Blog

  • पंजाबः अब उद्योगपतियों ने ट्रेनें रोकने का किया ऐलान, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के कहोजरी कारोबारियों ने ट्रेनें रोकने का ऐलान किया है। इस दौरान उन्होंने शपथ लेते हुए कहा कि वह चीन के साथ कोई कारोबार नहीं करेंगे। चीन से आने वाले सामान से पंजाब की इंडस्ट्री पूरी तरह बर्बाद हो रही है। इस दौरान कारोबारियों ने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान व्यापारियों ने मांगें पूरी न होने पर 1 मार्च को पंजाब भर में ट्रेनें रोकने का भी ऐलान किया है। दरअसल, कारोबारी यहां आने वाले कपड़ों को लेकर चिंतित हैं। जिसे लेकर वे कई बार केंद्र सरकार के सामने मांग रख चुके हैं।

    वहीं निजी होटल में प्रेस वार्ता दौरान व्यवसायियों ने कड़ा निर्णय लेते हुए शपथ ली कि वे चीन के साथ किसी भी तरह का व्यवसाय नहीं करेंगे और ना ही करने देंगे। इस मौके पर कारोबारियों ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किये हैं। उन्होंने बताया कि चीन से बांग्लादेश के रास्ते हर दिन बड़ी मात्रा में कपड़ा भारत आ रहा है। जिसके परिणामस्वरूप भारत के बड़े घरानों टाटा, रिलायंस आदि ने भारत से माल बनाना बंद कर दिया और बांग्लादेश से खरीदारी शुरू कर दी। जिसका सिर्फ लुधियाना या पंजाब को ही नहीं बल्कि पूरे भारत को भारी नुकसान हो रहा है।

    उन्होंने यह भी बताया कि कुछ सरकारी अधिकारियों की धोखाधड़ी के कारण सरकार को हजारों करोड़ रुपए का नुकसान भी हो रहा है। इंडस्ट्री में उत्पादन 50 से 60 फीसदी तक कम हो गया है। उन्होंने कहा कि उद्योग बंदी के कगार पर है। सरकार को इस पर जल्द फैसला लेना चाहिए और अगर सरकार ने फैसला नहीं लिया तो वे संघर्ष करने को मजबूर होंगे। उन्होंने 1 मार्च का समय देते हुए कहा कि वह सरकार को 10 दिन का समय दे रहे है। ऐसे में अगर सरकार नहीं मानी तो 1 मार्च को दिल्ली जाने वाली ट्रेनें रोक दी जाएंगी।  

  • Sawai Man Singh Hospital में जानलेवा लापरवाही, मरीज को चढ़ाया गलत ग्रुप का ब्लड, मौ+त

    जयपुर : राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह हॉस्पीटल जयपुर में नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही से एक युवक को गलत ग्रुप का ब्लड ग्रुप चढ़ा दिया गया। इसके बाद युवक की तबीयत खराब हो गई। उसे आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। उसकी दोनों किडनी गलत ब्लड चढ़ाने के कारण काम करना बंद कर चुकी है। उसकी हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने बोर्ड का गठन किया है। वहीं चिकित्सकों की एक टीम युवक के इलाज में जुटी हुई है।

    बांदीकुई के रायपुर गांव निवासी सचिन शर्मा (25).पुत्र महेश चंद्र शर्मा 11 फरवरी को सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गया था। इसके चलते उसे जयपुर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित सचिन के ताऊ महादेव और भाई लवकुश ने बताया कि इमरजेंसी केस को देखते हुए उसका ब्लड सैंपल लिया गया। यह ब्लड सैंपल नर्सिंग स्टाफ की जगह एक वार्ड बॉय ने लिया। जिसके कारण बड़ी गलती हुई। इसके बाद गलत ब्लड ग्रुप की पर्ची पर उसे ब्लड और प्लाज्मा चढ़ा दिया गया। ब्लड चढ़ने के बाद पीड़ित सचिन की तबीयत खराब हो गई।

    पीड़ित सचिन को 11 फरवरी को गंभीर अवस्था में एक्सीडेंट होने पर जयपुर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे 12 फरवरी को AB + ब्लड चढ़ा दिया गया। सचिन को अस्पताल के ऑर्थो वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां बाद मे 13 फरवरी को सचिन के पेट और कमर में दर्द शुरू हुआ। जिसको लेकर जांच कराई गई। जांच के बाद उसे आईसीयू में भर्ती कर दिया। बाद में 14 फरवरी को फिर से सचिन की जांच कराई तो, परिजनों को उसके O± ब्लड ग्रुप होने का पता लगा।

    जबकि उसके गलत ब्लड ग्रुप AB + चढ़ा दिया गया। इसके कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल सचिन की हालत नाजुक है। वह अब तक तीन बार डायलिसिस पर जा चुका है। सचिन की गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाए जाने से हालत काफी नाजुक है। उसकी दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया है। इधर इसको लेकर पीड़ित सचिन के पिता ने गुरुवार को भाजपा जिला महामंत्री भवानी शंकर भारद्वाज के नेतृत्व में एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसमें दो दोषी डॉक्टर और अन्य स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

  • पंजाबः DSP Dilpreet की मौ+त के मामले में Park Plaza Hotel के मैनेजर का आया बयान, देखें वीडियो

    लुधियानाः लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर भाई वाला चौक के पास होटल पार्क प्लाजा के जिम में एक्सरसाइज करते समय मलेरकोटला में तैनात डीएसपी दिलप्रीत सिंह शेरगिल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं इस मामले को लेकर होटल के जनरल मैनेजर दविंदर का बयान सामने आया है। दविंदर ने बताया कि दिलप्रीत पिछले करीब एक साल से रोजाना जिम में एक्सरसाइज के लिए आते थे।

    बीते दिन भी वह शाम को वजन उठा रहे थे और दूसरी बार वजन उठाने के बाद उन्होंने 30 सेकेंड का ब्रेक लिया। इसी दौरान अचानक गिर पड़े। डीएसपी के गनमैन और होटल स्टाफ ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि मालेरकोटला में तैनात डीएसपी दिलप्रीत इन दिनों किसान आंदोलन के चलते हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर ड्यूटी पर थे। जिनकी मौत पर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने भी दुख जताया है।

  • पंजाबः बस स्टैंड से डेढ़ लाख की निर्माण सामग्री लेकर चोर हुए फरार

    अबोहरः नवनिर्मित बस स्टैंड पर चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। जहां चोर बस स्टैंड के शौचालय में रखा करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी देते हुए बस स्टैंड का निर्माण करा रहे ठेकेदार हंसराज बत्रा के सुपरवाइजर सोनू ने बताया कि पिछले कुछ समय से ग्रांट नहीं मिलने के कारण स्टैंड का निर्माण कार्य रुका हुआ है।

    जिसके चलते उन्होंने बस स्टैंड में बने शौचालय में निर्माण सामग्री रखी हुई थी। बीती रात अज्ञात चोरों ने शौचालय का ताला तोड़कर वहां से करीब 15 बड़े मरकरी लाइट, बिजली के तारों के बंडल, हैमर मशीन, लेवल मशीन आदि चोरी कर ली। घटना की जानकारी उन्हें आज सुबह करीब 9 बजे तब हुई जब वह सामान संभालने के लिए अड्डे पर आए। उन्होंने घटना की जानकारी सिटी वन पुलिस को दे दी है।

  • पंजाब : किसान यूनियन की ओर से मनाया गया Black-Day, देखें वीडियो

    मोगा : गैर राजनीतिक किसान यूनियन की ओर से शंभू और खनौरी बार्डर पर किए जा रहे प्रदर्शन में बीते दिनों खनौरी बार्डर पर हरियाणा पुलिस की ओर से चलाई गई गोली में बठिंडा जिले के किसान शुभकरण सिंह को गोली लगने से शहीद होने को लेकर सभी किसान यूनियन में रोष पाया जा रहा है। वही एसकेएम की कॉल पर पंजाब में सभी डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर के बाहर किसानों द्वारा रोष प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया जा रहा है और किसानों द्वारा केंद्र सरकार, अमित शाह और खट्टर के पुतले फूंके जा रहे है।

    उन्होंने मांग की है कि हरियाणा पुलिस द्वारा चलाई गोली से हमारा एक 21साल का नौजवान किसान शहीद हो गया है। पंजाब सरकार दोषियों के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज करे। वही किसानों ने कहा की 26 फरवरी को नेशनल हाईवे पर ट्रेक्टर खड़े कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। वही 14 मार्च को दिल्ली में महा पंचायत की जाएगी।

  • इस दिन 7 से 8 चरणों में हो सकते है लोकसभा चुनाव

    नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी खबर निकल कर सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 13 मार्च को चुनाव को लेकर ऐलान हो सकता है। इससे पहले चुनाव आयोग मार्च के पहले हफ्ते में जम्मू-कश्मीर का दौरा कर सकता है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के संवेदनशील बूथों की लिस्ट मांगी है। इस बार भी आम चुनाव 7-8 चरण में हो सकते हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ECI आम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए कई राज्यों का दौरा कर रहा है। एक बार यह दौरे पूरे होने के बाद तारीखों की घोषणा की जाएगी। फिलहाल, चुनाव आयोग के अधिकारी अभी तमिलनाडु का दौरा कर रहे हैं, उसके बाद वे उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे. यह सभी दौरे 13 मार्च से पहले पूरे होने की उम्मीद है।

    आयोग पिछले कुछ महीनों से तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के साथ लगातर बैठकें कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सीईओ ने समस्या वाले क्षेत्रों, ईवीएम की आवाजाही, सुरक्षा बलों की जरूरत, बॉर्डर पर कड़ी निगरानी को सूचीबद्ध किया है। विशेष रूप से चुनाव आयोग इस साल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करने की योजना बना रहा है। चुनाव आयोग ने मई से पहले होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी की मदद लेने का फैसला किया है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत सूचनाओं को चिह्नित करने और हटाने के लिए ECI के भीतर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए एक विभाग बनाया गया है।

  • राहुल गांधी को हाईकोर्ट से लगा झटका, जाने मामला

    नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को झारखंड हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 2018 में बीजेपी अध्यक्ष पर बयान देने के मामले में कोर्ट ने केस खत्म करने की उनकी याचिका को खारिज कर दिया है। इस मामले में सिविल कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था। सिविल कोर्ट का समन मिलने के बाद राहुल गांधी हाईकोर्ट में केस खत्म कराने के लिए याचिका दाखिल की थी।

    दरअसल राहुल गांधी ने 2018 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ बयान दिया था। इस संबंध में रांची की निचली अदालत में मामला चल रहा था। सिविल कोर्ट से समन मिलने के बाद राहुल गांधी ने केस खत्म कराने के लिए रांची हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। लेकिन वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। रांची हाईकोर्ट ने राहुल गांधी की याचिका को खारिज कर दिया है।

  • पंजाबः पतंग उड़ाते समय छत से गिरा बच्चा, हालत गंभीर 

    अबोहरः स्थानीय फाजिल्का रोड स्थित बाबा कॉलोनी में छत पर पतंग उड़ाते समय पैर फिसलने से बच्चा छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए बठिंडा के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी देते हुए कृष्ण कुमार चायल ने बताया कि उसका 12 वर्षीय बेटा युवराज कल देर शाम अपने बच्चों के साथ पड़ोसियों की छत पर पतंग उड़ा रहा था। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। वह करीब 12 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा और बेहोश हो गया। परिजनों द्वारा उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

    जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसे एम्स बठिंडा ले गए। करीब एक सप्ताह पहले धर्म नगरी से गुजर रहे सीड फार्म निवासी एक युवक के गले में उड़ती पतंग की चाइनीज डोर की चपेट में आने से गंभीर चोट लग गई और उसे एक निजी अस्पताल में सर्जरी और इलाज कराना पड़ा। इस घटना के बाद जिला प्रशासन जागा और डीसी ने चाइनीज डोर पर प्रतिबंध लगाने के लिए अबोहर निगम अधिकारी करतार सिंह की ड्यूटी शहर में दुकानों पर छापेमारी करने के लिए लगा दी। जिसकी दुकानों पर छापेमारी जारी है।

  • Duronto Express की बोगी से अचानक धुआं निकलने से मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    दुर्गापुरः पश्चिम बंगाल के राजबांध रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल, हावड़ा से दिल्ली जा रही दुरंतो एक्सप्रेस से अचानक धुआं निकलने लगा। जानकारी के मुताबिक, जिस दौरान यह घटना हुई, तो उस समय ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी थी, जिस कारण बिना देरी किए रेलवे अधिकारियों ने तुरंत धुएं पर काबू पा लिया। इसके बाद बिना किसी परेशानी के ट्रेन आगे बढ़ गई। फिलहाल, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। 

    वहीं समाचार एजेंसी के मुताबिक, वीरवार और शुक्रवार की रात आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के पास रायनपाडु में भी एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल, मंदरूपकर रेलवे स्टेशन के जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि यहां एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, इस घटना में किसी तरह की कोई हताहत नहीं हुई है और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

    इससे पहले भी वीरवार को ओडिशा के ढेंकनाल जिले के जोरांडा रोड रेलवे स्टेशन पर गोबिंदपुर के पास एक ट्रेन के इंजन में भीषण आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया।

  • पंजाबः किसान शुभकरन की मौत को लेकर भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ का आया बयान

    अबोहरः खनौरी बॉर्डर पर 2 दिन पहले किसान शुभकरन की मौत हो गई थी। वहीं शुभकरन की मौत को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने परिवार को एक करोड़ रुपए और बहन को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। दूसरी ओर भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ का भी युवा शुभकरण सिंह की मौत को लेकर बयान सामने आया है। भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने शुभकरन की मौत को लेकर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं है और पूरा पंजाब उनके परिवार के साथ खड़ा है।

    सुनील जाखड़ ने कहा कि शुभकरन की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को सामने लाने के लिए जांच होनी चाहिए और सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए।’ मैं ऐसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं।’ उन्होंने कहा कि आज भी भी धरना स्थल पर हजारों शुभकरन मौजूद हैं। दोनों पक्षों को याद रखना चाहिए कि हर जीवन अनमोल है। जहां सरकारों और सुरक्षा बलों को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने के लिए संयम और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, वहीं किसान संगठनों को भी हमारे युवाओं के जुनून और ऊर्जा का सही उपयोग करना चाहिए।

    इस आंदोलन के नेताओं को यह समझना चाहिए कि हमारे युवा हमारे देश की शान हैं और उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी सियासी राजनीतिक उद्देश्यों के लिए युवाओं का दुरुपयोग न किया जाए। सभी मांगों का समाधान बातचीत के जरिए किया जाएगा और दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए मुद्दों को सुलझाने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।’