Blog

  • पंजाबः भारतीय तस्करों के खिलाफ BSF ने बनाया ये बड़ा प्लान

    पंजाबः भारतीय तस्करों के खिलाफ BSF ने बनाया ये बड़ा प्लान

    वहीं पाक ड्रोन मार गिराने पर बीएसएफ जवानों को मिलेगा पुरस्कार

    चंडीगढ़ः पंजाब में इस साल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 150 से अधिक ड्रोन गतिविधियों को दर्ज किया गया है। इससे निपटाने का प्लान भी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बना लिया है। पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन मार गिराने पर बीएसएफ जवानों को पुरस्कार मिलेगा। वहीं अगर कोई भारतीय तस्कर सीमा पर नशे और हथियारों की खेप उठाने जाता हो उसे गोली मारने का भी फैसला लिया गया है। 

    सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि ड्रग्स, हथियार और गोला-बारूद गिराने में ड्रोन का सीमा पार से इस्तेमाल सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है। नशीले पदार्थों, हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में ड्रोन के इस्तेमाल का मामला पहली बार 2019 में सामने आया था। अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने इस साल 10 ड्रोन (पिछले सप्ताह तीन) को मार गिराया है।

    इसके अलावा कई बार ड्रोन की घुसपैठ को विफल किया। बता दें कि बीएसएफ 553 किलोमीटर की सीमा की रक्षा में तैनात है। बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक 150 से अधिक ड्रोन गतिविधियों को देखा गया है। पिछले सप्ताह एक ड्रोन को 14 अक्तूबर को अमृतसर में शाहपुर सीमा चौकी के पास मार गिराया गया था। यह एक क्वाडकॉप्टर (डीजेआई मैट्रिस) था और इस ड्रोन के साथ एक होल्डिंग और रिलीजिंग मैकेनिज्म भी मिला था। दो को 16 और 17 अक्तूबर को अमृतसर सेक्टर में मार गिराया गया था। 

  • पंजाब: वित्त मंत्री की कोठी के बाहर अध्यापकों ने सरकार का पुतला फूंका, दी ये चेतावनी

    पंजाब: वित्त मंत्री की कोठी के बाहर अध्यापकों ने सरकार का पुतला फूंका, दी ये चेतावनी

    संगरूरः जिले में पंजाब सरकार के खिलाफ अध्यापकों में आज रविवार को पूतला फूंककर रोष जताया। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट पंजाब, ईटीटी अध्यापक एसोसिएशन पंजाब, ओडीएल अध्यापक यूनियन पंजाब के आह्वान पर अध्यापकों ने काले चोले पहनकर एक दिन पहले काली दीपावली मनाई। इस दाैरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के संगरूर आवास के समक्ष प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार की अर्थी जलाई। इससे पहले समूह अध्यापक संगरूर धूरी रोड पर मौजूद फ्लाईओवर के नीचे पार्क में इकट्ठा हुए व मांगों पर विचार चर्चा की।

    सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वित्तमंत्री हरपाल चीमा की कोठी के समक्ष पहुंचे जहां पुलिस ने बैरिकेड लगाकर अध्यापकों को कोठी तक पहुंचने से पहले 100 मीटर की दूरी पर ही रोक लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर अध्यापकों ने मेन रोड पर धरना लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस उपरांत पंजाब सरकार का पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ रोष जाहिर किया। धरने में संगरूर, मालेरकोटला, मानसा समेत अन्य जिलों के अध्यापकों ने शिरकत की।

    डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह गिर, परमिंदर मानसा, विक्रमजीत सिंह मालेरकोटला ने संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से ओडीएल अध्यापक नाममात्र 10 हजार 300 रुपये वेतन पर काम करने के लिए मजबूर हैं। यह अध्यापक 3442 व 7654 भर्ती से संबंधित हैं। इनके साथ भर्ती अध्यापकों को रेगुलर किया जा चुका है। सभी प्रकार की योग्यता पूरी करने के बावजूद सिर्फ इन 120 अध्यापकों को रेगुलर नहीं किया जा रहा। इसके अलावा 180 ईटीटी अध्यापकों पर जबरदस्ती केंद्रीय पे स्केल थोपा गया है, जबकि इनके साथ भर्ती हुए अध्यापकों को रेगुलर करके पंजाब का वेतन स्केल दिया जा रहा है।

    सुखविंदर सिंह, लखविंदर सिंह, जसविंदर सिंह, निर्भय सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग में लगभग 10 वर्षों से काम कर रहे ओडीएल अध्यापकों के रेगुलर ऑर्डर तुरंत जारी किए जाएं व 180 ईटीटी अध्यापकों पर जबरदस्ती थोपा गया केंद्रीय पे स्केल को वापस लेकर पंजाब का पे स्केल लागू किया जाए। उन्होंने पंजाब सरकार से उक्त मांगें तुरंत पूरी करने की मांग की। उन्होंने शिक्षा मंत्री द्वारा अध्यापकों के उक्त मामलों को हल करने की बजाय अध्यापक संगठनों को धरने न लगाने की दी गई धमकी की सख्त शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर पंजाब के शिक्षा मंत्री, वित्त मंत्री समेत नौ कैबिनेट मंत्रियों के आवास के समक्ष पंजाब सरकार का अर्थी फूंक प्रदर्शन करके काली दीपावली मनाई जा रही है। अगर सरकार ने अगले समय दौरान अध्यापकों की मांगों को पुरा न किया तो संघर्ष का कड़ा रुख अपनाया जाएगा। 

  • पंजाबः गुरजंत सिंह हत्या मामले में इस गैंग के दो शूटर सहित 4 गिरफ्तार

    पंजाबः गुरजंत सिंह हत्या मामले में इस गैंग के दो शूटर सहित 4 गिरफ्तार

    चंडीगढ़: पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। तरनतारन पुलिस, सीपी अमृतसर और एजीटीएफ ने एक संयुक्त अभियान के तहत गुरजंट सिंह की हत्या के आरोप में लांडा-सत्ता गैंग के चार सदस्यों के बीच दो निशानेबाजों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने उनके पास से 4 विदेशी निर्मित हथियार भी बरामद किए हैं। इस बात की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट करके दी है। पंजाब पुलिस मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन के अनुरूप पंजाब को अपराध मुक्त बनाने के लिए कटिबद्ध है।

  • टी20 विश्व कपः  4 विकटों से जीता भारत, पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने खेली विराट पारी 

    टी20 विश्व कपः  4 विकटों से जीता भारत, पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने खेली विराट पारी 

    नई दिल्लीः टी20 विश्व कप के पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 विकेट से मैच जीता। टीम इंडिया के कप्तान राहुल शर्मा और उप कप्तान केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ सस्ते में निपट गए। रोहित 7 गेंद में 4 रन और राहुल 8 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 पारी में मात्र 63 रन बनाए हैं।

    लेकिन विराट कोहली ने भारत को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारत के 4 बल्लेबाज पैवेलियन लौट चुके थे। लेकिन, कोहली और हार्दिक ने पारी को संभाला। हार्दिक 100 रनों की साझेदारी के बाद आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। वहीं विराट कोहली ने 53 गेंदों में नाबाद 82 रनों की पारी खेली। 160 रन का पीछा कर रही इंडिया को आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे। विराट ने नो बॉल पर सिक्स लगाया। इसके बाद फ्री हिट पर बोल्ड हुए, लेकिन इस पर भी 3 रन ले लिए। इसके बाद डीके आउट हुए। 2 गेंदों पर 2 रन चाहिए थी। नवाज ने वाइड फेंकी और फिर अश्विन ने आखिरी बॉल पर जिता दिया। हार्दिक ने 37 गेंद में 40 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 2 छक्का शामिल हैं।

    अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ने रविवार को टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को आठ विकेट पर 159 रन पर रोक दिया। अर्शदीप ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिये। उन्होंने पहले दो ओवर में ही पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (0) और मोहम्मद रिजवान (चार) को आउट करके भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। एमसीजी पर 37 साल बाद भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हुआ। आखिरी बार 1985 बेंसन एंड हेजेस विश्व चैम्पियनशिप में दोनों टीमें खेली थी। इसके बाद एशिया कप में जबर्दस्त प्रदर्शन करने वाले पंड्या ने 30 रन देकर तीन विकेट लिये। पाकिस्तान के लिये इफ्तिखार अहमद ने 51 रन बनाये और भारतीय गेंदबाजों के सामने बिल्कुल सहज दिखे । स्पिनर आर अश्विन और अक्षर पटेल जूझते नजर आये लिहाजा छठे गेंदबाज पंड्या ने चार ओवर डाले ।

    शान मसूद ने 42 गेंद में 52 रन बनाये लेकिन वह सहज नहीं दिखे । इससे 364 दिन पहले बाबर और रिजवान ने भारतीय गेंदबाजी को धता बताते हुए टी20 मैच में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ सबसे बड़ी जीत दिलाई थी। पिछले कुछ दिन से बारिश के कारण एमसीजी की पिच कवर के भीतर थी और इसमें अभी भी नमी है और ऐसे में तेज गेंदबाजों को पिच से काफी मदद मिल रही है। भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप ने इसका पूरा फायदा उठाया । दोनों ने 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की । पहले ओवर में भुवनेश्वर ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को हाथ नहीं खोलने दिये । वहीं अर्शदीप ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर बाबर को पगबाधा आउट किया । रिजवान भी चार रन बनाकर अर्शदीप की शॉर्ट गेंद का शिकार हुए जिनका कैच फाइन लेग सीमा के पास भुवनेश्वर ने लपका ।

    फखर जमां के अंतिम एकादश में नहीं होने के कारण मसूद का काम पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाना था । उन्होंने इफ्तिखार को आक्रामक खेल दिखाने की छूट दी । भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में मोहम्मद शमी को गेंद सौंपी जबकि स्पिनर अश्विन नौवें ओवर में गेंदबाजी के लिये आये । इफ्तिखार ने पांच गेंद के भीतर चार छक्के जड़े लेकिन शमी ने दूसरे स्पैल में उन्हें पगबाधा आउट करके तीसरे विकेट के लिये 76 रन की साझेदारी तोड़ी । पंड्या ने शादाब खान, हैदर अली और मोहम्मद नवाज को पवेलियन भेजा । शाहीन शाह अफरीदी ने कुछ उम्दा शॉट खेलकर पाकिस्तान को 150 रन के पार पहुंचाया।

  • दिवाली पर महंगाई की मार: रिफाइंड और सरसों के तेल के दामों में हुई बढ़ौतरी

    दिवाली पर महंगाई की मार: रिफाइंड और सरसों के तेल के दामों में हुई बढ़ौतरी

    नई दिल्लीः दीपावली से चंद घंटे पहले ही बाजार में रिफाइंड व सरसों के तेल की कीमतें अचानक बढ़ गई हैं। जहां रिफाइंड ऑयल 10 रुपये लीटर महंगा हो गया है। वहीं दीपावली के दीये पर भी महंगाई का असर होने जा रहा है। सरसों का तेल पांच रुपये लीटर बढ़ गया है। यह बढ़ोतरी चंद घंटों में ही देखने को मिली है। इसके बाद बाजार में काफी दुकानदारों ने सरसों व रिफाइंड ऑयल का भंडारण कर लिया है। सरसों के तेल का थोक व्यापार करने वाले विशाल गुप्ता इसकी वजह कुछ अलग बताते हैं। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं को महंगी कीमतों से राहत देने के लिए सरकार के सालाना 20-20 लाख टन सूरजमुखी और सोयाबीन तेल के शुल्क मुक्त आयात करने की छूट देने के बाद भी देश में इन तेलों की कम आपूर्ति की स्थिति बनी है। जितनी मात्रा में शुल्क मुक्त आयात की छूट दी गई है उसके मुकाबले घरेलू मांग काफी अधिक है। 

    इन तेल की बाकी मांग को पूरा करने के लिए आयातकों को 5.50 प्रतिशत आयात शुल्क अदा करना होगा लेकिन इस शेष शुल्क अदायगी वाले तेल को शुल्क मुक्त आयातित तेल से ही प्रतिस्पर्धा करनी होगी जिसकी वजह से आयातक नए सौदे खरीद नहीं रहे और इससे सूरजमुखी और सोयाबीन तेल के दाम सस्ता होने के बजाय और महंगे हो गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को सोयाबीन तेल सात रुपये किलो और सूरजमुखी का तेल 20-25 रुपये किलो महंगा मिल रहा है। सरकार को तत्काल इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

    सरकार या तो शुल्क मुक्त आयात की सीमा को खत्म कर दे या पहले की तरह 5.50 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा दे। इससे घरेलू बाजार में तेल की आपूर्ति बढ़ेगी और प्रतिस्पर्धा के कारण उपभोक्ताओं को सस्ता खाद्य तेल मिलेगा और सरकार को भी राजस्व की प्राप्ति होगी। मंडी फैंटनगंज के व्यापारी विकास ढांडा का कहना है कि कुछ फेस्टिवल सीजन का भी असर है। मांग अचानक बढ़ गई है। दाम बढ़ने से सप्लाई भी कम हो गई है, कुछ असर मुनाफाखोरों का भी है, जिन्होंने फेस्टिवल सीजन में गोदाम भर लिए और दाम बढ़ाकर बेच रहे हैं।

  • सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लगी भीषण आग, मरीजों व स्टाफ में दहशत

    सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लगी भीषण आग, मरीजों व स्टाफ में दहशत

    अंबालाः हरियाणा के अंबाला सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। इसकी भनक लगते ही अस्पताल स्टाफ और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। ज्यादातर मरीज इमरजेंसी वार्ड से भागकर बाहर निकल गए। गनीमत रही कि तुरंत अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पा लिया, लेकिन आग लगने के करीब 2 घंटे बाद तक बिजली गुल रही।

    जानकारी के मुताबिक,सिविल अस्पताल अंबाला सिटी के ट्रॉमा एवं इमरजेंसी वार्ड में बने इलेक्ट्रिसिटी पार्टीशन में शनिवार देर रात अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बिजली की तारों से आग की लपटें उठने लगी। आग लगने की भनक लगते ही अस्पताल स्टाफ और मरीजों में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर मरीज इमरजेंसी वार्ड से बाहर निकलना शुरू हो गए।

    गनीमत रही कि ट्रॉमा सेंटर में उपस्थित अस्पताल के स्टाफ ने बिजली की तारों में लगी आग पर अग्निशमन यंत्रों काबू पाया लिया। शॉर्ट सर्किट के कारण करीब 2 घंटे बिजली की बत्ती गुल रही। इलैक्ट्रिशियन.ने कड़ी मशक्कत के बाहर बिजली सप्लाई को बहाल किया, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ और मरीजों को राहत की सांस ली। दोबारा ऐसा घटना न घटे आज इलैक्ट्रिशियन.की टीम दोबारा अस्पताल परिसर की सभी बिजली सप्लाई की जांच करेगी।

  • चुनाव डियूटी से जुड़े 1800 कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के प्रथम पूर्वाभ्यास का दिया प्रशिक्षण

    चुनाव डियूटी से जुड़े 1800 कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के प्रथम पूर्वाभ्यास का दिया प्रशिक्षण

    कर्मचारी पूर्ण निष्ठा से करें अपनी डियूटी का निर्वहन – राघव शर्मा

    ऊना/सुशील पंडित: सामान्य विधानसभा चुनाव-2022 के दृष्टिगत रविवार 23 अक्तूबर को विधानसभा क्षेत्रों हरोली, ऊना तथा गगरेट के अंतर्गत चुनाव डियूटी पर तैनात कर्मचारियों को चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण का प्रथम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने चुनाव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने चुनाव डियूटी में तैनात कर्मचारियों से आहवान किया कि वे अपनी डियूटी को पूर्ण निष्ठा व कर्तव्य से निभाएं। 
    ऊना विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय महाविद्यालय, ऊना में प्रथम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया जिसमें चुनाव डियूटी से जुड़े लगभग 600 कर्मचारियों ने भाग लिया। एसडीएम डॉ निधि पटेल डियूटी पर तैनात कर्मचारियों का ईवीएम व वीवीपैट के अतिरिक्त चुनाव से संबंधित अन्य दस्तावेजों के बारे में जागरुक किया।
    इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र हरोली में एसडीएम विकास शर्मा ने चुनाव से जुड़े 600 कर्मचारियों और एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम ने 600 कर्मचारियों को चुनावी डियूटी के निर्वहन को लेकर आवश्यक जानकारी दी।
    इस दौरान मास्टर ट्रेनरर्ज के माध्यम से ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन का प्रेक्टिल अभ्यास कराया गया।
    इस अवसर पर तहसीलदार हुसन चंद, नायब तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार, बीडीओ रमनवीर चौहान, सीडीपीओ कुलदीप सिंह दयाल, ईओ संदीप कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • T20 World Cup पर कोरोना संकटः यह आल राउंडर खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव होने के बावजूद मैदान पर उतरा 

    T20 World Cup पर कोरोना संकटः यह आल राउंडर खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव होने के बावजूद मैदान पर उतरा 

    नई दिल्लीः आयरलैंड के आल राउंडर जार्ज डॉकरेल रविवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ टी20 विश्व कप सुपर 12 मैच से पहले ‘संभावित पॉजिटिव’ पाये गये। यह टूर्नामेंट का पहला पॉजिटिव मामला है। लेकिन कोविड-19 पॉजिटिव आने के बावजूद डॉकरेल श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरे और उन्होंने 16 गेंद में 14 रन बनाये। क्रिकेट आयरलैंड ने पुष्टि की कि डॉकरेल को ‘संभावित पॉजिटिव’ पाया गया है। साथ ही बोर्ड ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और राष्ट्रीय अधिकारियों के दिशानिर्देशों के अनुसार ही उन्हें रखा जा रहा है। मौजूदा नियमों के अनुसार पॉजिटिव आने के बावजूद खिलाड़ी को यहां खेले जा रहे टी20 विश्व कप या अपने साथियों के साथ ट्रेनिंग करने से नहीं रोका जा सकता है। हालांकि पॉजिटिव खिलाड़ी के मैच और ट्रेनिंग दिनों में अलग से यात्रा करने की जरूरत होती है।

    टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट टी20वर्ल्डकप डॉट कॉम के रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘डॉकरेल के लक्षण हल्के हैं, हालांकि टीम के मेडिकल स्टाफ ने टूर्नामेंट और सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार ही काम किया है। ’’ मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रतिद्वंद्वी टीम और स्टाफ को हालात के बारे में सूचित कर दिया गया है। श्रीलंका ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद कुसाल मेंडिस के नाबाद अर्धशतक की मदद से रविवार को यहां टी20 विश्व कप सुपर 12 मैच में आयरलैंड पर नौ विकेट की जीत दर्ज की।

    आयरलैंड के टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट झटके जिससे आयरलैंड की टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं कर सकी और आठ विकेट पर 128 रन ही बना सकी। श्रीलंकाई गेंदबाजों में महीश तीक्षणा ने 19 रन देकर और वानिंदु हसारंगा ने 25 रन देकर दो दो विकेट हासिल किये। लाहिरू कुमारा, धनंजय डि सिल्वा, चामिका करूणारत्ने, बिनुरा फर्नांडो ने एक एक विकेट झटके। आयरलैंड के लिये हैरी टेक्टर 42 गेंद में 45 रन (दो चौके, एक छक्का) बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जबकि पॉल स्टरलिंग ने 25 गेंद में 34 रन (चार चौके और दो छक्के) का योगदान दिया।

    इस छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को कोई दबाव महसूस नहीं हुआ। क्वालीफाइंग राउंड के पहले मैच में कमजोर नामीबिया से हारने वाली टीम ने पांच ओवर रहते एक विकेट पर 133 रन बनाकर जीत हासिल की। कुसाल मेंडिस ने 43 गेंद में नाबाद 63 रन बनाये जबकि चरिथ असालंका ने 22 गेंद में नाबाद 31 रन का योगदान किया। धनंजय डिसिल्वा ने भी 25 गेंद में 31 रन की पारी खेली। आयरलैंड की टीम लगातार सातवां विश्व कप खेल रही है लेकिन यह दूसरी बार है जब वह टूर्नामेंट के फाइनल राउंड तक पहुंची है। इससे पहले वह इंग्लैंड में 2009 चरण में सुपर आठ तक पहुंचे थे। मेंडिस और डिसिल्वा ने श्रीलंका को तेज शुरूआत करायी। दोनों ने पहले विकेट के लिये 50 गेंद में 63 रन की भागीदारी निभायी। 

  • जालंधर सहित ये 7 जिले अति संवेदनशील घोषित, पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी, जाने मामला

    जालंधर सहित ये 7 जिले अति संवेदनशील घोषित, पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी, जाने मामला

    चंडीगढ़ः पंजाब में दीवाली के त्यौहार के मध्य नजर पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी के साथ पुलिस ने जालंधर सहित 7 जिलों को अति संवेदनशील घोषित किया है। गौर हो कि अति संवेदनशील जिलों में सुरक्षा के लिए पुलिस और कमांडो तैनात किए जाएंगे। जारी किए गए अति संवेदनशील जिलों में जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला, फिरोजपुर, बठिंडा और मोहाली शामिल है।

    आशंका जताई जा रही है कि त्योहारी सीजन के दौरान आतंकी किसी घटना को अंजाम देने के लिए बाजारों में भीड़ का फायदा उठासकते हैं। दिवाली के दिन या शाम को सीमावर्ती जिलों में ड्रोन तस्करी भी बढ़ सकती है।

    सीमावर्ती जिलों में अधिक सतर्कता के आदेश दिए गए हैं। डीजीपी कार्यालय ने राजस्थान, हिमाचल, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्यों में सीमा पर सतर्कता बढ़ाने पर चर्चा की। अलग-अलग जिलों में 18000 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पीएपी, कमांडो, आईआरबी बटालियन के जवान तैनात रहेंगे। 

  • पंजाब के  इस जिले में जलाया गया दुनियां का सबसे बड़ा दीया, गिनीज बुक्स में रिकॉर्ड दर्ज, देखें तस्वीरें

    पंजाब के इस जिले में जलाया गया दुनियां का सबसे बड़ा दीया, गिनीज बुक्स में रिकॉर्ड दर्ज, देखें तस्वीरें

    मोहाली: पंजाब के मोहाली में आज दुनिया का सबसे बड़ा दीया जलाकर रिकार्ड बनाया गया। दुनिया का सबसे बड़ा दीया जलाना और उसमें तेल भरना किसी एक के बस की तो बात थी नहीं। एकता और शांति के संदेश का आह्वान करते हुए विश्व रिकॉर्ड के साथ संपन्न हुए इस मील के पत्थर के आयोजन के लिए 10,000 से अधिक नागरिकों ने तेल का योगदान दिया। यह तेल भी कोई इंडस्ट्रियल वेस्ट नहीं था बल्कि पूरी तरह से बीज से निकाला गया। मतलब कि जैविक तेल, जो हम दीपावली में यूज करते हैं।

    एक हजार किलो स्टील से बना है यह दीया

    दिवाली एक महत्वपूर्ण उत्सव के रूप में मनाया जाता हैं। इस मौके पर मोहाली में हीरो होम्स ने आज एक विश्व रिकॉर्ड की गतिविधि देखी। इसके कैम्पस में बने दुनिया के सबसे बड़े दीये को लोगों ने रोशनी से झिलमिलाते देखा। इस दीये को करीब 1,000 किलो स्टील से बनाया गया है। इस दीये का 3.37 मीटर का है। आयोजकों का कहना है कि इसे विश्व शांति, धर्मनिरपेक्षता और मानवतावाद के संदेश को फैलाने के लिए प्रज्ज्वलित किया गया है।

    दुनिया के सबसे बड़े ​दीये में कितना तेल लगा

    जब हम दुनिया के सबसे बड़े दीये की बात कर रहे हैं तो जाहिर है कि उसमें तेल भी भारी मात्रा में लगेगा। इस दीये को जलाने से पहले उसमें करीब 3,560 लीटर तेल भरा गया। यह तेल विभिन्न तरह के बीजों से बने थे। मतलब कि पूरी तरह से जैविक तेल। इतना ज्यादा तेल जुटाना किसी एक व्यक्ति के बस का तो था नहीं। इसलिए इसमें हीरो होम्स के लगभग 4,000 निवासियों सहित 10,000 से अधिक नागरिकों ने योगदान दिया। मतलब कि भारतीय समाज के विविध ताने-बाने और विविधता का प्रतिनिधित्व हुआ।

    गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में हो गया दर्ज

    इस त्योहार के इर्द-गिर्द, विशाल स्टेनलेस स्टील दीया, गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधिकारिक निर्णायकों की उपस्थिति में प्रज्ज्वलित किया गया था। इस उपलब्धि को दर्ज करने के लिए मोहाली में हीरो होम्स की सोसायटी में मौजूद थे। गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अनुसार, यह दीया 3,560 लीटर खाना पकाने के तेल से प्रज्ज्वलित किया गया।

    आर्मी वेटरन ने दीप को पज्ज्वलित किया

    लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केजे सिंह पीवीएसएम, एवीएसएम, पूर्व जीओसी पश्चिमी कमान ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई और दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एक अपरंपरागत घटना है जिसमें परंपरा के अनुसार दिवाली मनाने के दोहरे इरादे हैं और एक जो एक महत्वपूर्ण प्रसार का प्रबंधन भी करता है। यह उचित ही है कि पंजाब, जिसने कई दशकों में सबसे अधिक संघर्ष देखा है, अब शांति के सबसे बड़े प्रतीक का स्थान है।

    वैश्विक शांति के लिए प्रयास

    हीरो रियल्टी के सीएमओ आशीष कौल का कहना है कि दिवाली शांति और सद्भाव की बहाली का प्रतीक है। हम हीरो होम्स में वैश्विक शांति के लिए एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम का मंच बनने के लिए उत्साहित हैं, यह हमारे उत्सव और इस साल दिवाली की भावना के लिए एक स्वीटनर है और हमारे निवासियों और पंजाब के नागरिकों के योगदान के लिए आभारी हैं। दीया में तेल, क्षेत्रों, भाषाओं, धर्मों और अन्य सांस्कृतिक पंथों के बावजूद विभिन्न व्यक्तियों से एकत्र किया जाता है, जो भारतीयों की शांति और भावना के लिए एकजुट संकल्प का प्रतिनिधित्व करता है।