Blog

  • पंजाबः सिर्फ 60 रुपए को लेकर युवकों दुकानदार को पीटा, तोड़े वाहन 

    पंजाबः सिर्फ 60 रुपए को लेकर युवकों दुकानदार को पीटा, तोड़े वाहन 

    लुधियानाः पंजाब में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ी रही है। हाल ही में चंडीगढ़ में शराब पीने से रोकने पर युवकों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया था। वहीं अब लुधियाना में दुकानदार द्वारा 60 रुपए की छूट ना दिए जाने पर युवकों ने दुकान मालिक की पिटाई कर दी। यह मामला समराला चौक नजदीक एक चिकन शॉप का है। जहां दुकानदार के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की।

    हमलावरों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह न माने। हमला करने वाले आरोपी गिल रोड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह शॉप से ऑनलाइन चिकन ऑर्डर की बुकिंग आरोपियों ने करवाई। आरोपी रेगुलर ग्राहक थे जिस कारण उनकी पहचान शॉप मालिक को है। आरोपियों ने ऑनलाइन चिकन ऑर्डर किया और दुकानदार से छूट देने को कहा। ऑर्डर का बिल 660 रुपए बना था। छूट देकर दुकानदार ने 600 रुपए बिल उन्हें देने को कहा।

    सिर्फ 60 की छूट होने के कारण गुस्साए युवकों ने शॉप में घुसकर दुकानदार से मारपीट शुरू कर दी। दुकान पर काम कर रहे वर्करों को भी गालियां निकाली गई। इसके बाद दुकान का टेबल व अन्य सामान बिखेर दिया। हमलावरों की संख्या 8 से 9 बताई जा रही है। आरोपियों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की फिर कुछ समय बाद वह दुकान के बाहर पार्किंग में खड़े लोगों के वाहन तोड़ने लगे। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार परमिंदर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थाना मोती नगर के एसएचओ संजीव कपूर ने बताया कि 5 आरोपियों पर मामला दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है।

  • भड़काऊ भाषण पर सख्त हुआ सुप्रीम कोर्ट, प्रशासन को दी ये हिदायत

    भड़काऊ भाषण पर सख्त हुआ सुप्रीम कोर्ट, प्रशासन को दी ये हिदायत

    नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने नफरती भाषणों पर नाराजगी जताई। शीर्ष अदालत ने कहा कि भड़काऊ भाषणों पर तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रशासन ने कार्रवाई करने में देरी की तो इसे अदालत की अवमानना माना जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नफरती भाषण के मामलों में यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस स्वत कार्रवाई करे। देश में भाईचारा तब तक कायम नहीं हो सकता, जब तक विभिन्न समुदायों/ जातियों के लोग आपसी सौहार्द से सह अस्तित्व में नहीं रहें। 

    हमारे संविधान में भाईचारा मूल

    जस्टिस केएम जोसेफ और हृषिकेष राय की पीठ ने कहा कि संविधान कहता है कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। इसमें भाईचारा तथा आपसी गौरव की बात संविधान की प्रारंभिका में ही लिखी गई है।

    याचिका में दलील

    शीर्ष अदालत उन याचिकाओं पर विचार कर रही थी, जिसमें देश में मुसलमानों को निशाना बनाने और उन्हें डराने धमकाने को रोकने के लिए आदेश देने का आग्रह किया गया था। याचिका शाहीन अब्दुल्ला ने दायर की है। पीठ ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड पुलिस को आदेश दिया कि हेट स्पीच के मामलों में वह स्वत संज्ञान लेकर कार्रवाई करे और औपचारिक शिकायतें दर्ज होने का इंतजार नहीं करे।

    पुलिस से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

    आदेश देने के बाद कोर्ट ने रजिस्ट्री से कहा कि इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर तुरंत अपलोड किया जाए। कोर्ट ने कहा कि हम इस बारे में बहुत कम कर पा रहे हैं। याचिकाकर्ता द्वारा दिए गए मामलों में कार्रवाई करके पुलिस रिपोर्ट पेश करे। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने यह आदेश देने पर कोर्ट का आभार जताया।

    कोर्ट ने कहा, समुदाय को निशाना नहीं बनाएं

    जस्टिस राय ने कहा कि बयान वास्तव में व्यथित करने वाले हैं। लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष देश में यह उचित नहीं है, लेकिन एक ही समुदाय के खिलाफ दिए गए भाषणों को कोर्ट में लाया गया है। भाषण चाहे कोई भी दे, उसकी निंदा होनी चाहिए और कार्रवाई भी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सिब्बल से यह भी पूछा कि जब वह कानून मंत्री से थे तो क्या उन्होंने भड़काऊ भाषणों को रोकने के बारे में कोई कदम उठाया था। उन्होंने कहा उठाया था, लेकिन उस पर सर्वसम्मति नहीं बन पाई थी।

    सिब्बल बोले- ऐसे लोगों को कानून का डर नहीं

    सिब्बल ने कहा कि कायदे से हमें अदालत आने की जरूरत ही नहीं पड़नी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि ये लोग रोजाना के आधार पर ऐसे घृणा भाषण दे रहे हैं। दिल्ली में आयोजित धर्म संसद में भड़काऊ भाषण दिए गए। इस पर कोर्ट ने पूछा कि दूसरे पक्ष के लोग भी तो हिंसा करने की बात करते हैं। इस पर सिब्बल ने कहा कि यदि वे करेंगे तो क्या उन्हें छोड़ा जाएगा। उन पर सख्त से सख्त कानून लगाया जाएगा। ऐसे लोगों की हिम्मत बढ़ी हैं क्योंकि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है।

  • पंजाबः दिन-दिहाड़े बंदूक के बल पर दुकान से लाखों रुपए लूटकर फरार हुए लुटेरे, देखें CCTV

    पंजाबः दिन-दिहाड़े बंदूक के बल पर दुकान से लाखों रुपए लूटकर फरार हुए लुटेरे, देखें CCTV

    अमृतसर: पंजाब में क्राइम की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन राज्य में लूटपाट के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज जिले में दिन-दिहाड़े लूट का मामला सामने आया है। जंडियाला गुरु में दिन-दिहाड़े 2 नकाबपोश लुटेरों ने दुकान से लाखों रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक एक ट्रैवल शॉप से ​​2 नकाबपोश लुटेरों ने बंदूक की नोक पर 2 लाख लूट लिए।

    यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह 2 नकाबपोश लुटेरे बेखौफ होकर दुकान में घुसते हैं और पिस्टल के बल पर 2 लाख रुपये लूट कर फरार हो जाते हैं। घटना के लेकर दुकान मालिक तरणजीत सिंह ने बताया कि वह और उनका बेटा दुकान में थे कि इतने में 2 युवक बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।

    उन्होंने 2 मिनट के अंदर ही पिस्टल के बल पर उनसे 2 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना से शहर में दहशत का माहौल है। जंडियाला गुरु चौकी इंचार्ज एसआई दविंदर सिंह ने जानकारी दी कि सीसीटीवी को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं ताकि लुटेरों की मूवमेंट का पता चल सके या उनके बिना रुमाल के चेहरे दिख सकें। जांच चल रही है, जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।

  • इनोसेंट हार्ट्स के विद्यार्थियों ने ईको दिवाली मनाने का दिया संदेश

    इनोसेंट हार्ट्स के विद्यार्थियों ने ईको दिवाली मनाने का दिया संदेश

    जालंधर/विजय: इनोसेंट हार्ट्स के पाँचों स्कूलों (ग्रीन मॉडल टाऊन, लोहारां, कैंट जंडियाला रोड, रॉयल वर्ल्ड व  कपूरथला रोड) तथा इनोसेंट हार्ट्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन में दीपावली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों जैसे- कैंडल डेकोरेशन, कार्ड मेकिंग, तोरण मेकिंग, स्वीट डिश मेकिंग, स्लोगन राइटिंग आदि अनेक गतिविधियों में बड़े उत्साह से भाग लिया। कक्षा पहली व दूसरी के बच्चों से दीया/ कैंडल डेकोरेशन, कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों से कार्ड मेकिंग गतिविधियाँ करवाई गईं। कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने ‘सेफ एंड ग्रीन दिवाली’ विषय पर  वक्तव्य दिया। कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों ने तोरण मेकिंग, कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने स्वीट डिश मेकिंग, कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने कैंडल डेकोरेशन व कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने स्लोगन राइटिंग  एक्टिविटी में भाग लिया। सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बेहद खूबसूरत ढंग से अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए इन गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर अंतर्सदनीय रंगोली प्रतियोगिता भी करवाई गई। कक्षा सातवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों से क्लास बोर्ड डेकोरेशन एक्टिविटी करवाई गई।  एक विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को दिवाली के मनाने के कारण, उसके महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा कविता वाचन तथा ‘घर मोरे परदेसिया,आओ पधारो पिया’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया।

    सभी कक्षाओं में अध्यापिकाओं ने बच्चों को दिवाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आध्यात्मिक, सामाजिक महत्व से अवगत करवाया‌। उन्होंने बताया कि दिवाली स्वच्छता एवं शुभता का प्रतीक है। कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाने वाला यह त्योहार दिवाली आध्यात्मिक रूप से अंधकार पर प्रकाश की विजय को दर्शाता है। उन्होंने बच्चों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया और साथ ही पटाखों का इस्तेमाल न करते हुए प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के लिए कहा।

    इनोसेंट हार्ट्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन ने पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने के संदेश को प्रचारित करने और पटाखों और प्लास्टिक जलाने से निकलने वाले प्रदूषकों से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘एंटी-क्रैकर एंड एंटी-प्लास्टिक वीक’ का आयोजन किया। हरित और शांतिपूर्ण दिवाली मनाने का संदेश फैलाने के लिए विभिन्न सामुदायिक कल्याण केंद्रों का दौरा किया गया। पूरे कॉलेज परिसर को कलात्मक पोस्टर और रंगोली डिजाइनों से सजाया गया था, जो हमारे दिलों को रोशन करने और हमारी धरती माँ से प्यार करने का प्रतीक था। नारा-लेखन और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिताओं के अलावा “अपने अहंकार को जलाएँ, पटाखे नहीं” जैसे आदर्श वाक्य रंगीन रंगोली पैटर्न में खूबसूरती से अंतर्निहित थे। विद्यार्थी-अध्यापकों और अध्यापकों ने प्रतिज्ञा की कि वे कभी भी प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग नहीं करेंगे जो प्रदूषण का एक प्रमुख स्रोत हैं, इसके बजाय उन्होंने बेकार कागज़ सामग्री के साथ आकर्षक दिवाली उपहार पैकेज तैयार किए।

  • पंजाबः Go First Airlines में स्टाफ से भिड़े पैसेंजर, 2 घंटे की देरी से हुई लैंड, जाने मामला

    पंजाबः Go First Airlines में स्टाफ से भिड़े पैसेंजर, 2 घंटे की देरी से हुई लैंड, जाने मामला

    अमृतसरः श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुंबई से गो फर्स्ट एयरलाइंस में स्टाफ और पैसेंजर के भिड़ने का मामला सामने आया है। इस दौरान एयरपोर्ट पर मुंबई से गो फर्स्ट एयरलाइंस की फ्लाइट दो घंटे की देरी से लैंड हुई। बताया जा रहा है कि करीब 180 पैसेंजर्स को सिर्फ 12 ट्रांजिट पैसेंजर्स के लिए रनवे पर इंतजार करवाया गया। जिसके बाद पैसेंजर्स की एयरलाइंस स्टाफ के साथ काफी तू-तू मैं-मैं हुई।

    इस दौरान फ्लाइट को दो घंटे की देरी से चलाया गया। यह हंगामा एयरपोर्ट पर शाम मुंबई-अमृतसर गो-फस्ट एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या G82417 में हुआ। इसकी शिकायत एक पैसेंजर ने एयरलाइंस के अलावा डीजीसीए इंडिया को भी भेजी है। अमृतसर पहुंचे पैसेंजर करणजीत सिंह ने बताया कि उनकी टिकट मुंबई अमृतसर फ्लाइट G82417 में बुक की गई थी। पूरे समय पर तकरीबन 180 पैसेंजर्स को 4 बजे फ्लाइट में बैठा दिया गया। इस फ्लाइट को पूरे 4:30 बजे मुंबई से टेकऑफ करना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

    काफी समय पैसेंजर्स इंतजार करते रहे, लेकिन जब फ्लाइट ना उड़ी तो सभी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। करणजीत सिंह ने जानकारी दी कि पूछने पर एयरलाइंस नेअन-प्रोफेशनल बर्ताव सभी पैसेंजर्स के साथ किया। दरअसल, यह फ्लाइट 12 ट्रांजिट पैसेंजर्स के लिए रनवे पर दो घंटों के लिए रोक कर रखी गई थी। देर से उड़ान भरने के कारण यह फ्लाइट दो घंटे की देरी से अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। जिसके बाद कुछ पैसेंजर्स ने इसकी शिकायत डीजीसीए इंडिया से भी ऑनलाइन की है।

  • L’Oreal Hair Products यूज करने से महिला को कैंसर, कंपनी पर ठोका मुकदमा

    L’Oreal Hair Products यूज करने से महिला को कैंसर, कंपनी पर ठोका मुकदमा

    वाशिंगटन: अमेरिका की एक महिला का दावा है कि L’Oreal के हेयर स्ट्रेटनिंग प्रोडेक्ट इस्तेमाल करने पर उन्हें गर्भाशय का कैंसर हो गया है।  महिला के वकील ने बताया कि उसने कंपनी के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। जेनी मिशेल महिला ने मुकदमा दायर करते हुए कहा कि वह पिछले दो दशकों से इन प्रोडेक्ट्स का इस्तेमाल कर रही थीं, जिसकी वजह से उन्हें कैंसर हो गया। कुछ दिन पहले ही नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के जर्नल में एक स्टडी पब्लिश हुई थी, जिसमें बालों को स्ट्रेट करने वाले केमिकल प्रोडेक्ट्स के इस्तेमाल का गंर्भाशय कैंसर से संबंध बताया गया था।

    स्टडी में पाया गया था जिन महिलाओं ने साल में चार बार से ज्यादा इन प्रोडेक्ट्स का इस्तेमाल किया, उनमें गर्भाशय कैंसर होने की संभावना उन महिलाओं की तुलना में दोगुनी थी, जिन्होंने इनका इस्तेमाल नहीं किया। गर्भाशय का कैंसर अपेक्षाकृत कम पाया जाता है, लेकिन संयुक्त राज्य अमेरिका में इसके मरीजों (खासकर अश्वेत महिलाएं) की संख्या बढ़ रही है।  

    मिशेल के वकील बेन क्रम्प ने एक बयान में कहा, ‘अश्वेत महिलाएं लंबे समय से ऐसे खतरनाक प्रोडेक्ट्स का शिकार हो रही हैं, जिन्हें उनके लिए मार्केट में उतारा गया है।’ फ्रांस की सौंदर्य प्रसाधन की दिग्गज कंपनी L’Oreal की यूएस ब्रांच से हर्जाना मांगा गया है। वकील ने साथ ही कहा, ‘हमें देखने को मिलेगा कि मिशेल का मामला अनगिनत मामलों में से एक है, जिनमें कंपनियां अपना मुनाफा बढ़ाना के लिए अश्वेत महिलाओं को गुमराह कर रही हैं.’। 

  • अगर ट्विटर एलन का हुआ तो हो सकती है बड़ी छंटनी, जाने क्या है मस्क की प्लानिंग

    अगर ट्विटर एलन का हुआ तो हो सकती है बड़ी छंटनी, जाने क्या है मस्क की प्लानिंग

    नई दिल्लीः एलन मस्क ने सोशल मीडिया कंपनी के मालिक बनने पर ट्विटर के अधिकांश कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बनाई है। द वाशिंगटन की एक रिपोर्ट के अनुसार मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए अपने संभावित निवेशकों से कहा है कि उनकी योजना ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों के लगभग 75% कर्मचारी की कटौती करेंगे। वाशिंगटन पोस्ट ने कुछ दस्तावेजों और अज्ञात स्रोतों का हवाला देते हुए यह बात कही है। सैन फ्रांसिस्को स्थित ट्विटर और मस्क अटॉर्नी एलेक्स स्पिरो के प्रतिनिधि ने इस खबर पर कोई जवाब नहीं दिया है। इस बीच, ट्विटर ने अपने एंप्लॉयीज को स्पष्ट किया है कि उसकी छंटनी की कोई योजना नहीं है। ट्विटर के जनरल काउंसल सीन एडगेट ने एंप्लॉयीज को ई-मेल करके बताया है कि कंपनी का लेऑफ करने का कोई प्लान नहीं है। 

    मस्क अतीत में कंपनी के कुछ कर्मचारियों को हटाने की आवश्यकता की ओर इशारा कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने कोई संख्या नहीं बताई थी।  Wedbush के विश्लेषक डैन इवेस ने कहा, “एक 75% की छंटनी कम से कम मजबूत फ्री कैश फ्लो और प्रॉफिटेबिलिटी का संकेत देगा, जो इस सौदे में शामिल होने वाले निवेशकों के लिए आकर्षक होगा।” मस्क ने खुद कहा है कि वह कंपनी के मालिक बनने पर एड्रेस करेंगे।

    बता दें ट्विटर को खरीदने के लिए अप्रैल में अपनी शुरुआती 44 बिलियन डॉलर की बोली के बाद मस्क इस सौदे से पीछे हट गए। इस सौदे से पीछे हटने के लिए मस्क ने यह तर्क देते हुए कहा था कि ट्विटर ने अपने प्लेटफॉर्म पर फेक “स्पैम बॉट” अकाउंट की संख्या को गलत तरीके से प्रस्तुत किया है। इसके बाद ट्विटर ने मुकदमा दायर किया और कोर्ट ने दोनों पक्षों को  28 अक्टूबर तक का समय दिया अगर मामला नहीं सुलझा तो नवंबर में ट्रायल होगा।

  • पीएम मोदी ने वर्चुअली रोजगार मेले में 75 हजार सौंपे नियुक्ति पत्र 

    पीएम मोदी ने वर्चुअली रोजगार मेले में 75 हजार सौंपे नियुक्ति पत्र 

    नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान ‘रोजगार मेला’ का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पीएम मोदी 75,000 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने समारोह में हिस्सा लिया।

    इसके अलावा धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्य प्रदेश में PMAY-G के 4.5 लाख से अधिक लाभार्थियों के ‘गृह प्रवेश’ में भाग लेंगे। मध्य प्रदेश में इस योजना के तहत 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 29 लाख घरों का निर्माण किया जा चुका है।

  • पंजाबः सड़क हादसे में परिवार के 3 लोगों की मौत

    पंजाबः सड़क हादसे में परिवार के 3 लोगों की मौत

    अमृतसरः अजनाला में सड़क हादसे दौरान तीन लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। जबकि इस हादसे में एक महिला घायल हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बाइक पर अजनाला से देर रात तलवंडी नाहर मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे में परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। हालांकि इस दुर्घटना के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि हादसा किस वाहन से हुआ है। घटनास्थल को देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल को सामने के किसी तेज रफ्तार वाहन ने जबरदस्त टक्कर मारी है।

    मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा बुरी तरह से चकनाचूर हो चुका है। इतना ही नहीं, मोटरसाइकिल सड़क से 50 मीटर की दूरी पर गिरा मिला। वहीं मरने वालों की चप्पले सड़क से तकरीबन 100 मीटर की दूरी पर थी। पारिवारिक सदस्य मनप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मरने वाले गुज्जरपुरा निवासी हरजिंदर सिंह, हरजिंदर हैप्पी और उसकी साली नेहा है। जबकि घायल काजल को प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। लेकिन अभी बयान देने या दुर्घटना के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ है। तीनों के शवों को पुलिस ने मॉर्चुरी में रखवा दिया है। 

    उधर, पारिवारिक सदस्यों ने अस्पताल पर सही इलाज ना करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि जब उन्हें सूचना मिली तो वह तुरंत अजनाला सिविल अस्पताल पहुंच गए। लेकिन यहां उनके मरीजों का इलाज शुरू ही नहीं किया गया था। शोर मचाया तो इलाज शुरू कर रहे हैं कि बात कही गई। लेकिन अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद ही नहीं था। हरजिंदर सिंह की सांसें चल रही थी, लेकिन उसने उनके सामने दम तोड़ दिया। यह देख परिवार वालों ने काजल को दूसरे अस्पताल में दाखिल करवाया है।

  • सलमान खान को बीमारी के चलते कैंसिल करना पड़ा ये शो

    सलमान खान को बीमारी के चलते कैंसिल करना पड़ा ये शो

    मबई: फिल्म इंडस्ट्री के भाईजान यानी सलमान ख़ान (Salman Khan) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों की शूटिंग करने के साथ-साथ टीवी रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ (Bigg Boss 16) होस्ट करते भी नज़र आ रहे हैं।  बिग बॉस और सलमान का रिश्ता बहुत गहरा है, आलम ये है कि दर्शक सलमान के अलावा किसी और को  ये शो होस्ट करते हुए देखना ही नहीं चाहते, लेकिन अब लगता है भाईजान कुछ वक्त बिग बॉस का ये सीज़न होस्ट नहीं कर पाएंगे. खबर है कि सलमान खान को डेंगू हो गया है जिस वजह से वो कुछ हफ्तों के लिए बिग बॉस होस्ट नहीं करेंगे।

    कौन होस्ट करेगा बिग बॉस 16…

    ईटाइम्स  की खबर के मुताबिक सलमान खान को डेंगू हो गया है यही वजह है कि वो अगले कुछ हफ्तों तक ‘बिग बॉस’ होस्ट नहीं कर पाएंगे। ऐसे में अब इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक करण जौहर (Karan Johar) ये कमान संभालेंगे. वैसे बीते दिनों ये खबर आई भी थी कि इस वीकेंड सलमान ख़ान नहीं बल्कि करण जौहर शुक्रवार को शो होस्ट कर सकते हैं. लेकिन तब इसके पीछे का कारण सामने नहीं आया था। अब ये माना जा सकता है कि करण के शो होस्ट करने के पीछे कारण सलमान खान की तबीयत खराब होना है। हालांकि करण की तरफ से अभी तक इस पर कोई रिएक्शन नहीं आया है, ना ही उनकी टीम तरफ से कोई बयान आया है।

    पहले भी बिग बॉस होस्ट कर चुके हैं करण…

    आपको बता दें कि करण जौहर  पहले भी ‘बिग बॉस’ होस्ट कर चुके हैं. लेकिन तब ‘बिग बॉस’ टीवी पर नहीं ओटीटी पर टेलीकास्ट हुआ था.।साल 2021 में करण जौहर ‘बिग बॉस ओटीटी’ होस्ट करते नज़र आए थे. हाल ही में करण जौहर अपने शो ‘कॉफी विद करण सीज़न 7’ को लेकर भी काफी चर्चा में रहे हैं. वहीं बात करें सलमान खान के वर्क फ्रंट की तो भाईजान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘टाइगर 3’ और ‘किसी का भाई किसी की जान’ का शूटिंग कर रहे हैं।