ऊना/सुशील पंडित : गगरेट के चलेट चौक पर शुक्रवार को एक रेहड़ी वाले के खिलाफ गगरेट थाने में मामला दर्ज हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली के रहने वाले एक व्यक्ति ने चौक की सड़क पर कब्जा करके अपनी रेहड़ी लगा रखी थी। जिससे लंबे समय से आने जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुलिस ने दया शंकर पुत्र धर्म पाल निवासी दाडा साईं, बरेली, उत्तर प्रदेश के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 283 के तहत मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश में जैसे जैसे सड़कों का जाल बिछता जा रहा है वैसे वैसे अतिक्रमण की समस्या भी बढ़ती जा रही है। लगभग प्रत्येक जिला इस बीमारी से ग्रसित है। रेहड़ियों द्वारा सड़कों को तंग किया जा रहा है जिससे ट्रैफिक जाम से अरबों रुपए के अतिरिक्त ईंधन का नुकसान समाज को उठाना पड़ रहा है। साथ ही ऐसे अतिक्रमण कई सड़क हादसों का कारण भी बनते हैं। पुलिस लगातार ऐसे रेहड़ी फड़ी वालों के विरुद्ध चालान काटने का काम कर रही है।
