Jalandhar News: आम से लदा कैंटर अज्ञात वाहन से टकराया, लगा जाम, देखें वीडियो
गोराया: फगवाड़ा-लुधियाना हाईवे JC रिजार्ट के समीप ओवरब्रिज के पास आज आम से लदा एक कैंटर अज्ञात वाहन से टकरा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई घायल हुआ।
इस बारे में जानकारी देते हुए रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान उनकी टीम ने JC रिज़ॉर्ट के समीप ओवरब्रिज पर दुर्घटनाग्रस्त कैंटर देखा। यह कैंटर सहारनपुर से अमृतसर जा रहा था और इसे समीर नाम का ड्राइवर चला रहा था। हरियाणा नंबर वाले इस कैंटर में आम लदे हुए थे।
जब SSF टीम ने मौके पर ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसने बताया कि गाड़ी चलाते समय उसे नींद आ गई थी, जिसकी वजह से वह अपने आगे जा रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर के बाद कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
SSF टीम ने तुरंत गोराया पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर को घटना की सूचना दी। इसके बाद कैंटर को सड़क के किनारे किया गया, सेफ्टी कोन लगाए गए और ट्रैफिक को सुचारू रूप से शुरू करवा दिया गया।