Blog

  • खड़ी Bus में Truck की टक्कर से लगी आग, सवारियों में मची भगदड़, देखें CCTV

    खड़ी Bus में Truck की टक्कर से लगी आग, सवारियों में मची भगदड़, देखें CCTV

    राजस्थानः नए साल के एक दिन पहले ट्रक और बस में टक्कर हो गई। हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि बस सवारियों को उतार रही थी, इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मारी दी और 50 मीटर तक बस को घसीटता हुआ ले गया।


    हादसे में बस में आग लग गई, जिसके चलते सवारियों में भगदड़ मच गई और कुछ दूरी पर हादसे के बाद बस के रूकते ही सवारियां नीचे उतरने लगी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। वहीं बस में लगी आग को भी समय रहते काबू पा लिया गया। लेकिन घटना को लेकर सवारियों में डर का माहौल पाया गया।

    बस चालक ने बताया कि उसने हैंडब्रेक लगाकर बस को सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था और सवारियों को वह उतार रहा था। वहीं पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और बस में टक्कर मारते हुए कुछ मीटर तक बस को घसीटता हुआ ले गया। जिसके चलते शार्ट सर्किट से बस में आग लग गई और डर के कारण सवारियां बस से नीचे उतरने लगी। हादसे बस और सवारियों का बचाव रहा।

  • Jalandhar News: रिहायशी इलाके में सड़कों पर दिखा बारहसिंघा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: रिहायशी इलाके में सड़कों पर दिखा बारहसिंघा, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कैंट के जी पॉकेट बिल्डिंग के पास एक जंगली जानवर (बारहसिंघा) सड़कों पर भागता हुआ दिखाई दिया। वहीं नव वर्ष की पार्टी से लौट रहे राहगीरों ने बारहसिंघा को फोन में रिकॉर्ड कर लिया। हालांकि वीडियो वायरल होने के कुछ देर बाद लोगों द्वारा बारहसिंघा को लेकर सूचित किया गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम का कहना है कि घटना स्थल पर बारहसिंघा नहीं मिला। उन्होंने लोगों से ना डरने की अपील की है। बता दें कि जालंधर कैंट में आगे भी कई बार जंगली जानकारी देखे गए थे।


    शहर में बारहसिंघा घुसने की वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में काफी अफरा तफरी मच गई थी। हालांकि जानवर द्वारा किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया था। वन विभाग के मुताबिक, दक्षिण एशिया के ज़्यादातर हिस्सों में पाया जाता है। भारत में, हिमालय की दक्षिण-मुखी ढलानों से लेकर बर्मा, थाईलैंड, इंडोचीन, और मलय प्रायद्वीप में सांभर पाया जाता है। साल 2008 से, सांभर को IUCN रेड लिस्ट में संकटग्रस्त प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

    आजकल वहां ठंड के साथ बर्फबारी हो रही है, जिस वजह से जंगली जानवर दूसरा ठिकाना तलाशने के लिए निकलते हैं, लेकिन रास्ता भटककर रिहायशी इलाकों में घुस जाते हैं। वन विभाग के मुताबिक, सांभर एक नाजुक दिल वाला जानवर है। ज्यादा लोग उसके आसपास इकट्ठा हो जाएं तो वह घबरा जाते हैं। कई बार तो वह इतना घबरा जाते हैं कि उनकी मौत तक हो जाती है। हड़बड़ाहट में जानवर खुद के साथ लोगों का भी नुकसान कर जाते हैं, इसलिए लोगों को उसका पीछा नहीं करना चाहिए। इससे उसे पकड़ने में भी मुश्किल होती है।

  • मातम में बदली नए साल की खुशियां, खाई में कार गिरने से 3 की मौत, देखें वीडियो

    मातम में बदली नए साल की खुशियां, खाई में कार गिरने से 3 की मौत, देखें वीडियो

    शिमला : नए साल की खुशियां मातम में बदल गई है। मामला शिमला जिले का है, यहां नए साल के जश्न के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि शिमला जिले के ठियोग के मतियाना में देर रात करीब 11:30 बजे पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में किन्नौर के तीन युवकों की मौत हो गई है।

    ये तीनों युवक अपनी कार में सवार होकर शिमला से रामपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान मतियाना पहुंचने पर पेट्रोल पंप के पास उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी ने बताया कि कार ड्राइवर का गाड़ी से अचानक कंट्रोल खो जाने पर ये हादसा हुआ है।

    वहीं गाड़ी के गहरी खाई में गिरकर पलटने की आवाजें स्थानीय लोगों को सुनाई दी। जिसके बाद स्थानीय लोग आवाज सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक मौके पर ही दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने तीनों युवकों के शव खाई से निकलवाए और अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है।  पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, इस परेशानी से मिली निजात

    माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, इस परेशानी से मिली निजात

    कटराः नए साल को लेकर अकसर लोग धार्मिक स्थानों पर जाकर अपनों की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं। वहीं कई लोग नववर्ष पर माता वैष्णो देवी जानें के लिए काफी उत्साहित रहते हैं लेकिन इस बार वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था क्योंकि प्रस्तावित कटरा रोपवे परियोजना के विरोध में प्रदर्शन चल रहा था।

    इस प्रदर्शन के चलते श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही थी। लेकिन अब कटरा रोपवे परियोजना के विरोध में चल रहा सात दिनों का प्रदर्शन समाप्त हो गया है। यह निर्णय मंगलवार रात जम्मू संभाग के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार और कटरा संघर्ष समिति के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया।

    प्रदर्शन के चलते श्रद्धालुओं को कटरा से भवन तक पहुंचने के लिए घोड़े और पालकी की सुविधा नहीं मिल रही थी, जिससे उनकी यात्रा कठिन हो गई थी। बैठक में यह भी तय हुआ कि फिलहाल रोपवे परियोजना का काम स्थगित रहेगा और इस पर आगे की चर्चा श्राइन बोर्ड, प्रशासन और संघर्ष समिति के बीच होगी।

    पिछले महीने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रोपवे परियोजना की घोषणा की थी, जो वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर तक पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित थी। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया, उनका मानना है कि इस परियोजना से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होगी।

    वहीं इस प्रदर्शन के चलते संघर्ष समिति के आंदोलन के चलते पिछले सप्ताह कटरा में सभी व्यावसायिक गतिविधियां ठप थीं। बैठक के बाद 18 प्रदर्शनकारियों को जेल से रिहा कर दिया गया, और आंदोलनकारियों ने अपनी भूख हड़ताल भी समाप्त कर दी। गतिरोध समाप्त होने के साथ ही कटरा से भवन तक जाने वाली घोड़े और पालकी की सुविधाएं फिर से शुरू हो गई हैं। नववर्ष पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में दर्शन के लिए पहुंचे हैं, और शहर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

  • नए साल पर सरकार ने दिया बड़ा झटकाः Petrol-Diesel के दामों में हुई बढ़ौतरी

    नए साल पर सरकार ने दिया बड़ा झटकाः Petrol-Diesel के दामों में हुई बढ़ौतरी

    लाहौरः नववर्ष पर लोगों को सरकार ने बड़ा झटका लगा है, दरअसल, पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ौतरी का ऐलान कर दिया है। 31 दिसंबर की रात जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 56 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। एआरवाई न्यूज के अनुसार, अब पेट्रोल की नई कीमत 252.66 रुपये प्रति लीटर होगी। इसी तरह, हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 2.96 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

    अब हाई-स्पीड डीजल की नई कीमत 258.34 रुपये प्रति लीटर होगी। ये बदलाव ईंधन की कीमतों में नियमित बदलाव के तहत किए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार और स्थानीय आर्थिक हालात पर निर्भर करते हैं। पाकिस्तान सरकार ने 15 दिसंबर को पेट्रोल और डीजल की नई कीमतों का ऐलान किया। जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत 252.10 रुपये प्रति लीटर पर बनी हुई है।

    वहीं, हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 3.05 रुपये प्रति लीटर की कमी आई है और अब इसकी नई कीमत 255.38 रुपये प्रति लीटर है। इसके अलावा, केरोसिन तेल की कीमत में 3.32 रुपये प्रति लीटर की कमी आई है और अब इसकी नई कीमत 161.66 रुपये प्रति लीटर है। लाइट डीजल तेल की कीमत में भी 2.78 रुपये प्रति लीटर की कमी हुई है और नई कीमत 148.95 रुपये प्रति लीटर तय की गई है।

    वित्त मंत्रालय ने नई कीमतों के बारे में अधिसूचना जारी कर दी है, जो बुधवार सुबह 12 बजे से लागू हो जाएगी। सरकार पेट्रोलियम लेवी घटाने में असमर्थ रही, जिसके कारण पेट्रोलियम की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। पिछले डेढ़ महीने में कीमतों में 12.14 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।

    सूत्रों के अनुसार, 16 अक्टूबर के बाद से हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 12.14 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि इस दौरान पेट्रोल की कीमत में 5.07 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। सूत्रों का कहना है कि सरकार कीमतों में बढ़ोतरी को रोकने के लिए लेवी घटा सकती थी, लेकिन आईएमएफ कार्यक्रम के नियमों ने इसे रोक दिया।

     

  • ट्रक और कार की भीषण टक्कर में BJP नेता की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    ट्रक और कार की भीषण टक्कर में BJP नेता की मौत, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    पलवलः होडल थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर ट्रक और कार में भीषण टक्कर होने की घटना सामने आई है। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में कार सवार भाजपा नेता की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेता कार में सवार होकर दिल्ली में स्थित अस्पताल में भाई का हालचाल जानकर वापिस लौट रहा था। इस दौरान भाजपा नेता की कार की ट्रक के साथ टक्कर हो गई।

    हादसा इतना भीषण था कि हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान रमेश वर्मा निवासी आगरा के रूप में हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच की पुलिस ने कार और शव को कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

    वहीं पुलिस को परिवार द्वारा दिए गए बयानों के अनुसार ट्रक चालक ओवरटेक करके निकल रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया। घटना में रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया।

  • Jalandhar News: Happy New Year की गूंज के साथ नए साल की शुरुआत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Happy New Year की गूंज के साथ नए साल की शुरुआत, देखें वीडियो

    पुलिस ने जश्न मनाने के लिए दिया 15 मिनट का समय  

    जालंधरः पूरे देश में नए साल का जश्न मनाया जा रहा है। नए साल के जश्न को लेकर शहर के सभी रेस्टोरेंट्स में जश्न का माहौल है। रात 12 बजे तक रेस्टोरेंट खोलने की अनुमति कमिश्नरेट पुलिस द्वारा दी गई। जालंधरियों ने अपने अंदाज 2025 का स्वागत किया। नए साल के जश्न को लेकर पुलिस भी सक्रिय रही। शहर के फूड हब पीपीआर के सभी रेस्तरां में खास सजावट की गई ओर सबसे अधिक युवाओं की रौनक यहीं रही। वहीं पुलिस ने भी नए साल को लेकर सख्त इंतजाम किए गए। जॉइंट पुलिस कमिश्नर संदीप शर्मा ने बताया कि शहर की सुरक्षा के लिए करीब 800 से ज्यादा मुलाजिम तैनात किए गए हैं। पुलिस द्वारा कुल करीब 50 से ज्यादा पॉइंट चिह्नित किए गए हैं। जहां पर नाकाबंदी सहित अन्य सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे। सबसे प्रमुख पीपीआर मार्केट, मॉडल टाउन, हवेली, क्यूरो मॉल, आदर्श नगर सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में ज्यादा पुलिस का ध्यान है। क्योंकि उक्त जगह पर ही लोग अपने अपने परिवारों के साथ घूमने के लिए निकलते हैं।
  • 2 समूहों के बीच हिंसक झड़प के बाद नए साल पर लगा कर्फ्यू

    2 समूहों के बीच हिंसक झड़प के बाद नए साल पर लगा कर्फ्यू

    एक दर्जन से अधिक दुकानों सहित 6 गाड़ियों को लगाई आग

    महाराष्ट्रः महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पलाधी गांव में देर रात 2 समुदायों के बीच झड़प के बाद इलाके में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। जिसके बाद माहौल काफी गरमा गया। वहीं पुलिस ने आज सुबह 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया। जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया कि कर्फ्यू एहतियात के तौर पर लगाया गया था। स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। मिली जानकारी के अनुसार झड़प मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे शुरू हुई, जिसके बाद भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने कहा, ‘दो समूहों के बीच झड़प एक तरह की रोड रेज की घटना के बाद शुरू हुई। हिंसक भीड़ ने दुकानों में आग लगाने और वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। झड़प में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। 24 घंटे का कर्फ्यू बुधवार सुबह 3 बजे लगाया गया। फिलहाल, स्थिति शांतिपूर्ण है और आज सुबह किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दोनों गुटों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए प्रशासन शांति समिति की बैठक करेगा।’ घटना महायुति सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता गुलाबराव पाटिल के गांव पलाधी की है। जानकारी के मुताबिक शिवसेना शिंदे गुट के मंत्री गुलाबराव पाटिल की कार उनकी पत्नी और परिवार के सदस्यों को लेकर जा रही थी। गांव के एक युवक को कार से धक्का लग गया और देखते-देखते भीड़ जमा हो गई। लोग उग्र होकर कार ड्राइवर के साथ गाली-गलौच करने लगे. गाड़ी में मंत्री गुलाबराव पाटिल की पत्नी होने के कारण कुछ शिवसैनिकों ने गाली-गलौच कर रहे लोगों के साथ बहस कर ली। इसके बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गए और यहीं से पथराव और आगजनी की घटना सामने आई है। भीड़ ने मंत्री गुलाबराव पाटिल की पत्नी को ले जा रही कार के ड्राइवर की पिटाई कर दी और गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। मामला यहीं शांत नहीं हुआ, कुछ ही देर में भीड़ ने पत्थरबाजी और आगजनी शुरू कर दी। एक दर्जन से अधिक दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया और 6 गाड़ियां भी जला दी गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पलाधी गांव पहुंची। तब तक आगजनी और पथराव करने वाले भाग चुके थे। पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है और आगजनी के लिए जिम्मेदार युवकों की गिरफ्तारी शुरू कर दी है। देर रात तक पथराव करने वालों और आगजनी करने वालों की तलाश जारी रही। जलगांव की अपर पुलिस अधीक्षक कविता नेरकर ने कहा कि इस घटना के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई की है। पलाधी थाने में अज्ञात बीस-पच्चीस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटना में पुलिस ने मंगलवार रात में ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गांव में शांति बनी रहे और कोई अफवाहों पर यकीन न करे।
  • नए साल पर लगे भूकंप के झटके

    नए साल पर लगे भूकंप के झटके

    अहमदाबादः गुजरात के कच्छ नए वर्ष के पर्व पर सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंपीय विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने इसकी जानकारी दी है। भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने कहा कि बुधवार सुबह गुजरात के कच्छ जिले में 3.2 तीव्रता का झटका आया। गांधीनगर स्थित आईएसआर के अनुसार, भूकंप सुबह 10.24 बजे दर्ज किया गया, जिसका केंद्र भचाऊ से 23 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व (एनएनई) में स्थित था।

    जिला प्रशासन ने बताया इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। बता दें कि पिछले महीने, इस क्षेत्र में 4 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 3 से अधिक थी। जिसमें तीन दिन पहले आया 3.2 तीव्रता का भूकंप भी शामिल था, जिसका केंद्र भी भचाऊ के करीब था।

  • 4 करोड़ की लग्जरी Ferrari की मदद के लिए आई बैलगाड़ी, वीडियो वायरल

    4 करोड़ की लग्जरी Ferrari की मदद के लिए आई बैलगाड़ी, वीडियो वायरल

    मुंबईः महाराष्ट्र रायगड के रेवदंडा में अलीबाग बीच पर ऐसा ही अलग नजारा देखने को मिला। दरअसल, मुसीबत में फंसी 4 करोड़ की एक लग्जरी कार फरारी के बचाव में एक बैलगाड़ी मददगार साबित हुई। इसकी वीडियो भी सामने आई है, जोकि सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वीडियो में इटैलियन लग्जरी स्पोर्ट्स कार फरारी रेवदंडा बीच में रेत में फंसी दिख रही है। इसे निकालने के लिए एक बैल गाड़ी का सहारा लिया जा रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बैलगाड़ी एक फरारी कार को खींच कर बाहर ले जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुंबई के 2 पर्यटक सुबह की सैर के दौरान समुद्र तट पर फरारी लेकर आए थे। कार रेत में फंस गई और आसपास खड़े लोगों द्वारा उसे निकालने की कोशिशों के बावजूद वाहन वहां से नहीं निकल पाई। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि समुद्र के किनारे रेत में एक लग्जरी फरारी कार फंसी हुई है। वहां मौजूद लोग उसे धक्का देकर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान 2 बैल फरारी को खींचते नजर आते हैं। बैलों की मदद से कार काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ती है। अंत में बैलों की मेहनत से फेरारी को रेत से बाहर निकाल लिया जाता है। वायरल वीडियों को देख लोग इस पर ढेरों कमेंट कर रहे हैं। ऐसे में कोई फरारी का मजाक उड़ा रहा है तो कोई फरारी को बीच पर लाने की बेवकूफी करने के बारे में कह रहा है। एक ने मजाक में लिखा- बैल में फरारी से ज्यादा अधिक हॉर्स पावर है। एक अन्य ने लिखा- कहानी से ये शिक्षा मिलती है कि कोई चीज छोटी या मामूली नहीं होती वह वहां काम आ सकती है जहां कोई नहीं आता।