Home Panchkula पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

0
पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

पंचकूलाः जिला पंचकूला के थाना मनसा देवी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने और उसके दो दोस्तों को घायल करने का मामला सामने आया था। पंचकूला पुलिस ने मामलें में त्वरित कार्रवाई करते मुस्तैदी दिखाई और 4 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद किया जा सके।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 16 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सकेतड़ी रोड पर लड़कों के बीच खूनी संघर्ष होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो वहां काफी खून बिखरा हुआ था और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मिली। इसके बाद पुलिस टीम नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंची, जहां मृतक के पिता ने अपने बयान दर्ज करवाए।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका (20) बेटा कपिल अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था, जहां कुछ युवकों ने एक राय होकर उन पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं।

पिता के बयानों के आधार पर थाना मनसा देवी पंचकूला में मामला दर्ज किया गया। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में थाना मनसा देवी की टीम और क्राइम यूनिट्स ने संयुक्त रूप से तलाश शुरू की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन निवासी बदायूं यूपी, अर्जुन निवासी बरेली यूपी, विपिन कुमार निवासी बदायूं यूपी और मोहित कुमार निवासी उन्नाव यूपी के रूप में हुई है। एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीष कुमार की अगुवाई में मामलें की जांच सब इंस्पेक्टर मलकीत सिंह द्वारा की जा रही है।

डीसीपी के अनुसार जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ें करीब 2 साल पुरानी एक मामूली बात से जुड़ी हैं। दरअसल, दो साल पहले मृतक कपिल के एक दोस्त का इन आरोपियों ने प्रोटीन पाउडर खाकर बॉडी बनाने की बात को लेकर मजाक उड़ाया था। उस समय इनके बीच विवाद और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में गहरी रंजिश चली आ रही थी।

बीते दिनों जब इस पुरानी रंजिश को सुलझाने और समझौता कराने के लिए दोनों पक्ष इकट्ठा हुए, तो वहां एक बार फिर से आपस में कहासुनी हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने तैश में आकर चाकुओं से हमला कर कपिल की जान ले ली। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और रिमांड अवधि के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए जाएंगे। मामले की जांच जारी है और बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, शेष आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here