Blog

  • Punjab News: मोटरसाइकिल सवार ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को मारी टक्कर, हुआ जबरदस्त हंगामा, देखें वीडियो

    Punjab News: मोटरसाइकिल सवार ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को मारी टक्कर, हुआ जबरदस्त हंगामा, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के लॉरेंस रोड पर नॉवेल्टी चौक पर उस समय हंगामा मच गया जब पुलिस का स्टिकर लगी मोटरसाइकिल चला रहे और खुद को पुलिसवाला बताने वाले एक व्यक्ति की पैदल जा रहे पिता-पुत्र से बहस हो गई। बहस के दौरान मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मार दी और बाद में लकड़ी के डंडे से युवक के सिर और बुज़ुर्ग व्यक्ति के पैर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

    घायल युवक सतनाम सिंह ने बताया कि वह अपने पिता मंजीत सिंह के साथ जगदेव कलां गांव से अमृतसर आए थे और पैदल ही अपने काम पर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस का स्टिकर लगी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति से उनकी बहस हो गई। सतनाम सिंह के अनुसार कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल उनकी तरफ़ चलाई गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं,  जबकि उनके पिता मंजीत सिंह के पैर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

    सतनाम सिंह ने कहा कि मोटरसाइकिल पर पुलिस का स्टिकर लगा था और उस पर सवार व्यक्ति खुद को पुलिसवाला बता रहा था। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

    मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने लगाया ये आरोप
    दूसरी ओर,  मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने कहा कि पिता-पुत्र ने उसे अपशब्द कहे थे, जिसके कारण यह विवाद हुआ।

    घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी नरिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन में शिकायत भेज दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने और मौके पर मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

     

     

  • हमें महापुरुषों के विचारों से मिलती है प्रेरणा- विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

    हमें महापुरुषों के विचारों से मिलती है प्रेरणा- विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

    चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि महापुरुषों की जयंती मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य उनके विचारों को आत्मसात कर दिखाए गए रास्ते पर चलकर आगे बढ़ना है। युवा पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा मिलती है। कल्याण आज करनाल के घरौंडा की प्रजापति धर्मशाला में महाराजा प्रजापति दक्ष जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को भी उनके जीवन के बारे में पता चलता है। वह संस्कृति-संस्कारों के साथ-साथ उनके विचारों से जुड़ती है।

    आज बच्चों में मेहनत करने का जज्बा कम होता जा रहा है जो चिंता का विषय है। जीवन में तभी आगे बढ़ा जा सकता है जब मेहनत के संस्कार होंगे। संस्कृति से जुडक़र परिश्रम करना है। तभी समाज खुशहाल बन सकता है। उन्होंने समाज में बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान हरियाणा की धरती से शुरू किया जिसके कारण प्रदेश के लिंगानुपात में अपेक्षित सुधार हुआ है। बेटियों को आगे बढ़ने के रास्ते बढ़े हैं। लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं होती। उन्होंने कहा कि बेटा घर से बाहर निकलता है तो यह चिंता होनी चाहिए कि बेटे के कारण वातावरण खराब न हो, ऐसे संस्कार बच्चों को देने हैं। बेटे समाज में जाएं तो अच्छाई फैलाएं, यह हर घर और व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाल व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • Punjab News: यात्रियों से भरी नाव में भरा पानी, महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    Punjab News: यात्रियों से भरी नाव में भरा पानी, महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः जिले के मकोरा पट्टन में रावी नदी पर बना पंटून पुल लगातार बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पहले ही हटा दिया गया था। पुल हटने के बाद आसपास के 7 गांवों के लोगों के लिए नदी पार करने का एकमात्र साधन छोटी नावें रह गई हैं। रोजमर्रा के काम, स्कूल और जरूरी जरूरतों के लिए ग्रामीण इन्हीं नावों के सहारे नदी पार कर रहे हैं। किनारे पहुंचते ही नाव में भरने लगा पानी इसी दौरान एक छोटी नाव में महिलाएं, बच्चे और अन्य ग्रामीण सवार होकर नदी पार कर रहे थे। जैसे ही नाव नदी के किनारे पहुंची, अचानक उसमें पानी भरना शुरू हो गया। देखते ही देखते नाव डगमगाने लगी, जिससे उसमें बैठे लोगों में घबराहट फैल गई। महिलाएं और बच्चे डर के मारे जोर-जोर से चीखने लगे। स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी नाव में अफरा-तफरी मचते ही किनारे पर मौजूद स्थानीय लोग और नाव चलाने वाले तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ बुजुर्ग और अन्य लोग भी सावधानी से पैदल नदी से बाहर आ गए। बड़ा हादसा टला  स्थानीय लोगों की सतर्कता और तुरंत की गई मदद की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। इस घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है, क्योंकि पंटून पुल हटने के बाद नावों के सहारे सफर करना जोखिम भरा साबित हो रहा है।  
  • पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    चंडीगढ़: भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बहादुरी, खेलकूद, सोशल साइंस, विज्ञान एवं तकनीक पर्यावरण सहित आर्ट एवं कल्चर के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चे, जिनकी आयु 31 जुलाई को 5 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक हो, को वर्ष 2027 के जनवरी माह में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। अवार्ड की घोषणा 26 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।

    एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बाल पुरस्कार में विभिन्न श्रेणियों के तहत कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। पुरस्कारों में एक मैडल सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। सर्वप्रथम स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा प्राप्त आवेदनों की छंटनी की जाएगी, उसके उपरांत फाइनल नामों का सिलेक्शन नेशनल कमेटी द्वारा किया जाएगा। राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट, पंचायती राज संस्थाएं, सभी केंद्रीय और राज्य स्कूल बोर्ड सहित राष्ट्रीय चयन समिति नॉमिनेट कर सकती हैं। पुरस्कार से जुड़ी अन्य जानकारी अवाड्र्सडॉटजीओवीडॉटइन पर देखी जा सकती हैं।

     

  • ITI ऊना में 20 जुलाई को होगी ‘क्वांटा-राइज़’ क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप

    ITI ऊना में 20 जुलाई को होगी ‘क्वांटा-राइज़’ क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप

     राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत मिलेगा विशेषज्ञों से सीखने का अवसर

    ऊना, सुशील पंडित:  भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना में राष्ट्रीय क्वांटम मिशन (NQM) के तहत 20 जुलाई 2026 को ‘क्वांटा-राइज़: क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप (Quanta-RISE: Quantum Awareness Workshop)’ का आयोजन किया जाएगा। यह एकदिवसीय कार्यशाला शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय महत्व के संस्थान आईआईआईटी ऊना द्वारा क्यूएमडी फाउंडेशन (QMD Foundation) और आईआईटी दिल्ली के सहयोग से आयोजित की जा रही है।

    कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों को क्वांटम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों से परिचित कराना तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध शोध, उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।

    कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार, क्वांटम सेंसिंग और क्वांटम मैटेरियल्स जैसे आधुनिक विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान सुनने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही संवादात्मक सत्रों के माध्यम से क्वांटम तकनीक की आधारभूत समझ भी विकसित की जाएगी। यह कार्यशाला संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क है। हालांकि सीमित सीटों के कारण पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।

    आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को आईआईटी दिल्ली के अनुसंधान एवं विकास के एसोसिएट डीन प्रो. राजेंद्र सिंह का सहयोग प्राप्त है। कार्यशाला का समन्वयन आईआईआईटी ऊना के स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष डॉ. नमन गर्ग कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों में अनुसंधान-उन्मुख सोच विकसित करने तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

    इच्छुक प्रतिभागी QMD Foundation के पंजीकरण पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों ने सभी पात्र प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कर इस विशेष अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

     

     

  • राज्य में दो दिवसीय विशेष एस.आई.आर. शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा: मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा

    राज्य में दो दिवसीय विशेष एस.आई.आर. शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा: मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा

    चंडीगढ़: मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) अभियान के तहत पंजाब भर के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (ई.एफ.) भरकर जमा कराए।

    पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सी.ई.ओ.) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि ये विशेष शिविर 11 और 12 जुलाई, 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किए गए। इन शिविरों के दौरान मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) के पास जमा कराए। मित्रा ने बताया कि घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की प्रक्रिया अभी भी जारी है और यह 24 जुलाई, 2026 तक चलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा करा चुके हैं।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन मतदाताओं से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं, कि वे बिना विलंब अपने संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क कर प्रपत्र जमा कराएं। मित्रा ने कहा, “यह सुनिश्चित करने के लिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम 3 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हो, सभी मतदाता निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने गणना प्रपत्र संबंधित बी.एल.ओ. के पास अवश्य जमा कराएं।”

  • Punjab News: शिक्षा के क्षेत्र में की गई कड़ी मेहनत देश और समाज का भविष्य तय करती है: गवर्नर कटारिया, देखें वीडियो

    Punjab News: शिक्षा के क्षेत्र में की गई कड़ी मेहनत देश और समाज का भविष्य तय करती है: गवर्नर कटारिया, देखें वीडियो

    गवर्नर गुलाब चंद कटारिया GNDU के 51वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए

    अमृतसरः गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) का 51वां दीक्षांत समारोह बहुत धूमधाम से आयोजित किया गया। पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के तौर पर समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर अलग-अलग फैकल्टी के छात्रों को डिग्रियां और मेडल दिए गए।

    मीडिया से बात करते हुए गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी यूनिवर्सिटी का सबसे बड़ा उत्सव होता है, क्योंकि इस दिन छात्रों की कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का नतीजा डिग्री के रूप में उनके हाथों में आता है। उन्होंने कहा कि यह दिन न सिर्फ छात्रों के लिए, बल्कि उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए भी गर्व और खुशी का पल होता है।

    गवर्नर ने कहा कि इस बार समारोह में मौजूद सभी 456 छात्रों को मंच पर बुलाकर व्यक्तिगत रूप से डिग्रियां दी गईं, जिसके लिए उन्होंने वाइस-चांसलर और यूनिवर्सिटी के सभी कर्मचारियों को बधाई दी।

    उन्होंने उन माता-पिता का भी धन्यवाद किया जिन्होंने अपने बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जितनी ज़्यादा कोशिश की जाएगी, देश और समाज के लिए नतीजे उतने ही बेहतर होंगे। समारोह के दौरान छात्रों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा गया।

     

  • प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड बना मेधावियों की नई प्रेरणा

    प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड बना मेधावियों की नई प्रेरणा

    मुकेश अग्निहोत्री बोले- जीवन में कुछ बड़ा करने का संकल्प लेकर जाएं विद्यार्थी

    ऊना, सुशील पंडित: प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड पहल का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देना शुरू हो गया  है। पिछले वर्ष जहां हरोली विधानसभा क्षेत्र से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 150 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था, वहीं इस बार ऐसे मेधावी विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो गई। इनमें दसवीं कक्षा के 139 और जमा दो के 64 विद्यार्थी शामिल रहे। फाउंडेशन ने मेधावी विद्यार्थियों को 5100 रुपये एवं 3100 रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

    हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि जीवन में कुछ बड़ा करना है। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग चुनौतियों से होकर गुजरता है, इसलिए कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

    ­­­­फाउंडेशन के प्रयास बन रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा

    उपमुख्यमंत्री ने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुरू की गई इस पहल ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार किया है। इस बार 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में हुई वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि ऐसे सम्मान बच्चों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इस सम्मान के पात्र बनेंगे।

    हरोली में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाने के लिए लगातार हो रहे प्रयास : मुकेश

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लॉ कॉलेज से पढ़े अनेक विद्यार्थी आज देश के सर्वोच्च न्यायालय में वकालत कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरोली विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। बहुत जल्द हरोली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। वहीं खड्ड क्षेत्र में आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर प्रथम चरण में लगभग 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

    नशे से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें

    मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छा चरित्र, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण हैं।

    आईएएस सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

    अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के अगले तीन-चार वर्ष उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण और स्वर्णिम समय हैं। इस समय का सदुपयोग ही उनके भविष्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से परिणाम की चिंता छोड़कर मेहनत पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि पूरी लगन, ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के साथ प्रयास किए जाएं तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया कि असफलता सफलता की यात्रा का एक पड़ाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छी संगति अपनाने तथा जिज्ञासा, योग्यता और सत्यनिष्ठा जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात कर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

     

    उन्होंने कहा कि डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अलावा भी अनेक ऐसे क्षेत्र हैं, जहां युवा अपनी प्रतिभा के बल पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया तक सीमित न रहने, अपनी जिज्ञासा बढ़ाने और निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें सीखने का अवसर मानना चाहिए। सफलता के लिए विद्यार्थियों में जिज्ञासा, क्षमता और ईमानदारी का होना अत्यंत आवश्यक है।

    पुरस्कार पाकर चहके मेधावी

    सम्मानित विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। छात्राओं अनवी, सुखजीत कौर और पारुल ने कहा कि पिछले वर्ष शुरू किए गए इस सम्मान से उन्हें प्रेरणा मिली थी और उसी प्रेरणा के बल पर उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

    प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन से ली प्रेरणा

    समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायी लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

    विश्वविख्यात उद्योगपति जय चौधरी ने कार्यकम के लिए अमेरिका से भेजा था खास संदेश

    कार्यक्रम के दौरान मूल रूप से जिला ऊना के पनोह निवासी तथा अमेरिका के विश्वविख्यात उद्योगपति जय चौधरी का विशेष वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आग्रह पर जय चौधरी ने विशेष रूप से हरोली के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अमेरिका से यह प्रेरणादायक संदेश भेजा था। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने तथा चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर कांग्रेस के हरोली ब्लॉक अध्यक्ष एवं शिक्षाविद संदीप अग्निहोत्री, हिमकैप्स संस्था के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, जल बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर,कांग्रेस नेता जसपाल जस्सा,धर्म सिंह चौधरी एवं सुमित शर्मा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, उपमुख्यमंत्री के सुरक्षा प्रभारी डीएसपी बिन्नी मिन्हास, उपमुख्यमंत्री के ओएसडी धनवीर ठाकुर, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान, प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन के प्रतिनिधि संजीव गोयल, गगन कपूर, विक्रांत ठाकुर और चेतन, मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

     

  • Punjab News: बढ़ती महंगाई को लेकर Auto व E-rickshaw चालकों ने की हड़ताल, देखें वीडियो

    Punjab News: बढ़ती महंगाई को लेकर Auto व E-rickshaw चालकों ने की हड़ताल, देखें वीडियो

    अमृतसरः ऑटो यूनियन और बैटरी रिक्शा चालकों की ओर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की गई। इस दौरान यूनियन नेताओं कहा कि शहर के ज़्यादातर मुख्य रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा सेवाएँ प्रभावित रहीं और चालकों ने विरोध जताने के लिए कई जगहों पर धरना दिया। यूनियन नेताओं ने कहा कि हड़ताल का मुख्य मकसद ऑटो और बैटरी रिक्शा चालकों की आजीविका से जुड़े मुद्दों को लोगों और सरकार तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और मौजूदा 10 रुपये का न्यूनतम किराया चालकों के लिए काफ़ी नहीं है। इसलिए, न्यूनतम किराया स्थायी रूप से बढ़ाकर 20 रुपये किया जाना चाहिए, ताकि गाड़ियों की मरम्मत,  किश्त और अन्य खर्च पूरे किए जा सकें।

    यूनियन ने हड़ताल के दौरान लोगों को हुई परेशानी के लिए माफ़ी भी माँगी और कहा कि यह संघर्ष सिर्फ़ अपनी आजीविका बचाने के लिए किया गया है। उन्हें उम्मीद है कि आम लोग भविष्य में भी उनका समर्थन करेंगे।

    नेताओं का दावा है कि हड़ताल को लगभग 90 प्रतिशत समर्थन मिला है। आने वाले दिनों में, जो चालक संगठन से नहीं जुड़ पाए हैं, उन्हें जोड़ने के लिए नुक्कड़ सभाओं और विभिन्न स्टैंडों पर अभियान चलाया जाएगा।

    इस दौरान यूनियन ने सरकार के सामने कई अहम मांगें भी रखीं। उन्होंने कहा कि शहर में ऑटो और बैटरी रिक्शा चालकों के लिए तय स्टैंड बनाए जाएँ और सरकार हर चालक को कम से कम 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर दे। यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो हड़ताल और तेज़ की जाएगी।

     

  • ओटीए, रेडियोग्राफर और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन के 105 अतिरिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित

    ओटीए, रेडियोग्राफर और वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन के 105 अतिरिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित

    शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा क्षेत्र में विभिन्न वर्गों के 105 अतिरिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट के 60 पद, रेडियोग्राफर के 30 पद तथा वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन/एमएलटी ग्रेड-2 के 15 पद शामिल हैं। इन सभी पदों पर भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी। यह 105 पद आयोग द्वारा पूर्व में विज्ञापन संख्या 04/2026, दिनांक 28 फरवरी, 2026 के माध्यम से विज्ञापित 196 पदों के अतिरिक्त हैं। पहले जारी विज्ञापन में ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) के 176 पद, वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन/एमएलटी ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 10 पद तथा रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 10 पद शामिल थे। इसके बाद 30 मार्च, 2026 को इस विज्ञापन में विभिन्न श्रेणियों के 18 अतिरिक्त पद भी जोड़े गए थे।

    इन अतिरिक्त पदों को 28 फरवरी, 2026 के मूल विज्ञापन तथा 30 मार्च, 2026 को जारी परिशिष्ट के साथ सम्मिलित किया जाएगा। इसी के मद्देनजर आयोग ने तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को 11 जुलाई से 25 जुलाई, 2026 तक पुनः खोल दिया है। अभ्यर्थी 25 जुलाई, 2026 की रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

    इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://hprca.hp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने विज्ञापन संख्या 04/2026 दिनांक 28 फरवरी, 2026 अथवा 30 मार्च, 2026 के परिशिष्ट के तहत पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।