ऊना/सुशील पंडित : संतोषगढ़ः ट्रैवल एजेंट के खिलाफ मामला दर्जपंजाब की तर्ज पर हिमाचल के लोग भी ट्रैवल एजेंटों के पास जाकर अपने जीवन की जमापूंजि गंवाने लग गए हैं। अब संतोषगढ़ के रहने वाले राहुल सैनी पुत्र हेमराज सैनी ने सदर थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई है कि चंडीगढ़ के एक ट्रैवल एजेंट ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 11 लाख रूपए ऐंठ लिए हैं। राहुल ने दावा किया है कि उसने चंडीगढ़ के 17 सेक्टर के ट्रैवल एजेंट खुशपाल सिंह को स्टडी वीजा के लिए 11 लाख रूपए दिए थे। खुशपाल सिंह 17 सेक्टर में वर्ल्ड वीजा एडवाइजर के नाम पर ट्रैवल एजेंसी चलाता है।
राहुल ने ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई का वीजा लगवाने के लिए खुशपाल को पहले ही 11 लाख एक हजार रूपए का भुगतान कर दिया था। राहुल का दावा है कि उसके बाद खुशपाल सिंह ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। जब भी संपर्क हुआ तो उसने कहा कि हम आपको जल्द ऑस्ट्रेलिया भेज रहे हैं। अब पक्के तौर पर राहुल का खुशपाल सिंह के साथ संपर्क बंद हो चुका है। ऐसे में हताश होकर अब राहुल और उसका परिवार हिमाचल पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा है। पुलिस ने अब खुशपाल सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।