Blog

  • चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS मामले में 2 वार्डन सस्पेंड

    चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी MMS मामले में 2 वार्डन सस्पेंड

    पांच सदस्यीय कमेटी की गठित

    चंडीगढ़ः यूनिवर्सिटी ने अश्लील वीडियो मामले के बाद लापरवाही के आरोप में दो वार्डन सस्पेंड कर दिए हैं। विवि प्रशासन ने पांच सदस्यों की एक कमेटी का गठन किया है, जो विवि प्रशासन को सारे घटनाक्रम पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह कमेटी छात्र-छात्राओं की समस्याओं को भी सुनेगी। इसी बीच यूनिवर्सिटी प्रशासन ने किसी भी बाहरी शख्स के कैंपस में एंट्री पर रोक लगा दी है और मीडिया को भी कैंपस में दाखिल होने की इजाजत नहीं है।

    देर रात तक चले प्रदर्शन के दौरान छात्र इस बात की मांग करे थे कि हॉस्टल के वार्डन सस्पेंड किए जाने चाहिए। जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि हॉस्टल का बेहतर प्रबंधन करने के लिए कई वार्डन विभागों में भी शिफ्ट किए जा सकते हैं। छात्राओं ने हॉस्टल के वार्डनों और स्टाफ की भी विवि प्रशासन से शिकायत की थी और कहा था कि वे छात्राओं के कपड़ों पर तंज कसते हैं। जिस पर विवि प्रशासन ने कहा था कि छात्राएं कैसे कपड़े पहनती हैं इस पर प्रशासन को कोई आपत्ति नहीं होगी।

    वे अपने माता-पिता के निर्देशें के मुताबिक हॉस्टल में कपड़े पहन सकती हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की आक्रामकता को देखकर अब विवि प्रशासन अपनी कमियों को दूर करने में जुटा हुआ है और छात्रों की उन सब मांगों की सूची पर गौर कर रहा है, जो देर रात उन्होंने प्रो. चांसलर को सौंपी है। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद विवि प्रशासन ने एक सर्कुलर जारी कर 19 से 24 सितंबर तक क्लासेज सस्पेंड करने का ऐलान किया है। इस दौरान टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ को आम दिनों की तरह कार्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में खराब माहौल के बीच छात्र-छात्राएं अपने घरों को वापस लौट रहे हैं। कुछ अभिभावक रविवार देर रात ही अपने बच्चों को घर ले जाने के लिए पहुंचे थे।

  • पंजाबः 3 रिटायर्ड IAS अधिकारी सहित 2 पूर्व मंत्रियों का लुकआउट नोटिस जारी

    पंजाबः 3 रिटायर्ड IAS अधिकारी सहित 2 पूर्व मंत्रियों का लुकआउट नोटिस जारी

    चंडीगढ़ः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के समय हुए सिंचाई घोटाले की जांच शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत विजिलेंस ने 2 पूर्व मंत्रियों जनमेजा सिंह सेखों और शरणजीत सिंह ढिल्लों के अलावा रिटायर्ड आईएएस अधिकारियों सर्वेश कौशल, केबीएस सिद्धू और काहन सिंह पन्नू के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। पंजाब सरकार ने 2 दिन पहले ही विजिलेंस को मामले की जांच की अनुमति दी थी। इस मामले के मुख्य आरोपी ठेकेदार गुरिंदर सिंह ने शपथ पत्र देकर कहा था कि सिंचाई घोटाले में तीन पूर्व आईएएस अधिकारी, 2 पूर्व मंत्री और उनके निजी सचिव भी शामिल हैं। विजिलेंस ब्यूरो ने यह बयान अगस्त 2017 में दर्ज किए थे।

    विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि घोटाले में नामजद ठेकेदारों को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया जाएगा। उनसे पूछताछ में जिन पूर्व अधिकारियों और नेताओं के नाम सामने आएंगे, उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा। विजिलेंस ने भ्र्ष्टाचार अधिनियम एक्ट की धारा 17 ए के तहत कार्रवाई की अनुमति की मांग की थी।

  • भारत-पाकिस्तान सीमा से 21 करोड़ की हीरोइन की बरामद

    भारत-पाकिस्तान सीमा से 21 करोड़ की हीरोइन की बरामद

    अमृतसर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक बार फिर पाक तस्करों की तरफ से ड्रोन भेजा गया। सतर्क बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवानों ने ड्रोन की मूवमेंट को भांपा और सर्च के दौरान हेरोइन व हथियार बरामद कर लिए। रिकवरी के बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने भारतीय सरहद पर सर्च अभियान चलाया, ताकि पाकिस्तान तस्करों की नापाक कोशिश को विफल किया जा सके। पाकिस्तानी तस्करों ने अटारी बॉर्डर के सटे गांव पुल मोरां की बीओपी में रात के समय ड्रोन की मूवमेंट कराई। बीएसएफ की बटालियन 22 के जवान उस समय गश्त पर थे। मिली जानकारी के अनुसार, यह हरकत तड़के 3 बजे के करीब हुई।

    जवानों ने ड्रोन की मूवमेंट को देखते ही उसे फॉलो करना शुरू कर दिया। ड्रोन ने जैसे ही खेप को खेतों में ड्रोप किया, जवानों ने सर्च शुरू कर दी। बीएसएफ के जवानों को पुल मोरां से सर्च के दौरान एक काले रंग का पैकेट मिला। पैकेट में तीन छोटे पैकेट हेरोइन के थे, जिसका कुल भार तकरीबन 3 किग्रा के आसपास हो सकता है। इंटरनेशनल मार्केट में उसकी कीमत तकरीबन 21 करोड़ है। खेप के साथ एक पिस्टल व 8 जिंदा राउंड भी थे। ड्रग्स और हथियार बीएसएफ के जवानों ने जब्त कर लिए। सरहद पर सख्ती के चलते पाकिस्तान तस्करों को जम्मू-कश्मीर और गुजरात तटों का सहारा हेरोइन की तस्करी के लिए लेना पड़ रहा है। तकरीबन एक साल में ही 500 किग्रा से अधिक हेरोइन गुजरात में पकड़ी जा चुकी है। बीते 15 दिन में पंजाब बॉर्डर के जरिए 7 बार पाकिस्तान तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारत में हेरोइन की खेप भेजने का प्रयास किया है।

  • पंजाब: इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 6.4 करोड़ की US करंसी बरामद 

    पंजाब: इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 6.4 करोड़ की US करंसी बरामद 

    अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने विदेशी करंसी की हो रही तस्करी को बेनकाब किया है। कस्टम विभाग ने चैकिंग के दौरान तकरीबन 8 लाख US डॉलर जब्त किए हैं। जिसे एक पैसेंजर अपने साथ दुबई लेकर जाने की फिराख में था। फिलहाल पैसेंजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई के लिए सुबह 3.30 बजे के करीब फ्लाइट रवाना होनी थी। सभी पैसेंजर्स का चैकइन करवाया जा रहा था। इसी दौरान सामान के एक्स-रे के दौरान कस्टम विभाग को एक बैग पर शक हुआ। जब बैग की फिजिकल चैकिंग की गई तो उसके नीचे अलग पाकेट बनाई गई थी। जिसमें पैसों को छिपाकर रखा गया था। इसके बाद पैसेंजर को हिरासत में ले लिया गया। कस्टम विभाग ने चैकिंग के दौरान पैसेंजर के बैग से तकरीबन 8 लाख डॉलर जब्त किए हैं। जिसकी इंटरनेशनल वेल्यू तकरीबन 6.4 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। फिलहाल पैसेंजर से इस बारे में पूछताछ की जा रही है।

  • पंजाब: फिर से सुर्खियों में पुलिस प्रशाशन, अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड से कैदी फरार

    पंजाब: फिर से सुर्खियों में पुलिस प्रशाशन, अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड से कैदी फरार

    अमृतसर: जिलें का पुलिस प्रशासन एक बार फिर सुर्ख़ियों में आ गया है। दरअसल, गुरु नानक देव अस्पताल में उपचार के लिए आया एक और कैदी भागने में कामयाब हो गया। जिसके बाद पुलिस ने भागे कैदी की तलाश करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस ने कैदी के अलावा साथ आए तीन पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी थाना मजीठा रोड में मामला दर्ज कर लिया है। जीएनडीएच से भागे कैदी की पहचान अमृतसर के गांव चीमा बाठ निवासी करणदीप सिंह के तौर पर हुई है।

    करणदीप के खिलाफ IPC 379 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज कर रखा है। जानकारी के अनुसार करणदीप को शनिवार रात जीएनडीएच लाया गया था। जब वह जीएनडीएच लाया गया तो वह बेहोश था। जेल में रात तबीयत खराब होने के कारण ही डॉक्टर्स ने उसे जीएनडीएच में रैफर किया था। डॉक्टर्स ने उसे जीएनडीएच की इमरजेंसी वार्ड मेडिसन में एडमिट कर रखा था। जीएनडीएच में उपचाराधीन करणदीप सिंह के साथ जेल प्रशासन ने तीन पुलिसकर्मियों को भेजा था। लेकिन वह उन्हीं सुरक्षाकर्मियों को चक्मा देने में कामयाब हो गया। करणदीप ने जीएनडीएच की इमरजेंसी वार्ड में तबीयत खराब होने की एक्टिंग शुरू कर दी। उसके साथ आए सुरक्षाकर्मी उसके जाल में फंस गए। जैसे ही सभी पुलिसकर्मी डॉक्टर्स को लाने भागे, करणदीप अस्पताल से भागने में कामयाब हो गया। बता दें कि कुछ दिन पहले भी एकता भी भागने में फरार हो गया था।

  • राशिफल (सोमवार 19 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (सोमवार 19 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। व्यर्थ भागदौड़ रहेगी। समय का अपव्यय होगा। दूर से दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है। प्रसन्नता रहेगी। बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। कुबुद्धि हावी रहेगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। विवाद से दूर रहें। कुसंगति से बचें।

    वृषः विद्यार्थी वर्ग सफलता प्राप्त करेगा। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा। म्युचुअल फंड में सोच-समझकर हाथ डालें। जल्दबाजी न करें। समय अनुकूल है। यात्रा मनोरंजक रहेगी। किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय में मनोनुकूल लाभ होगा।

    मिथुनः भूमि व भवन संबंधी बाधा दूर होगी। आय में वृद्धि होगी। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। निवेश शुभ रहेगा। भाग्य का साथ रहेगा। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। विवाद से क्लेश होगा। काम में मन नहीं लगेगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। किसी व्यक्ति विशेष से अनबन हो सकती है।

    कर्कः व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। शत्रु शांत रहेंगे। ऐश्वर्य पर खर्च होगा। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि नीचा देखना पड़े। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक कष्ट संभव है।

    सिंहः दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। शत्रु शांत रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। व्यय होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय बनी रहेगी। घर में प्रतिष्ठित अतिथियों का आगमन हो सकता है। दुष्‍टजनों से दूर रहें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।

    कन्याः रोजगार प्राप्ति सहज ही होगी। व्यावसायिक यात्रा से लाभ होगा। किसी बड़ी समस्या का हल प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। दूसरों के काम में हस्तक्षेप न करें। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। निवेशादि शुभ रहेंगे। कारोबार में वृद्धि के योग हैं।

    तुलाः आर्थिक उन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। पराक्रम व प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। धनार्जन होगा। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। पुराना रोग उभर सकता है। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। अपेक्षित कार्यों में विलंब होगा। वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति पर अंधविश्वास न करें।

    वृश्चिकः शुभ समाचार मिल सकता है। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रहेगी। मित्रों का सहयोग कर पाएंगे। मान-सम्मान मिलेगा। आय में वृद्धि होगी। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। चिंता रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे।

    धनुः नई योजना बनेगी। आराम का समय मिलेगा। आशंका-कुशंका रहेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। कार्यप्रणाली में सुधार होगा। कारोबारी नए अनुबंध हो सकते हैं, प्रयास करें। घर-बाहर पूछ-परख रहेगी। रोजगार में वृद्धि होगी। आय में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें। सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

    मकरः किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कारोबारी लाभ में वृद्धि होगी। धनार्जन होगा। नौकरी में शांति रहेगी। कष्ट, भय व चिंता का वातावरण बन सकता है। विवेक से कार्य करें। समस्या दूर होगी। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति मनोनुकूल बनेगी। सहकर्मियों का साथ मिलेगा।

    कुंभः किसी अपने का व्यवहार प्रतिकूल रहेगा। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। शारीरिक शिथिलता रहेगी। काम में मन नहीं लगेगा। नौकरी में अपेक्षानुरूप कार्य न होने से अधिकारी की नाराजी झेलना पड़ेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। पार्टनरों से मतभेद हो सकते हैं।

    मीनः धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। पूजा-पाठ में मन लगेगा। यात्रा मनोनुकूल लाभ देगी। राजभय रहेगा। जल्दबाजी व विवाद करने से बचें। थकान महसूस होगी। कोर्ट व कचहरी के काम अनुकूल रहेंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। प्रसन्नता रहेगी। किसी के व्यवहार से स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है।

  • जालंधरः क्राइम करने वालों पर डीसीपी अंकुर गुप्ता की पैनी नजर, शहर में 10 हजार ‘जासूस’ छोड़े

    जालंधरः क्राइम करने वालों पर डीसीपी अंकुर गुप्ता की पैनी नजर, शहर में 10 हजार ‘जासूस’ छोड़े

    जालंधर (वरुण)। जालंधर के डीसीपी अंकुर गुप्ता की निगरानी में शुरू की गई योजना के तहत क्राइम पर नथ डालने को लेकर तैयारी शुरू कर ली है। इस तैयारी के तहत दस हजार से ज्यादा ‘जासूस’ छोड़े जा चुके हैं। यह जासूस शहर भर पर नजर रखेंगे। यह जासूस कोई और नहीं शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे हैं। जो लोगों के घरों के बाहर और दुकानों के बाहर जनता को सुरक्षा प्रदान करेंगे। इन सीसीटीवी कैमरों की मैपिंग भी हो चुकी है। 

    ज्यादातर कैमरे पाश एरिया में लगे हैं लेकिन स्लम एरिया में भी पुलिस ने इन्हें ढूंढा है। पुलिस ने लोगों को अपने घरों और दुकानों के बाद इसकी भी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने की योजना भी बनाई है। यह योजना भी डीसीपी अंकुर गुप्ता ही लागू करवाने जा रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में सेमिनार कर पुलिस अधिकारी ही सेमिनार की अध्यक्षता करेंगे और लोगों को अपने घरों और दुकानों के बाहर सीसीटीवी लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 

  • लाइव चैट पर आपत्तिजनक दृश्य दिखा ब्लैकमेलर महिलाओं का गिरोह गिरफ्तार

    लाइव चैट पर आपत्तिजनक दृश्य दिखा ब्लैकमेलर महिलाओं का गिरोह गिरफ्तार

    गाजियाबादः उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी आपत्तिजनक वीडियो बना लेती थीं। इसके बाद उसी वीडियो को वायरल कर देने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करती थीं। पुलिस ने गैंग की तीन महिलाओं के पास से मोबाइल फोन, कैमरे, वेबकैम, चेक बुक और कैश बरामद किया है।

    दरअसल, गाजियाबाद पुलिस को शिकायत मिल रही थी कि महिलाओं का एक गैंग पुरुषों को एक वेबसाइट के जरिए दोस्ती और चैटिंग के नाम पर ईमेल भेजता था। इसके बाद जब कोई युवक उस पर रिप्लाई करता था तो महिला उसके संपर्क में आकर उससे बातचीत करना शुरू कर देती थी।

    महिला युवक को अपनी बातों में फंसाकर आसानी से घुलमिल जाती थी। इसके बाद उससे लाइव वीडियो चैट पर बातें करने लगती थी। इसी वीडियो चैट के दौरान महिला आपत्तिजनक दृश्य दिखाकर स्क्रीनशॉट ले लेती थीं। इसके बाद महिला का असली रूप सामने आता था। महिला युवक को स्क्रीनशॉट वायरल कर बदनाम करने की धमकी देती थी। इससे डरकर युवक उसके जाल में फंस जाते थे और ब्लैकमेलिंग का शिकार होते थे।

    पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने मोबाइल से वेबकैम को जोड़ते हुए पूरा सेटअप तैयार कर रखा था, जिससे वेबसाइट पर आने वाले शख्स को फंसाकर उसका वीडियो बनाया जाता था।

    पुलिस ने इस सिलसिले में नंद ग्राम, कवि नगर और विजय नगर की महिलाओं को अरेस्ट किया है। वहीं एक अन्य महिला और गैंग से जुड़ा आकाश नाम का शख्स अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस को इन महिलाओं के मोबाइल से कई पुरुषों के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। जिनके जरिए ब्लैकमेलिंग की जा रही थी। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ब्लैकमेलिंग करने वाले इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। वहीं गिरफ्तार तीन महिलाओं से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कुछ और नाम सामने आ सकते हैं।

  • सैली से हंडोला तथा बोहरू से ओलिंडा सड़कों का निर्माण कार्य जल्द होगा शुरु : वीरेन्द्र कंवर

    सैली से हंडोला तथा बोहरू से ओलिंडा सड़कों का निर्माण कार्य जल्द होगा शुरु : वीरेन्द्र कंवर

    ऊना/ सुशील पंडित: सैली से हंडोला तक 12.22 करोड रुपए तथा बोहरू से ओलिंडा तक 10.31 करोड़ से बनने वाली सड़कों की टैंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है जिसके पूरा करने के साथ ही इन सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। सरकार के प्रयासों से इन क्षेत्रों के लोगो की चिरलंबित मांगें पूरी हांगी तथा स्थानीय लोगों को पक्की सड़क सुविधा मिलेगी। 
    यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य विभाग मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ग्राम पंचायत चंगर के गांव कमून, हंडोला तथा जगातखाना में जनसमस्याएं सुनने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दी।
    उन्होंने बताया कि गत पौने 5 वर्षों  के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड रुपए पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इन पेयजल योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात रोजाना एक करोड़ लीटर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा भविष्य में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में किसान के खेत तक सिंचाई की सुविधा हो इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस कड़ी में समूर तथा चपलाह में निर्मित चैक डैमों से क्षेत्र की 9 हजार कनाल भूमि सिंचित होगी तथा इसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों व बागवानों को  होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चंगर के गांव कमून तथा जगातखाना के लिए सिंचाई योजना का निर्माण किया जाएगा ताकि भविष्य में इस क्षेत्र के किसानों  को बड़े स्तर पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अलावा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर 230 करोड़ रुपए तथा भवन निर्माण कार्यों पर 150 करोड रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि  सरकार ने सामाजिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराए में छूट दी है।
    इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के पेंशन सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या से निपटने के लिए कृषि, बागवानी तथा पशुपालन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया गया है जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को मिला है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए भविष्य में कुटलैहड़ क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे तथा औद्योगिक निवेश को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि गत पौने 5 वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है जिसका श्रेय इस क्षेत्र की जनता को जाता है जिन्होंने लगातार चार बार उन्हें इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया। 
    उन्होंने गांव वासियों की मांग पर कमून में समुदायिक भवन व पेयजल टैंक बनाने तथा गांव जगातखाना के लिए बस सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान सुनील कुमार, मास्टर जय सिंह तथा दिलबर सिंह ने भी ने भी संबोधित किया।
    इस अवसर पर चंगर पंचायत के प्रधान सुनील कुमार व उपप्रधान कुलबीर सिंह, पूर्व उप प्रधान सुखदेव सिंह, वार्ड सदस्य प्रकाश चंद, निर्मला देवी निर्मल कौर पूर्व प्रधान रणवीर सिंह, मास्टर जय सिंह, दिलबर सिंह महिला मंडल प्रधान मीना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।
  • स्कूल की छत पर बम धमाके से गर्मायी सियासत, 4 लोग गिरफ्तार

    स्कूल की छत पर बम धमाके से गर्मायी सियासत, 4 लोग गिरफ्तार

    कोलकाताः पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ इलाके में एक स्कूल में हुए बम विस्फोट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के अधिकारी ने बताया कि 18-19 साल की उम्र के आरोपियों को आधी रात के करीब कमरहाटी और टीटागढ़ इलाकों से पकड़ा गया है। उन्होंने कहा- हम उनसे पूछताछ करके सभी संभावित पहलुओं का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक कमरहाटी का है, जबकि बाकी टीटागढ़ के हैं।

    शनिवार को कक्षा में पढ़ाई के दौरान स्कूल की इमारत की छत पर देसी बम में विस्फोट हुआ था। पुलिस ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि छात्र और शिक्षक तीन मंजिला इमारत की पहली दो मंजिलों पर स्थित कमरों में थे। अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने स्कूल के गेट पर एक शक्तिशाली देसी बम फेंकने के अपने प्रारंभिक इरादे को बदल दिया था, क्योंकि घटनास्थल पर भीड़ थी। उन्होंने कहा कि वे इस कृत्य को अंजाम देने के लिए बगल की एक इमारत की छत पर चढ़ गए थे।

    अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से तीन स्कूल के पूर्व छात्र हैं। घटना के पीछे आरोपी और स्कूल के कुछ अन्य छात्रों के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी को प्राथमिक मकसद माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक आरोपी के आवास पर तलाशी अभियान के दौरान 10 देसी बम मिले।

    इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि शनिवार की घटना इस तथ्य की ओर इशारा करती है कि ‘पश्चिम बंगाल में स्कूली छात्र भी सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते’ घोष ने दावा किया- ‘तृणमूल कांग्रेस के शासन में राज्य में शिक्षा के क्षेत्र ने अपनी अंतिम यात्रा शुरू कर दी है। युवा पिस्तौल और बम लेकर घूम रहे हैं, क्योंकि पश्चिम बंगाल में कोई रोजगार नहीं है।’

    घोष की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा- ‘पुलिस अपना काम कर रही है और जांच जारी है।’ दमदम के लोकसभा सदस्य ने आरोप लगाया- ‘भाजपा को इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए, जो बदमाशों को संरक्षण देती है।’ शनिवार को भाजपा की हुगली से लोकसभा सदस्य लॉकेट चटर्जी ने घटना की सीबीआई जांच की मांग की थी।