Home Punjab>Ludhiana Punjab News: बुलेट सवार ने किया हंगामा,  ट्रैफिक कर्मी का मोबाइल छीना, लोगों ने पीछा कर दबोचा, देखें वीडियो

Punjab News: बुलेट सवार ने किया हंगामा,  ट्रैफिक कर्मी का मोबाइल छीना, लोगों ने पीछा कर दबोचा, देखें वीडियो

0
Punjab News: बुलेट सवार ने किया हंगामा,  ट्रैफिक कर्मी का मोबाइल छीना, लोगों ने पीछा कर दबोचा, देखें वीडियो

लुधियाना: शहर के दुगरी इलाके में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने से रोकने पर एक बुलेट सवार युवक ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवक ने पहले ट्रैफिक पुलिसकर्मी से बहस और गाली-गलौज की। इसके बाद उसने ट्रैफिक कर्मी का मोबाइल फोन छीन लिया और बाइक लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने धक्का-मुक्की भी की, जिससे ट्रैफिक कर्मी की पगड़ी उतर गई। सूचना मिलते ही थाना दुगरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को बुलेट मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया।

दुगरी इलाके में ड्यूटी पर थे ट्रैफिक कर्मी
ट्रैफिक विंग में तैनात एएसआई जगविंदर सिंह ने बताया कि उनकी ड्यूटी दुगरी इलाके में यातायात व्यवस्था बनाए रखने की थी। इसी दौरान 200 फुट रोड की तरफ से एक बुलेट मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। जांच के लिए जब बाइक को रोका गया तो पता चला कि उसमें नियमों के खिलाफ तेज आवाज वाला प्रेशर हॉर्न लगाया गया था।

लाइसेंस मांगते ही युवक हुआ नाराज
एएसआई के मुताबिक, जब उन्होंने बाइक चालक से ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज दिखाने के लिए कहा तो वह गुस्से में आ गया। आरोपी ने ट्रैफिक कर्मी के साथ बदतमीजी शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगा। माहौल बिगड़ता देख ट्रैफिक कर्मी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।

मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश
वीडियो बनता देख आरोपी और ज्यादा भड़क गया। उसने ट्रैफिक कर्मी के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और तुरंत बुलेट मोटरसाइकिल लेकर वहां से भागने लगा। ट्रैफिक कर्मी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी आरोपी का पीछा किया।

लोगों ने पीछा कर दबोचा
कुछ दूरी पर लोगों और ट्रैफिक कर्मी ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद भी युवक शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने ट्रैफिक कर्मी के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान हाथापाई में ट्रैफिक कर्मी की पगड़ी भी उतर गई, जिससे मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से बदसलूकी, सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here