किसानों का कहना है कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता कृषि क्षेत्र और स्थानीय किसानों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित होगा। इन्ही सभी मुद्दों को लेकर आज पूरे पंजाब के अलग-अलग टोल प्लाजा पर किसानों की अहम बैठकें और उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।इस बड़े प्रदर्शन की रूपरेखा पहले ही तय कर ली गई थी। गैर-राजनीतिक संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम गैर-राजनीतिक) के राष्ट्रीय संयोजक और भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धपुर) के अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने ऐलान किया था कि 14 जुलाई को पंजाब के सभी टोल प्लाजा को जनता के लिए मुफ्त कर दिया जाएगा। ऐसे में लाडोवाल टोल प्लाजा पर भारी संख्या में किसान एकजुट हुए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को टोल नहीं चुकाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल रही है। किसान नेताओं ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन शाम 4 बजे तक कोई भी टोल कंपनी टैक्स नहीं वसूल पाएगी। उन्होंने इसे अपनी जमीन और अस्तित्व बचाने की निर्णायक लड़ाई करार दिया है।