Blog

  • पंजाबः स्टेशन पर ट्रेन से 2 साल की बच्ची बरामद

    पंजाबः स्टेशन पर ट्रेन से 2 साल की बच्ची बरामद

    बठिंडाः पंजाब में बठिंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से 2 साल की बच्ची बरामद हुई है। ट्रेन के टायलेट में बच्ची की रोती हुई बच्ची की आवाज सुनने के बाद लोगों ने उसे बाहर निकाला। लोगों ने बच्ची को रेलवे पुलिस को सौंपा। बताया जा रहा है कि कोई अज्ञात बच्ची को स्टेशन पर रुकी ट्रेन के टॉयलेट में बंद करके फरार हो गया। जैसे ही बठिंडा रेलवे स्टेशन पर सिरसा की तरफ से ट्रेन आकर रुकी थी। ट्रेन अभी रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी थी कि तभी एक बंद टॉयलेट से बच्ची की रोने की आवाज आई।

    एक महिला ने जब टॉयलेट का दरवाजा खोला तो उसमें बच्ची अकेले खड़े रो रही थी। महिला ने बच्ची को टॉयलेट से निकाला और प्लेटफार्म पर उतारा। इसके बाद रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी। रेलवे पुलिस ने जब बच्ची से उसके बारे में पूछना चाहा तो वह कुछ भी बताने में असमर्थ थी। बच्ची अपने परिवार व घर के बारे में भी कुछ नहीं बता सकी।

    जिसके बाद पुलिस ने बच्ची को अपनी सुरक्षा में रख लिया है। पुलिस ने बठिंडा रेलवे स्टेशन के कैमरे खंगालने शुरू किए हैं। पुलिस अभी तक स्पष्ट नहीं है कि बच्ची इसी प्लेटफार्म से चढ़ी थी या किसी अन्य रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठी थी। पुलिस का कहना है कि बच्ची की पहचान की जा रही है।

  • बड़ी ख़बरः पूर्व सीएम की बिगड़ी तबीयत 

    बड़ी ख़बरः पूर्व सीएम की बिगड़ी तबीयत 

    देहरादूनः प्रदर्शन के दौरान युवाओं के उपर हुए लाठीचार्ज का कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तबीयत बिगड़ गई। देहरादून पुलिस ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) के उम्मीदवारों पर लाठीचार्ज किया था, जो शहर के घंटाघर चौक के पास राज्य की भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी प्रदर्शन किया और इस दौरान पूर्व सीएम की तबीयत बिगड़ गई। कई भर्ती परीक्षाओं में कथित अनुचित गतिविधियों के विरोध में वीरवार को गांधी पार्क में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी।

    इसके बाद में जैसे ही छात्र घंटाघर चौक की ओर बढ़ने लगे, स्थानीय प्रशासन ने भीड़ को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर पथराव हुआ। छात्रों के इस प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों से अपील करते हुए उनसे शांति बनाए रखने को कहा था। सीएम धामी ने कहा था कि हमारी सरकार प्रदेश के युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। हमने किसी भी भर्ती घोटाले को न तो दबाया है और न ही छिपाया है।

    सीएम धामी ने कहा हमारी सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त कानून लाने का फैसला पहले ही कर लिया है। हम देश के सबसे कड़े एंटी-कॉपी पर काम कर रहे हैं। हमारी सरकार युवाओं के हित में लगातार फैसले ले रही है। सीएम ने कहा कि मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि भविष्य में होने वाली सभी भर्तियां निष्पक्ष रूप से की जाएंगी। वहीं उत्तराखंड में युवाओं के प्रदर्शन को रोकने के लिए देहरादून जिला प्रशासन की तरफ से शुक्रवार को परेड ग्राउंड के चारों ओर 300 मीटर के दायरे में धारा 144 लगाते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी है। धारा 144 भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटाले के खिलाफ बेरोजगार युवाओं के यहां जारी प्रदर्शनों को देखते हुए लागू की गई है।

  • महाशिवरात्रि पर्व इस पर्व के दिन क्या करें, बता रहे पंडित शशिपाल डोगरा 

    महाशिवरात्रि पर्व इस पर्व के दिन क्या करें, बता रहे पंडित शशिपाल डोगरा 

    प्रदेश, देश में व विश्व में किसी बड़े संकट के संकेत

    ऊना/सुशील पंडित : हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि का बहुत ही खास महत्व है। हर साल फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इस शुभ दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस साल महाशिवरात्रि 18 फरवरी 2023 को मनाई जाएगी।  इस दिन देशभर के सभी शिव मंदिरों में भोलेनाथ की पूजा के लिए भारी भीड़ उमड़ती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करने से भक्तों के जीवन के सभी संकट दूर होते हैं और उन्हें सुख-समृद्धि मिलती है। 

    महाशिवरात्रि का शुभ मुहूर्त

    जाने माने अंक ज्योतिषाचार्य एवं वशिष्ठ ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा के मुताबिक हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। महाशिवरात्रि की चतुर्दशी तिथि की शुरूआत 18 फरवरी 2023 को रात 08 बजकर 02 मिनट पर होगी और इसका समापन 19 फरवरी 2023 को शाम 04 बजकर 18 मिनट पर होगा। महाशिवरात्रि की पूजा निशिता काल में की जाती है।
    पंडित डोगरा कहते हैं कि महाशिवरात्रि के दिन सुबह-सवेरे उठकर स्नान आदि से निवृत्त हो जाएं। इसके बाद भगवान शंकर की मूर्ति को पंचामृत से स्नान कराएं। उन्हें केसर मिला हुआ जल चढ़ाएं और दीपक जलाएं व चंदन का तिलक लगाएं‌। इसके अलावा बेलपत्र, भांग, धतूरा, गन्ने का रस, तुलसी, जायफल, कमल गट्टे, फल, मिष्ठान, मीठा पान, इत्र व दक्षिणा चढ़ाएं। “ॐ नमो भगवते रूद्राय, ॐ नमः शिवाय रूद्राय शम्भवाय भवानीपतये नमो नमः” मंत्रों का जाप करें। इस दिन शिव पुराण का पाठ जरूर करें। महाशिवरात्री के दिन रात्रि जागरण भी किया जाता है। 

    महाशिवरात्रि के दिन करें ये खास उपाय

    पंडित डोगरा कहते हैं कि भोलेनाथ को बेलपत्र बहुत प्रिय है। महाशिवरात्रि के दिन भक्तों को तीन पत्तों वाला बेलपत्र भोलेनाथ को चढ़ाना चाहिए। भगवान शिव का अभिषेक दूध, गंगाजल, शहद और दही से करना चाहिए। वहीं, शंकर भगवान को भांग भी बहुत प्रिय है। इसलिए इस दिन भांग को दूध में मिलाकर शिवलिंग पर चढ़ाएं। इसके अलावा धतूरा और गन्ने का रस शिव जी को अर्पित करें। इससे जीवन में सुख बढ़ता है। महाशिवरात्रि पर सुबह, दोपहर, शाम और रात, इन चारों प्रहर में रुद्राष्टाध्यायी पाठ करें। अगर आप रुद्राष्टाध्यायी का पाठ नहीं कर पाते हैं तो ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप करते हुए भी शिवजी का अभिषेक कर सकते हैं।
    पंडित डोगरा के मुताबिक महाशिवरात्रि के दिन रुद्राक्ष धारण करने और ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है। इसके अलावा इस दिन छह मुखी रुद्राक्ष धारण करना चाहिए। ऐसा करने से भक्त की धन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दूर होती हैं। वह कहते हैं कि महाशिवरात्रि के दिन शिवलिंग की पूजा को सबसे उत्तम बताया गया है। महाशिवरात्रि के दिन घर में स्फटिक का शिवलिंग लाकर स्थापित करें और रोज इसकी पूजा करें‌। इस उपाय से घर के सारे नकारात्मक प्रभाव दूर जाएंगे। जिस घर में स्फटिक का शिवलिंग होता है, उस घर में किसी प्रकार के वास्तुदोष का अशुभ प्रभाव नहीं होता है।
    महाशिवरात्रि के अवसर पर महामृत्युंजय मंत्र का सवा लाख जप करने से व्यक्ति रोग, शोक और कई प्रकार की परेशानियों से मुक्ति प्राप्त कर सकता है‌। वे कहते हैं कि नियमित इस मंत्र की एक माला भी जप करें तो जीवन में आने वाली सभी बाधाओं से मुक्त रहेंगे। महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह वाली तस्वीर को पूजा करने के स्थान पर लगाएं और नियमित रूप से इसकी पूजा करें। ऐसा करने से वैवाहिक रिश्ते में आ रही परेशानियां दूर होती हैं। महाशिवरात्रि के दिन गाय को हरा चारा खिलाएं। ऐसा करने से भगवान शिव प्रसन्न होंगे और जीवन में सुख समृद्धि आएगी। उनका कहना है कि महाशिवरात्रि के दिन आटे से 11 शिवलिंग बनाकर 11 बार उनका जलाभिषेक करें। ऐसा करने से संतान से जुड़ी सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी। 

    चार पहर की पूजा का समय

    प्रथम पहर 6.41 से  09.47 बजे तक, द्वितीय पहर 09.47 से 12.53 बजे तक, तृतीय पहर 12.53 मध्य रात्रि से 03.58 बजे तक व चतुर्थ पहर का समय 03.58 से सुबह 07.06 बजे तक रहेगा।

    18 को शिवरात्रि…अंक गणना के मुताबिक ये रहेगा प्रभाव 

    पंडित डोगरा कहते हैं कि अंक ज्योतिष के हिसाब से 18 फरवरी 2023 को महाशिवरात्रि है। 1+8=9 अंक जो मंगल का अंक है। मंगल जो अग्नि तत्व ग्रह है। 1 सूर्य व 8 शनि के मेल से बनने वाला ये अंक किसी बड़े प्रदेश, देश में व विश्व में किसी बड़े संकट के संकेत देता है। कहीं भूकंप कहीं अग्नि भय व कहीं राजनीतिक संकट पैदा करेगा। देश के कुछ प्रदेशों में होने वाले चुनाव में दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगेगी। 13 फरवरी को सूर्य का कुम्भ राशि में प्रवेश होना भी किसी परेशानी को जन्म देगा। 1 + 3 = 4 अंक जो राहु का अंक है। 18 फरवरी को शिवरात्रि है। 1 + 8 + 1 + 3 = 13 = 1 + 3 = 4 अंक यहां भी राहु का ही अंक आ रहा है। जो शमशान योग बना रहा है। इस कारण किसी को खोने का भय व आने वाले समय में राजनीतिक संकट हो सकता है। नेताओं का वाणी पर संयम नहीं रहेगा व किसी नेता का जेल यात्रा योग बना रहा है।
  • बाथू में विश्व दलहन दिवस पर एक दिवसीय शिविर  आयोजित

    बाथू में विश्व दलहन दिवस पर एक दिवसीय शिविर  आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित :  उपमण्डल हरोली की ग्राम पंचायत बाथू में विश्व दलहन दिवस के उपलक्ष में आत्मा परियोजना के अधिकारियो द्वारा एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया । जिसमे 100 से अधिक किसानों ने भाग लिया, इस कार्यक्रम में किसानों को दलहन ( माह,चना,मूँग) और मोटे अनाज जैसे जवार, बाजरा, रागी, कंगनी, कोदरा के बारे जानकारी व इसके पोषक तत्वों की जानकारी दी गई।

    इस कार्यक्रम में कृषि विभाग आत्मा के परियोजना निदेशक डॉ संतोष शर्मा, व खंड तकनीकी प्रबंधक अंकुश शर्मा व दविंदर कौर ने मोटे अनाज की खेती और इसके पोषक तत्वों की जानकारी दी। प्रशिक्षित किसान  वीना कुमारी व सुभाष चंद द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के घटक बीजामृत , जीवामृत इत्यादि के बारे में बताया गया । प्राकृतिक खेती की जानकारी व घटक की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही विभाग में चल रही अन्य स्कीम की जानकारी दी गई । किसानों को मिलेट्स व दलहन का बीज निशुल्क बांटा गया ।इस मौके पर पंचायत प्रधान सुरेखा रानी व सचिव व वार्ड पंच भी उपस्थित रहे।

  • पंजाबः तेजधार हथियारों से महिला और युवक पर हमला

    पंजाबः तेजधार हथियारों से महिला और युवक पर हमला

    मोगाः गांव ठठी भाई में तेजधार हथियारों के साथ हमलावारों द्वार एक घर पर हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावारों ने घर में घुसकर तोड़फड़ की। इस दौरान हमलावारों ने एक महिला और युवक की पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि उक्त हमलावार पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की तलाश में थे। युवक के ना पर उन्होंने उसकी चाची और चचेरे भाई पर हमला कर दिया, साथ ही घर के सामान में जमकर तोड़फोड़ की।

    महिला व उसके बेटे द्वारा शोर मचाने पर हमलावर मौका पाकर फरार हो गए। पीड़ित महिला का कहना है कि हमलावर घर में दीवार फांद कर घुसते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। हमलावरों द्वारा घर में घुसने के बाद घर का मेन दरवाजा खोला गया। इसके बाद कुछ हमलावर घर के मुख्य दरवाजे से घर में दाखिल हुए। पुलिस ने 7 हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। घटना की जानकारी देते हुए थाना समालसर के एएसआई बलजिंदर सिंह ने बताया कि गांव ठठी भाई निवासी कर्म जीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि हरिंदर सिंह का गांव के कुछ युवकों के साथ पुराना विवाद चला आ रहा था। गांव के युवकों को शक था कि हरिंदर सिंह उनके घर में छुपा है।

    ऐसे में दोपहर को 2:40 पर गांव के युवक दीवार फांद कर तलवारों से लैस होकर उनके घर में घुसे। घर का कोना कोना देखने लगे कि वह कहां छुपा है। हरिंदर वहां पर नहीं मिला तो युवकों द्वारा उसे व उसके बेटे राजविंदर सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया। उन्होंने युवकों का विरोध किया तो उनके घर में रखे सामान में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही दरवाजे भी तलवारे मारकर क्षतिग्रस्त कर दिए। उनके द्वारा चीखने चिल्लाने पर हमलावर मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस ने उसके बयान पर हमलावर बघेल सिंह, गुरदीप सिंह, कुलविंदर सिंह, बेअंत सिंह ,हरप्रीत सिंह, गुरदित सिंह ,टिडी सिंह निवासी ठठी भाई के खिलाफ धारा 452,427,323, 148 ,149 के तहत केस दर्ज कर लिया गया। 

  • अटल बिहारी बाजपेई महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का आगाज 

    अटल बिहारी बाजपेई महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का आगाज 

    ऊना/सुशील पंडित : आज अटल बिहारी बाजपेई राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतिंदर कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर सिकंदर नेगी ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने सात दिवसीय विशेष शिविर में होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि  इस विशेष शिविर का आयोजन आज से 16 फरबरी 2023 तक किया जाएगा। इस दौरान एनएसएस के स्वयंसेवक  इन सात दिनों में पर्यावरण संरक्षण , कुपोषण , स्वच्छता , शिक्षा , मतदाता जागरूकता , यातायात के नियम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ , कोरोना वायरस से बचाव इत्यादि विविध गतिविधियों को संपन्न करेंगे। 

    इस अवसर पर विभिन्न विभाग से रिसोर्स पर्सन को आमंत्रित किया जाएगा जो अपने सरकार के जन कल्याण कार्यों के बारे में अवगत करवाएंगे। एनएसएस के स्वयंसेवक सांस्कृतिक खेलकूद और योगा अभ्यास जैसे रचनात्मक गतिविधियां भी करेंगे। इस अवसर पर  एनएसएस के स्वयंसेवियों ने एकल गान, समूह गान और लोक नृत्य  प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ.सतिंदर कुमार शर्मा ने एनएसएस के स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभानी चाहिए। एनएसएस में हर एक युवा को निस्वार्थ भाव से समाज में सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतिंदर कुमार शर्मा ,प्रोफेसर रेखा शर्मा ,एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर सिकंदर नेगी, प्रोफेसर रीना,प्रोफेसर संजय शर्मा और एनएसएस कैप्टन अक्षय शर्मा आदि उपस्थित रहे।

  • हटली स्कूल के बच्चों ने थाना बंगाणा में सीखे यातायात के नियम

    हटली स्कूल के बच्चों ने थाना बंगाणा में सीखे यातायात के नियम

    सड़क सुरक्षा पर तीन दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न

    ऊना/सुशील पंडित : उपमडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर के प्रभारी स्कूल प्रवक्ता प्रवीण पटियाल मन्नू थे। इस में विद्यालय के 4 हाउसों में से 30 बच्चों ने भाग लिया।  थाना बंगाणा के थाना प्रभारी बाबू राम ने बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं का कारण वाहनों में तकनीकी खराबी नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करना और गलत ढंग से वाहन चलाना है। शिक्षा विभाग के आदेश अनुसार समय-समय पर विद्यालय में अनेक गतिविधियों द्वारा बच्चों को इस और जागरूक किया जाता है।

    जिसमें क्विज कंपटीशन, पेंटिंग कंपटीशन, स्लोगन राइटिंग और रैली भी निकाली जाती है। उन्होंने बच्चों से कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे जिनका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, उनका मोटरसाइकिल या गाड़ी चलाना गैर कानूनी है। दोपहिया वाहनों पर बैठते समय चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले यात्री को भी हेलमेट पहनना चाहिए। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारण यातायात नियमों का उल्लंघन, निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चलाना और नशा करके वाहन चलाना है। पिछले सप्ताह सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालय के हर छात्र को नियमित हो करके वाहन चलाना है। स्कूल प्रबक्ता सुशील रिंकू ने इस सफल आयोजन के लिए छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। 

  • Valentine Week के 7 दिनों के महत्व को जानें, ऐसे करें सेलिब्रेट

    Valentine Week के 7 दिनों के महत्व को जानें, ऐसे करें सेलिब्रेट

    Rose Day : 7 फरवरी को Rose Day से Valentine Week की शुरुआत हो चुकी है। Rose Day वाले दिन पार्टनर एक-दूसरे को गुलाब देकर अपने प्यार का इजहार करते हैं। इस दिन लोग अपने प्रियजनों, क्रश या पार्टनर को उनके प्रति अपने प्यार का इजहार करने और उनकी अपनी जिंदगी में उपस्थिति के लिए गुलाब देकर आभार व्यक्त करते हैं। लाल गुलाब प्यार का प्रतीक है, तो इस फूल के जरिए अपने दिल की बात को जुबां पर ला सकते हैं।

    Propose Day : Rose Day के बाद Propose Day आता है। इसके नाम से ही पता चलता है कि ये दिन प्रपोज करने का दिन है। तो आपको जिससे भी प्यार है, उसे Propose Day के दिन प्रपोज कर डालें वरना देर हो गई तो आप हाथ मलते रह जाएंगे। आप शादीशुदा हैं तो भी अपने पार्टनर के प्रति अपना प्यार जाहिर कर सकते हैं। उनके लिए कुछ स्पेशल सरप्राइज प्लान करके इस दिन को सेलिब्रेट कर सकते हैं।

    Chocolate Day : वैलेंटाइन वीक का तीसरा दिन Chocolate Day है, जो 9 फरवरी को मनाया जाता है. लोग अपने रिश्तों में हर तरह की कड़वाहट और खटास को भूलकर अपने क्रश, पार्टनर या फिर बेस्ट फ्रेंड के साथ चॉकलेट शेयर करके इस दिन को सेलिब्रेट करते हैं।

    Teddy Day : वैलेंटाइन वीक का चौथा दिन Teddy Day होता है। इस दिन आप अपने साथी को एक प्यारा सा टेडी बियर गिफ्ट कर सकते हैं। टेडी लड़कियों को खूब भाता है। ऐसे में उनके चेहरे पर मुस्कान लाने में ये प्यारा टेडी जरूर आपकी मदद करेगा. यदि आपकी लाइफ पार्टनर टेंशन में है, तो उन्हें एक छोटा या बड़ा सा टेडी बियर लाकर दें, तनाव दूर हो जाएगा।

    Promise day : पांचवां दिन Promise day होता है। इस खास दिन पर जीवनसाथी, प्रेमी जोड़े एक-दूसरे से ये वादा करते हैं कि वे सुख-दुःख में भी सदा साथ रहेंगे. अपने रिश्ते को मजबूत करेंगे, एक-दूसरे का हर मोड़ पर साथ निभाएंगे. आप इस दिन अपने पार्टनर को ये भरोसा दिला सकते हैं कि अपने रिश्ते में सदा प्रतिबद्ध रहेंगे।

    Hug Day : वैलेंटाइन वीक का छठा दिन Hug Day होता है। 12 फरवरी को लोग अपने प्रियजनों को गले लगाकर उन्हें ये जताते हैं कि उनकी लाइफ में उनकी कितनी अहमियत है. जब शब्द से हम अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर पाते हैं तो शारीरिक स्पर्श की भाषा अद्भुत रूप से काम करती है।

    Kiss Day : वैलेंटाइन डे से एक दिन पहले यानी 13 फरवरी को Kiss Day मनाया जाता है। जिनका लव प्रपोजल प्रपोज डे के दिन एक्सेप्ट किया जा चुका है, वे अपनी/अपने पार्टनर को प्यार से किस करके इस रिश्ते को हमेशा के लिए सील कर देते हैं। आप अपने पार्टनर के प्रति प्यार जताने के लिए उन्हें माथे, हाथों, गालों पर प्यार से किस करना बेस्ट एक्ट है।

    Valentine Day : सबसे अंत में लोग Valentine Day सेलिब्रेट करते हैं, जो 14 फरवरी को होता है। दुनिया भर में Valentine Day जोश से लोग मनाते हैं। न्यूली मैरिड कपल्स हों या नए प्रेमी जोड़े, इनके लिए ये दिन तो बेहद स्पेशल होता है। लोग इस दिन सरप्राइज प्लान करते हैं। एक-दूसरे को तोहफे देते हैं, डेट पर जाते हैं।

  • गूगल मीट की तरह अब WhatsApp में मिलेगी ये खास सुविधा, ऐसे काम करेगा फीचर

    गूगल मीट की तरह अब WhatsApp में मिलेगी ये खास सुविधा, ऐसे काम करेगा फीचर

    नई दिल्लीः वॉट्सऐप अपने प्लेटफार्म को बेहतर बनाने के लिए कई फीचर्स पेश करता रहता है। अभी भी ​वॉट्सऐप कई फीचर्स पर काम कर रहा है। अब कंपनी एक ऐसा फीचर डेवलप कर रही है जिससे आप ओरिजनल क्वालिटी में इमेज शेयर कर पाएंगे। दरअसल, WaBetaInfo की रिपोर्ट से पता चला है कि ​वॉट्सऐप अब आपको कॉल शेड्यूल करने की सुविधा भी देगा। इतना ही नहीं, WaBetaInfo ने यह भी खुलासा किया कि ​वॉट्सऐप वॉयस मैसेज को ट्रांसक्राइब करने की भी सुविधा देगा। आइए डिटेल जानते हैं।

    ​वॉट्सऐप का कॉल शेड्यूल फीचर

    कई लोग ​वॉट्सऐप का इस्तेमाल ऑफिशियल और पर्सनल कॉल के लिए करते हैं। अब कंपनी लोगों को ऐप पर कॉल शेड्यूल करने की सुविधा देने जा रही है। नए फीचर के आने के बाद यूजर्स के पास जूम या गूगल मीट जैसे ​वॉट्सऐप पर कॉल शेड्यूल करने का ऑप्शन मिल जाएगा। वैसे ​वॉट्सऐप का संवाद के लिए काफी इस्तेमाल किया जाता है। इस फीचर के जुड़ने से लगता है कि मेटा बाकी ऐप्स को कड़ी टक्कर देने की प्लानिंग कर रहा है। हालाँकि कॉल रिकॉर्ड करने जैसी कुछ जरूरी सुविधाएं अन्य वीडियो कॉलिंग ऐप की तरह अभी तक ​वॉट्सऐप में अवेलेबल नहीं हैं। 

    फीचर ऐसे करेगा काम

    WaBetaInfo ने एक रिपोर्ट पेश की है, जिससे पता चला है कि आने वाले समय में ​वॉट्सऐप में हमें कॉल शेड्यूल फीचर मिलेगा। रिपोर्ट में स्क्रीनशॉट शेयर किया गया है, जिससे पता चलता है कि जब आप कॉल बटन पर टैप करेंगे तो प्लेटफॉर्म पर एक शेड्यूल ऑप्शन शो होगा। अगर आप शेड्यूल कॉल पर टैप करते हैं, तो ​वॉट्सऐप आपको टाइटल, डेट और टाइम सहित तीन ऑप्शन शो करेगा। डिटेल भरने के बाद आपको “क्रिएट” बटन पर टैप करना होगा। कॉल शेड्यूल होने के बाद, ​वॉट्सऐप मीटिंग में भाग लेने वालों को अलर्ट भेजेगा। कॉल शुरू होने पर यूजर्स को नोटिफिकेशन भी मिलेगा। 

  • पंजाब में महंगाई की मारः 10 पैसे प्रति कि.मी. तक बढ़ सकते हैं बसों के रेट 

    पंजाब में महंगाई की मारः 10 पैसे प्रति कि.मी. तक बढ़ सकते हैं बसों के रेट 

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल 90 पैसे सैस बढ़ाने के बाद अब बसों में सफर मंहगा होने का असर दिखना शुरू हो गया है। दरअसल, राज्य में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी के बाद अब पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने सरकार को रेट बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। ऐसे में अगर इस प्रस्ताव पर कैबिनेट मोहर लगा देती है तो आने वाले दिनों में बसों का सफर प्रति 10 कि.मी. पर 1 रुपया अतिरिक्त महंगा हो जाएगा।

    पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन का मानना है कि डीजल के दाम बढ़ने के बाद PEPSU और PRTC पर आर्थिक बोझ़ बढ़ने लगा है। जिसके चलते उन्होंने बसों का किराया बढ़ाने का प्रोपोजल भेजा गया है। ऐसे में अमृतसर से जालंधर का किराया 8 रुपए बढ़ जाएगा। वहीं अमृतसर से लुधियाना के बीच का सफर तकरीबन 10 रुपए बढ़ेगा।

    अमृतसर से चंडीगढ़ तक का सफर तकरीबन 25 रुपए तक बढ़ जाएगा। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पीआरटीसी के बेड़े में इस समय 1238 बसें हैं, जिन्हें रूटों पर चलाने में रोजाना का डीजल का खर्च करीब 86 लाख रुपये आता है। लेकिन डीजल के रेट बढ़ने के बाद अब यह खर्च रोज का 80 हजार रुपये तक और बढ़ गया है। एक महीने में यह अतिरिक्त खर्च 24 लाख रुपए के करीब पहुंच जाएगा।