने से फॉर्च्यूनर हुई हादसे का शिकार, जिम संचालक सहित 2 की मौत

0
Punjab News: आवारा पशु आने से फॉर्च्यूनर हुई हादसे का शिकार, जिम संचालक सहित 2 की मौत

मोहालीः लालड़ू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते आईटीआई चौक के पास भीषण सड़क हादसे में 2 लोगों को मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार के सामने अचानक आवारा पशु आने के कारण यह हादसा हुआ। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय मनजोत सिंह और रवि निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनजोत सिंह जिम संचालक है और रवि कार चला रहा था।

हालांकि हादसे में कार में सवार 2 अन्य लोग सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मृतक जिम संचालक मनजोत सिंह के पिता अमरपाल सिंह (निवासी बीआरएस नगर, लुधियाना) ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मनजोत गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अपने दोस्त आकाश वर्मा, सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे और चालक रवि कुमार के साथ फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। शुक्रवार सुबह जब गाड़ी लालड़ू के आईटीआई चौक के पास पहुंची, तो अचानक एक आवारा पशु सामने आ गया।

उसे बचाने के प्रयास में चालक रवि कुमार ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें मनजोत सिंह और चालक रवि कुमार की मौत की खबर मिली। कार में सवार मनजोत के दोस्त आकाश वर्मा को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मृतक मनजोत सिंह के पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया है कि यह एक आकस्मिक दुर्घटना थी और इसमें किसी भी व्यक्ति की कोई लापरवाही नहीं थी। उन्होंने किसी के भी खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया है। वहीं पुलिस ने मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here