पावर कॉर्पोरेशन को 500 मेगावाट सोलर ऊर्जा के दोहन का लक्ष्य
पेखूबेला सौर विद्युत परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा करने पर अधिकारियों की सराहना की
ऊना/सुशील पंडित : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला ऊना के पेखूबेला में 32 मेगावाट क्षमता की सौर विद्युत परियोजना के उद्घाटन अवसर पर जनसभा को सम्बोेधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन को 500 मेगावाट सोलर ऊर्जा के दोहन का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क में ही 150 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा दे रही है ताकि आने वाले समय में प्रदेश पर्यटक हब बनकर उभरे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक विकासात्मक योजनाएं शुरू की जाएंगी।