Blog

  • फिर मंडरा सकता  है बिजली संकट, यूनियन ने प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

    फिर मंडरा सकता है बिजली संकट, यूनियन ने प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

    चंडीगढ़ः इलेक्ट्रिसिटी इम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (EEFI) ने कर्मचारियों के खिलाफ चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस प्रदर्शन से एक बार फिर बिजली का संकट खड़ा हो सकता है। ईईएफआई की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में यह फैसला लिया गया है। चंडीगढ़ के बिजली कर्मियों पर एफआईआर दर्ज करने व कुछ को नौकरी से निकालने की सख्त कार्रवाई के खिलाफ व्यापक प्रदर्शन हो सकता है। ईईएफआई ने मांग की है कि बदले की भावना से कर्मचारियों पर की गई इस सख्त कार्रवाई को वापस लिया जाए।

    ऐसा न करने की सूरत में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। गोपाल दत्त जोशी ने कहा कि चंडीगढ़ में ईईएफआई की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 13 से 15 अक्तूबर तक चल रही है। आज इसका अंतिम दिन है। इलेक्ट्रिसिटी विभाग शहर में हल्का विरोध प्रदर्शन कर रहा है। इसे जल्द व्यापक रूप देने के लिए कॉन्फ्रेंस में दिन निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने खुद फरवरी में कुछ जगहों पर बिजली प्रभावित करवाकर यूनियन को बदनाम किया। खराब मौसम के चलते भी बिजली प्रभावित हुई थी। चंडीगढ़ में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में भी कर्मचारियों ने 22 से 24 फरवरी तक प्रदर्शन किया था। इस दौरान शहर में बिजली की समस्या खड़ी हो गई थी। मामला पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट तक जा पहुंचा था। चंडीगढ़ प्रशासन ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए कुछ ठेका कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। वहीं कुछ पर एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की थी और कुछ को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे।

    ईईएफआई के उप प्रधान और मीडिया इंचार्ज सुभाष लांबा के मुताबिक, मुनाफे में चल रहे चंडीगढ़ बिजली विभाग को चंडीगढ़ प्रशासन ने निजी हाथों में देने का फैसला लिया था। इसके खिलाफ कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने 23 फरवरी को कर्मचारी यूनियन के साथ एक समझौता किया था, जिसके बाद कर्मचारी काम पर लौट आए थे। शहर की पावर सप्लाई भी सामान्य हो गई थी। लांबा ने कहा कि प्रशासन ने समझौते की पालना करने की बजाय ईएसएमए के तहत 143 कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करवाई। इनमें यूटी पावरमैन यूनियन के प्रधान ध्यान सिंह व महासचिव गोपाल दत्त जोशी का भी नाम शामिल था। वहीं 17 ठेका कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया गया था। 129 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। ईईएफआई ने प्रशासन पर किए वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया है। 

  • पंजाबः कांग्रेसी सासंद रवनीत बिट्टू की बढ़ी मुश्किलें, इस मामले में एक्शन की तैयारी में विजीलेंस अधिकारी 

    पंजाबः कांग्रेसी सासंद रवनीत बिट्टू की बढ़ी मुश्किलें, इस मामले में एक्शन की तैयारी में विजीलेंस अधिकारी 

    लुधियानाः कांग्रेसी सांसद और विजिलेंस अधिकारी आमने-सामने आ गए हैं। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पुलिस कमिश्नर से सांसद रवनीत सिंह बिट्टू खिलाफ की गई शिकायत की कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। सांसद ने फेसबुक पर वीडियो डालकर कहा था कि ‘वर्करों को परेशान न किया जाए, चाहे तो उन्हें गिरफ्तार कर लो’। इस दौरान उन्होंने विजिलेंस डिपार्टमेंट को सेटिंग की दुकान बताया था।

    एमपी बिट्टू की धमकी के बाद विजिलेंस उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की तैयारी में है। इसके लिए डीए कानूनी राय लेने जा रहे हैं। इसकी पुष्टि एसएसपी विजिलेंस रविंदरपाल सिंह संधू ने की है। दरअसल, भारत भूषण आशु की गिरफ्तारी के दौरान सांसद बिट्टू की विजिलेंस अधिकारियों से कहासुनी हो गई थी और इसकी वीडियो फेसबुक पेज पर डाली गई थी। इसके बाद डीएसपी ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने और अधिकारियों को धमकाने के आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर को की थी।

    दो माह बीत जाने के बाद भी सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। विजिलेंस विभाग की तरफ से लिखे गए पत्र में कहा गया कि डीएसपी अश्वनी कुमार की तरफ से एक शिकायत दर्ज की गई थी। इसमें कहा गया था कि जब टीम भारत भूषण आशु को गिरफ्तार करने गई थी तो उन्हें सार्वजनिक कार्य करने से रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान आशु को थाने ले जाने से रोकने का भी प्रयास हुआ। आपसे अनुरोध है कि इस मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट की प्रति भेजें।

  • महंगाई की मारः वेरका के बाद अब अमूल ने बढ़ाए दाम

    महंगाई की मारः वेरका के बाद अब अमूल ने बढ़ाए दाम

    नई दिल्लीः देशभर में वेरका के बाद अब फेमस डेयरी अमूल दूध ने चुपके से दूध के रेट बढ़ा दिए है। जिससे त्योहारों पर आम आदमी का बजट बिगड़ सकता है। शनिवार को कंपनी ने ग्राहकों को एक बड़ा झटका दिया है। दरअसल, अमूल ने बाजार में दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें आज से लागू हो गयी है। इससे पहले अमूल दूध के दामों में 17 अगस्त से प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

    कितने बढ़े दाम

    इससे पहले भी अमूल दूध के दामों में 17 अगस्त से प्रति लीटर दो रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। नए रेट के अनुसार अमूल शक्ति दूध अब 50 रुपये प्रति लीटर, अमूल गोल्ड 62 रुपये प्रति लीटर और अमूल ताजा 56 रुपये प्रति लीटर के दाम पर मिल रहा था।

  • पंजाबः टैंपू को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी बेकाबू एंबुलेंस

    पंजाबः टैंपू को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी बेकाबू एंबुलेंस

    मोहाली: सेक्टर-78 स्थित कोर्ट परिसर से कुछ ही दूरी पर एक एंबुलेंस लॉन्ड्रां से मोहाली की ओर आ रही थी। एंबुलेंस की गति तेज होने के कारण वह बेकाबू हो गई और ड्राइवर भी अपना संतुलन खो बैठा। जिसके बाद तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क की दूसरी साइड आ गई और एक टैंपू को टक्कर मारते हुए दुकान में जा घुसी। हालांकि गनीमत यह रही कि दुर्घटना के दौरान किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ।

  • पीयू हास्टल में पुलिस रेड, 24 बाहरी लोगों को लिया हिरासत में 

    पीयू हास्टल में पुलिस रेड, 24 बाहरी लोगों को लिया हिरासत में 

    चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में छात्रसंघ चुनाव को लेकर पीयू से लेकर शहर के कालेजों में हलचल तेज हो गई है। इन दिनों शहर का पूरा माहौल अलग अंदाज में बना हुआ है। वहीं, पीयू स्टूडेंट यूनियन इलेक्शन को लेकर यूटी पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दी है। चुनाव के दौरान माहौल खराब न हो इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर के कालेजों और पीयू कैंपस में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी है। पुलिस कहीं भी लापरवाही नहीं बरत रही है और शांतिपूर्वक माहौल बनाए रखने के लिए सख्ती से पेश आ रही है।

    इसी क्रम में शुक्रवार तड़के 3.50 बजे पुलिस की टीम ने एक साथ पीयू के हास्टलों में रेड की। पुलिस टीमों ने लड़कियों और लड़कों के हास्टल में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने लड़कों के अलग-अलग हास्टल से 24 बाहरी लोगों को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी गुरमुख सिंह, सेक्टर-11 थाना प्रभारी जसबीर सिंह, चौकी इंचार्ज, पीयू बीट पुलिस समेत महिला पुलिसकर्मियों की टीम कार्रवाई में शामिल थी।

    हास्टलों में मिलने वाले आउटसाइडर युवकों को पुलिस थाने में लेकर गई। वहां वेरिफिकेशन करने के बाद सभी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। जबकि पुलिस ने उन स्टूडेंट्स की सूची पीयू प्रशासन को सौंपी है, जिन्होंने अपने कमरे में इन बाहरी लोगों को ठहराया था। हालांकि, लड़कियों के हास्टल में कोई बाहर लड़की नहीं मिली, जो भी आउटसाइडर मिले वह ब्वायज हास्टल में ही मिले हैं। लड़कों के हास्टल नंबर-1, 2, 3, 4 और लड़कियों को दो हास्टल में पुलिस की टीम ने पड़ताल की थी। 

  • बड़ी ख़बरः अस्पतालों में कांट्रैक्ट कर्मियों के Mobile इस्तेमाल पर लगेगी रोक

    बड़ी ख़बरः अस्पतालों में कांट्रैक्ट कर्मियों के Mobile इस्तेमाल पर लगेगी रोक

    चंडीगढ़ः सरकारी अस्पतालों में कार्यरत कांट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारी ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। शहर के सभी सरकारी अस्पताल, सिविल अस्पताल, डिस्पेंसरियों और पीजीआई की ओपीडी के दौरान कांट्रैक्ट और आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों की ओर से मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की गई है। यह मांग को लेकर रोगी कल्याण समिति के सदस्य एडवोकेट अजय जग्गा ने पीजीआइ निदेशक प्रो. विवेक लाल और यूटी स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग को पत्र लिखा है।

    उन्होंने कहा कि अकसर यह देखने में आया है कि ओपीडी में जब मरीज डाक्टर को दिखाने के लिए जाते हैं तो अस्पताल का कांट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारी मोबाइल फोन पर व्यस्त रहते हैं, जबकि उनकों मरीजों की मदद के लिए रखा गया है। एडवोकेट अजय जग्गा ने बताया कि हाल ही में दिल्ली एम्स ने एक आदेश जारी किया है कि 16 अक्टूबर 2022 से एम्स में कांट्रैक्ट व आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों को ड्यूटी टाइमिंग में फोन इस्तेमाल करने पर पाबंदी रहेगी।

    केवल आपातकालीन स्थिति में वह अपने मोबाइल का प्रयोग कर सकेंगे। एडवोकेट जग्गा ने कहा कि ओपीडी के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों के मोबाइल फोन रखने के लिए अस्पताल में लाकर सिस्टम बनाना चाहिए। ओपीडी की टाइमिंग के दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों का मोबाइल फोन लाकर में जमा करें। उन्होंने कहा कि इस फैसले से अस्पताल में आने वाले मरीजों को सहुलियत होगी। 

  • पंजाबः मामूली विवाद को लेकर भिड़े पड़ोसी, एक-दूसरे पर ईंट और रॉड से किया हमला

    पंजाबः मामूली विवाद को लेकर भिड़े पड़ोसी, एक-दूसरे पर ईंट और रॉड से किया हमला

    अमृतसरः जिले में मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों में विवाद होने का मामला सामने आया है। कूड़े को लेकर पड़ोसियों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर ईंट और रोड से हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीएसएफ से रिटायर्ड उनका पड़ोसी अपने घर के आगे का कूड़ा उनके दरवाजे के आगे कर देता है। इससे परेशान होकर जब वह शिकायत लेकर गए तो आरोपी ने पहले उनके सिर पर ईंट से वार किया और फिर उनके रिश्तेदार की बाजू पर रॉड मार दी।

    घटना मजीठा रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी की है। पीड़ित अश्वनी कुमार ने जानकारी दी कि उनके पड़ोसी, जो बीएसएफ से रिटायर हुए हैं, की पत्नी आए दिन अपने घर का कूड़ा उनके घर के बाहर फैंक देती है। बीते दिन देर रात को भी कुछ ऐसा ही हुआ। गली के अवारा कुत्तों ने उनके घर के आगे शौच कर दिया था। पड़ोसियों ने उसे साफ करके हमारे घर की तरफ कर दिया। वह जब उनसे बात करने गए तो आरोपियों ने ईंट उठा कर उनके सिर में मार दी। अश्वनी ने जानकारी दी कि उसके जीजा घर पर आए हुए थे।

    विवाद बढ़ता देखकर वह भी उनसे सिर्फ बात करने आ गए, लेकिन आरोपियों ने रॉड उठाई और उन पर हमला कर दिया। रॉड उनके जीजा के बाजू पर लगी, जिससे उनकी बाजू में फ्रैक्चर हो गया। थाना सदर के पुलिस अधिकारी मोहित कुमार ने जानकारी दी कि उन्हें आरोपियों के बारे में जानकारी मिली है। अश्वनी कुमार ने अपने पड़ोसियों पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मेडिकल रिपोर्ट्स आने पर बनती धाराओं के साथ पड़ोसी पर कार्रवाई की जाएगी।

  • पंजाबः पेट्रोल पंप बाइक पर आए 2 हथियारबंद लूटेरों ने लुटे 90 हजार, देखे CCTV

    पंजाबः पेट्रोल पंप बाइक पर आए 2 हथियारबंद लूटेरों ने लुटे 90 हजार, देखे CCTV

    अमृतसरः जिले में 2 नकाबपोश बाइक सवारों ने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर आए हथियारबंद लुटेरों ने चंद मिनटों में पेट्रोल पंप से 90 हजार कैश लूट लिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई केस दर्ज कर लिया है। घटना जंडियालागुरू में मल्लियां रोड की है। मल्लियां रोड स्थित पेट्रोल पंप पर देर रात सभी कर्मचारी काम में व्यस्त थे।

    इसी दौरान एक बाइक पर 2 युवक आए। दोनों के मुंह ढके हुए थे। एक ने बड़ी दोनाली निकाली और दूसरे ने पिस्टल निकाल ली। दोनों पेट्रोल पंप पर कैश इकट्‌ठा कर रहे युवकों की तरफ लपके। बताया जा रहा है कि युवकों को देखकर पेट्रोल पंप पर काम कर रहे कर्मचारी सहम गए। युवक उनसे रुपए छीनने लगे, लेकिन कर्मियों ने लुटेरों का मुकाबला किया।

    आरोपियों ने पिस्टल व हथियार तान दिए तो सभी पीछे हो गए। तकरीबन 1.30 मिनट में लुटेरे 90 हजार रुपए के करीब कैश लूट कर ले गए। लूट की सूचना मिलते ही जंडियालागुरू थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस कर्मचारियों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। अंधेरा होने के कारण आरोपियों के मोटर साइकिल का नंबर साफ नहीं दिखा, लेकिन आरोपियों की मूवमेंट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

  • पुलिस ने इनामी अपराधी को किया  गिरफ्तार

    पुलिस ने इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार

    मुरादाबाद: यूपी की मुरादाबाद पुलिस ने जफर नाम के अपराधी को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया है। ये अपराधी एक लाख रुपए का इनामी है और उत्तराखंड के भरतपुर से उस वक्त फरार हो गया था, जब यूपी पुलिस उसे पकड़ने पहुंची थी। इस बात की जानकारी मुरादाबाद के एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने दी है। उन्होंने बताया कि जफर के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज किया जा रहा है। एनकाउंटर के दौरान एक कॉन्सटेबल भी घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। 

    क्या है पूरा मामला

    दरअसल बीते गुरुवार को ये खबर सामने आई थी कि उत्तराखंड के काशीपुर में इनामी बदमाश जफर को पकड़ने गई यूपी पुलिस पर हमला हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक, ये हमला स्थानीय लोगों ने किया था। इस हमले में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं, SHO समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस घटना में आरोपी गैंगस्टर जफर फरार हो गया था। 

    इस मामले में काफी हंगामा हुआ था और महिला की मौत की वजह से हाईवे को जाम किया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला उधमसिंह नगर की रहने वाली थी और जसपुर के ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर की पत्नी गुरप्रीत कौर थी। इस घटना में पुलिस और पीड़ित पक्ष अलग-अलग दावे कर रहा था।

    पुलिस का क्या कहना था?

    पुलिस का कहना था कि यूपी के मुरादाबाद की पुलिस उत्तराखंड में इनामी गैंगस्टर जफर को गिरफ्तार करने आई थी। पुलिस जैसे ही काशीपुर पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेरकर उसके हथियार छीन लिए और कार्रवाई के विरोध में क्रॉस फायरिंग हुई। इसमें 5 पुलिसकर्मी घायल हैं, जिनमें 2 को गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। 

    पीड़ित परिवार का क्या कहना था?

    मृतक महिला के परिजनों का कहना था कि ये पुलिस टीम नहीं थी बल्कि गुंडे थे जो बिना नम्बर प्लेट की गाड़ी में थे। इनमें कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और पुलिसकर्मियों की गोली से महिला की मौत हुई है। दोनों पक्षों ने मामला दर्ज करा दिया है और उत्तराखंड पुलिस इसकी जांच कर रही है। 

    उत्तराखंड पुलिस के DIG ने क्या कहा था?

    उत्तराखंड पुलिस के डीआईजी नीलेश भरमे का कहना था कि मामले की जांच होगी। फॉरेंसिक टीम के अलावा डॉग स्क्वाड, बेलस्टिक एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। इससे ये साफ हो जाएगा कि महिला की मौत किसकी गोली से हुई। वहीं यूपी पुलिस ने उत्तराखंड में आने की कोई सूचना नहीं दी थी और ये लोग सादी वर्दी में थे और इस घटना में ब्लॉक प्रमुख की पत्नी की मौत हुई है तो हमने 302, 147, 506, 120 में मुकदमा दर्ज किया है। 

  • दीवाली का तोहफा: 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा इतना बोनस

    दीवाली का तोहफा: 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा इतना बोनस

    राजस्थान : राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  की सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दीपावली के त्योहार पर बोनस (Diwali Bonus) देने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का फायदा राजस्थान के 6 लाख कर्मचारियों को होगा. बोनस की यह धनराशि बड़े अधिकारियों को छोड़कर उन सभी राज्य कर्मचारियों को दिया जाएगा जो राजस्थान सिविल सेवा नियम, 2017 के पे-मैट्रिक्स लेवल-12 या ग्रेड पे-4800 या इससे भी नीचे के लेवल वेतनमान पर काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि त्योहार के इस मौके पर राज्य सरकार ने बोनस का ऐलान कर अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है।

    बोनस में मिलेगी इतनी रकम

    दीवाली का बोनस पंचायत समिति, जिला परिषद कर्मचारियों तथा कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी मिलेगा. तदर्थ बोनस की घोषणा 2021-22 के लिए अधिकतम परिलब्धियों 7 हजार रुपये तथा 31 दिन के माह के आधार पर हुई है। ये बोनस तीस दिन की अवधि के लिए देय होगा। इस प्रकार राज्य सरकार के सभी पात्र कर्मचारियों को एकमुस्त 6774 रुपये तदर्थ बोनस मिलेगा. फैसले से सरकारी खजाने पर करीब 406 करोड़ का बोझ आएगा।

    मांग से पहले हुआ ऐलान

    नोटिफिकेशन के मुताबिक बोनस की 75 प्रतिशत राशि का नगद भुगतान और शेष 25 प्रतिशत सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी। आपको बताते चलें कि राज्य कर्मचारी संगठन प्रदेश की सरकार से बोनस देने की मांग करते, इससे पहले ही गहलोत की अगुवाई वाली राजस्थान सरकार ने अपने कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा कर दी।

    बीते सालों से तुलना

    गहलोत सरकार ने करीब 6 लाख कर्मचारियों को पिछले साल भी दिवाली पर बोनस दिया था। उस दौरान कर्मचारियों को 6774 रुपए तक का बोनस मिला था. इससे पहले 2021 की दिवाली पर बोनस का 50 फीसदी पैसा नकद और 50 प्रतिशत पैसा कर्मचारियों के GPF खाते में जमा किया गया था । पर इस बार यानी 2022 की दीवाली से पहले बोनस की 75 फीसदी रकम सीधे सैलरी अकाउंट में क्रेडिट की जाएगी और बाकी 25% जीपीएफ में जमा होगी।

    केंद्र के बाद गहलोत का फैसला

    गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने की घोषणा की थी। वित्त मंत्रालय ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों को नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (एड हॉक बोनस) देने का फैसला लिया था। जिसमें 30 दिन की सैलरी के आधार पर कर्मचारियों को पैसा दिया जाएगा।

    रेलवे ने दिया 78 दिन का बोनस

    भारतीय रेलवे ने अपने सभी पात्र नॉन गजेटेड रेलवे एम्पलॉइज को 78 दिनों की सैलेरी के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस देने की मंजूरी दी थी. इसमें RPF/RPSF कर्मचारी शामिल नहीं किए गए थे।