Blog

  • यूएई में डिलीवरी राइडर्स के पदों के लिए 22 तक कर सकते है पंजीकरण

    यूएई में डिलीवरी राइडर्स के पदों के लिए 22 तक कर सकते है पंजीकरण

    ऊना/सुशील पंडित: श्रम एवं रोजगार विभाग तथा एचपीएसइडीसी के संयुक्त तत्वावधान में मैसर्ज जेएसडीसी ग्रुप ऑफ़ कम्पनीज़ द्वारा संयुक्त अरब अमीरात में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए डिलीवरी राइडर्स के पद भरे जा रहे हैं।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 10वीं पास तथा बेसिक इंग्लिश का ज्ञान आवश्यक है। अभ्यर्थियों की आयु 20 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। रंग दृष्टि-दोष तथा गर्दन और मुंह पर टैटू नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 2500 एइडी मासिक वेतन, प्रतिदिन 10 घंटे ड्यूटी तथा सप्ताह में 6 दिन कार्य करना होगा।

    जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी वेब लिंक (गूगल फॉर्म) https://forms.gle/F4H9GgWcNnvqUdF76 के माध्यम से 22 नवम्बर, 2025 तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण लिंक जिला रोजगार कार्यालय ऊना के फेसबुक पेज पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नं. 01975-226063 पर संपर्क कर सकते हैं।

  • बसाल से नंगल सलांगड़ी रोड़ पर वाहनों की आवाजाही एक माह तक बंद, ट्रैफिक वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट

    बसाल से नंगल सलांगड़ी रोड़ पर वाहनों की आवाजाही एक माह तक बंद, ट्रैफिक वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट

    ऊना/सुशील पंडित: बसाल से नंगल सलांगड़ी रोड़ पर ( किलोमीटर 0/000 से 7/100) मनोहर मार्किट से चलोला मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए एक माह तक बंद रहेगा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही के लिए टै्रफिक को ऊना-टक्का-धमांदरी रोड से नंगल सलांगड़ी रोड और कुरियाला से नंगल सलांगड़ी रोड़ पर मोड़ा गया है।

    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 व 116 के तहत आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि यह आदेश सड़क अपग्रडेशन और निर्माण संबंधी कार्यों को त्वरित और सुचारू रूप से करने को लेकर जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद करने को लेकर जनता को सूचित करने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए अग्रिम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

  • तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के लिए लाइसेंस आवेदन की तिथि अब 30 नवम्बर तक बढ़ी

    तम्बाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के लिए लाइसेंस आवेदन की तिथि अब 30 नवम्बर तक बढ़ी

    ऊना/सुशील पंडित: नगर निगम ऊना ने तंबाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित नियमों के प्रभावी अनुपालन और दुकानदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लाइसेंस आवेदन एवं नवीनीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है

    संयुक्त आयुक्त नगर निगम ऊना मनोज कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत अब तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा एवं अन्य निकोटीन उत्पाद बेचने वाले सभी दुकान मालिक 30 नवम्बर तक अपना व्यावसायिक लाइसेंस बनवा या नवीनीकृत करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि तिथि बढ़ाने का उद्देश्य व्यापारियों को नियमों की जानकारी देना और उन्हें लाइसेंस प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना है।

    संयुक्त आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित अवधि में मिले आवेदनों का विधिवत सत्यापन करने के बाद संबंधित लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
    उन्होंने कहा कि लाइसेंस जारी होने के पश्चात बिना लाइसेंस तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आर्थिक दंड का प्रावधान भी शामिल है। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे विस्तारित तिथि का लाभ उठाते हुए समय पर अपने लाइसेंस संबंधी कार्य पूरे करें।

  • Jalandhar News: मेन बाजार में नगर निगम और पुलिस ने लिया एक्शन, देखें Live

    Jalandhar News: मेन बाजार में नगर निगम और पुलिस ने लिया एक्शन, देखें Live

    जालंधर, ENS: भगवान वाल्मीकि चौक के अधीन आते रैणक बाजार में लगातार अवैध कब्जों को लेकर नगर निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जाती है, लेकिन प्रशासन के जाने के बाद फिर से अवैध कब्जे लगाकर बाजार सज जाता है। वहीं आज एक बार फिर से नगर निगम की टीम और पुलिस द्वारा रैणक बाजार में अवैध कब्जों को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

    इस दौरान नगर निगम की टीम को आता देखकर कब्जाधारियों द्वारा सामान पहले से उठाना शुरू कर दिया गया। वहीं नगर निगम की टीम द्वारा दुकानों के बाहर अवैध कब्जों पर लगी डमियों को कब्जे में लिया गया है। वहीं आज प्रशासन द्वारा की गई सांझी कार्रवाई को लेकर दुकानदारों द्वारा सामान को पहले से उठाना शुरू कर दिया गया है। वहीं थाना प्रभारी द्वारा एक दुकानदार को चेतावनी भी दी गई है। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों को उक्त दुकानदार को लेकर शिकायत भी दी गई।

    इस दौरान टिक्कियों वाले चौक पर किए गए अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान उनका सामान प्रशासन द्वारा कब्जे में ले लिया गया है। ऐसे में टिक्कियां वाले चौक पर दुकानदारों द्वारा लगातार प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाती है और दुकानदारों का सिलेंडर सहित कुछ सामान को जब्त किया जाता है। हैरानी की बात यह है कि निगम की कार्रवाई किए जाने के बाद किसकी शह पर दोबारा से दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जा किया जाता है, यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे है।

  • आया हेल्पर भर्ती के नाम पर भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद को बढ़ावा दे रही है सरकार: जयराम ठाकुर

    आया हेल्पर भर्ती के नाम पर भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद को बढ़ावा दे रही है सरकार: जयराम ठाकुर

    न कोई नियम–न कोई कानून बस सरकार के इशारे पर भर्ती करने का मिल रहा है निर्देश

    पंचायत चुनावों के पहले आया हेल्पर भर्ती कर चहेतों को लाभ पहुंचा चुनाव प्रभावित करने की कोशिश

    ऊना/सुशील पंडित: शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अपना हर कदम इस हिसाब से उठाती है कि इसे भ्रष्टचार और अराजकता करने का खूब मौका मिल सके। हाल ही में सरकार द्वारा प्रदेश के 6202 प्री प्राइमरी स्कूल्स में आया हेल्पर के पद निकाले हैं। इस भर्ती में चयनित लोगों को लगभग 3800 प्रतिमाह मिलेंगे। जिसमें से 90% हिस्सा केंद्र की मोदी सरकार और 10% हिस्सा राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।  लेकिन सरकार इसे भी अपने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा देना चाहती है। इसे सुख की सरकार द्वारा आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाने की व्यवस्था की गई है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि उस भर्ती में कोई भी नियम स्पष्ट नहीं है कि यह भर्ती कैसे की जानी है? आया हेल्पर को नौकरी पर रखने का आधार क्या होगा? किसे चुना जाएगा, किसे नहीं चुना जाएगा?  सरकार की यह योजना पूर्णतया अराजकता और भ्रष्टाचार के साथ-साथ भाई भतीजावाद को बढ़ावा देने का इंतजाम है। सरकार की हर योजना इसी तरीके से प्रदेशवासियों को गुमराह करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, मित्र मंडली को कमाने का जुगाड़ देने का साधन बनती है।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि हमने पहले ही बताया था कि मंत्री ने अपनी पूरी मित्र मंडली को आउटसोर्स की एजेंसियां खोलने के निर्देश दे दिए थे। जिसके जरिए वह भ्रष्टाचार और मनमानी कर सकें। ऐसे लोगों द्वारा आउटसोर्स की नौकरियां थोक के भाव बेचने के आरोप सरकार के करीबियों पर लगे थे।  जिसे हमने हमेशा उठाया था। लोगों ने आउटसोर्स की नौकरियों के लिए भी लाख रुपए– दो लाख रुपए रेट खोल कर वसूली की थी।  इसी तरीके के आरोप एनटीटी की भर्ती में भी लगे थे जो अंततः अन्य कारणों से रद्द हो गई। आउट सोर्स भर्तियों में अनियमिता को लेकर न्यायायल द्वारा सरकार की कड़ी आलोचना की जाती रही है। क्योंकि आउट सोर्स भर्तियां करने वाली एजेंसियों से जुड़े एक से बढ़कर एक हैरान करने वाले तथ्य सामने आते रहते हैं। जो सरकार की मंशा पर सवाल उठाते रहते हैं। आया हेल्पर भर्ती भी सरकार की भ्रष्टाचार योजना का नायाब नमूना है। जहां “खाता न बही जो सरकार कहे वही सही” वाली योजना  चलाई जा रही है।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि आया हेल्पर भर्ती में स्पष्ट दिशा निर्देश न रखने के पीछे सरकार की यही मंशा  अपने मित्र मंडली की आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना और पंचायत चुनाव को प्रभावित करना है। आया हेल्पर भर्ती कर रही कंपनियों को सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि पंचायत चुनाव के ठीक पहले ही यह नियुक्तियां देनी हैं और देनी किसे हैं–यह सरकार तय करेंगी। इस तरीके से केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित और वित्त पोषित योजना को सुक्खू सरकार भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद की भेंट चढ़ाकर न सिर्फ नैतिकता को दरकिनार कर रही है बल्कि प्रदेश के लोगों का भी हक छीनने की कोशिश कर रही है। यह कोशिश हम कामयाब नहीं होने देंगे।

  • मैमोग्राफी व सर्वाइकल जांच शिविर का शुभारंभ

    मैमोग्राफी व सर्वाइकल जांच शिविर का शुभारंभ

    पहले दिन 96 महिलाओं के हुए टेस्ट, डा. संजय मनकोटिया ने की बतौर चीफ गैस्ट शिरकत

    ऊना/सुशील पंडित: रोटरी क्लब ऊना व रोटरी क्लब ग्रेटर ऊना के संयुक्त तत्वावधान में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में महिलाओं के लिए आयोजित दो दिवसीय मैमोग्राफी एवं सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का सोमवार को शुभारंभ हुआ। महिलाओं में बढ़ रही कैंसर संबंधी बीमारियों को देखते हुए इस शिविर का उद्देश्य समय रहते लोगों को जांच सुविधा उपलब्ध करवाना है। पहले ही दिन शिविर में भारी उत्साह के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। शिविर का उदघाटन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. संजय मनकोटिया ने बतौर मुख्य अतिथि किया। डा. संजय मनकोटिया ने रोटरी क्लबों द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत जरूरी है, विशेषकर महिलाओं में बढ़ते कैंसर के मामलों को देखते हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समय रहते बीमारी की पहचान में भी मददगार साबित होते हैं।

    इस शिविर में जालंधर से पहुंची विशेष मोबाइल मैमोग्राफी वैन के माध्यम से महिलाओं की मैमोग्राफी और सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। रोटरी की ओर से लगाए गए तकनीकी दल कॉर्डिनेटर ई. कुलदीप सिंह, रेडियोग्राफर जरनैल सिंह, विक्रम सिंह और लवप्रीत ने जांच प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया। शिविर में पहले दिन 54 मैमोग्राफी तथा 42 सर्वाइकल कैंसर टेस्ट किए गए, कुल मिलाकर 96 जांचें संपन्न हुईं।

    रोटरी क्लब ऊना के प्रधान ठाकुर यशपाल सिंह तथा रोटरी क्लब ग्रेटर ऊना की प्रधान अनु वाला ने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला गवर्नर रोहित ओबेरॉय की पहल पर 6 से 18 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऐसे कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं में रोगों की समय पर पहचान व जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि इसी अभियान के तहत ऊना में दो दिवसीय शिविर लगाया गया है, जिसमें महिलाओं की ओर से बेहतर भागीदारी देखने को मिल रही है। ठाकुर यशपाल सिंह व अनु बाला ने बताया कि इस शिविर से महिलाओं में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिला गवर्नर रोहित ओबेरॉय व पूरी रोटरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऊना से रंजीत जसवाल, एचएन चीटू, सुरेंद्र ठाकुर, मोनिका सिंह, बलदेव डोगरा, बलदेव चंद, रोटरी क्लब ग्रेटर से अजय कुमार, एमके वर्मा, शशि शर्मा, डीसी चौधरी, अश्वनी ऐरी, हरीश साहनी, अरविंद ठाकुर उपस्थित थे।

  • Punjab News: बस अड्डे पर चली गोलियां, एक की मौत, दूसरा घायल

    Punjab News: बस अड्डे पर चली गोलियां, एक की मौत, दूसरा घायल

    नवांशहरः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा मामला बंगा शहर के बस अड्डे पर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में गोलियां लगने से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
    मिली जानकारी के अनुसार घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। हालांकि गोलियां चलने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार आई-20 कार से नौजवान उतरे और उसने स्कॉर्पियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। घटना में घायल नौजवानों को डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के दौरान स्कॉर्पियों में 5 नौजवान मौजूद थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी पर 15 से 16 गोलियां नौजवानों द्वारा चलाई गई। लोगों के अनुसार घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। वहीं घटना में आई-20 कार का बंपर मौके पर गिरा मिला।  
  • Punjab News: मंगलवार को स्कूल-कॉलेज और दफ्तर रहेंगे बंद

    Punjab News: मंगलवार को स्कूल-कॉलेज और दफ्तर रहेंगे बंद

    मोहालीः देश में त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद भी छुट्टियों का सिलसिला जारी है। दरअसल पंजाब के कर्मचारियों के लिए एक और महत्वपूर्ण सरकारी छुट्टी का ऐलान किया गया है। पंजाब में मंगलवार यानी 25 नवंबर को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया गया है।

    इस दिन राज्य सरकार श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहिदी दिवस को श्रद्धा के साथ मना रही है। इसलिए राज्यभर में स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। हालांकि, 350वें शहिदी दिवस के मद्देनजर, न सिर्फ पंजाब में बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में भी कार्यक्रम शुरू हो गए हैं, जो साल के अंत तक जारी रहेंगे।

  • Punjab: पंजाब मंडी बोर्ड का JE टर्मिनेट, SDO को नोटिस जारी

    Punjab: पंजाब मंडी बोर्ड का JE टर्मिनेट, SDO को नोटिस जारी

    मानसा: सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सीएम फ्लाइंग स्क्वाड ने आज कार्रवाई करते हुए जेई को टर्मिनेट कर दिया है। दरअसल, मार्केट कमेटी भीखी के माखा चहलां विशेष संपर्क मार्ग पर औचक निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां पाई गई। जिसके बाद जेई के खिलाफ सीएम फ्लाइंग स्क्वाड ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि खराब क्वालिटी की सड़क निर्माण के कारण पंजाब मंडी बोर्ड के जेई गुरप्रीत सिंह को टर्मिनेट कर दिया गया है।

    इसी के साथ ही उपमंडल अधिकारी SDO चमकौर सिंह को नोटिस जारी किया गया है। वहीं एसडीओ के अधीन आने वाले सभी कार्य तुरंत प्रभाव से वापस लिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब सरकार का साफ संदेश है कि राज्य में सड़क निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे में उनके द्वारा लगातार सड़क की जांच की जाएगी और इसी तरह से लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, टीम ने चेकिंग के दौरान SDO को कहा कि बर्म के साथ कुछ तो लगा दो, जब हैवी ट्रैफिक निकलेगा, तो सड़क टूट जाएगी।

    इसके बाद टीम ने सड़क के सैंपल लिए। एक वर्ग गज एरिया की पैमाइश कर सड़क को उखाड़कर उसकी लुक निकाली गई। फिर कॉन्ट्रैक्टर से पूछा गया आपने क्या किया है, पीसी डाली है। अधिकारी ने उससे पूछा कि क्या आपको अंदाजा है कि कितना वेट चाहिए?। ठेकेदार ने कहा 4800 ग्राम। इस पर अधिकारियों ने बताया कि सील कोट डालने के बाद 5250 ग्राम वेट होना चाहिए, जबकि सड़क पर सील कोट बिल्कुल फ्रेश पड़ा था। इसके बाद सैंपल को सील किया गया और अटैच किया गया। इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे एक्शन लिया गया।

     

     

  • सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों हेतु साक्षात्कार 21 और 22 को

    सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों हेतु साक्षात्कार 21 और 22 को

    ऊना/सुशील पंडित: सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइज़र के विभिन्न पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 21 नवम्बर को प्रातः 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय हरोली और 22 नवम्बर को उप रोज़गार कार्यालय बंगाणा में आयोजित होंगे।

    जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष, ऊंचाई 163 सेंटीमीटर और वेतन 17,500 से 23,000 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और मूल प्रमाणा पत्रों के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।