Blog

  • पंजाब के कई जिलों में लगातार दो दिन बारिश के आसार…

    पंजाब के कई जिलों में लगातार दो दिन बारिश के आसार…

    लुधियाना : राज्य के कई जिलों में शनिवार को वर्षा हुई। अमृतसर में 29 व मुक्तसर में पांच मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। इसके अलावा अन्य जिलों में भी दिन में बूंदाबांदी व हल्की बरसात हुई।

    मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार रविवार को भी कई जिलों में हल्की से सामान्य वर्षा हो सकती है, जबकि सोमवार को कई जिलों में भारी वर्षा के आसार हैं। इसके अलावा मंगलवार को भी हिमाचल के साथ लगते जिलों में तेज हवाओं के बीच भारी वर्षा हो सकती है।

    उधर, शनिवार को जल स्तर बढ़ने के बाद गुरदासपुर जिले के मकौड़ापत्तन से पैंटून पुल हटा लिया गया, जिससे सात गांवों के लोगों का संपर्क राज्य के अन्य हिस्सों से कट गया है। इसी तरह पठानकोट के माधोपुर हलके में बिजली गिरने से एक घर के दीवार में दरार पड़ गई।

    बता दें कि जालंधर में शनिवार रात साढ़े नौ बजे बादल छाने के बाद तेज हवाओं के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट आने से दिनभर की उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि सुबह ठंडी हवाएं चलने के साथ बादल छाए हुए थे। मगर दोपहर के समय तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। इस वजह से दिन और रात के तापमान में महज चार डिग्री सेल्सियस का ही अंतर बाकी रह गया था। अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी जोरदार बारिश होने का अनुमान है और यह क्रम सोमवार को भी जारी रह सकता है।

  • पंजाबः जेल में बंद कैदियों का डोप टेस्ट करने पर चौंकाने वाली जानकारियां आईं सामने  

    पंजाबः जेल में बंद कैदियों का डोप टेस्ट करने पर चौंकाने वाली जानकारियां आईं सामने  

    चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर जेलों में बंद सभी विचाराधीन व सजा प्राप्त कैदियों का डोप टेस्ट करवाया जा रहा है। इसी के तहत शनिवार को जब जेल में इन कैदियों का डोप टेस्ट किया गया तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। 1880 कैदियों के डोप टेस्ट में से 900 नशे की लत के शिकार पाए गए हैं। सलाखों में कैद पंजाब की जवानी को नशे की दीमक लग गई है। किसी न किसी रूप में नशा सेवन करने वाले इन कैदियों की रिपोर्ट देखकर शासन-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। हालांकि इस संदर्भ में कोई अधिकारी पुष्टि करने को तैयार नहीं, लेकिन यह सोलह आने सच है। दरअसल, अमृतसर जेल में 3600 कैदी गुनाहों की सजा काट रहे हैं। शनिवार सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक 1880 कैदियों का डोप टेस्ट किया जा चुका था। देर शाम रिपोर्ट तैयार की गई तो तकरीबन 50 फीसदी कैदी नशे के शिकार पाए गए। सूत्रों की मानें तो ज्यादाकर कैदी अफीम, भुक्की सेवन के आदी हैं।

    नशा पीड़ित 900 कैदियों में ऐसे भी हैं जो नशा मुक्ति के लिए सरकारी ओट सेंटर से दवा का सेवन कर रहे हैं। हालांकि नशा मुक्ति में प्रयुक्त होने वाली दवा में मारफीन की मात्रा पाई जाती है, जिस वजह से इनकी रिपोर्ट पाजिटिव आना लाजमी है। बड़ा सवाल: कैदियों तक कौन पहुंचाता है नशा?

    अब यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर कैदियों तक नशा पहुंचाता कौन है? पिछला रिकार्ड देखें तो नवंबर 2016 में तत्कालीन सरकार ने जेलों में हर सप्ताह चिकित्सा शिविर लगाने का क्रम शुरू किया था। इन शिविरों में नशा पीड़ित कैदियों की काउंसलिग कर दवाएं दी जाती रहीं। अफसोसनाक पक्ष यह रहा कि इतना सब कुछ करने के बाद भी कैदी नशा करने से बाज नहीं आ रहे। तब भी अमृतसर जेल के 700 से अधिक कैदी अफीम, हेरोइन, भुक्की व स्मैक जैसे खतरनाक नशों के आदी पाए गए थे। 2016 में तीन कर्मी नशा पहुंचाते पकड़े गए थे।

  • राशिफल (रविवार 24 जुलाई 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (रविवार 24 जुलाई 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः व्यवसाय ठीक चलेगा। पुराने मित्र व संबंधियों से मुलाकात होगी। व्यय होगा। प्रसन्नता रहेगी। व्यापार में नए अनुबंध लाभकारी रहेंगे। परिश्रम का अनुकूल फल मिलेगा। परिजनों के स्वास्थ्य और सुविधाओं की ओर ध्यान दें।

    वृषः यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। रोजगार‍ मिलेगा। अप्रत्याशित लाभ संभव है। जोखिम न लें। धर्म के कार्यों में रुचि आपके मनोबल को ऊंचा करेगी। मिलनसारिता व धैर्यवान प्रवृत्ति जीवन में आनंद का संचार करेगी। कई दिनों से रुका पैसा मिल सकेगा।

    मिथुनः विवाद से क्लेश होगा। फालतू खर्च होगा। पुराना रोग परेशान कर सकता है। जोखिम न लें। जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता प्राप्ति के योग हैं। सावधानी व सतर्कता से व्यापारिक अनुबंध करें। दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा।

    कर्कः बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। जोखिम न उठाएं। आज का दिन आपके लिए शुभ रहने की संभावना है। स्थायी संपत्ति में वृद्धि होगी। रोजगार के अवसर मिलेंगे। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा।

    सिंहः मेहनत का फल मिलेगा। योजना फलीभूत होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। कर्ज से दूर रहना चाहिए। खर्च में कमी होगी। कानूनी विवादों का निपटारा आपके पक्ष में होने की संभावना है। प्रतिष्ठितजनों से मेल-जोल बढ़ेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

    कन्याः चोट व रोग से बचें। कानूनी अड़चन दूर होगी। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। प्रसन्नता रहेगी। क्रय-विक्रय के कार्यों में लाभ होगा। योजनाएं बनेंगी। उच्च और बौद्धिक वर्ग में विशेष सम्मान प्राप्त होगा। भाइयों से अनबन हो सकती है। अपनी वस्तुएं संभालकर रखें।

    तुलाः कुसंगति से हानि होगी। वाहन मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। वाणी प‍र नियंत्रण रखें, जोखिम न लें। परेशानियों का मुकाबला करके भी लक्ष्य को हासिल कर पाएंगे। व्यापारिक लाभ होगा। संतान के प्रति झुकाव बढ़ेगा। शिक्षा व ज्ञान में वृद्धि होगी।

    वृश्चिकः राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रमाद न करें। जायदाद संबंधी समस्या सुलझने के आसार बनेंगे। अनुकूल समाचार मिलेंगे तथा दिन आनंदपूर्वक व्यतीत होगा। नए संबंध लाभदायी सिद्ध होंगे।

    धनुः संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। धैर्य एवं शांति से वाद-विवादों से निपट सकेंगे। दुस्साहस न करें। नए विचार, योजना पर चर्चा होगी। स्वयं की प्रतिष्ठा व सम्मान के अनुरूप कार्य हो सकेंगे।

    मकरः किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। लाभ होगा। धन संचय की बात बनेगी। परिवार के कार्यों पर ध्यान देना जरूरी है। रुका कार्य होने से प्रसन्नाता होगी। आर्थिक सलाह उपयोगी रहेगी। कर्ज की चिंता कम होगी।

    कुंभः बुरी खबर मिल सकती है। दौड़धूप अधिक होगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। थकान रहेगी। व्यापार-व्यवसाय संतोषप्रद रहेगा। आपसी संबंधों को महत्व दें। अल्प परिश्रम से ही लाभ होने की संभावना है। खर्चों में कमी करने का प्रयास करें। अति व्यस्तता रहेगी।

    मीनः मेहनत का फल कम मिलेगा। कार्य की प्रशंसा होगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। प्रसन्नता रहेगी। संतान की शिक्षा की चिंता समाप्त होगी। व्यापार-व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। महत्व के कार्य को समय पर करें। व्यावसायिक श्रेष्ठता का लाभ मिलेगा।

  • ऊना में 20 वर्षीय युवक ने 5 साल की मासूम बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

    ऊना में 20 वर्षीय युवक ने 5 साल की मासूम बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

    ऊना (सुशील पंडित)। उपमंडल अम्ब के अंतर्गत पड़ते एक गांव में  5 साल 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। यह घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। 

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह महिला अपने पति और पीड़ित बेटी के साथ थाना पहुंची। महिला ने बताया कि उनके अपने ही गांव के 20 साल के एक युवक ने उनकी 5 साल 11 महीने की बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर तुरंत एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परवीन धीमान ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • भुक्की मामले के आरोपी को 4 साल कठोर कारावास और ₹35000 जुर्माने की सजा

    भुक्की मामले के आरोपी को 4 साल कठोर कारावास और ₹35000 जुर्माने की सजा

    ऊना/ सुशील पंडित। एलडी विशेष न्यायाधीश-1 ऊना रणजीत सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए आज 23.07.2022 के आरोपी हरमोहिंदर सिंह गांव बसोली तहसील और जिला ऊना को दोषी करार दिया। एचपी ने एनडी एंड पीएस एक्ट 1985 की धारा 15 के तहत चार साल के कठोर कारावास और 35000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई एवं अर्थदंड अदा न करने पर छह माह का साधारण कारावास भुगतना होगा।

    लगभग तीन साल पहले 20.03.2018 को शाम लगभग 4.30 बजे सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी जिस में एसआई सरबजीत सिंह,एचसी बृज भूषण, एचएचसी प्रमोद कुमार, कांस्टेबल अनिल के साथ आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम और एनडी पीएस अधिनियम आदि के तहत अपराध का पता लगाने के संबंध में एक निजी वाहन में गश्त ड्यूटी पर थे। तब मदनपुर में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बसोली चौक के पास आरोपी हरमोहिंदर पुत्र उज्जागर सिंह गांव बसोली तहसील जिला. ऊना (चुरा पोस्ट) पोस्त की भूसी को उसके रिहायशी घर में और अपने स्कॉर्पियो वाहन नंबर एचपी-03ए-3457 में छिपाकर अवैध बिक्री का कारोबार करता है।

    इसकी सूचना पर पुलिस टीम आरोपी हरमोहिंदर सिंह पुत्र उज्जगर सिंह के घर की तलाशी शुरू की। पहली मंजिल की तलाशी के दौरान कमरे की खाली जगह में सोफा सेट और टीवी ट्रॉली के बीच लाल रंग की प्लास्टिक की बाल्टी रखी हुई मिली। तभी बाल्टी में एक कैरी बैग मिला और कैरी बैग खोलने पर पीले रंग के 13 पैकेट बरामद हुए। उक्त पैकेटों की जांच करने पर उसमें भूरे रंग का पदार्थ पाया गया जिसकी पहचान पोस्त की भूसी के रूप में हुई। बरामद पोस्त की भूसी को इलेक्ट्रॉनिक स्केल की मदद से तौला गया जो 2 किलो 872 ग्राम पाया गया।  

    इसके बाद आरोपी के घर के प्रांगण में खड़ी एक स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी के दौरान पीछे की सीट के नीचे एक पीले रंग का प्लास्टिक का बोरा मिला। बोरी खोलने पर उसमें भूरे रंग का पाउडर पदार्थ युक्त 13 पारदर्शी पॉलीथिन पाया गया पॉलीथिन को आगे खोलने पर भूरे रंग के पदार्थ की पहचान पोस्ता भूसी के रूप में हुई। इसलिए पोस्त की भूसी का कुल वजन 15 किलो 512 ग्राम पाया गया उक्त वसूली के बाद चालान तैयार किया गया और उसे न्यायिक फैसले के लिए रखा गया। 

    अभियोजन पक्ष ने अभियोजन के मामले को साबित करने के लिए तेरह गवाहों का परीक्षण किया है। एल.डी. कोर्ट ऑफ स्पेशल जज – ll श्री रणजीत सिंह ने आरोपी के कृत्य को दोषी ठहराया और एनडीपीएस अधिनियम की धारा 15 के तहत अपराध के लिए दोषी ठहराया। मामले की जांच एसआई सर्वजीत सिंह और एचसी विकास ने की थी। 

  • हरोली में पंच परमेश्वर शिविर सम्पन्न 

    हरोली में पंच परमेश्वर शिविर सम्पन्न 

    पंचायती राज प्रकोष्ठ ने लगाया एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 

    ऊना/ सुशील पंडित। हरोली भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के पंच परमेश्वर का प्रशिक्षण वर्ग बाथू के सुविधा केंद्र में सम्पन्न हुआ । इस प्रशिक्षण केंद्र में वतौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व औद्योगिक विकट निगम के उपाध्यक्ष प्रो राम कुमार ने शिरकत की व हरोली विधानसभा में हुए विकास के बारे विशेष रूप से बखान किया गया । उन्होंने कहा आने वाले विधानसभा चुनावों में पंच परमेश्वर की अहम भूमिका होगी व पंच परमेश्वर आने वाले विधानसभा चुनावों में अपने अपने बूथ पर लड़ाई लड़े ताकि प्रदेश में जयराम सरकार व हरोली में भाजपा का विधायक बने व इस बार रिबाज बदलेंगे । उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल में हरोली में हर एक गाँव , हर बूथ , हर मोहल्ले तक डबल इंजन की सरकार पंहुचा है जिसका लाभ हरोली की जनता को मिल रहा है व आज हरोली की जनता ईमानदार विकास का लाभ ले रही है। 

    इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की ओर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पूर्ण कालिक विस्तारक संजीव ठाकुर ने उपस्थित जनसमूह को केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा व कहा कि डबल इंजन की सरकारों द्वारा करवाए विकास कार्यो को आम लोगो के बीच लेकर जाए व आम जनता को इन योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा मिले। 

    इस वर्ग में प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा ने आगामी विधानसभा चुनावो में जीत सुनिश्चित करने के लिए पंच परमेश्वरो की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस प्रशिक्षण वर्ग में हरोली मंडल के पंचायती राज प्रकोष्ठ के संयोजक लखबीर लक्खी ने स्वागत भाषण कर कार्यक्रम की शुरुआत की व आये अतिथियों को सम्मानित भी किया। 

    इस बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर, सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विशन देव , हरोली भाजपा मंडल अध्यक्ष गुलविंद्र गोल्डी, महामंत्री राजीव राणा, रंजीत गागो, जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष कमल सैनी, महिला मोर्चा की अध्यक्ष संयोगिता देवी, रजत राणा , रजनी देवी, सतीश राणा, जसविंदर गोगा, चरण सिंह, सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

  • स्मृति ईरानी की बेटी को रेस्तरां चलाने के मामले में कांग्रेस ने घेरा

    स्मृति ईरानी की बेटी को रेस्तरां चलाने के मामले में कांग्रेस ने घेरा

    नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी के गोवा स्थित रेस्टोरेंट एंड बार पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि 13 महीने पहले मरे हुए व्यक्ति के नाम पर बार का फर्जी लाइसेंस लिया गया है। इसको लेकर एक्साइज कमिश्नर ने नोटिस भी जारी किया है। अब उस आबकारी अधिकारी का ट्रांसफर किया जाएगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर पलटवार किया है। पवन खेड़ा ने एक ट्वीट कर पूछा है कि कौन-सी स्मृति ईरानी झूठ बोल रही हैं? वो स्मृति ईरानी जिन्होंने 14 अप्रैल 2022 को अपनी बेटी के रेस्टोरेंट की तारीफ की थी या वो स्मृति ईरानी जो आज कह रहीं हैं कि उनकी बेटी का कोई रेस्टोरेंट है ही नहीं?

    ईरानी ने दिया पवन खेड़ा के आरोप पर जबाव

    बता दें कि कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा के आरोप पर जबाव देते हुए ईरानी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। स्मृति ईरानी ने कहा कि मेरी बेटी कॉलेज में पढ़ाई करती है और वह कोई बार नहीं चलाती हैष पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि स्मृति ईरानी की बेटी बार चलाती हैं। बताया जा रहा है कि स्मृति ईरानी की ओर से आज शाम तक जयराम रमेश और पवन खेड़ा को कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस महिला अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा के खिलाफ भी कानूनी नोटिस भेजेगी।

    इन कागजों में मेरी बेटी का कहां है नाम: स्मृति ईरानी

    स्मृति ईरानी ने कहा कि 2 अधेड़ उम्र के पुरुषों ने एक 18 साल की लड़की की इज्जत की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस किया है। उस लड़की का दोष यह है कि उस लड़की की मां ने 2014 और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा। ईरानी ने कहा कि आज अपनी एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के प्रवक्ता ने हंसते हुए जिस लड़की पर आक्रमण किया, वो राजनीति में नहीं है और एक साधारण कॉलेज स्टूडेंट के रूप में अपना जीवन व्यतीत कर रही है। ईरानी ने कहा कि पवन खेड़ा ने ये कहा कि मेरी बेटी को कारण बताओ नोटिस दिया गया और अपने हाथ में 2 कागज दिखाए। मैं आज पूछना चाहती हूं कि इन कागजों में मेरी बेटी का नाम कहां है?

    जानें इस मामले को लेकर क्या बोली स्मृति ईरानी

    ईरानी ने कहा कि जिस 18 साल की लड़की की इज्जत पर कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आज हमला किया, उस लड़की का दोष यह है कि उसकी मां स्मृति ईरानी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है। वो 18 साल की लड़की जो कॉलेज के प्रथम वर्ष में पढ़ती है, उसका दोष यह है कि उसकी मां ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी की 5,000 करोड़ की लूट के ऊपर प्रेसवार्ता की।

    ये है पूरा मामला

    बता दें कि कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी के गोवा में बार चलाती हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि वह जिस पार्टी से जुड़ी हैं, उनकी बेटी भी बहुत संस्कारी होनी चाहिए, लेकिन वो गोवा में एक रेस्टोरेंट चला रही है, जिसने 13 महीने पहले मरे हुए एक शख्स के नाम पर फर्जी लाइसेंस हासिल किया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि गोवा में कानून एक व्यक्ति को एक लाइसेंस की अनुमति देता है।

    इसे “तुलसी संस्कारी बार”, बल्कि “सिली सोल बार” कहा जाता है। इस रेस्टोरेंट में एक नाम के तहत दो लाइसेंस हैं। इसके पास एक रेस्टोरेंट नीति के तहत लाइसेंस भी नहीं है। आपकी पार्टी के लोग लुलु मॉल, हनुमान चालीसा के दीवाने हैं और उनके बच्चे संरक्षण में भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जिस अधिकारी ने लाइसेंसधारियों को नोटिस दिया था। जाहिर तौर पर उसका तबादला किया जा रहा है। गोवा के उस बार में सुरक्षा बल (बाउंसर) घूम रहे हैं।

  • सत्ती ने अबादा बराना में सुनी जनसमस्याएं

    सत्ती ने अबादा बराना में सुनी जनसमस्याएं

    20 पात्र लाभार्थियों को वितरित किए सामाजिक सुरक्षा पैंशन के स्वीकृति पत्र

    ऊना (सुशील पंडित)। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने एक दिन एक गांव कार्यक्रम के तहत आज ग्राम पंचायत अबादा बराना में जन समस्याएं सुनीं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सांझा करते हुए पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने का आहवान किया। 

    इस मौके पर उन्होंने बराना के 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 20 पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पैन्शन के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। सत्ती ने बताया कि ग्राम पंचायत अबादा बराना के तहत 103 पात्र लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।  इसके अलावा पात्र 62 लाभार्थियों को गैस कुनैक्शन प्रदान किए गए है तथा 164 लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जा रहा है।

    इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, अबादा बराना की प्रधान स्वर्णी देवी, उप प्रधान पवन कुमार, पूर्व प्रधान योगराज व देसराज, वार्ड सदस्य कृष्णा देवी, पूजा देवी, मोहन सिंह, परमजीत तथा मंजू धीमान, पूर्व उप प्रधान सुखराम, हरीश कुमार, सुरेंद्र कुमार व अजय कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

  • जिला के 4 स्थानों पर दी जाएगी कोविड की सर्तकता डोज

    जिला के 4 स्थानों पर दी जाएगी कोविड की सर्तकता डोज

    ऊना (सुशील पंडित)। जिला में कोविड -19 की सर्तकता डोज 24 जुलाई को जिला ऊना के 4 केंद्रों दी जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि 18 से 59 वर्ष के आयु वर्ग के पात्र व्यक्त्यिों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसदेहड़ा व संतोषगढ़, गुरूद्वारा बीनेवाल छतरपुर तथा पंचायत घर लाल सिंगी में टीकाकरण किया जाएगा। 

    उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि सभी पात्र व्यक्ति यथा शीघ्र कोविड-19 की प्रीकोशनरी डोज लगवाना सुनिश्चित करें ताकि कोरोना महामारी की चुनौती से निपटा जा सके।

  • विकास खंड हरोली व अंब में  पंचायती  उप चुनावों हेतू सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त

    विकास खंड हरोली व अंब में  पंचायती  उप चुनावों हेतू सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त

    ऊना (सुशील पंडित)। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम हरोली विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड हरोली के तहत होने वाले पंचायती उप चुनावों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि रावमापा बालीवाल के राजेश कुमार व अनिल कुमार, रावमापा पूवोवाल के विनय कुमार व विक्रम दास, रावमापा धर्मपुर के प्रदीप कुमार तथा रावमापा रोड़ा से संदीप कुमार को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    इसके अलावा रावमापा रोड़ा से राजेश कुमार, रावमापा भदसाली के मनोज कुमार शर्मा व बलजीत सिंह, एलएलडी रावमापा पंजावर के नरेश कुमार व राजीव कुमार को आरक्षित सहायक निर्वाचन अधिकारी किया गया है।

    इसके अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अंब डाॅ मदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड अंब के तहत पड़ने वाली ग्राम पंचायतों में होने वाले उप चुनावों हेतू सहायक निर्वाचन अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि सीएकेएम रावमापा चिंतपूर्णी से संजीव कुमार तथा रावमापा ज्वार के चंचल कुमार को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। डाॅ मदन कुमार ने बताया कि सीएकेएम रावमापा चिंतपूर्णी के रमनदीप तथा रावमापा ज्वार के संजीव कुमार को आरक्षित सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।