जालंधर, ENS: फिल्लौर के गांव संग ढेसियां की खस्ताहाल सड़क को लेकर गांववासियों और दुकानदारों ने अनोखे ढंग से रोष प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क के बीच धान लगाकर संबंधित विभाग का ध्यान सड़क की गंभीर समस्या की ओर खींचा। इस संबंधी जानकारी देते हुए बूटा सिंह और भोगल ने बताया कि संग ढेसियां की सड़क की हालत बेहद दयनीय हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह पड़े बड़े-बड़े गड्ढे किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से टूटी हुई है और कई बार उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क पर हर समय पानी जमा रहता है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई लोग गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं। प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें सड़क के बीच धान लगाकर अपना रोष जताने के लिए मजबूर होना पड़ा। गांववासियों ने सरकार और संबंधित विभाग से सड़क की तुरंत मरम्मत करवाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इससे भी बड़ा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।