Blog

  • स्कूल बिल्डिंग पर गिरा बम, 60 लोगों के मारे जाने की आशंका

    स्कूल बिल्डिंग पर गिरा बम, 60 लोगों के मारे जाने की आशंका

    कीव: यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी है. पूर्वी यूक्रेन के लुहान्सक इलाके में स्थित गांव के स्कूल में बम गिरने के बाद हुए भीषण विस्फोट में करीब 60 लोगों के मारे जाने की आशंका है. रविवार को राज्य के गवर्नर ने इसकी जानकारी दी. सेरहीये गैडाई ने बताया कि रूस की सेना ने इस भीषण हमले को शनिवार को अंजाम दिया.

    न्यूज एजेंसी के मुताबिक, लुहान्सक के गर्वनर के अनुसार, रशियन आर्मी ने शनिवार दोपहर बिलोहोरिवका में एक स्कूल को निशाना बनाते हुए उस पर बम गिरा दिया. जहां करीब 90 लोगों ने शरण ले रखी थी. धमाके के बाद स्कूल की इमारत में आग लग गई.

    सोशल मीडिया एप पर इस घटना की जानकारी देते हुए गवर्नर ने कहा कि, करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया. मलबा हटाने पर दुर्भाग्य से सिर्फ दो लोगों के शव मिले. 30 लोगों को इमारत से सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया. इनमें से 7 लोग घायल हो गए थे. जबकि बाकी बचे 60 लोगों का पता नहीं चला, उनके हमले में मारे जाने की आशंका है.

    हालांकि न्यूज एजेंसी ने इस रिपोर्ट को वेरिफाई नहीं किया है. दोनों देशों के बीच जारी युद्ध में यूक्रेन लगातार रूस पर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाता आया है.

    इससे पहले मारियुपोल शहर में स्थित स्टील प्लांट पर भी रूस की सेना भीषण हवाई हमले और गोला बारी की थी. जहां यूक्रेनी नागरिकों के साथ-साथ सेना के जवान भी मौजूद थे. हालांकि शनिवार को सभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अज़ोवस्टल प्लांट से निकाला लिया गया.

    इससे पहले रूसी सेना ने पिछले महीने मारियुपोल थियेटर पर मिसाइल से हमला किया था. इस भीषण हमले में 600 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की बात सामने आई थी. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस यूक्रेन में जंग खत्म नहीं करना चाहता है. क्योंकि वह अन्य यूरोपीय देशों पर कब्जा करने की मंशा रखता है.

  • गिरफ्तारी पर मिली राहत के बाद तजिंदर बग्गा ने जारी किया वीडियो….

    गिरफ्तारी पर मिली राहत के बाद तजिंदर बग्गा ने जारी किया वीडियो….

    नई दिल्ली: बीजेपी नेता तेजिंदर बग्गा को लेकर जमकर सियासी घमासान के बीच पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर 10 मई तक रोक लगा दी है। इसके बाद बग्गा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर वीडियो जारी कर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, मैं धन्यवाद करता हूं पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का, अल्पसंख्यक आयोग का जिन्होंने यह दर्शाया है कि इस देश में कानून का राज है। यदि अरविंद केजरीवाल सोचते हैं कि सत्ता और पुलिस के बल पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को डरा और झुका सकते हैं तो वह एक नहीं सौ मुकदमे दर्ज करा दीजिए।

    अरविंद केजरीवाल ने अपने प्रवक्ताओं और पंजाब के मंत्रियों को मेरे खिलाफ उतार दिया। यह दर्शाता है कि वह बहुत डरे हुए हैं और आपको नींद नहीं आ रही है। मैं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का धन्यवाद देता हूं जिन्होंने पगड़ी ना पहनने के मामले पर पंजाब सरकार से सवाल पूछा है और मुझे यकीन है अल्पसंख्यक आयोग के नोटिस के बाद दोषियों को सजा दी जाएगी। उन्होने उस दिन का जिक्र करते हुए बताया कि, मैंने पंजाब पुलिस को बार-बार कहा था कि नंगे सिर बाहर नहीं जाया जाता है, मैंने उनसे ढकने की इजाजत मांगी, लेकिन मुझसे कहा गया कि सिर तेरा पंजाब में जाकर ढंकवाया जाएगा। वहीं पंजाब पुलिस की एक महिला कर्मी ने अपने साथियों को कहा था कि सिर ढकने दीजिए लेकिन किसी ने नहीं सुनी। दरअसल पंजाब पुलिस ने भड़काऊ भाषण देने, दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बग्गा के खिलाफ मोहाली निवासी आम आदमी पार्टी की नेता सनी अहलूवालिया ने शिकायत दर्ज कराई थी।

  • जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4000 पद भरे जाएंगे : मुकेश अग्निहोत्री

    जल शक्ति विभाग की कार्यशाला में बोले उपमुख्यमंत्री, कर्मचारियों के हित में होंगे निर्णायक फैसले

    ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष करीब 4000 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मैनपावर के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। इसलिए सरकार विभाग को सुदृढ़ बनाने के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है।

    उपमुख्यमंत्री शनिवार को हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
    उन्होंने नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स तथा वाटर गार्ड्स को विभाग का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य उज्ज्वल है और उन्हें धैर्य के साथ कार्य करते रहना चाहिए। यह 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली नौकरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन कर्मचारियों के हित से जुड़े निर्णायक फैसले लिए जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जाएगी। योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा तथा जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग इस योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू कर रहा है।

     

    उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग की करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में सभी से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।

    उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर राजनीति करने वालों को जनता भली-भांति जानती है। भाजपा नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो स्वयं कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते, उन्हें दूसरों के किए विकास कार्य भी नहीं सुहाते। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य ‘स्वर्णिम और विकसित हरोली’ का निर्माण है। वह राजनीति नहीं, विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और जनता के हित में काम करते रहेंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने उत्कृष्ट कार्य और व्यवहार से लोगों का विश्वास जीतें तथा विभाग की प्रतिष्ठा को और मजबूत करें।

    मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग रोहित दूबे ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी ‘हर घर, हर खेत तक पानी’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

    कार्यशाला के दौरान अधीक्षण अभियंता, हमीरपुर विकास कपूर ने जल गुणवत्ता, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल के मानकों तथा स्वच्छता संबंधी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं अधिशाषी अभियंता, मंडी ललिता ने जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनेशन, पेयजल योजनाओं के नियमित रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से प्रस्तुति दी।

    इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति वाला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत रॉय, पंचायत समिति सदस्य मधु धीमान, कांग्रेस नेता सतीश बिट्टू, प्रमोद कुमार, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, मुख्य अभियंता हमीरपुर जोन रोहित दुबे, अधीक्षण अभियंता हमीरपुर विकास कपूर, अधीक्षण अभियंता ऊना नरेश धीमान, अधिशाषी अभियंता ऊना पुनीत शर्मा, अधिशाषी अभियंता मंडी ललिता सहित जल शक्ति विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • जनप्रतिनिधियों के सहयोग से और मजबूत होगा विकास का हरोली मॉडल : अग्निहोत्री

     

    नवनिर्वाचित प्रधानों व उप प्रधानों का सम्मान, गांवों के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान

    ऊना, सुशील पंडित : हरोली विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों के सम्मान में वीरवार को जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। ऊना के गुलमोहर होटल में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनता को साथ लेकर पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें। उनकी ओर से जनप्रतिनिधियों को हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र ने प्रदेश में विकास की एक अलग पहचान बनाई है। अब ‘हरोली ब्रांड’ को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा। उनकी आवाज को पूरा सम्मान मिलेगा तथा पंचायतों से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, खेल, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े सभी क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। प्रत्येक पंचायत का संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। सम्मेलन में उपस्थित नवनिर्वाचित प्रधानों और उप प्रधानों ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम देने का सामूहिक संकल्प लिया। उन्होंने जनसहभागिता, आपसी समन्वय और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पंचायत के विकास को नई दिशा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं ग्राम पंचायत पंजाबर के प्रधान रणजीत सिंह राणा ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मेलन में ग्राम पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों तथा जिला परिषद सदस्यों सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।