Blog

  • दिल्ली में नया ट्रैफिक नियमः बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट के गाड़ी लेकर निकलने पर 5000 रुपये जुर्माना

    दिल्ली में नया ट्रैफिक नियमः बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट के गाड़ी लेकर निकलने पर 5000 रुपये जुर्माना

    दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बिना रजिस्ट्रेशन दौड़ते वाहनों पर सरकार सख्त नजर आ रही है। सरकार ने बिना रजिस्ट्रेशन के सड़क पर चलती गाड़ियों पर कार्रवाई के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। सरकार ने यह कदम बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट वाहनों के चलने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उठाया है।


    पहली बार पांच हजार दूसरी बार 10 हजार जुर्माना

    दिल्ली सरकार की नई एसओपी के मुताबिक, अगर कोई वाहन बिना रजिस्ट्रेशन के सड़क पर नजर आया तो पहली बार में उस पर 5000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, अगर कोई वाहन चालन दूसरी बार यही अपराध करता है, तो उस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा, साथ ही 1 साल तक की सजा का भी प्रावधान इसमें रखा गया है। 

    दिल्ली में बिना रजिस्ट्रेशन प्लेटों के वाहनों के चलन में तेजी 

    अधिकारियों के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन मार्क न दिखने पर भी 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी में बिना रजिस्ट्रेशन प्लेटों के वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मामलों में देखा गया है कि वाहन मालिक रजिस्ट्रेशन प्लेट के साथ पेपर सीट चिपका रहे थे। उन्होंने कहा, शोरूमों को रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ ही वाहनों को जारी करना चाहिए। 

    बिना वैध रजिस्ट्रेशन प्लेट के चल रहे वाहन

    अधिकारियों के मुताबिक, बिना वैध रजिस्ट्रेशन प्लेट के वाहन चलाए जा रहे हैं, ऐसे में अगर ये कोई दुर्घटना करते हैं, तो इनका पता लगाना असंभव हो जाता है।  एसओपी में कहा गया है कि एमवी एक्ट के सेक्शन 39 के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति किसी भी मोटर वाहन को नहीं चलाएगा और मोटर वाहन का कोई भी मालिक वाहन को किसी भी सार्वजनिक स्थान या किसी अन्य स्थान पर तब तक चलाने की अनुमति नहीं देगा जब तक कि वाहन रजिस्टर्ड न हो। दिल्ली में अप्रैल 2019 से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य कर दिया गया है। वाहन निर्माताओं द्वारा ये प्लेट डीलरों को दी जाती हैं। इन प्लटों पर रजिस्ट्रेशन मार्क होता है। 

    डीलरों के खिलाफ भी उल्लंघन करने पर लगेगा जुर्माना या कार्रवाई 

    अधिकारियों के मुताबिक, एसओपी जारी करने का उद्देश्य प्रवर्तन अधिकारियों को बिना रजिस्ट्रेशन रोड पर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और इस नियम का पालन करने के लिए लोगों को संवेदनशील बनाना है, साथ ही इसमें डीलरों के खिलाफ भी उल्लंघन करने पर जुर्माना या कार्रवाई करने का प्रावधान है।

  • महाराष्ट्र में सीएम उद्धव ठाकरे कोरोना संक्रमित, कांग्रेस नेता कमलनाथ ने दी जानकारी

    महाराष्ट्र में सीएम उद्धव ठाकरे कोरोना संक्रमित, कांग्रेस नेता कमलनाथ ने दी जानकारी

    मुंबईः सियासी संकट के बीच महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे भी कोविड संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मीडियो को दी। इससे पहले आज ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

    शरद पवार से मिलने जा रहे कमलनाथ 

    कमलनाथ को कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अपना पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वह यहां कांग्रेस विधायकों और गठबंधन की पार्टियों (शिवसेना, एनसीपी) से मिलने आए थे। कांग्रेस के विधायकों से उन्होंने मीटिंग भी की थी। इसके बाद कमलनाथ ने मीडिया को बताया कि वह उद्धव ठाकरे से नहीं मिल पाए हैं क्योंकि उनको कोरोना हो गया है। अब वह शरद पवार से मिलने जा रहे है।

    कांग्रेस के 44 में से 41 विधायक मौजूद: कमलनाथ

    विधायकों के साथ मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि अभी हमने कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की है। हमारे 44 में से 41 विधायक मौजूद थे और 3 रास्ते में हैं। कांग्रेस में पूरी एकता है। मैंने उद्धव ठाकरे जी को फोन पर आश्वासन दिया है कि कांग्रेस महाविकास अघाड़ी सरकार का समर्थन करती रहेगी। कमलनाथ ने आगे कहा कि जो भी आज विरोध कर रहे हैं उनको मैं यही कहना चाहता हूं कि कल के बाद परसो भी आता है। मुझे पूरा भरोसा है कि उद्धव ठाकरे जी के नेतृत्व में शिवसेना में फिर से एकता बनेगी।

  • लुधियाना में टिप्पर ने स्कूटी सवार व्यक्ति को कुचला, मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया धरना जाम

    लुधियाना में टिप्पर ने स्कूटी सवार व्यक्ति को कुचला, मौत, गुस्साए लोगों ने लगाया धरना जाम

    लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है।। जिले के थाना मेहरबान के इलाके राहो रोड़ पर सुबह एक रेत के खाली टिप्पर ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को कुचल दिया। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मरने वाला राहो रोड़ बलदेव नगर का रहने वाला है।

    गुस्साए लोगों ने की सड़क जाम

    हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने घटना स्थल पर जाम लगा दिया। मरने वाले आज सुबह मेहरबान इलाके में सौदागर नाम से एक फैक्ट्री में काम करने जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने घटना की जानकारी थाना मेहरबान की पुलिस को दी।

    टिप्पर चालक मौके से फरार 

    घटना स्थल पर कुछ देर बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। मरने वाले व्यक्ति का नाम राम तीर्थ है। राम तीर्थ फैक्ट्री में सुपरवाइजर का काम करता था। आस-पास के लोगों ने शव को सड़क पर रख कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।

    आरोपी की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा धरना 

    वहीं बताया जा रहा है जो फरार टिप्पर चालक है वह जमालपुर इलाके का रहने वाला है। घटना का जैसे ही परिवार के सदस्यों को पता चला तो वह भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का कहना है कि जब तक टिप्पर चालक को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती उनका धरना जारी रहेगा।

    मौके पर पहुंची डीएसपी ज्योती 

    राहो रोड़ धरना लगने से जाम की स्थिती बनी रही। डीएसपी ज्योती मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों से बातचीत की। पुलिस मुताबिक परिवार से बातचीत की जा रही है। जल्द ही शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।

    घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे में दो बाईक सवार अन्य लोग भी बहुत मुश्किल से बचे। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कई बार टिप्पर चालक लोगों को कुचल चुके है। 

  • पठानकोट से पूर्व कांग्रेस विधायक जोगिंदर सिंह को मिली जमानत 

    पठानकोट से पूर्व कांग्रेस विधायक जोगिंदर सिंह को मिली जमानत 

    पठानकोट : पंजाब के पठानकोट से बड़ी ख़बर सामने आई है। भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे पठानकोट से पूर्व कांग्रेसी विधायक जोगिंदर पाल को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने आज पूर्व कांग्रेसी विधायक जोगिंदर पाल को जमानत दे दी है।

    बता दें कि विधायक जोगिंदर पाल को अवैध माइनिंग केस गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उनकी पुलिस कस्टडी में तबियत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई ले जाया गया था।

  • चंडीगढ़ में बसपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस में हुए शामिल

    चंडीगढ़ में बसपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस में हुए शामिल

    चंडीगढ़: पंजाब में कांग्रेस पार्टी से लगातार जा रहे नेताओं के बाद अब कुछ राहत की ख़बर सामने आई है। चंडीगढ़ कांग्रेस ने खुद को मजबूत करना शुरू कर दिया है। हरमोहिंदर सिंह लकी के नए अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी स्तर पर अंदरूनी राजनीति और सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जहां एक ओर कांग्रेस से कई नेता पार्टी छोड़कर दूसरे दलों में शामिल हो रही थे। वहीं अब कांग्रेस ने भी दूसरे दलों के नेताओं से संपर्क साधकर उन्हें पार्टी में शामिल करना शुरू कर दिया है। दूसरे दल के जो अपनी पार्टी से नाराज हैं कांग्रेस उन नेताओं को पार्टी में शामिल कर रही है। 

    अध्यक्ष गुरचरण सिंह, उपाध्यक्ष एमएस कंबोज कांग्रेस में शामिल 

    आज पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल की मौजूदगी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेताओं को कांग्रेस में शामिल करवाया गया। बसपा के चंडीगढ़ अध्यक्ष गुरचरण सिंह, उपाध्यक्ष एमएस कंबोज समेत कई अन्य नेता आज कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इन नेताओं को कांग्रेस में लाने के लिए नए अध्यक्ष एचएस लकी में अहम भूमिका रही है।

    आने वाले दिनों में भाजपा के नेता भी होंगे शामिलः कांग्रेस अध्यक्ष लकी


    वहीं कांग्रेस अध्यक्ष लकी का दावा है कि आने वाले दिनों में भाजपा के नेता भी कांग्रेस में शामिल होंगे। बता दें कि एचएस लकी को कांग्रेस अध्यक्ष बने 10 दिन हुए हैं। उनके अध्यक्ष बनने के बाद से ही हर दिन कोई न कोई पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रम चल रहे हैं। पार्टी की स्थिति इस समय काफी कमजोर है। ऐसे में पार्टी को संगठनात्मक तौर पर मजबूत करने और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार को जीत दिलाना बड़ी चुनौती है। इस समय कांग्रेस के दो पार्षदों भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती यह भी है कि अब कोई भी पार्षद भाजपा में ना जाए। वहीं लकी ने उन नेताओं से भी संपर्क करना शुरू कर दिया है जो कि भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

  • क्या उद्धव ठाकरे सीएम पद से देंगे इस्तीफा? कैबिनेट मीटिंग पर टिकी नजरें

    क्या उद्धव ठाकरे सीएम पद से देंगे इस्तीफा? कैबिनेट मीटिंग पर टिकी नजरें

    मुबंई: महाराष्ट्र में एक बार फिर से सियायत गर्मा गई है। मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। कुछ देर में होने वाली कैबिनेट मीटिंग के बाद उद्धव ठाकरे के इस्तीफे की चर्चा है। इस्तीफे से पहले उद्धव ठाकरे अपनी शिवसेना पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों से बात भी करेंगे।

    संजय राउत ने विधानसभा भंग करने के दिए थे संकेत 

    एकनाथ शिंदे और 40 विधायकों के बागी होने के बाद महाराष्ट्र में घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। कुछ देर पहले ही शिवसेना नेता संजय राउत ने राज्य में मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बीच महाराष्ट्र विधानसभा भंग करने के संकेत दिए थे। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट विधानसभा भंग करने की ओर बढ़ रहा है।

  • मोगा के बंबीहा गांव में गोलियां चलाने वाले आरोपी गिरफ्तार, जानें किसने की थी फायरिंग

    मोगा के बंबीहा गांव में गोलियां चलाने वाले आरोपी गिरफ्तार, जानें किसने की थी फायरिंग

    मोगा: पंजाब के मोगा जिले में गैंगस्टर दविंदर बंबीहा के गांव बंबीहा किसान के घर बीते दिन हुई फायरिंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हालांकि इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस को कहा था उन गोलियां इसलिए चलाई गई थी क्योंकि उन्होंने बदमाशों को फिरौती नहीं दी थी।

    असले का लाइसेंस बनवाने के लिए चलाई थी गोलियां

    वहीं दूसरी ओर पुलिस जांच में सामने आया है कि किसान परिवार झूठ बोल रहा था, दरअसल, किसान परिवार ने खुद पर गोली चलाई थी ताकि वह असले का लाइसेंस बनवा सके और पुलिस को बता सके कि हमारी जान को खतरा है। पुलिस ने परिजनों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

    हमलावरों ने किसान पर 10 से 12 राउंड किए फायर 

    बता दें कि मोगा में उस समय सनसनी फैल गई जब गैंगस्टर दविंदर बंबीहा के गांव बंबीहा के किसान के घर सुबह अज्ञात व्यक्तियों ने गोलियां चला हमला कर दिया था। जिक्रयोग्य है कि हमलावरों ने किसान पर 10 से 12 राउंड फायर किए, इस दौरान किसान ने भाग कर अपनी जान बचाई। उस समय अंदेशा जताया जा रहा है कि यह फायरिंग गोल्डी बराड़ के गैंगस्टरों या शार्प शूटर द्वारा की गई है। 

    उक्त व्यक्तियों ने तरलोचन से 5 लाख रुपए की मांगी थी फिरौती 

    जिक्रयोग्य है कि गांव बंबीहा भाई के किसान की पहचान तरलोचन सिंह के रूप में हुई थी, जिसे गोल्डी बराड़ के नाम पर व्हाट्सअप कॉल द्वारा धमकी मिल रही थी। उक्त व्यक्तियों ने तरलोचन से पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी थी।

  • मंहगाई की मार: पंजाब कोयले की कमी से बढ़ सकते है बिजली के दाम, जाने कितने प्रतिशत बढ़ेगी दरें

    मंहगाई की मार: पंजाब कोयले की कमी से बढ़ सकते है बिजली के दाम, जाने कितने प्रतिशत बढ़ेगी दरें

    पटियालाः पंजाब में उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली की महंगाई का झटका लग सकता है। दरअसल, पंजाब के थर्मल पावर प्लांटों में कोयले की कमी से पावरकाम परेशान है। पावरकाम प्रबंधन अपनी कोयले की जरूरत को पूरा करने के लिए इंडोनेशिया से महंगी दर पर कोयला मंगवाने का निर्णय कर चुका है। इससे पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय बोझ को वह उपभोक्ताओं से पूरा करेगा। यह अतिरिक्त खर्च ईंधन अधिभार के तौर पर समायोजित किया जाएगा।

    इंडोनेशिया से डेढ़ लाख टन कोयला मंगवाने का दिया आर्डर 

    विभागीय जानकारों के मुताबिक पावरकाम ने इंडोनेशिया से डेढ़ लाख टन कोयला मंगवाने के लिए आर्डर पहले ही दे दिया है। इस पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च आएंगे। हालांकि, अभी राज्य में बिजली की उच्चतम मांग का समय आना बाकी है। उस समय के दौरान राज्य के सरकारी थर्मल प्लांटों में कोयले की जरूरत और बढ़ जाएगी। मौजूदा समय में राज्य में बिजली की मांग करीब 12,000 मेगावाट चल रही है। धान के सीजन में यह मांग करीब साढ़े 16 हजार मेगावाट होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

    जानें आल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के प्रवक्ता वीके गुप्ता का कहना

    पावरकाम द्वारा विदेश से कोयला आयात किए जाने के बारे में आल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के प्रवक्ता वीके गुप्ता कहते हैं कि विदेश से मंगवाया महंगा कोयला निश्चित रूप से वित्तीय वर्ष 2022-23 की बिजली किराया दरों में एक रुपये प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी कर देगा। 

    हाल ही में कोयले की ज्यादा मांग और कम सप्लाई के बाद केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय ने सभी राज्यों को निर्देश दिए कि वह विदेश से भी कोयला मंगवाएं। इसके लिए महत्वपूर्ण पहलू यह है कि विदेश से मंगवाए जाने वाले कोयले को सही तरीके से मिश्रित किए जाने की सुचारू सुविधाएं न होने के चलते यह कोयला इन थर्मल प्लांटों के ब्वायलर सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है।

  • चंडीगढ़ में IAS अधिकारी Sanjay Popli पर एक और मामला दर्ज, घर में तालाशी दौरान .32 बोर पिस्टल और कारतूस बरामद

    चंडीगढ़ में IAS अधिकारी Sanjay Popli पर एक और मामला दर्ज, घर में तालाशी दौरान .32 बोर पिस्टल और कारतूस बरामद

    चंडीगढ़ः पंजाब में रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार हुए आईएएस अधिकारी संजय पोपली की मुश्किलें बढ़नी शुरु हो गई है। दरअसल, बीते दिन संजय पोपली को विजीलेंस ब्यूरो ने रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया था। संजय पोपली को कोर्ट में पेश कर विजीलेंस अधिकारियों ने 4 दिन का रिमांड भी हासिल किया है।

    संजय पोपली के खिलाफ एक और मामला दर्ज

    वहीं आज संजय पोपली के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया गया है। दरअसल, आईएएस अधिकारी के चंडीगढ़ स्थित घर की तलाशी के दौरान दर्जनभर से भी अधिक विभिन्न प्रकार के कारतूस बरामद हुए हैं। कहा जा रहा है कि आईएएस अधिकारी इस संबंध में कोई दस्तावेज भी नहीं दिखा पाए हैं, जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के थाना सेक्टर-11 को मामला दर्ज करने के लिए सूचित किया गया है।

    घर में तालाशी दौरान.32 बोर पिस्टल और 72 कारतूस बरामद

    मंगलवार शाम को विजिलेंस ब्यूरो पंजाब द्वारा आईएएस अधिकारी संजय पोपली के घर पर तलाशी के लिए टीम भेजी गई थी। घर की तलाशी के दौरान ही वहां से 7.65 बोर के 41 कारतूस, .32 बोर के 2 कारतूस व 22 बोर के 30 कारतूस बरामद हुए। सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस टीम द्वारा उक्त बरामदगी के संबंध में आईएएस संजय पोपली से पूछताछ की गई लेकिन वह उनके बारे में कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। वहीं, विजिलेंस सूत्रों का कहना है कि यदि आर्म्स लाइसेंस भी हो, तो भी इतनी संख्या में कारतूस नहीं रखे जा सके।