Blog

  • ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा लगाते युवक गिरफ्तार, नकदी और पर्ची दड़ा बरामद

    ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा लगाते युवक गिरफ्तार, नकदी और पर्ची दड़ा बरामद

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर ऊना क्षेत्र के कुरियाला रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी गगनदीप शर्मा निवासी टक्का के कब्जे से 1,270 रुपये की नकदी और पर्ची दड़ा सट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

     

  • Haryana News: 13.10 लाख के साइबर फ्रॉड मामले में 2 विदेशी नागरिक गिरफ्तार, पासपोर्ट व मोबाइल फोन बरामद, देखें वीडियो

    Haryana News: 13.10 लाख के साइबर फ्रॉड मामले में 2 विदेशी नागरिक गिरफ्तार, पासपोर्ट व मोबाइल फोन बरामद, देखें वीडियो

    पंचकूलाः साइबर अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच पंचकूला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशानुसार साइबर क्राइम थाना पंचकूला की टीम ने 13.10 लाख रुपये की साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

    गिरफ्तार आरोपियों में एक जिम्बाब्वे का नागरिक, जो स्टूडेंट वीजा पर भारत आया था तथा दूसरा नाइजीरिया का नागरिक,  जो मेडिकल वीजा पर भारत में रह रहा था शामिल है। दोनों आरोपियों ने व्हाट्सएप पर स्वयं को यूनाइटेड किंगडम (यूके) की महिला बताकर एक सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी अधिकारी को फर्जी फार्मा बिजनेस में तीन गुना मुनाफे का झांसा दिया और 13 लाख 10 हजार रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

    थाना साइबर क्राइम पंचकूला में 20 फरवरी 2026 को दर्ज हुए इस मामले के अनुसार पंचकूला निवासी 63 वर्षीय सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी अधिकारी  राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार दिसंबर 2025 में फेसबुक पर संपर्क करने वाली एक महिला ने स्वयं को यूके की निवासी बताया। इसके बाद व्हाट्सएप पर लगातार बातचीत और कॉल के माध्यम से शिकायतकर्ता का विश्वास जीता गया। बाद में उसे अपनी रिश्तेदार से जोड़कर फार्मा उत्पादों के कारोबार में निवेश करने पर तीन गुना मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने दावा किया कि कंपनी स्वयं उत्पाद खरीदकर आगे बेच देगी और निवेशक को भारी लाभ मिलेगा।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 13 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई उत्पाद मिला और न ही किसी प्रकार का लाभ प्राप्त हुआ। संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर थाना साइबर क्राइम पंचकूला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

    जांच के आधार पर साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह व जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जगमीत सिंह की अगुवाई में टीम बहादुरगढ़ पहुंची, जहां से जिम्बाब्वे निवासी तापिवा और नाइजीरिया निवासी केनेथ को दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड पुलिस को दिए।

    जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी ही व्हाट्सएप पर यूके में रहने वाली महिलाओं की फर्जी पहचान बनाकर शिकायतकर्ता से बातचीत करते थे और उसे निवेश के नाम पर झांसा देते थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस प्रकार की वारदातों में इन आरोपियों ने कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार जिम्बाब्वे निवासी आरोपी भारत में स्टूडेंट वीजा पर आया हुआ था, जबकि नाइजीरिया निवासी आरोपी मेडिकल वीजा पर भारत में रह रहा था।

    पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि नाइजीरिया और जिम्बाब्वे के दूतावासों को भी ई-मेल के माध्यम से अवगत कराया गया है। पूछताछ के दौरान एक अन्य सह-आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों पर भी जांच एवं छापेमारी की जाएगी।

    पंचकूला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा निवेश, व्यापार या अधिक मुनाफे का प्रलोभन दिए जाने पर बिना सत्यापन के किसी भी बैंक खाते में धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

     

  • संतोषगढ़ स्कूल में एंटी चिट्टा अभियान, एसपी सचिन हिरेमठ ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक

    संतोषगढ़ स्कूल में एंटी चिट्टा अभियान, एसपी सचिन हिरेमठ ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) संतोषगढ़ में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऊना आईपीएस सचिन हिरेमठ ने विद्यार्थियों और उपस्थित गणमान्य लोगों को चिट्टा (हेरोइन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और उनके सामाजिक व कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

     एसपी सचिन हिरेमठ ने विद्यार्थियों को NDPS Act के तहत मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

    इस दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, अध्यापकों और अन्य प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया गया।

    जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि युवाओं की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है।

     

     

  • प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र, चार नए ई-डिपो शुरू होंगेः मुकेश अग्निहोत्री

    प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र, चार नए ई-डिपो शुरू होंगेः मुकेश अग्निहोत्री

    शिमला: उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश में शीघ्र ही नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से संबंधित सभी औपचारिकताओं को जल्दी ही पूरा कर इन्हें प्रदेशवासियों की सेवा में समर्पित किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश में बनने वाले चार नए ई-डिपो भी जल्द शुरू किए जाएंगे।

    अग्निहोत्री आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य पथ परिहवन निगम के निदेशक मंडल की 163वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में निगम के संचालन, यात्री सुविधाओं तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल तथा उनके संचालन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

    मुकेश अग्निहोत्री ने निगम की बसों में टायरों की कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी बस का संचालन टायर, स्पेयर पार्ट्स अथवा अन्य आवश्यक सामग्री के अभाव में प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ वैकल्पिक प्रबंध भी पहले से किए जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में बसों का संचालन बाधित न हो और यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और नए ई-डिपो शुरू होने से प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी। बैठक में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, निदेशक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र धामी, प्रदीप सूर्या, मोहिंदर संधू और निशांत ठाकुर, अतिरिक्त सचिव परिवहन ओंकार चंद शर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • Punjab News: पीएम मोदी के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, रेलवे स्टेशन पर चलाया गया तलाशी अभियान, देखें वीडियो

    Punjab News: पीएम मोदी के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, रेलवे स्टेशन पर चलाया गया तलाशी अभियान, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे चंडीगढ़ में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि मोहाली समेत कई रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मोहाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनज़र मोहाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीएसपी हरसिमरण सिंह बल की अगुवाई में शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकेबंदी की गई।

    वहीं मोहाली रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

     

     

  • मुख्यमंत्री ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया

    मुख्यमंत्री ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया

    शिमला: प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और उन्हें प्रतियोगी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में 800 कांस्टेबल पदों पर होने वाली भर्ती के अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, शारीरिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इन पदों के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 09 जुलाई, 2026 को विज्ञापन जारी किया है।

    हिमाचल प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली, अनुशासित और परिश्रमी है। राज्य सरकार का उद्देश्य रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करना चहती है कि आर्थिक अथवा भौगोलिक परिस्थितियां किसी भी योग्य अभ्यर्थी की प्रगति में बाधा न बनें। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियां इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए संगठित एवं निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम शुरू किए जाएं। इन कार्यक्रमों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित संपूर्ण जानकारी, लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, प्रेरणात्मक सत्र तथा चयन प्रक्रिया के अन्य सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण, दूर-दराज़ एवं जनजातीय क्षेत्रों के उन युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी जिन्हें गुणवत्तापूर्ण कोचिंग एवं प्रशिक्षण सुविधाएं सहज उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। इस निर्णय से प्रदेश के प्रत्येक योग्य एवं इच्छुक युवा को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस में इस पहल से अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन होगा तथा प्रदेश पुलिस को समर्पित, अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध युवा पुलिसकर्मी मिलेंगे।

    प्रदेश का युवा हिमाचल का भविष्य और सबसे बड़ी शक्ति है। राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने, उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने तथा राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए प्रेरित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह पहल उसी संकल्प का एक सशक्त उदाहरण है। हिमाचल प्रदेश पुलिस इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, स्थान, समय-सारिणी तथा पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र जारी करेगी। पुलिस विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे अपने निकटतम सशस्त्र पुलिस वाहिनी, जिला पुलिस कार्यालय अथवा हिमाचल प्रदेश पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ध्यान दें।

  • अंब अंदौरा अमृत भारत स्टेशन, हिमाचल में रेल कनेक्टिविटी में मील का पत्थर: अनुराग सिंह ठाकुर

    अंब अंदौरा अमृत भारत स्टेशन, हिमाचल में रेल कनेक्टिविटी में मील का पत्थर: अनुराग सिंह ठाकुर

    आधुनिक अंब अंदौरा स्टेशन हिमाचल की नई कनेक्टिविटी की दिशा में मजबूत कदम

    ऊना,सुशील पंडित: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास का स्वागत करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हो रहे रेलवे परिवर्तन का एक और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक हिमाचल प्रदेश की कठिन भौगोलिक स्थिति को रेलवे विस्तार में बाधा बताया जाता था, लेकिन आज राज्य अभूतपूर्व निवेश, आधुनिकीकरण और बेहतर कनेक्टिविटी का साक्षी बन रहा है।

      अनुराग ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अंब आंदौरा, बैजनाथ पपरोला, पालमपुर हिमाचल और शिमला जैसे स्टेशनों को विश्व स्तरीय यात्री सुविधाओं, बेहतर पहुंच, उन्नत बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।

    मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे विकास की गति को पूरी तरह बदल दिया है। वर्ष 2009-14 के दौरान राज्य के लिए औसतन प्रति वर्ष केवल करीब ₹108 करोड़ का रेलवे आवंटन होता था, जबकि रेल बजट 2026-27 में लगभग ₹2,911 करोड़ दिए गए हैं, जो निवेश में अभूतपूर्व 27 गुना वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि 255 किलोमीटर से अधिक नई रेल लाइनों के कार्य ₹13,000 करोड़ से ज्यादा की लागत से विभिन्न चरणों में चल रहे हैं। साथ ही नांगल-ऊना-तलवाड़ा, भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी, चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइनों और ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी रेलवे के पुनर्स्थापन जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

    रेल कनेक्टिविटी के निरंतर विस्तार पर प्रकाश डालते हुए  अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल के महीनों में हिमाचलवासियों को कई नई ट्रेन सेवाओं का लाभ मिला है। उन्होंने गुरुमुखी एक्सप्रेस को अंब आंदौरा तक बढ़ाए जाने, करतौली-अंबाला ट्रेन सेवा शुरू किए जाने और अन्य कनेक्टिविटी सुधारों का उल्लेख किया। इनसे छात्रों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और व्यवसायियों की यात्रा सुगम हुई है। वंदे भारत एक्सप्रेस के अंब आंदौरा-नई दिल्ली मार्ग के साथ ये पहल हिमाचल प्रदेश को देश के प्रमुख आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्रों से जोड़ रही हैं तथा पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं।

    ठाकुर ने कहा कि आधुनिक अंब आंदौरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन मात्र एक स्टेशन का पुनर्विकास नहीं, बल्कि “रेल विकास से राष्ट्र विकास” की दृष्टि की ओर एक और मजबूत कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पहाड़ी राज्य में रेलवे infrastructure को लगातार प्राथमिकता देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट्स और बढ़ती ट्रेन सेवाएं पर्यटन, रोजगार, व्यापार और निवेश के नए अवसर खोलेंगी तथा हिमाचल प्रदेश को विकसित भारत की यात्रा में और मजबूत भागीदार बनाएंगी।

     

     

  • पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में भगदड़, 2 श्रद्धालुओं की मौत, कई लोग घायल

    पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में भगदड़, 2 श्रद्धालुओं की मौत, कई लोग घायल

    ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान एक दुखद हादसा हो गया। लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक श्रद्धालु की दम घुटने से 2 की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस, प्रशासन और बचाव दल तुरंत हरकत में आ गए।

    दम घुटने से श्रद्धालु की हुई मौत
    जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ग्रैंड रोड पर मौजूद थे। इसी बीच भीड़ इतनी बढ़ गई कि एक श्रद्धालु को सांस लेने में परेशानी होने लगी। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

    मृतक की ये हुई पहचान
    पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अनिल दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

    कई श्रद्धालु घायल, मेडिकल कैंप में किया गया इलाज
    भगदड़ के दौरान कई श्रद्धालु घायल भी हुए। मौके पर मौजूद विशेष बचाव इकाई (एसआरयू) ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। भीड़ में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को पहले अस्थायी मेडिकल कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि जिनकी हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

    भारी भीड़ से लगा जाम, श्रद्धालुओं में फैली दहशत
    रथ यात्रा में इस बार भी देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे थे। भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण ग्रैंड रोड पर कई जगह लंबा जाम लग गया। लोगों की आवाजाही रुक गई, जिससे श्रद्धालुओं में घबराहट और दहशत फैल गई।

    प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
    घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल, स्वयंसेवक और आपातकालीन टीमों को तैनात किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को रास्ता देने के लिए अतिरिक्त मार्ग भी बनाए गए। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि आगे कोई और हादसा न हो।

    गुंडिचा मंदिर की ओर जा रहे थे श्रद्धालु
    बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक रथ यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। उसी दौरान भीड़ अचानक बढ़ गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

    पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा
    गौरतलब है कि पिछले वर्ष 2025 में भी जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मच गई थी। उस हादसे में कम से कम तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस बार हुई घटना के बाद एक बार फिर रथ यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

     

     

  • राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

    राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

    शिमला: सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकासात्मक मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है तथा इन दोनों क्षेत्रों के आधुनिकीकरण के लिए सरकार व्यापक एवं परिवर्तनकारी सुधार लागू कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में कई महत्त्वपूर्ण पहल की गई हैं। इनमें बद्दी में उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय, 100 बिस्तर क्षमता का अस्पताल तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंडल की स्थापना शामिल है, जिससे क्षेत्र के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य संबंधी ढांचे को उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) पाठयक्रम लागू कर रही है। दून विधानसभा क्षेत्र के तीन सरकारी विद्यालयों में पहले ही सीबीएसई पैटर्न लागू कर दिया गया है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों में सीबीएसई शिक्षा पर होने वाले अधिक खर्च की तुलना में नाममात्र शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।

    विधायक राम कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में सात नए सरकारी कार्यालय खोले गए हैं तथा क्षेत्र के लिए की गई सभी घोषणाओं को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दून विधानसभा क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण तथा सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह भी किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को दून विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए आमंत्रित किया।

  • Punjab News: कपड़ा व्यापारी पर बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस, देखें वीडियो

    Punjab News: कपड़ा व्यापारी पर बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले जीरा निर्वाचन क्षेत्र से हवाई फायरिगं का मामला सामने आया है। जहां, मुख्य बाज़ार में एक कपड़ा व्यापारी की दुकान पर फायरिंग से सनसनी फैल गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाज़ार में डर और दहशत का माहौल है। शुरुआती तौर पर इस मामले को रंगदारी (फिरौती) से भी जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    ये तस्वीरें जीरा के व्यस्त मुख्य बाज़ार की हैं, जहाँ लोग रोज़ की तरह खरीदारी में व्यस्त थे। लेकिन अचानक गोलियों की आवाज़ ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश लोग दुकान के बाहर पहुँचे, गोलियां चलाईं और भाग निकले। कुछ ही पलों में बाज़ार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते दिखे।

    घटना के बाद संबंधित व्यापारी ने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया, लेकिन इलाके के अन्य दुकानदारों ने बताया कि गोली चलाने वाले दोनों लोगों ने नकाब पहन रखा था। गनीमत रही कि इस फायरिंग की घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ ।

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। जीरा के डीएसपी ने घटनास्थल का जायज़ा लिया और जांच टीमों को सक्रिय किया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए कई पहलुओं से जांच कर रही है।