ऊना/ सुशील पंडित : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला ऊना के हरोली पंजुवाना में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के इतिहास में एक क्रांतिकारी शुरुआत है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी तथा स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होने से आय में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा राज्य सरकार बल्क ड्रग पार्क में लगने वाले उद्योगों को एक रुपये की दर से भूमि, तीन रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली और दस साल तक निःशुल्क पानी की सुविधा उपलब्ध करवाएगी।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि मुख्यमंत्री ने बल्क ड्रग पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना के लिए अपने फंड से एक हजार करोड़ रुपए प्रदान करेगी। यहां पर दवाओं का कच्चा माल तैयार होगा, क्योंकि केंद्र सरकार चीन पर अपनी निर्भरता खत्म करना चाहती है। यह परियोजना न सिर्फ हरोली बल्कि जिला ऊना के लिए भी वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि ऊना जिला से भी कांग्रेस के दो विधायक बिक गए और राज्यसभा चुनाव में भाजपा का साथ दिया, लेकिन जनता ने भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ फेल कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने खरीद फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब दिया है और भाजपा के 4 जून को दो सरकारें बनाने के दावे को नकार दिया।