Blog

  • डीलर सहित 2 लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप 

    डीलर सहित 2 लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप 

    पटना। बिहार की राजधानी पटना में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को पटना के दो अलग-अलग इलाकों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र की है जहां एक व्यक्ति की गंभीर वार कर के हत्या कर दी गई वहीं धनरूआ थाना क्षेत्र के वीर बाजार में एक डीलर की गोली मारकर अपराधियों ने हत्या कर दी। हत्या की दोनों घटना के बाद लोग आक्रोशित हैं और तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने दोनों मामले में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    धनरूआ थाना क्षेत्र के बीर बाजार में अपने घर पर बैठे एक 55 वर्षीय अधेड़ और जन वितरण विक्रेता खुबल यादव को देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया। गंभीर स्थिति में खुबल यादव को पटना के एक निजी नर्सिंग में उपचार ले लिए ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक खुबल यादव मूल रूप से थाना के जौदीचक जलालपुर का रहने वाला था। विगत दो वर्षो से उसने धनरूआ के बीर बाजार में एक मार्केट सह मकान बना लिया था और यहीं परिवार के साथ रहता था।

    पुलिस ने घटना के बाद जौदीचक जलालपुर गांव में छापामारी कर आधा दर्जन संदिग्ध ब्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया है। पुलिस की मानें तो घटना का कारण पूर्व से गांव के कुछ लोगों से जमीनी विवाद है। हत्या उसी विवाद में हुई है। थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि पुलिस इसके अलावे अन्य बिन्दुओं पर भी जांच कर रही है। घटना के बाद से बीर बाजार में तनाव बना हुआ है।
     
    दूसरी घटना पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र की है जहां कुरथौल के परशुराम चक में रमेश यादव नाम के एक व्यक्ति की सिर पर गंभीर वार कर हत्या कर दी गई और शव को एक गड्ढे में फेंक दिया गया. घटना की जानकारी के बाद स्थानीय जन प्रतिनिधि गब्बर सिंह और ध्रुव यादव भी परिजनों से मिलने पहुंचे। बताया जाता है कि रमेश का गोतिया से जमीनी विवाद और पैसे का लेनदेन को लेकर झगड़ा चल रहा था और उसी को लेकर के घटना को अंजाम दिया गया है। 

    मृतक के भाई दिनेश यादव ने हत्या का आरोप मनोज सिंह और लालबाबू राय पर लगाया है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान भी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परसा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त करने के बाद शव को कब्जे में ले कर पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया।

  • ऊना सदर में 12,415 बिजली उपभोक्ताओं का आया जीरो बिल

    ऊना सदर में 12,415 बिजली उपभोक्ताओं का आया जीरो बिल

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश सरकार की 125 यूनिट फ्री बिजली प्रदान करने की योजना से ऊना निवासी गदगद हैं। ऊना विस क्षेत्र में बिजली का उपयोग करने वाले कुल 51,536 घरेलू उपभोक्ता हैं, जिनमें से 12,415 का बिल जीरो आया है। यानी उन्हें 125 यूनिट बिजली का उपयोग करने के बाद भी एक भी रुपया बिल के रूप में नहीं देना पड़ा है। जुलाई व अगस्त माह में उपभोक्ताओं को जीरो आने से उपभोक्ताओं को 32 लाख रुपए की बचत हुई है।

    सरकार की इस योजना से लाभार्थी गदगद हैं और प्रदेश सरकार का धन्यवाद कर रहे हैं। ऊना निवासी लाभार्थी अमन ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 125 यूनिट बिजली निःशुल्क मिलने से उन्हें आर्थिक तौर पर काफी राहत मिली है। इससे पहले उन्हें प्रति माह लगभग 350 से 400 रुपये बिजली का बिल आता था, लेकिन अब जीरो बिल आ रहा है। ऐसे में अब परिवार के चार पैसे बच रहे हैं।

    अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग ऊना राहुल पुरी ने बताया कि उपभोक्ता को न केवल 125 यूनिट तक बिजली फ्री दी जा रही है, बल्कि विभाग बिल में फिक्स चार्ज और मीटर रेंट की भी पूरी तरह से छूट दे रहा है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश सरकार ने 60 यूनिट तक बिजली फ्री देने का फैसला किया था, जिसे बढ़ाकर 125 यूनिट कर दिया गया है। 

    वहीं छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार के 125 यूनिट फ्री बिजली प्रदान करने के निर्णय से राज्य के 22,59,645 घरेलू उपभोक्ताओं में से 14,62,130 से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व 125 यूनिट तक बिजली खर्च करने पर उपभोक्तओं को लगभग 600 रुपये का भुगतान करना पड़ता था। 

    सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान कर 14 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को लगभग 600 रुपये प्रतिमाह की बचत का लाभ प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के फ्री बिजली के फैसले से न सिर्फ लोगों को पैसों की बचत होगी, बल्कि बहुत से उपभोक्ता किफायत के साथ बिजली का उपयोग करेंगे, ताकि उन्हें फ्री बिजली का लाभ मिल सके।

  • पंजाबः अस्पताल से आतंकी फरार, लापरवाही बरतने पर 4 ASI सस्पेंड

    पंजाबः अस्पताल से आतंकी फरार, लापरवाही बरतने पर 4 ASI सस्पेंड

    चंडीगढ़। अमृतसर के मैंटल अस्पताल से आतंकी आशीष मसीह द्वारा पुलिस को चकमा देकर फरार होने के मामले में विभाग ने कार्रवाई की है। अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर चार एएसआई को सस्पेंड कर दिया है। बता दें कि बीते दिन अमृतसर के मैंटल अस्पताल से शनिवार को आतंकी आशीष मसीह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसे पुलिस द्वारा आतंकी गतिविधियों में शामिल होने और पाकिस्तान से हथियार मंगवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 

    इस समय आरोपी को गुरदासपुर की जेल में रखा गया था। जेल में उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उसे 2 सितंबर को इलाज के लिए अमृतसर के सरकारी मनोरोग अस्पताल में लाया गया था। उसके साथ 3 जेल कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई, लेकिन शनिवार दोपहर तकरीबन 2:30 बजे के करीब मसीह पुलिस वालों को शौचालय का बहाना लगाकर भागने में कामयाब हो गया। सूचना मिलते ही ए.डी.सी.पी. प्रभजोत सिंह, ए.सी.पी. वरिंदर सिंह, एस.एच.ओ. मजीठा रोड हरिंदर सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

    गौरतलब है कि आतंकी आशीष मसीह खिलाफ गुरदासपुर के थाना सदर में 2 नवंबर 2021 को केस दर्ज है। इस केस में बॉर्डर पार से आए हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद किए गए थे। इसके अलावा 7 जनवरी 2021 को थाना सिटी नवां शहर में केस दर्ज है। इस केस में पाकिस्तान में बैठे कुख्यात आंतकवादियों के साथ मिलकर पंजाब को दहलाने की साजिश रचने का आरोप था। पुलिस द्वारा नाकाबंदी के दौरान एक बस को रोक कर हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था। इसके अलावा तीसरा केस थाना दीनानगर में 20 जनवरी 2022 को दर्ज है।

  • नेता राज बब्बर ने पीएम मोदी के लिए क्या बोला ऐसा कि भड़के कांग्रेस नेता  

    नेता राज बब्बर ने पीएम मोदी के लिए क्या बोला ऐसा कि भड़के कांग्रेस नेता  

    नई दिल्ली। कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महंगाई के खिलाफ रविवार को हल्ला बोल कर रही है. इस दौरान राहुल गांधी के नेतृत्व में राज्य भर से नेता जूटे. वहीं कांग्रेस की इस मुहिम को पार्टी के वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने एक ट्वीट करके पलीता लगाने का काम किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘जनधन योजना’ की तारीफ में ट्वीट किया, जिस पर कई कांग्रेसी नेता भड़क गए।

    यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जो डर गया, वो समझो मर गया. अजय कुमार लल्लू ने कहा, ‘देश में महंगाई चरम पर है. आटा-तेल हर वस्तु पर जीएसटी लग गई है. यहां तक कि व्यक्ति को टॉयलेट यूज करने पर भी टैक्स देना पड़ रहा है. ऐसे में जो केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन कर रहा है, वह समझ लो डर गया और जो डर गया वह समझो मर गया।’

    कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा से पहले रविवार को दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन किया है। यहां के रामलीला मैदान में महंगाई पर ‘हल्ला बोल’ रैली आयोजित की गई है, जिसमें देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। रैली में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी खास इंतजाम किए हैं।

  • जालंधर: बेखौफ लुटेरों का कहर, घायल कर नगदी और वाहन लूट हुए फरार 

    जालंधर: बेखौफ लुटेरों का कहर, घायल कर नगदी और वाहन लूट हुए फरार 

    जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर में शनिवार रात राजनगर में लूटपाट की वारदात अंजाम दी गई। बदमाशों ने सिर में कड़े मारकर काम से लौट रहे एक युवक का सिर फोड़ दिया और उससे 30 हजार कैश, मोबाइल, पर्स और बुलेट मोटर साइकिल छीन कर ले गए। किशनपुरा निवासी दीपक की गुप्ता मार्केट में फ्लैक्स बनाने की दुकान है। उसने आपबीती सुनाते हुए पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

    दीपक ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर घर लौट रहा था कि रास्ते में तीन युवक खड़े हुए थे। उन्होंने रूकने का इशारा किया। उसने सोचा शायद कोई भटक गया है और रास्ता पूछने के लिए रोका होगा। जैसे ही वह रूका तो एक लुटेरे ने कहा कि जेब में जो कुछ है, दे दो। मेरे आनाकानी करने पर एक लुटेरे ने हाथ में पहना हुआ लोहे का भारी कड़ा से उसके सिर में दे मारा। वह लहूलुहान हो गया।

    इसके बाद लुटेरे उसकी जेब से पर्स, 30 हजार कैश और जाते-जाते नई ली हुई बुलेट बाइक भी ले गए। लुटेरे तीन थे, जिनमें से एक सरदार था । बस्तियों के इलाके में जहां यह वारदात हुई, उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका भी था। वह नाके तक किसी तरह पहुंचे और पुलिस वालों को लूट की कहानी सुनाई। पुलिस वाले उन्हें सिविल अस्पताल ले आए। पुलिस वालों ने सभी नाकों पर मैसेज भेज कर अलर्ट भी किया, लेकिन अभी तक लुटेरे हाथ नहीं आए हैं।

  • ट्रैफिक सिंग्नल पर की हुई ये गलती चालान बनकर पहुंचेगी आपके घर

    ट्रैफिक सिंग्नल पर की हुई ये गलती चालान बनकर पहुंचेगी आपके घर

    मेरठ। मेरठ में ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए आईटीएमएस सिस्टम की शुरुआत हो गई है. जिससे ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते ही आपका चालान काट दिया जाता है। चालान कटने के बाद आप सोचते रह जाएंगे कि, जब मैंने सिग्नल पार ही नहीं किया तो चालान क्यों काटा गया। वैसे तो आईटीएमएस सिस्टम को देखते हुए वाहन चालक सिग्नल क्रॉस नहीं करते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि, उसके बावजूद भी कुछ ऐसी गलतियां हैं जिसके कारण चालान काटे जा रहे हैं।

    आप भले ही सोच रहें हों कि, ऐसा कैसे हो सकता है? दरअसल यह वाहन चालक सिग्नल पर तो रूक रहे है. मगर जेब्रा क्रॉसिंग पर नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. सभी चौराहों पर देखा जा रहा है कि वाहन चालक रेड लाइट होने पर जेब्रा क्रॉसिंग के ऊपर ही खड़े हो जाते हैं. जबकि ट्रैफिक नियम यह है कि जेब्रा क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर खड़ा रहना है।

    आईटीएमएस सिस्टम के तहत मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ऐसे में वाहन चालक नियमों को तोड़ते हुए जो आगे बढ़ते हैं, उनके सीसीटीवी कैमरे के आधार पर ही चालान होते हैं. यही कारण है जो लोग जेब्रा क्रॉसिंग पर खड़े रहते हैं. उन सभी के चालान भी सीसीटीवी कैमरे के आधार पर ही किए जा रहे हैं।
     
    आईटीएमएस सिस्टम के तहत जो लोग रेड लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग नियम का उल्लंघन करते हैं उनका ₹500 का चालान काटा जाता है. रॉग साइड वालों पर ₹2000, तीन सवारी पर ₹1000, बिना हेलमेट ₹1000 का चालान काटा जाता है. वहीं डीएल, इंश्योरेंस, प्रदूषण संबंधित दस्तावेज नहीं होने पर अलग से चार्ज लिया जाएगा. जो लोग समय रहते अपना चालान जमा नहीं करेंगे. उनसे कोर्ट के माध्यम से भी चालान वसूला जाएगा. नियमों का उल्लंघन संबंधित चालान मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से भेजा जाता है।

  • Paytm, Razorpay और Cashfree पर ईडी की रेड

    Paytm, Razorpay और Cashfree पर ईडी की रेड

    नई दिल्ली। ईडी ने चीनी लोन एप मामले में डिजिटल पेमेंट कंपनियों के परिसरों पर छापेमारी की है। ईडी ने शनिवार को बताया कि उसकी टीम ने ऑनलाइन पेमेंट गेटवे रेजरपे, पेटीएम और कैसफ्री के ठिकानों पर छापेमारी की है। चीनी लोगों द्वारा कंट्रोल्ड ‘अवैध’ इंस्टेंट स्मार्टफोन बेस्ड लोन से जुड़े मामलों के तहत यह छापेमारी हुई है। ईडी ने बताया कि शुक्रवार को बेंगलुरु के छह ठिकानों पर छापेमारी से शुरुआत की गई। ईडी ने छापेमारी के दौरान मर्चेंट आईडी और चीन के लोगों की ओर से नियंत्रित संस्थाओं के बैंक अकाउंट्स में रखे 17 करोड़ रुपये जब्त किये हैं। 

    गौरतलब है कि ये कुछ कंपनियां एप्स के माध्यम से लोन बांटती हैं। ये कंपनियां गैरकानूनी तरीके से काम कर रही थीं। इनमें से अधिकतर चीनी एप्स हैं। ईडी इसमें मनी लॉन्ड्रिंग की संभावनाओं को लेकर जांच कर रही है। ईडी पिछले कुछ समय से चीनी लोन एप मामलों की जांच कर रही है। ईडी का कहना है कि कुछ कंपनियां अवैध पैसा कमा रही हैं। वे भारतीयों के जाली दस्तावेज का इस्तेमाल कर उन्हें डमी निदेशक बना ऐसा कर रही हैं।

    ईडी का कहना है कि एप आधारित ‘अवैध’ इंस्टेट लोन मामलों में संस्थाओं को चीनी लोगों द्वारा कंट्रोल किया जाता है। ईडी ने कहा, ‘ऐसा ध्यान में आया है कि ये संस्थान पेमेंट गेटवे और बैंकों के पास रखे गए विभिन्न मर्चेंट आईडी तथा खातों के माध्यम से संदिग्ध और अवैध व्यवसाय चला रहे थे। ईडी ने कहा है कि रेजरपे प्राइवेट लिमिटेड, कैशफ्री पेमेंट्स और पेटीएम पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड के साथ ही चीनी लोगों द्वारा कंट्रोल्ड इकाइयों की जांच की जा रही है।’

    ईडी ने कहा कि उसका मनी लॉन्ड्रिंग केस बेंगलुरु पुलिस साइबर क्राइम स्टेशन द्वारा फाइल की गई कम से कम 18 एफआईआर पर आधारित है। ईडी ने यह भी कहा है कि जांच के दौरान पता चला है कि संस्थाएं एमसीए (कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय) की वेबसाइट पर दिए गए पंजीकृत पते पर काम नहीं कर रही हैं। वे नकली पते से ऑपरेट कर रहे हैं।

  • राशिफल (रविवार 04 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (रविवार 04 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः आय होगी। विवेक का प्रयोग करें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। व्ययवृद्धि से तनाव रहेगा। किसी व्यक्ति के उकसावे में न आएं। विवाद से बचें। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। व्यापार ठीक चलेगा।

    वृषः भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। विवाद से बचें। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। लंबी यात्रा हो सकती है। लाभ होगा। नए अनुबंध हो सकते हैं। रोजगार में वृद्धि होगी। रुके कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता प्राप्त होगी।

    मिथुनः रोजगार में वृद्धि होगी। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति होगी। कोई बड़ा कार्य हो जाने से प्रसन्नता रहेगी। निवेश लाभदायक रहेगा। प्रशंसा मिलेगी। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। प्रमाद न करें।

    कर्कः व्यवसाय मनोनुकूल लाभ देगा। कार्य पूर्ण होंगे। प्रसन्नता रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। भाग्य का साथ मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जोखिम न लें। भाइयों का सहयोग मिलेगा। आय में वृद्धि होगी। आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। कोई बड़ा कार्य कर पाएंगे।

    सिंहः नौकरी में चैन रहेगा। घर-बाहर प्रसन्नता बनी रहेगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। ध्यान रखें। तीर्थदर्शन हो सकता है। सत्संग का लाभ मिलेगा। राजकीय सहयोग से कार्य पूर्ण व लाभदायक रहेंगे। कारोबार मनोनुकूल रहेगा। शेयर मार्केट में जोखिम न लें।

    कन्याः नए मित्र बनेंगे। अच्‍छी खबर मिलेगी। प्रसन्नता रहेगी। लाभ में वृद्धि होगी। मित्रों के सहयोग से किसी बड़ी समस्या का हल मिलेगा। पुराने संगी-साथी व रिश्तेदारों से मुलाकात होगी। व्यापार ठीक चलेगा। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी। कार्यों में गति आएगी। विवेक का प्रयोग करें।

    तुलाः नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। कोई बड़ा कार्य करने की योजना बन सकती है। कार्यसिद्धि होगी। सुख के साधनों पर व्यय होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलने से क्षोभ होगा। फालतू की बातों पर ध्यान न दें। शत्रुओं का पराभव होगा।

    वृश्चिकः आय में वृद्धि होगी। व्यस्तता रहेगी। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। संपत्ति के बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। प्रॉपर्टी ब्रोकर्स के लिए सुनहरा मौका साबित हो सकता है। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। रोजगार में वृद्धि के योग हैं। स्वास्थ्‍य कमजोर रहेगा।

    धनुः कार्यसिद्धि से प्रसन्नता रहेगी। आय में वृद्धि होगी। सामाजिक कार्य करने के अवसर मिलेंगे। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। पार्टनरों का सहयोग मिलेगा। समय की अनुकूलता का लाभ लें। धनार्जन होगा। मेहनत सफल रहेगी। बिगड़े काम बनेंगे।

    मकरः आय में निश्चितता रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें। शोक संदेश मिल सकता है। विवाद को बढ़ावा न दें। किसी के उकसाने में न आएं। व्यस्तता रहेगी। थकान व कमजोरी रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा।

    कुंभः बौद्धिक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन मिल सकता है। यात्रा मनोरंजक रहेगी। पारिवारिक मांगलिक कार्य हो सकता है। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। मेहनत का फल पूरा नहीं मिलेगा। स्वास्थ्य खराब हो सकता है।

    मीनः व्यापार ठीक चलेगा। जोखिम व जमानत के कार्य बिलकुल न करें। वाहन, मशीनरी व अग्नि आदि के प्रयोग से हानि की आशंका है, सावधानी रखें। दूसरों के झगड़ों में हस्तक्षेप न करें। राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। वैवाहिक प्रस्ताव प्राप्त हो सकता है। कारोबार से लाभ होगा।

  • पंजाबः कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग और सुखपाल खैहरा के खिलाफ FIR दर्ज, जाने मामला

    पंजाबः कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग और सुखपाल खैहरा के खिलाफ FIR दर्ज, जाने मामला

    मोहालीः पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग और सुखपाल खैहरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का मामला सामने आया है। दरअसल, राजा वड़िंग और सुखपाल खैहरा के खिलाफ चेयरमैनों की फेक लिस्ट जारी करने का आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

  • गगरेट के एपीएस ग्राउंड में होगा भारत और पाकिस्तान मैच का लाइव ब्रॉडकास्ट

    गगरेट के एपीएस ग्राउंड में होगा भारत और पाकिस्तान मैच का लाइव ब्रॉडकास्ट

    ऊना/सुशील पंडित: एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले सुपर-4 मुकाबले का लाइव ब्रॉडकास्ट गगरेट के एपीएस ग्राउंड में कराया जाएगा। ये आयोजन युवा शक्ति पराक्रम संस्था और गगरेट विधानसभा के युवा जिला पार्षद चैतन्य शर्मा के सौजन्य से कराया जा रहा है।

    इससे पहले लीग स्टेज में जब भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच मुकाबला हुआ था। तब भी लाइव ब्रॉडकास्ट का आयोजन कराया गया था। जहां 1000 से भी अधिक खेल प्रेमियों ने एक साथ बैठकर रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठाया था। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह से हराया था।

    इस बार भी उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट टीम देश के तिरंगे के मान को बरकरार रखेगी और पाकिस्तान को दुबई में होने वाले टी 20 अंतरराष्ट्रीय में पटखनी देने में सफल होगी। 

    चैतन्य शर्मा और उनकी संस्था युवा शक्ति पराक्रम क्षेत्र के युवाओं को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं और जो युवा खेलों में दिलचस्पी रखते हैं उन्हें स्पोर्ट्स किट भी मुहैया कराते हैं। साथ ही क्षेत्र के कई ऊबड़-खाबड़ मैदानों को उन्होंने समतल भी करवाया है। जिससे युवाओं को खेलने के लिए अच्छा मैदान मिल रहा है।

    भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच को बड़ी स्क्रीन पर लाइव प्रसारित करवाने का युवा शक्ति पराक्रम का यही मंतव्य है कि, क्षेत्र के युवाओं को खेल में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाए।