Blog

  • इनोसेंट हार्ट्स में धूमधाम से मनाया गया बाल-दिवस

    इनोसेंट हार्ट्स में धूमधाम से मनाया गया बाल-दिवस

    जालंधर: इनोसेंट हार्ट्स के पाँचों स्कूलों (जी.एम.टी, लोहारां, सी.जे.आर, रॉयल वर्ल्ड, कपूरथला रोड) में चाचा नेहरू का जन्मदिन बाल-दिवस के रूप में बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। इनोकिड्स के प्री-प्राइमरी स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने चाचा नेहरू बन उनके प्रति अगाध प्रेम अभिव्यक्त किया। चाचा नेहरू जैसे परिधान धारण किए बच्चे बड़े मोहक लग रहे थे। बच्चों ने देशभक्ति की  कविताएँ, गायन गतिविधियों में बड़े उत्साह से भाग लिया। इसके अतिरिक्त बच्चों ने बैलून, बॉल होल्डर, रिंग्स, ऐलीफेंट विद रिंग्स, पेपर प्लेट आदि गेम्स का खूब आनंद उठाया। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को पंडित जवाहरलाल नेहरू जी  के जीवन व उनके कार्यों से अवगत करवाया गया। विद्यार्थियों ने चाचा नेहरू जी के जन्मदिवस पर कविताएँ प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों से कार्ड-मेकिंग एक्टिविटी करवाई गई तथा सातवीं व आठवीं के विद्यार्थियों से बाल-दिवस पर अनुच्छेद लिखवाया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। कक्षाओं में अध्यापिकाओं ने बच्चों  को बताया कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन को हम बाल-दिवस के रूप में मनाते हैं। नेहरू जी को बच्चों से बहुत प्यार था, जिसके कारण आज भी उन्हें चाचा नेहरू कहकर बुलाते हैं। उन्होंने बच्चों को बाल-दिवस की शुभकामनाएँ दी तथा चाचा नेहरू के बच्चों से प्यार व देश के लिए दिए गए योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने  बच्चों को चाचा नेहरू के आदर्शों को अपनाते हुए उन्हीं की तरह संयमी, साहसी तथा व्यवहार-कुशल बनने की प्रेरणा दी।

  • जालंधरः विजीलेंस ने रेड कर SHO और ASI को किया गिरफ्तार, जाने मामला

    जालंधरः विजीलेंस ने रेड कर SHO और ASI को किया गिरफ्तार, जाने मामला

    जालंधर/वरुणः पंजाब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत विजीलेंस टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। रिश्वत के मामले में विजीलेंस ने रेड कर जालंधर देहात के थाना सदर नकोदर में तैनात इंस्पेक्टर बिस्मन सिंह और सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई रेशम सिंह को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए विजीलेंस के अधिकारी ने बताया कि हरजिन्द्र कुमार वासी रामपुर थौड़ा, रूपनगर ने विजीलेंस टीम को शिकायत दी थी कि उसके भाई को होशियारपुर से ट्रक समेत पुलिस ने अरेस्ट किया था।

    इस दौरान उसके खिलाफ चूरा पोस्त का झूठा केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी एसएचओ और एएसआई एक प्राईवेट व्यक्ति के ज़रिए उसके भाई को छोड़ने के लिए उससे 11 लाख रूपए ले चुके हैं। अब उससे और रूपए मांग रहे थे। विजीलेंस के अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आज जालंधर में 1 लाख रूपए रिश्वत लेते हुए जालंधर देहात के थाना सदर नकोदर के एसएचओ बिस्मन सिंह और सीआईए स्टाफ के एएसआई रेशम सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

  • डीएवी सेनटेनरी पब्लिक स्कूल, ऊना ने मनाया में बाल दिवस  

    डीएवी सेनटेनरी पब्लिक स्कूल, ऊना ने मनाया में बाल दिवस  

    ऊना/सुशील पंडित: जूनियर वर्ग के छात्रों के लिए फैंसी ड्रेस, दौड़, नृत्य और सीनियर वर्ग के छात्रों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां रखी गई |  विदित हो कि जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से खासा लगाव था और बच्चे  उन्हें चाचा नेहरू  पुकारते थे, इसलिए इस दिवस को बाल दिवस के रूप में नेहरू जी को श्रद्धांजलि देने के रूप में मनाया जाता है |   सर्वप्रथम सूत्रधार बबीता जोशी ने छात्रों को चाचा नेहरू के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्हें बच्चों की सुरक्षा और सफलता में भागीदार बनने के लिए हमेशा ही चिंता रहती थी| आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सिद्धिमा, नंदिनी, कशिश, सिद्धिका जोशी ने अपनी एकल प्रस्तुति देकर सबको झूमने के लिए विवश कर दिया| आन्या,अर्पिता परिणिता सैनी ,रितिका अनन्या, वंशिका ने एकल नृत्य की प्रस्तुति से सबका मन  मोह लिया| मैम दीपशिखा ने नृत्य व नीलम मैम व ईशांत ने गाना गाकर छात्रों का मनोरंजन किया|   जूनियर वर्ग के छात्रों के द्वारा दी गई ओम गणेशाय नमः की प्रस्तुति  ने सबको खुश कर दिया |

    कशिश ठाकुर ने गीत की प्रस्तुति दी| तत्पश्चात छात्रों की बौद्धिक क्षमता का परीक्षण करने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया| छात्रों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और सही उत्तर देने वाले छात्रों को  पुरस्कार दिए गये|    इस अवसर पर जूनियर वर्ग की फैंसी ड्रेस में रोहानिका, रिदम, इशिता मिष्ठी,सानवी ,सगुना, मानवी, अनन्या रक्षित लक्षिता, कनिका, रियांश ओजस्वी,  आर्यन ,सागर नव्या, रायका, तानिया,  जयांशु, रघुवंश ने विभिन्न परिधानों में सुसज्जित होकर अभिनय की प्रस्तुति दी और उन्हें सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया|  दौड़ प्रतिस्पर्धा में समायरा, विनायक, दिशानी कनव ,रवरीत, सूर्यांश अहाना, जशन, कृतिका अरुण, भाव्या ,गौरांश अहाना, रितिका, परमजोत सेजल को सर्वश्रेष्ठ धावक घोषित किया गया|  इस अवसर पर बच्चों की क्षमता और प्रतिभा को और बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में करवाई गई विभिन्न गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्राचार्य अतुल महाजन ने पुरस्कृत किया|  
    प्राचार्य अतुल महाजन ने छात्रों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी| महाजन ने कहा कि कोरोना कोरोना काल के पश्चात आज बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाकर बाल दिवस का असली आनंद उठाया|उन्होंने कहा कि बच्चे देश के असली भविष्य हैं, इसलिए हर किसी को बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को  समझना चाहिए, जिससे कि बाल दिवस का वास्तविक अर्थ सार्थक हो सके |श्री महाजन ने प्रश्नोत्तरी द्वारा छात्रों का ज्ञान परीक्षण किया| महाजन ने कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी दिशि, समन्वयक संगीता, रीना लट्ठ व अन्य शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की|
  • RBI के पूर्व गवर्नर ने किया खुलासा, कभी भारत को बचाने के लिए रखना पड़ा था 46 टन सोना गिरवी

    RBI के पूर्व गवर्नर ने किया खुलासा, कभी भारत को बचाने के लिए रखना पड़ा था 46 टन सोना गिरवी

    नई दिल्लीः भारत के इतिहास में 1991 के वर्ष को आर्थिक सुधारों के नजरिये से बड़ा अहम माना जाता है। इससे पहले भारत की अर्थव्यवस्था खुली नहीं थी। 1991 और उसके बाद के संदर्भ में भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर डॉक्टर सी रंगराजन की किताब से कई बड़ी बातों का खुलासा हुआ है। उन्होंने अपनी किताब The Road: My Days At RBI and Beyond में तब के चिंताजनक हालातों का जिक्र किया है।

    मनीकंट्रोलकी एक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व गवर्नर सी रंगराजन ने लिखा है कि हमें (भारत को) पैसे जुटाने के उपाय और रास्तों के बारे में सोचना था। तब हमने विदेश में सोना गिरवी रखकर पैसे जुटाने का फैसला किया। 46 टन सोना विदेश में गिरवी रखा गया। एक चार्टर हवाई जहाज मुबंई एयरपोर्ट पर था और उसमें यह सोना रखवाया गया। फिर यह जहाज इंग्लैंड के लिए उड़ गया। तब हमने 50 करोड़ डॉलर से कम जुटाए। यह राशि आज काफी कम लग सकती है।

    विमान में सोना रखकर विदेश भेजना यह दुखद अनुभव था, लेकिन, हमने इसका सामना किया। अपनी इस किताब में RBI के पूर्व गवर्नर पद्म विभूषण डॉक्टर सी रंगराजन की यह किताब The Road: My Days At RBI and Beyond भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर उनके अनुभवों और बड़े पड़ावों को समेटे हुए है। रंगराजन कहते हैं कि किताब लिखने की यह इच्छा लंबे समय से थी। 2014 में केंद्र में सरकार बदलने के बाद मैं दिल्ली से निकल गया। तब मुझे लगा कि यह सही समय है। तब मेरे मन में कुछ संदेह थे। रिजर्व बैंक में मेरे कार्यकाल की सभी घटनाओं के बारे में लिखना मुमकिन नहीं था। फिर, मैंने कुछ खास चीजों पर फोकस करने के बारे में सोचा।

    सी रंगराजन का कहना है कि राजकोषीय नीति और मौद्रिक सख्ती के बीच की खींचतान को मैनेज करने के लिए कई उपाय करने होते हैं। कुछ हद तक यह कहा जा सकता है कि आज हम जो महंगाई देख रहे हैं, यह उन कुछ फैसलों की वजह से है, जो हमने पहले लिए थे। जब कोरोना की लहर चरम पर थी, तब सबने सरकार को अपना खर्च बढ़ाने की सलाह दी थी। सरकार को यह सलाह तब दी गई, जब सरकार का रेवेन्यू घट रहा था। इसका नतीजा क्या हुआ? ज्यादा उधार लेना पड़ा। उधार बढ़ गया तो इसे ध्यान में रखने की जरूरत थी। केंद्रीय बैंक को इसे खुलकर स्वीकार करने में संकोच हो सकता है, परंतु सच्चाई यह है कि आरबीआई की तरफ से पर्याप्त लिक्विडिटी सपोर्ट के बिना यह उधारी मुमकिन नहीं थी।

    पूर्व गवर्नर सी रंगराजन ने कहा कि जहां तक रुपये का संबंध है तो फंड्स देश से बाहर अमेरिका जाने लगा, क्योंकि वहां इंटरेस्ट रेट बढ़ने लगा। इससे रुपये की वैल्यू घटने लगी। लेकिन, फिर से रुपया संभल रहा है। इसकी वजह फंड्स का बाहर जाना रुक जाना है। फंड्स आने शुरू हो गए हैं। इंडिया में भी मॉनेटरी पॉलिसी को उन चीजों का ध्यान रखना होगा, जो बाहर हो रही हैं।

  • पंजाबः थाने में हेड कांस्टेबल ने की आत्महत्या

    पंजाबः थाने में हेड कांस्टेबल ने की आत्महत्या

    लुधियानाः थाना दुगरी की पहली मंजिल पर हेड कांस्टेबल ने सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान बलजिंदर के रूप में हुई है। बलजिंदर सिंह का शव पहली मंजिल पर बनी बैरक में ग्रिल के साथ लटकता मिला। मृतक ने मानसिक रूप से परेशान होकर जीवन लीला समाप्त की है। सुबह बलजिंदर का साथी कर्मचारी थाना में नीचे चाय लेने के लिए गया था जैसे ही उसने ऊपर जाकर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा की बलजिंदर का शव ग्रिल के साथ लटक रहा था।

    घटना का पता चलते ही थाना दुगरी की एसएचओ मधुबाला मौके पर पहुंचे। हेड कांस्टेबल बलजिंदर सिंह के पारिवारिक सदस्यों को सूचित किया। हेड कांस्टेबल खन्ना के नजदीक गांव भोरला का रहने वाला था। करीब एक साल पहले लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के दुगरी थाने में तैनात हुआ था। बलजिंदर सिंह के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।

    जानकारी देते हुए एसीपी वैभव सहगल ने कहा कि हेड कांस्टेबल बलजिंदर सिंह थाने की पहली मंजिल पर रहता था। उन्होंने सुबह एक बैरक की ग्रिल के साथ कपड़े के टुकड़े का इस्तेमाल कर आत्महत्या कर ली। सुबह एक साथी सिपाही ने उसे पहली बार लटका हुआ देखा और अलार्म बजाया। परिवार लुधियाना पहुंच गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसीपी सहगल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

  • पंजाबः मूसेवाला मर्डर केस को लेकर गैंगस्टर तूफान और मनी ने किया बड़ा खुलासा

    पंजाबः मूसेवाला मर्डर केस को लेकर गैंगस्टर तूफान और मनी ने किया बड़ा खुलासा

    लुधियानाः पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लुधियाना पुलिस दो गैंगस्टरों तूफान और मनी रइया को गोइंदवाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। गैंगस्टरों का पुलिस को 5 दिन का रिमांड मिला है। रिमांड दौरान गैंगस्टरों ने विदेश में बैठे गोल्डी बराड़ के साथी​​​​​ दरमनजोत सिंह काहलों का नाम उगला है। लुधियाना पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर​​ दरमन काहलों को मूसेवाला कत्लकांड में हथियारों की सप्लाई के मामले में नामजद किया है।

    गैंगस्टरों ने पुलिस को बताया कि दरमन काहलों ने उन्हें कहा था कि वह सतबीर से मिले जो उन्हें अपनी गाड़ी में मानसा पहुंचाएगा। दरमन ने बदमाशों को दो काम दिए थे। एक काम हवाला राशि पहुंचाने का था और दूसरा काम मूसेवाला के कत्लकांड का था। बताया जा रहा है कि काहलों संयुक्त राज्य अमेरिका में छिपा हुआ है। उसे मूसेवाला की हत्या में शामिल शूटरों को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए नामजद किया गया है।

    हत्याकांड में हथियार सप्लाई करने जा रही फॉर्च्यूनर कार में मनी रइया और मनदीप तूफान की पहचान पहले ही हो गई थी। तीसरे आरोपी की पहचान बाद में हुई थी। तीसरा आरोपी बटाला का गुरमीत था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इन सभी आरोपियों ने मूसेवाला हत्याकांड में रेकी की थी। आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार में पुलिस की वर्दी रखी थी और मूसेवाला के घर नकली पुलिस कर्मचारी बनकर फेक एनकाउंटर करने का प्लान था। मूसेवाला के पास सुरक्षा कर्मचारी थे, जिस कारण बदमाशों ने मौके पर प्लान बदल दिया।

  • पंजाबः दिन-दिहाड़े पूर्व सैनिक से लाखों रुपए लूट फरार हुए लुटेरे

    पंजाबः दिन-दिहाड़े पूर्व सैनिक से लाखों रुपए लूट फरार हुए लुटेरे

    गुरदासपुर: पंजाब में चोरी और लूटपाट के मामला लगातार बढ़ते ही जा रहे है। आए दिन लूटपाट और चोरी के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज दिन-दिहाड़े तिबड़ी रोड़ पर एक रिटायर सैनिक अज्ञात लुटेरों ने लाखों रुपए लूट लिए। मिली जानकारी के मुताबिक अज्ञात बाइक सवार लुटेरे रिटायर सैनिक के वाहन से 3 लाख रूपये लूट कर ले गए। इस संबंधी पीड़ित गुरभेज सिंह निवासी नबीपुर कालोनी ने बताया कि वह सेना से रिटायर है तथा अब उन्होंने वाहन खरीद कर किराए पर देने का काम शुरू करने का मन बनाया था। इस संंबंधी उसने सतगुरू कार बाजार वालों से एक वाहन खरीदा था और उसका तीन लाख रूपये अदा करना बाकि था।

    आज उसने तीन लाख रूपये बैंक से निकाल पर खरीद किए वाहन मे रख कर सतगुरू कार बाजार वालो को देने के लिए आया था। वह वाहन को लाक कर सतगुरू कार बाजार वालों के तिबड़ी रोड़ स्थित कार्यालय मे गया। तभी बाहर से एक नौजवान आया तथा उसने बताया कि बाइक सवार दो नौजवान वाहन का शीशा तोड़ कर वाहन से कुछ उठा कर ले गए है। जिस पर मैंने आकर देखा तो वाहन मे तीन लाख रूपये वाला बैग गायब था।

    उन्होंने कहा कि लुटेरे उस बैग को लेकर फरार हो गए।  गुरभेज सिंह के अनुसार इस संबंधी पुलिस को सूचित कर दिया गया है तथा पुलिस मौके पर जांच कर रही है। इस संबंधी सिटी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज गुरमीत सिंह ने बताया कि उनको सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुच गई थी। इस संबंधी अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। उन्होने कहा कि पीड़ित लूटी गई राशि बैंक से निकाल कर लाया था,जिससे लगता है कि लुटेरे बैंक से ही इसके पीछे लगे हुए थे। उन्होने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

  • कपूरथलाः विदेश भेजने का झांसा देकर रछपाल सिंह और रणजीत सिंह ने ठगे लाखों रुपए, मामला दर्ज

    कपूरथलाः विदेश भेजने का झांसा देकर रछपाल सिंह और रणजीत सिंह ने ठगे लाखों रुपए, मामला दर्ज

    कपूरथला: पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर एजेंटों द्वारा लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। हालांकि इस मामले में जालंधर पुलिस ने कई ट्रैवल एंजेटों पर कार्रवाई भी की थी। लेकिन इसके बावजूद एजेंटों द्वारा ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। वहीं अब सुल्तानपुर लोधी थाने की पुलिस ने 2 आरोपियों के खिलाफ पढ़ाई के लिए पुर्तगाल भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का मामला दर्ज किया है।

    जानकारी के अनुसार कुलवीर सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी कंग कलां थाना लोहिया खास जिला जालंधर ने एसएसपी कपूरथला को अपनी शिकायत में बताया था कि उसने पढ़ाई के लिए पुर्तगाल जाने के लिए रछपाल सिंह पुत्र बलविंदर सिंह गोइंदवाल और रणजीत सिंह पुत्र उपिंदर निवासी रेल कोच हुसैनपुर से सम्पर्क किया था। उन्होंने उसे 8 लाख रुपए की राशि में पुर्तगाल भेजने का सौदा तय किया।

    उसने दोनों आरोपियों को अलग-अलग तारीखों में कुल 5 लाख 50 हजार रुपए दिए। जब इन आरोपियों ने उसे पढ़ाई के लिए विदेश नहीं भेजा तो उन पर पैसे लौटाने का दबाव बनाया, लेकिन ये दोनों आरोपी उससे बचते रहे, जिस पर उसने एसएसपी कपूरथला के सामने न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी क्षेत्रीय अपराध शाखा से जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दौरान रछपाल सिंह और रंजीत सिंह पर लगे सभी आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

  • 25 हजार का इनामी बदमाश कचरा गिरफ्तार

    25 हजार का इनामी बदमाश कचरा गिरफ्तार

    फर्रुखाबाद:  उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से पुलिस ने एक 25 हजार के इनामी कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश का नाम ‘शिवा उर्फ कचरा’ है। उसके ऊपर करीब 30 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सोमवार को बताया कि मऊदरवाजा थाना पुलिस रविवार रात को गाड़ियों की जांच कर रही थी, तभी उसने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने को कहा। मीणा ने बताया कि हालांकि, मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय पुलिस पर गोली चला दी और भागने के प्रयास में उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। 

    बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग

    मीणा के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार बदमाश उठकर फिर पुलिस पर गोली चलाने लगा और जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पूछताछ से पता चला कि बदमाश मैनपुरी जिले के भोगांव कस्बे का रहने वाला है और उसका नाम शिवा उर्फ कचरा है। उन्होंने बताया कि शिवा गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज 30 मुकदमों में वांछित था और उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसे इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया है। 

    बीते महीने भी हुई थी मुठभेड़

    बीते महीने लखनऊ से भी एक बदमाश गिरफ्तार हुआ था। बदमाश गैंगरेप का मुख्य आरोपी था। बदमाश इमरान उर्फ मुस्तफा की पुलिस को कठौता झील के पास होने की जानकारी मिली थी। लगभग 3:30 बजे इमरान और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। दरअसल पुलिस ने जब उसके वाहन को रोकने की कोशिश की थी तो मुस्तफा ने फायरिंग की थी, इसके बाद जब पुलिस ने क्रॉस फायरिंग की तो मुस्तफा के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।  

  • प्रसार भारती के नए CEO होंगे ये IAS अधिकारी

    प्रसार भारती के नए CEO होंगे ये IAS अधिकारी

    नई दिल्लीः शशि शेखर वेम्पति के बाद से सीईओ प्रसार भारती का खाली पद अब भरने जा रहा है। केंद्र सरकार ने 1995 बैच के आईएएस अधिकारी गौरव द्विवेदी को नया सीईओ नियुक्त किया है। गौरव द्विवेदी छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री कार्यालय में बतौर प्रिंसिपल सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रहे हैं। वह सूचना विभाग और आईटी विभाग का भी काम देख रहे हैं।

    सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी अधिकारिक बयान में कहा गया है कि सिलेक्शन कमेटी की सिफारिशों के बाद राष्ट्रपति ने गौरव द्विवेदी को पांच साल के लिए प्रसार भारती का सीईओ नियुक्त किया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि वह कब सीईओ पद ग्रहण करेंगे। गौरतलब है कि जून महीने में वेम्पति का बतौर सीईओ कार्यकाल खत्म हो गया था। उनके जाने के बाद दूरदर्शन के डीजी मयंक अग्रवाल को सीईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।

    द्विवेदी और उनकी पत्नी मनिंदर कौर द्विवेदी को अक्टूबर महीने में ही केंद्र सरकार ने एडिशनल सेक्रेटरी पद के लिए इम्पेनल किया था. इसका मतलब है कि यह दोनों अधिकारी जब भी सेंट्रल डेपुटेशन पर जाएंगे तो वहां उन्हें एडिशनल सेक्रेटरी की पोस्टिंग मिलेगी। प्रसार भारती के सीईओ पद के लिए एडिशनल सेक्रेटरी या सीनियर ज्वाइंट सेक्रेटरी लेवल के आईएएस अधिकारी ही नियुक्त होते है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 जुलाई 2014 को माईजीओवी प्लेटफार्म को लॉन्च किए गया था। इसका पहला सीईओ गौरव द्विवेदी को ही बनाया गया था। उप राष्ट्रपति के नेतृत्व वाली कमेटी प्रसार भारती के सीईओ की नियुक्ति करती है। इस कमेटी में उपराष्ट्रपति के अलावा भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव होते हैं।