Blog
-

वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
ऊना/सुशील पंडित: वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद, संतोषगढ़ सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में सुपर वरिष्ठ नागरिक जो कि 80 साल के ऊपर हैं सम्मानित किये गए जिनमें सर्व श्री प्रताप राम,रमेश चन्द्र चब्बा,राजिंदर पाल चब्बा,हरी राम वैध, हरबंस लाल शाद,ओम प्रकाश चब्बा,गोपाल कृष्ण सैनी,तरसेम लाल सैनी,मदन लाल पलाद, तेलु राम,गौतम के साथ सभी को सम्मानित किया गया। सभी सुपर वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जिंदगी के तजुर्बों से अवगत कराया।इसके इलावा कई मुद्दों पर भी बात की गई जैसे कि घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई घरों तक पहुँचाने की सुविधा प्रदान करनी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद संतोषगढ के दफ्तर की सुविधा के लिए डिप्टी कमिश्नर ऊना से अपील की और सामुदायिक सेहत केंद्र में हफ्ते में दो दिन के लिए ईएनटी के डॉक्टर और स्किन स्पेशलिस्ट चिकित्सक की सेवा के लिए मुख्य सेहत अधिकारी ऊना से संपर्क करना आदि।इस मौके पर श्री प्यारे लाल, शिव किशोर वासुदेव, बिक्रम जीत चब्बा, राम नारायण प्रभाकर, जगमोहन सिंह वालिया, नरेश पाराशर, नागेश चब्बा, लक्ष्मण सैनी, दिलबाग सैनी, अमर सिंह सैनी, प्रताप नेगी, तेलु राम सैनी, डाक्टर विजय चब्बा, अशोक कुमार, आदि उपस्थित थे। -

पंजाबः पुलिस ने मृतक व्यक्ति के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमृतसरः पुलिस का एक अनोखा कारनामा सामने आया है। पुलिस द्वारा मृतक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया। हालांकि इस बारे मे सीपी से बातचीत की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर मामले को लेकर एडवोकेट हरप्रीत कहना कि एफआईआर दर्ज करने में कई गलतीयां हुई और जांच के बिना ही पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर दिया गया। पीड़िता ने बताया कि आज सुबह पुलिस ने छापेमारी के दौरान मामले में शामिल अर्शदीप सिंह गिरफ्तार कर लिया है।

सिमरनजीत कौर ने आरोप लगाया कि जब उसकी शादी अर्शदीप सिंह से हुई थी, तब उसकी उम्र 16 साल 4 महीने थी। नाबालिग होने के बावजूद उसने शादी कर ली, जिसके बारे में आरोपी को पता था, लेकिन पुलिस ने सिमरनजीत कौर द्वारा शिकायत में लिखवाए गए आरोपी के खिलाफ बिना किसी जांच के केस दर्ज कर लिया। आज जब पुलिस ने अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार कर थाने ले जाकर उसके माता-पिता के बारे में पूछा तो पुलिस के पसीने छूट गए जब अर्शदीप ने बताया कि 15 साल पहले पर्चे में शामिल उसके पिता की मौत हो चुकी है।

उधर, पुलिस का कहना है कि फिलहाल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्हें पता चला है कि पर्चे में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र लिया जाएगा।
-

हिमाचल में डबल इंजन सरकार का काम देख निराश हैं कांग्रेसी नेता: भाजपा
ऊना /सुशील पंडित: भाजपा जिलाध्यक्ष ऊना मनोहर लाल शर्मा, महामंत्री राजकुमार पठानिया, भाजयुमो जिला अध्यक्ष कमल सैनी, भाजपा जिला प्रवक्ता विनय शर्मा, भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी अर्चित शर्मा, आईटी सेल के जिला संयोजक वरुण मैनन, भाजपा ऊना मंडल अध्यक्ष हरपाल गिल ने संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस नेत्री अलका लांबा हिमाचल में एक राजनीतिक पर्यटक के रूप में घूमकर यहां की प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा ले रही हैं, जिन्हें हिमाचल की जमीनी हकीकत और यहां भाजपा की डबल इंजन सरकारों ने क्या हासिल किया है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज दृष्टिहीन और नेतृत्वविहीन हो चुकी है। जहां कांग्रेस पार्टी संकट ग्रस्त है, वहीं केंद्र से लेकर हिमाचल तक सत्ता संघर्ष में विलीन है। उन्होंने कहा कि अलका लांबा को पता होना चाहिए कि विश्व के सबसे बड़े संगठन भाजपा की नीतियों को देखते हुए कांग्रेस के देश हित में अच्छी सोच रखने वाले वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और भाजपा संगठन का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में पिछले 60 वर्षों से देश की आम जनता को गुमराह करने की एक सामान्य प्रवृत्ति निर्मित है जो झूठी गारंटी देते हैं और कभी पूरी नहीं होती हैं लेकिन जनता जानती है कि वास्तव में राज्य के विकास के लिए किसने काम किया है। उन्होंने कहा कि अलका लांबा को पता होना चाहिए कि केंद्रीय नेता के रूप में अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के समग्र विकास और हिमाचल में डबल इंजन सरकार के रूप में एक उत्कृष्ट काम किया है जो सभी हिमाचल वासियों ने देखा है, जबकि कांग्रेस नेताओं को जमीन पर कुछ भी दिखाई नहीं देता है और उन्हें हवा में बातें व प्रदेश की भोली-भाली जनता को भ्रमित करना आता है।उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिया है, इस लिए वह केंद्रीय परियोजनाओं के लिए 90 प्रतिशत वित्तीय सहायता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में रेलवे लाइन का काम प्रगति पर है और जल्द ही ऊना से हमीरपुर रेलवे लाइन पर काम शुरू हो जाएगा, क्योंकि इसका सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। वहीं रेलवे विकास ने भानुपली- बिलासपुर- बेरी नई रेलवे लाइन के कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित कर दी है। जिसका कांग्रेस नेताओं को शायद ज्ञान नहीं है।उन्होंने कहा कि इस कार्य के दायरे में हिमाचल प्रदेश में भानुपाली-बिलासपुर-बेरी नई रेलवे लाइन के संबंध में 47.415 किमी से 50.900 किमी के बीच वायडक्ट 1 और 2 के लिए नदी प्रशिक्षण संरक्षण कार्य, अर्थवर्क और संबद्ध कार्यों के साथ-साथ नींव की संरचना और अधिरचना का निर्माण शामिल है। जबकि 30 महीने की अवधि के साथ परियोजना का अनुमानित मूल्य 541.62 करोड़ रुपये है। कांग्रेस केवल आम जनता को गुमराह कर रही है क्योंकि वे पिछले 60 वर्षों में लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में वे असमर्थ रही है। जब वे सत्ता में थे तब एक इंच भी रेलवे लाइन नहीं जोड़ी गई थी, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने 8 वर्ष के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश के लिए जो ऐतिहासिक काम किए हैं उसका कांग्रेसी नेताओं को ज्ञान होना चाहिए।कांग्रेस नेता ही हिमाचल के माफिया..
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता खुद हिमाचल में सबसे बड़े माफिया हैं और जब से जयराम ठाकुर सरकार सत्ता में आई है, राज्य में माफिया गतिविधियों में भारी गिरावट आई है और इससे कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है क्योंकि उनका दबदबा घट रहा है। यही सबसे बड़ा कारण है कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा की ईमानदार व कल्याणकारी सरकार के खिलाफ झूठा प्रचार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अबकी बार सरकार नहीं रिवाज बदलने के नारे के साथ हिमाचल में चुनाव हारना निश्चित है क्योंकि लोग उनके झूठे प्रचार से भली-भांति परिचित हैं और भाजपा निश्चित रूप से एक बड़ी जीत की ओर अग्रसर है। -

गांव बस्ती में कृषि विभाग ने लगाया दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
ऊना/सुशील पंडित: विकासखंड हरोली की ग्राम पंचायत कुठारबीत के बस्ती गांव में कृषि विभाग आत्मा परियोजना के अधिकारियों द्वारा किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को खेती के चार स्तंभ बीजामृत जीवामृत, बापसा, आच्छादन के बारे में में भी बिस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सब्ज़ियों में आने वाली बीमारियों ओर कीटों की प्राकृतिक तरीक़े से रोकथाम के बारे में जानकारी दी। प्रगतिशील किसान राजदीप सिंह जो सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती कर रहे है उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न सिद्धांतों व बीज संस्कार के लिए देसी गाय के गोबर गोमूत्र से निर्मित बीजामृत व जीवामृत घनजीवामृत, अग्निअस्त्र आदि को वास्तविक रूप से बना कर बताया। इस शिविर में डा० अंकुश शर्मा ने बताया कि किस प्रकार रासायनिक खेती धरती, वातावरण ओर शरीर का नुक़सान कर रही है। साथ ही विभाग की स्कीम के बारे में बताया । इसमें आत्मा परियोजना हरोली के सहायक तकनीकी प्रबंधक ड़ा॰ दविंदर कौर व ड़ा॰शिवांक जसवाल ने किसानों को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए प्राकृतिक खेती व देशी गाय के गुणों से भी अवगत करवाया। -

विस चुनाव में प्रत्याशी के लिए चुनावी व्यय की सीमा 40 लाख रुपएः डीसी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने व्यय निगरानी प्रशिक्षण कार्यशाला में की शिरक्त
ऊना/सुशील पंडित : आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के दृष्टिगत आज लता मंगेशकर कला केंद्र समूरकला में व्यय निगरानी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने की।इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी टीम प्रमुखों को चुनाव के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियां नियमों के मुताबिक निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के खर्च की निगरानी आयोग भी शैडो रजिस्टर के माध्यम से करता है, जिसके लिए विभिन्न टीमें तैनात की जाती हैं।राघव शर्मा ने बताया कि प्रत्येक अभ्यार्थी के लिए उसके नामांकन की तारीख से निर्वाचन के परिणाम की घोषणा की तारीख के मध्य उसके द्वारा या उसके निर्वाचन एजेंट द्वारा किए गए सभी व्ययों का सही लेखा-जोखा रखना अनिवार्य है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक अभ्यार्थी को छाया प्रेक्षण रजिस्टर और साक्ष्य फोल्डर के रख रखाव में लेखा टीमों सहायक व्यय प्रेक्षक के मार्ग दर्शन में कार्य करना होगा। राघव शर्मा ने बताया चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी 40 लाख रूपये तक खर्च कर सकता है। चुनाव के दौरान प्रत्याशी द्वारा व्यय की जाने वाली राशि के ब्यौरे हेतू रजिस्टर बनाएगा और इस रजिस्टर का निरीक्षण समय-समय पर सहायक व्यय पर्यवेक्षक द्वारा किया जाएगा।इसके अलावा प्रत्याशी द्वारा प्रिंट, सोशल व इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पेड न्यूज़ व विज्ञापन लगवाने संबंधी विज्ञापनों पर मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी निगरानी रखेंगी। यदि ऐसा पाया जाता है तो उसका खर्च प्रत्याशी के खाते में डाला जाएगा। कार्यशाला में स्टार नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर मुनशी राम शर्मा ने अधिकारियों को व्यय प्रेक्षक, सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी टीम, अवलोकन टीम, लेखाकरण टीम, कॉल सेंटर, मीडिया प्रमाणन, अनुवीक्षण समिति, उड़न दस्ते व नोडल अधिकारी व्यय अनुवीक्षण के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में सभी टीम प्रमुखों को उनके दायित्व के बारे में विस्तार से बताया गया।इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ अमित कुमार शर्मा, एसडीएम विकास शर्मा, योगराज धीमान, डॉ निधि पटेल, डॉ मदन कुमार, सोमिल गौतम सहित अन्य उपस्थित रहे। -

जालंधरः त्यौहार को लेकर सीपी गुरशरण सिंह संधू ने अधिकारियों को जारी किए ये निर्देश
जालंधर/वरुणः महानगर में त्यौहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू ने शहर में सुरक्षा के कडे़ प्रबंध करने के आदेश जारी कर दिए है। मामले की जानकारी देते हुए सीपी गुरशरण सिंह संधू ने बताया कि शहर में लाॅ एंड आर्डर को और मजबूत करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस के तमाम अफसरों और सभी थानो के मुलाजिमों को प्रात: 8 बजे ड्यूटी पर पहुंचने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि थानों में मुलाजिमों के खाने के लिए मैस भी खोले गए है, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े। सीपी ने बताया कि पैडिंग शिकायतों को अब 2 भागों में बांटा गया है।
जोन 1 में पैडिंग शिकायतों की जांच डीसीपी इन्वैस्टिगेशन जसकिरणजीत सिंह तेजा व जोन 2 में पैडिंग शिकायतों की जांच डीसीपी सिटी जगमोहन सिंह को सौंपी गई है। उन्होने बताया कि सभी अधिकारियों को पैडिंग शिकायतों की जल्द जांच कर लोगों को इंसाफ दिलवाने के आदेश जारी किए गए है ताकि उनको कमिश्नर आफिस के चक्कर न काटने पड़े।
सीपी ने बताया कि अधिकारियों को हत्या जैसे संगीन मामलों में आरोपियों को पेशी के लिए माननीय अदालत में भेजने के दौरान कोई कोताही न बरतें। फैस्टीवल सीजन के दौरान शहर के सभी घार्मिक स्थलों, राम लीला ग्राऊंड्स व आरएसएस की शाखाओं की सुरक्षा और बढ़ाई जाए। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे व उनका रिकार्डिंग सिस्टम चैक किए जाए। इसके अलावा दशहरा पर्व के आगमन के चलते सभी दहशरा ग्राऊंड्स की चैकिंग की जाए।
-

सेवा पखवाडे़ के तहत स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
ऊना/ सुशील पंडित: सेवा पखवाडे़ के अंतर्गत आज आयुष विभाग द्वारा स्वच्छता एवं पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जानकारी देते हुए जिला आयुष अधिकारी डाॅ आनंदी शैली ने बताया कि सेवा पखवाड़ा मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता एवं पौधारोपण के प्रति जागरूक करना है।इस मौके पर जिला ऊना के समस्त आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों को पौधे भी वितरित किए गए। डाॅ आनंदी शैली ने बताया कि ये पौधे स्वास्थ्य केंद्रों में रोपित किए जाएंगे। इसके अलावा जिला आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में समस्त चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सफाई करके स्वच्छता का संदेश दिया गया। -

पंजाबः ठेकेदार की लापरवाही से ढाई वर्षीय बच्ची की मौत
मोहालीः जिलें के नवां गांव से दर्दनाक मामला सामने आया है। नवां गांव में खेलेते दौरान ढाई साल के बच्चे की सीवरेज में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सीवरेज का ढक्कन खुला हुआ था और जिस कारण बच्ची उसमें गिर गई। बता दें कि मोहाली के नवां गांव में बने एक घर का सीवरेज ओवरफ्लो हो गया था।
जिसके बाद बच्ची के पिता डॉ. कंचन कुमार ने ठेकेदार को बुलाकर सीवरेज की मुरम्मत करने को कहा। इस दौरान ठेकेदार सीवरेज का ढक्कन खोलकर बोरी ऊपर रख कर खाना खाने चला गया। जिस के बाद ढाई साल की बच्ची खेलते समय उसमें गिर गई और उसे तुरंत पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता पीजीआई के डॉक्टर हैं। हादसे के वक्त मां भी ड्यूटी पर थीं।
-

पंजाबः आतंकी मॉड्यूल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीसरा ऑपरेटिव हरप्रीत गिरफ्तार
चंडीगढ़: आईएसआई आतंकी मॉड्यूल को बड़ा झटका देते हुए और सीएम के विजन के अनुसार पंजाब को सुरक्षित बनाने के अभियान में पंजाब पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है. पंजाब पुलिस ने कनाडा स्थित लखबीर लांडा और पाकिस्तान स्थित हरविंदर रिंडा द्वारा नियंत्रित आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल में कार्रवाई करते हुए तीसरे ऑपरेटिव को भी काबू कर लिया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी डीजीपी गौरव यादव ने एक ट्वीट के जरिए दी। उन्होंने लिखा पंजाब पुलिस सीआई विंग ने आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल के तीसरे ऑपरेटिव हरप्रीत को गिरफ्तार कर किया है। जो कनाडा स्थित लांडा और पाक-आधारित रिंडा द्वारा संचालित था।
शनिवार काे पुलिस ने फिरोजपुर के गांव जोगेवाल के हरप्रीत सिंह उर्फ हर सरपंच काे गिरफ्तार कर लिया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई इस माड्यूल के दो गुर्गों बलजीत सिंह मल्ली और गुरबख्श सिंह उर्फ गोरा संधू की गिरफ्तारी के आठ दिन बाद हुई है। इन्हें काउंटर-इंटेलिजेंस जालंधर ने गिरफ्तार किया था। दोनों फिरोजपुर के निवासी हैं। नवजोत सिंह माहल के नेतृत्व में काउंटर-इंटेलिजेंस जालंधर टीम ने गुरबख्श सिंह के गांव से दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस और दो खोल के साथ एक आधुनिक एके-56 राइफल भी बरामद की थी।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपित बलजीत मल्ली के खुलासे के बाद पुलिस टीम हरप्रीत सिंह उर्फ हर सरपंच को गिरफ्तार करने में सफल रही है, जो इटली के रहने वाले गैंगस्टर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी सांघेरा और कनाडा के रहने वाले गैंगस्टर लखबीर का करीबी माना जाता है। वह लंडा के संपर्क में भी हैं। डीजीपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में हरप्रीत सिंह उर्फ हर सरपंच ने अमृतसर के मेहता रोड निवासी लखबीर लंडा के साथी जगजीत सिंह उर्फ जोटा और उसके साथी को फिरोजपुर के मक्खू इलाके में एक खाली मकान में 10 दिन रहने की व्यवस्था की थी। उसके खिलाफ चार आपराधिक मामले लंबित हैं और वह इस समय सेंट्रल जेल अमृतसर में बंद हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी सरपंच ने यह भी खुलासा किया कि वह नछतर सिंह उर्फ मोती के संपर्क में था, जिसे तरनतारन पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार में नशीली दवाओं की खेप ले जाता था। गौरतलब है कि हाल ही में उक्त बीएमडब्ल्यू कार को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने जब्त किया था। एआइजी नवजोत सिंह माहल ने कहा कि आराेपी हर सरपंच गैंगस्टर लखबीर लंडा और हैप्पी संघेरा के नाम से पैसे वसूल करता था और उनके साथियों को आर्थिक मदद और साजो-सामान मुहैया कराता था उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है। जल्द ही और खुलासे होने की उम्मीद है।

-

मां के अंतिम संस्कार के बाद बच्चो ने लगाई दरिया में छलांग
उन्नाव: जानकारी के मुताबिक, बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के रूरी सादिकपुर गांव की रहने वाली राजा पासी की पत्नी का देहांत हो गया था। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार वाले नानामऊ घाट पर गए। इसी दौरान मृतका के बड़े बेटे मिंटू ने गंगा में छलांग लगा दी। भाई को डूबता देख छोटे भाई कमलेश ने भी छलांग लगा दी। गहराई होने की वजह से दोनों डूब गए। बताया जा रहा है कि चाचा और पिता को डूबता देख वहां खड़े कमलेश के बेटे 22 वर्षीय आकाश और 20 वर्षीय राकेश ने भी छलांग लगा दी। गंगा में बहाव तेज होने से दोनों का पता नहीं चल सका है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से मिंटू और कमलेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं कमलेश के दोनों बेटों की तलाश की जा रही है। एएसपी शशि शेखर सिंह ने कहा कि बांगरमऊ थाना में एक व्यक्ति की मां की मृत्यु हो गई थी। घर के सभी लोग अंतिम संस्कार के लिए गए हुए थे। नानामऊ घाट पर दाह संस्कार के बाद मृतका के छोटे बेटे ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई कमलेश भी पानी में उतर गया। इन दोनों को बचाने के लिए कमलेश के दो बेटे आकाश और राकेश भी कूद गए. गोताखोरों ने कमलेश व उसके भाई को तो बचा लिया है, लेकिन कमलेश के बेटों का पता नहीं चल सका है. उनकी तलाश की जा रही है.