Blog

  • 2.73 करोड़ से धमांदरी व नंगल सलांगड़ी में बनेंगे तीन लिंक रोडः कंवर

    2.73 करोड़ से धमांदरी व नंगल सलांगड़ी में बनेंगे तीन लिंक रोडः कंवर

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि ग्राम पंचायत धमांदरी में दो तथा नंगल सलांगड़ी में एक लिंक रोड के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने 2.73 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। 

    आज जारी प्रैस विज्ञप्ति में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ग्राम पंचायत धमांदरी में अंबेहड़ा मार्ग से आबादी धर्मपाल तक संपर्क मार्ग के लिए 87.22 लाख रुपए प्रदान करने के साथ-साथ सिद्ध मंदिर धमांदरी लिंक रोड के निर्माण को 95.94 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत नंगल सलांगड़ी में संझोट कड्डू रोड से लिंक रोड के निर्माण के लिए भी प्रदेश सरकार ने 90.45 लाख रुपए को मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य एचपीएसआईडीसी के माध्यम से किया जाएगा और बहुत जल्द इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पूरे कुटलैहड़ का एक समान विकास करवाया गया है। आज क्षेत्र की सड़कों पर 250 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि खर्च की जा रही है और विस क्षेत्र के हर गांव तक सड़क पहुंचाई गई है।

  • पंजाबः कुल्फी बेचने वाले प्रवासियों के कमरे में घुस कर युवकों ने चलाई गोलियां, एक घायल

    पंजाबः कुल्फी बेचने वाले प्रवासियों के कमरे में घुस कर युवकों ने चलाई गोलियां, एक घायल

    अमृतसर: जिलें में क्राइम की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। आए दिन गोली चलने के मामले सामने आ रहे है। वहीं देर रात सुल्तानविंड रोड पर लूट के इरादे से दो लुटेरों ने कुल्फी की रेहड़ी लगाने वाले दो व्यक्तियों पर गोलियां चला दी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया है। मामला जिलें के थाना बी डिविजन के सुल्तानविंड रोड इलाके का है। देर रात अज्ञात लोगों ने लूट की नीयत से कुल्फी बेचने वाले दो प्रवासियों के कमरे में घुस कर उन्हें गोली मार कर फरार हो गए।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी ईस्ट जीएस सहोता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि देर रात दो अज्ञात व्यक्ति पैसे लूटने की नियत से दो प्रवासियों के कमरे में जा कर मारपीट की और इस दौरान लुटेरों ने अशोक को जांघ में गोली मारकर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित कैलाशदास ने कहा कि जब हमने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने मेरा हाथ दांत से काट दिया और मेरे दोस्त अशोक की जांघ में गोली मारकर फरार हो गए। हम पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही पीड़ितों के बयान पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

  • देश के तीन बल्क ड्रग पार्क में से एक जिला ऊना को मिलना बहुत बड़ी उपलब्धिः सत्ती

    देश के तीन बल्क ड्रग पार्क में से एक जिला ऊना को मिलना बहुत बड़ी उपलब्धिः सत्ती

    सतपाल सिंह सत्ती ने जिला ऊना को बल्क ड्रग पार्क देने पर पीएम मोदी को कहा शुक्रिया

    ऊना/सुशील पंडित: छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने जिला ऊना के हरोली विस क्षेत्र के तहत पोलियां बीत में बल्क ड्रग पार्क को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में तीन बल्क ड्रग पार्क बनाने को स्वीकृति प्रदान की है, जिनमें से एक पोलियां बीत में बनेगा और यह जिला ऊना के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। 

    सत्ती ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री जय राम को बधाई देते हुए कहा कि ड्रग पार्क के माध्यम से जिला में 10 हजार करोड़ रुपए का निवेश आएगा, जिससे 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जिला ऊना का पक्ष मजबूती के साथ केंद्र सरकार के समक्ष रखा, जिसका परिणाम सबसे सामने है। उन्होंने कहा कि ऊना में ड्रग पार्क की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है तथा जिला रेल सुविधा से भी जुड़ा है। 

    छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश में फार्मा हब के नाम से प्रख्यात है तथा यहां पर 600 से अधिक फार्मा इकाइयां हैं। ऐसे में ड्रग पार्क जिला ऊना के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत की एपीआई जरूरतों को भी पूरा करेगा। साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

  • मेजर ध्यानचंद जयंती पर युवा शक्ति पराक्रम ने युवाओं को स्पोर्ट्स किट से किया सम्मानित

    मेजर ध्यानचंद जयंती पर युवा शक्ति पराक्रम ने युवाओं को स्पोर्ट्स किट से किया सम्मानित

    ऊना/सुशील पंडित: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के खास मौके पर गगरेट विधानसभा में पार्षद चैतन्य शर्मा और उनकी संस्था युवा शक्ति पराक्रम ने क्षेत्र में युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अनूठी पहल की। उन्होंने गगरेट के 300 युवाओं को स्पोर्ट्स किट से सम्मानित किया। आगे चलकर यही युवा हमारे प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

    दरअसल चैतन्य शर्मा और उनकी संस्था अपने क्षेत्र में खेलों से युवाओं को जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इससे पहले उन्होंने जूनियर महिला हॉकी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट से नवाजा था। जिससे उनको खेल में आगे बढ़ने के लिए कम से कम पहली जरूरत की दिक्कतें न झेलनी पड़े।

    युवा शक्ति पराक्रम संस्था हर गगरेट में हर क्षेत्र में युवाओं की मदद करती आ रही है। उसी तरह ही खेलों को भी संस्था की ओर से बढ़ावा दिया जा रहा है। कुछ दिन पहले YSP ने गगरेटाथन 2022 का आयोजन किया था, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था।

    वहीं पूर्व में स्थानीय स्तर पर कई क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी कराया जा चुका है। जबकि एशिया कप 2022 में हुए हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच के मुकाबले का लाइव प्रसारण भी कराया गया था जिसमें 1000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

    चैतन्य शर्मा का मानना है कि युवाओं में देश का नाम रोशन करने के लिए खेल सबसे बड़ा माध्यम है। इसलिए वह क्षेत्र में खेल से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन भी करवाते हैं। इसके अलावा जो युवा खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी चीजों की समस्या होती है। ऐसे युवाओं को स्पोर्ट्स किट मुहैया कराई जाती है।

  • पंजाबः पॉलीवुड के प्रोड्यूसर को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की धमकी, मांगी इतने करोड़ की फिरौती

    पंजाबः पॉलीवुड के प्रोड्यूसर को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की धमकी, मांगी इतने करोड़ की फिरौती

    चंडीगढ़ः पंजाब गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस के मामले में भले ही सरकार ने लॉरेंस सहित कुछ गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इन सबके बावजूद गैंगस्टरों द्वारा वीआईपी लोगों को धमकियां देने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है। वहीं अब पॉलीवुड इंडस्ट्री गैंगस्टरों के निशाने पर आ गई है। जानकारी के मुताबिक पॉलीवुड इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर मोहित को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से धमकी भरे फोन आ रहे हैं।

    सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रोड्यूसर को फोन कर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने फिरौती की मांग की है। गैंगस्टर ने उससे 1 करोड़ की फिरौती मांगी है। जानकारी देते हुए प्रोड्यूसर मोहित ने बताया कि उसे एक व्हाट्सएप कॉल आई थी। उसने जब कॉल उठाया तो सामने से किसी ने कहा कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बोल रहा है। साथ ही उसने 1 करोड़ की फिरौती की मांग की।

    फिरौती न देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस बारे में उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मोहित के बयान दर्ज कर पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है। बता दें कि 29 मई सिद्धू मूसेवाला की मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर केस की जिम्मेदारी भी गोल्डी बराड़ गैंग ने सोशल मीडिया के जरिये ली थी।

  • पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाईः विदेशों में PR लेने वालों के खिलाफ आदेश जारी

    पंजाब सरकार की बड़ी कार्रवाईः विदेशों में PR लेने वालों के खिलाफ आदेश जारी

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। सरकार अब विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के विदेश जाकर बसने के सपने को बड़ा झटका देने की तैयारी में है। सरकार ने ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से पंजाब सरकार के सभी विभागों को पत्र जारी कर हिदायत दी गई है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने विदेश में पीआर ली है या फिर पीआर ले रहे है, उनके खिलाफ एक सप्ताह के भीतर तत्काल कार्रवाई की जाए।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान की हिदायत पर कार्मिक विभाग ने कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया है, लेकिन विजिलेंस ब्यूरो ने भी ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग पहचान करने का काम शुरू कर दिया है। कार्मिक विभाग ने विभिन्न विभागों के प्रमुखों, संभाग आयुक्तों, रजिस्ट्रार पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट और डीसी को पत्र लिखकर कहा है कि पीआर लेकर बिना छुट्टी के विदेश गए अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। और इसकी पूरी जानकारी एक सप्ताह के भीतर कार्मिक विभाग को भेजी जाए।

    इस संबंधी कार्मिक विभाग ने जारी पत्र में लिखा है कि पंजाब सरकार के संज्ञान में आया है कि कई अधिकारी और कर्मचारी की ओर से पीआर लेने के बाद एक्स इंडिया छुट्टी ली जा रही है। इसके अलावा कई अधिकारी और कर्मचारी बिना छुट्टी के भी विदेश में रह रहे हैं। पत्र में यह भी लिखा है कि ये अधिकारी-कर्मचारी विदेश जाकर काम करने के लिए वहां की व्यवस्था के अनुसार टैक्स रिटर्न भी भर रहे हैं। गौरतलब है कि पंजाब के कई वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और अन्य देशों में पीआर लिया है। ये कर्मचारी अभी भी पंजाब सरकार के कर्मचारी हैं। कई वहां इनकम टैक्स दे रहे हैं तो कई बिना छुट्टियां लिए विदेश यात्रा कर रहे हैं।

  • अमृतसर कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट से लाखों का सोना किया जब्त

    अमृतसर कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट से लाखों का सोना किया जब्त

    अमृतसरः पंजाब के अमृतसर जिले में श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने 1.24 किग्रा सोना पकड़ा है। विभाग ने दुबई से आए एक यात्री से सोना बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस सोने की कीमत 65 लाख रुपए बताई जा रही है।

    मिली जानकारी के अनुसार कस्टम विभाग के अधिकारी एपीआईएस सिस्टम के माध्यम से यात्री से संबंधित जानकारी प्राप्त हुई। जैसे ही यात्री ने ग्रीन सिग्नल पार किया तो कस्मट विभग की टीम ने उसे ट्रेस कर लिया। कस्टम विभाग के संयुक्त कमिश्नर जोगिंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

    वहीं दूसरी तरफ अमृतसर कस्टम्स ने कस्टम्स एक्ट 1962 के तहत बीते कुछ समय में जब्त किए गए 13.264 किलोग्राम सोने को SPMCIL गवर्नमेंट मिंट मुंबई के अधिकृत अधिकारियों को सौंप दिया है। इस सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6.6 करोड़ रुपए है।

  • पंजाबः चर्च में मूर्ति की तोड़फोड़, कार को लगाई आग, देखें वीडियो

    तरनतारनः जिलें के ठक्करपुरा गांव में चर्च में की गई बेअदबी का मामला सामने आया है। तरनतारन में दो युवकों ने चर्च में लगी मूर्ति को भी तोड़ दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मामला मंगलवार देर रात का है। चर्च पहुंचे कुछ लोगों ने पहले वहां तोड़फोड़ की और इसके बाद वहां खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया।

    पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना तरनतारन जिले के विधानसभा क्षेत्र पट्टी के गांव ठकरपुर की है। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। इस वारदात के बाद इलाके में माहौल गरमा गया है। लोगों में इस हादसे को लेकर काफी रोष पाया जा रहा है।

  • पंजाबः अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल के खिलाफ एक और समन जारी

    पंजाबः अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल के खिलाफ एक और समन जारी

    चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। कोटकपूरा गोलीबारी मामले के बाद उन्हें एक और समन जारी हो गया है। अब उन्हें बहबल कलां गोलीकांड मामले में SIT ने सम्मन जारी किया है। उन्हें 6 सितंबर को एसआईटी के सामने पेश होना होगा। बहबल कलां गोलीकांड की जांच नौनिहाल सिंह वाली एसआईटी कर रही है।

    सूत्रों के अनुसार सुखबीर बादल ने सम्मन प्राप्त करने की बात कबूल की है। अब दोनों मामलों में सुखबीर बादल से पूछताछ की जाएगी। बता दें कि कोटकपूरा गोलीकांड मामले में सुखबीर बादल 14 सितंबर को पेश होंगे। उससे पहले वह बहबल कलां गोलीकांड मामले में 6 सितंबर को पेशी होंगे।

    जिक्रयोग्य है कि गत 30 अगस्त को भी सुखबीर बादल को एके यादव की सिट के सामने पेश होने के लिए समन भेजे गए थे परंतु सुखबीर बादल ने यह कहते हुए पेश होने से मना कर दिया था उन्हें कोई समन नहीं मिले हैं तो सिट के सामने पेश होने का सवाल ही पैदा नहीं होता। इसी बीच सिट द्वारा सुखबीर बादल को समन न मिलने को लेकर जवाब भी दिया गया और कोटकपूरा गोलीकांड मामले में 14 सितंबर को पेश होने के लिए कहा गया। 

    सिट द्वारा यह जांच की जा रही है कि कोटकपूरा गोलीकांड हुआ तब गोली चलाने के आदेश किसने दिए थे। इस मामले को लेकर सुखबीर बादल से पूछताछ की जाएगी क्योंकि उस समय सुखबीर बादल की सरकार थी। दूसरी तरफ सुखबीर बादल का कहना है कि जब यह गोलीकांड हुआ तब वह यहां पर नहीं थे। आपको बता दें कि जून-जुलाई महीने भी पूछताछ की गई थी। उस समय सिट द्वारा करीब 80 सवाल-जवाब किए गए थे। 

  • पंजाब स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, कैबिनेट मंत्री तरनतारन समेत 9 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

    पंजाब स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, कैबिनेट मंत्री तरनतारन समेत 9 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

    तरनतारनः पंजाब में आप सरकार के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, और डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी सहित 9 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए। दरअसल, जिलें में दो साल पहले हुए जहरीली शराब कांड के मामले में आम आदमी पार्टी के वर्करों, विधायकों द्वारा उस समय जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स में धरना देते हुए हाईवे जाम किया गया था, तब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 2 मामले दर्ज किए थे। इस मामले में माननीय अदालत में चल रहे केस संबंधित बीती 26 अगस्त को गैर-उपस्थित होने संबंधित दी गईं अर्जियों को खारिज करते हुए माननीय अदालत ने  9 के गैर-खिलाफ जमानती वारंट जारी किया हैं।

    इनमें विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, हरभजन सिंह ईटीओ, गुरमीत सिंह मीत हेयर, विधायक दलबीर सिंह टौंग, विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी, 1 वर्कर सहित कुल 9 के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए है। इनके द्वारा अगली जमानत हासिल करने के लिए हाई कोर्ट की मदद लेने संबंधित तैयारी शुरु कर दी गई है। जानकारी के अनुसार बीती 26 अगस्त को केस की सुनवाई के लिए माननीय बगीचा सिंह की अदालत द्वारा स्पीकर, डिप्टी स्पीकर सहित मंत्रियों को पेश होने संबंधित बोला गया था, परंतु 2 विधायकों, कुछ वर्करों के अलावा बाकी कोई भी व्यक्ति माननीय अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। वकीलों के माध्यम से गैर-उपस्थित रहने वाले मंत्रियों, विधायकों, वर्करों द्वारा अपनी अर्जियां पेश की गईं।

    माननीय अदालत ने इन अर्जियों को खारिज करते हुए स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी, कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, हरभजन सिंह ईटीओ, गुरमीत सिंह मीत हेयर, विधायक दलबीर सिंह टौंग, मनजीत सिंह बिलासपुर, कुलवंत सिंह पंडोरी सहित 1 वर्कर के गैर-जमानती वारंट जारी करने संबंधित सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई है। आप नेताओं द्वारा अदालत में पेश होने वाले वकील बूटा सिंह को किए गए सवालों दौरान उन्होंने बताया कि बीती 26 अगस्त को गैर-उपस्थित रहने वाले मंत्रियों, विधायकों की अर्जियों को माननीय अदालत द्वारा न-मंजूर करने का आदेश जारी कर दिया गया। गौरतलब है कि विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा बिना मंजूरी लिए विदेश जाना व अदालत में गैर-उपस्थित रहना बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।