Home National बड़ा हादसाः पटरी से उतरे ट्रेन के 6 डिब्बे, 53 ट्रेनें प्रभावित

बड़ा हादसाः पटरी से उतरे ट्रेन के 6 डिब्बे, 53 ट्रेनें प्रभावित

0
बड़ा हादसाः पटरी से उतरे ट्रेन के 6 डिब्बे, 53 ट्रेनें प्रभावित

नई दिल्लीः दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जब एक मालगाड़ी के 6 लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना साहिबाबाद से नई दिल्ली की ओर लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जिसके चलते इस व्यस्त रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। उत्तर रेलवे के अनुसार घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम, एडीआरएम और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

रेलवे की टीमें ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने और यातायात सामान्य करने में जुटी हैं। हादसे का असर रेल संचालन पर भी पड़ा है। रेलवे के अनुसार, कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है और उन्हें दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। इसके अलावा 16 पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं, जबकि 5 पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।

वहीं 8 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर नियंत्रित (रेगुलेट) किया गया है। इनमें आनंद विहार आने वाली कुछ ट्रेनें भी शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। फिलहाल ट्रैक बहाली का काम तेजी से जारी है। वहीं, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को साहिबाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट कर चलाया गया, ताकि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने में सुविधा हो सके। रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्रभावित रेलखंड पर बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही नियमित रेल सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here