Blog

  • पंजाब पुलिस को बंबिहा गैंग ने दी धमकी, कहा- धमकियां नहीं देंगे अब सीधे करेंगे कार्रवाई 

    पंजाब पुलिस को बंबिहा गैंग ने दी धमकी, कहा- धमकियां नहीं देंगे अब सीधे करेंगे कार्रवाई 

    चंडीगढ़ः पंजाब में एक बार फिर से गैंगस्टर एक्टिव होने शुरू हो गए है। दविंदर बंबिहा गैंग ने अब पंजाब पुलिस को धमकी दी है। दरअसल, गैंगस्टर सुखप्रीत बुडा के खिलाफ बठिंडा जेल में केस दर्ज होने के बाद से बांबिहा गैंग में हड़कंप मच गया है। बंबिहा गैंग ने सीधे पंजाब पुलिस को धमकाना शुरू कर दिया है। दविंदर फ्रांस बंबिहा के सोशल मीडिया अकाउंट पर सुखप्रीत बुडा को परेशान ना करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि अगर इसे ना रोका गया तो हम धमकियां नहीं देंगे बल्कि सीधे कार्रवाई करेंगे।

    बता दें कि बंबिहा गैंग पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गया है। जिससे पंजाब में बड़े गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आर्मेनिया में गैंगस्टर दविंदर बंबिहा की मौत के बाद लकी पटियाला और जेल में बंद सुखप्रीत बुडा बांबिहा गैंग को चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार हमारे साथियों को तंग परेशान कर रही है। बठिंडा जेल में बंद हमारे भाई सुखप्रीत बुडा को प्रताड़ित किया जा रहा है। यह बहुत बुरी बात है।

    जिन लोगों ने गंदगी पाई है, उन्हें जायज ठहराया जा रहा है। इसका परिणाम बहुत बुरा होगा। पंजाब पुलिस में इतना जोश है तो सिद्धू मूसेवाला के हत्यारे को लाओ। मनकीरत औलख को पकड़कर लाओ। यह सभी पकड़े नहीं जाते। हमारे किसी आदमी को परेशान मत करो। 23 अगस्त को बठिंडा जेल में बंदियों की चेकिंग की जा रही थी। इस बीच गैंगस्टर सुखप्रीत बुड़ा ने तलाशी लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद जेल अधिकारी नवदीप सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। जिसकी शिकायत उन्होंने बठिंडा पुलिस से की। इस मामले में अब बुडा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

  • मूसेवाला मर्डर केस: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े दो लोग नामजद

    मूसेवाला मर्डर केस: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े दो लोग नामजद

    चंडीगढ़: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस के मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। दूसरी ओर मूसेवाला के माता-पिता ने बीते दिन कैंडल मार्च दौरान कई बड़े खुलासे किए हैं। वहीं अब इस मामले में नई जानकारी सामने आ रही है। दरअसल मूसेवाला के पिता ने डीजीपी को म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी थी जिसमें आरोप लगाया गया कि यह लोग मूसेवाला को धमका रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े इन नामी लोगों को नामजद किया है।

    बता दें कि मूसेवाला केस मामले में कोर्ट में जल्द चालान पेश किया जाएगा। इसी में म्यूजिक इंडस्ट्री के दो बड़े नामों को पुलिस ने नामजद किया है। वहीं जिन सिंगर्स को नामजद किया गया है वह पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में काफी चर्चित हैं और इनके पास सिद्दू मूसेवाला के करीब 50 से भी ज्यादा गाने हैं। हालांकि अब नामजदगी के बाद पुलिस इन पर एक्शन लेने की तैयारी कर रही है।

    गौरतलब है कि मूसेवाला को इंसाफ दिलाने के लिए इन दिनों फैंस और परिवार की तरफ से जगह-जगह कैंडल मार्च निकाला जा रहा है। फैंस लगातार सिंगर को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं मूसेवाला के पिता ने पंजाब सरकार को 1 हफ्ते का अल्टीमेटम दिया है। इसी के बाद से एसएसपी मानसा के साथ-साथ बड़े अधिकारी भी सिद्धू के पिता के साथ संपर्क में हैं।

  • रन फॉर कुटलैहड़ में मुख्यतिथि होंगे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर

    रन फॉर कुटलैहड़ में मुख्यतिथि होंगे ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर 28 अगस्त को प्रातः 8 बजे रन फॉर कुटलैहड़ कार्यक्रम में मुख्यतिथि होंगे, जबकि सुबह 11 बजे वह जिला परिषद हॉल ऊना में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे वीरेंद्र कंवर ग्राम पंचायत टक्का में आयोजित किए जाने वाले किसान सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी। 

    सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर 29 अगस्त को प्रातः 11 बजे भलोह में सिंचाई परियोजना का शुभारंभ करने के उपरांत भलोह खड्ड पर बने पुल तथा भलोह पुल से बन्ने वाला मोहल्ला तक लिंक रोड का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त को कंवर चमियाड़ी में पशु चिकित्सालय का उद्घाटन करने के साथ-साथ मेन रोड से राजकीय प्राथमिक पाठशाला चमियाड़ी तक बनने वाले लिंक रोड की आधारशिला रखेंगे। 

    सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि वीरेंद्र कंवर 31 अगस्त को स्तरोन्नत किए गए राजकीय उच्च विद्यालय टीहरा का शुभारंभ करेंगे। इसके उपरांत एक बजे थाना कलां में विवेकानंद मेमोरियल पुस्तकालय का लोकार्पण करेंगे तथा दोपहर दो बजे स्तरोन्नत किए गए राजकीय उच्च विद्यालय ककरणा का शुभारंभ करेंगे।

  • पंजाबः 100 करोड़ मुआवजा के मामले में नगर निगम को एनजीटी से लगा बड़ा झटका

    पंजाबः 100 करोड़ मुआवजा के मामले में नगर निगम को एनजीटी से लगा बड़ा झटका

    लुधियानाः नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने लुधियाना नगर निगम को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने अंतरिम मुआवजे के रूप में 100 करोड़ रुपये जमा करने के खिलाफ नगर निगम द्वारा दायर समीक्षा याचिका को खारिज कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनजीटी द्वारा समीक्षा याचिका खारिज होने के बाद अब धन की कमी से जूझ रही नगर निगम अब मामले को राज्य सरकार के समक्ष रखेगी।

    बता दें कि ताजपुर रोड के पास डंप साइट के साथ एक झुग्गी में आग लगने की घटना में 7 लोगों की मौत के मामले में एनजीटी ने 25 जुलाई को निगम को लुधियाना के जिलाधिकारी के पास एक माह के भीतर अंतरिम मुआवजे के 100 करोड़ रुपए जमा करवाने के आदेश जारी किए थे। क्योंकि एनजीटी द्वारा गठित निगरानी समिति ने एक रिपोर्ट प्रस्तुत की थी कि निगम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मानदंडों को सुनिश्चित करने में विफल रहा है।

    जिससे करीब 30 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा डंप के किनारे जमा हो गया। एनजीटी के फैसले के बाद नगर निगम ने एनजीटी के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की थी जिसे खारिज कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि एनजीटी द्वारा निगम की समीक्षा याचिका खारिज होने के बाद अपर आयुक्त आदित्य ढेचलवाल ने कहा कि वह इस संबंध में राज्य सरकार के समक्ष मामला उठा रहे हैं। निगम इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की योजना बना रहा है।

  • जालंधरः एडिक्शन सेंटर में तैनात महिला काउंसलर और उसके साथी कर्मी पर 3 युवकों ने किया हमला, देखें वीडियो

    जालंधरः एडिक्शन सेंटर में तैनात महिला काउंसलर और उसके साथी कर्मी पर 3 युवकों ने किया हमला, देखें वीडियो

    जालंधरः कपूरथला के जालंधर रोड पर अर्बन एस्टेट के नजदीक आज सुबह सिविल अस्पताल के डी – एडिक्शन सेंटर में तैनात महिला काउंसलर तथा उसके साथी कर्मी की कार पर 3 नकाबपोश युवको ने हमला कर महिला को घायल करने की घटना घटी है। सफेद रंग की बिना नंबर की अल्टो कार आए नकाबपोशो ने महिला की कार को बेसबैट तथा तलवारो से का पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।   

    घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर नजदीक नाके पर खड़ी पीसीआर टीम पहुंची। तथा सिटी पुलिस को सूचित किया। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर एसपी डी हरविंदर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए मामले की जाँच की जा रही है और नकाबपोश हमलावरों की तलाश के लिए सभी नाको पर अलर्ट कर दिया गया है।  

    सिविल अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित डी – एडिक्शन सेंटर में तैनात की महिला काउंसलर शमिंदर कौर ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह वह जालंधर से अपनी कार (PB08ET1818) पर अपने साथी कर्मी मनप्रीत के साथ ड्यूटी पर आ रही थी। जब वह अर्बन एस्टेट से थोड़ा आगे एक निजी स्कूल के पास पहुंची तो पीछे से आ रही सफेद रंग की एक आल्टो कार में सवार युवको ने उनकी कार के आगे अपनी कार लगाकर रोक लिया। और उसमें से निकले तीन नकाबपोश युवकों ने उन पर बेसबैट तथा तलवारों से हमला बोल दिया। इस हमले में उसकी बाजू पर भी गंभीर चोटें आई हैं और उनकी कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। 

    अनुमान लगे जा रहा है कि शमिंदर कौर कपूरथला के सिविल अस्पताल के डी – एडिक्शन सेंटर में काउंसलर है और किसी नशेड़ी ने किसी वजह से उनपर हमला किया हो या करवाया हो। हालाँकि शमिंदर ने किसी से भी कोई रंजिश न होने की बात कही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मोके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस बात की पुष्टि करते हुए SP डी हरविंदर सिंह ने बताया कि नकाबपोश हमलावरों की तलाश के लिए सभी नाकों पर अलर्ट कर दिया गया है। जल्द ही हमलावरों को काबू कर लिया जाएगा।

  • पंजाब सरकार को बड़ा झटकाः मोहल्ला क्लिनिक में नहीं रुक रहे डॉक्टर!

    पंजाब सरकार को बड़ा झटकाः मोहल्ला क्लिनिक में नहीं रुक रहे डॉक्टर!

    बरनालाः आम आदमी क्लिनिक से डॉक्टरों के इस्तीफे का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब बरनाला के उगोके गांव में आम आदमी क्लिनिक में तैनात ऑर्थो एमएस सर्जन ने इस्तीफा दे दिया है। अब इस क्लिनिक में केवल एक ट्रेनी फार्मेसी अधिकारी ही बचा है। बता दें कि उगोके आप विधायक लाभ सिंह का गांव है। एसएमओ तपा डॉ. नवजोतपाल सिंह भुल्लर ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई जगह डॉक्टर इस्तीफा दे चुके हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. ऑर्थो एमएस सर्जन डॉ. गुरसागरदीप सिंह ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को अपना इस्तीफा दे दिया है। हालांकि इस्तीफे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सूत्रों का कहना है कि वह ऑर्थो एमएस सर्जन थे और आम आदमी क्लिनिक दवाओं और उपकरणों की कमी के कारण बीमारियों का इलाज करने में असमर्थ थे। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवजोतपाल सिंह भुल्लर ने बताया कि आम आदमी क्लिनिक उगोके के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरसागरदीप सिंह का इस्तीफा उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टल्लेवाल के चिकित्सा अधिकारी को क्लिनिक चलाने के लिए तैनात किया गया है, जबकि फार्मेसी अधिकारी और क्लीनिकल ​​सहायक ने आकर पद संभाल लिया है। बता दें कि आम आदमी क्लिनिक के कर्मचारियों को पंजाब सरकार द्वारा ठेके के आधार पर भर्ती किया गया है। इसके तहत चिकित्सा अधिकारी और फार्मेसी अधिकारी को रोजाना 50 मरीजों तक के पैसे पक्के दिए जाएंगे, जबकि अगर अधिक मरीज आते हैं तो चिकित्सा अधिकारी को प्रति मरीज 50 रुपये और फार्मेसी अधिकारी को 12 रुपये प्रति मरीज दिए जाएंगे।

  • इस दिग्गज नेता ने छोड़ी कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी को भेजा 5 पन्नों का इस्तीफा

    इस दिग्गज नेता ने छोड़ी कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी को भेजा 5 पन्नों का इस्तीफा

    नई दिल्ली: गुलाम नबी आजाद ने बड़ा झटका देते हुए कांग्रेस पार्टी को छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता को भी छोड़ने की घोषणा की। आजाद पिछले कई दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे। सामने आई जानकारी के अनुसार आजाद ने पांच पन्नों का अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेजा है।

    आजाद कांग्रेस के नाराज नेताओं के जी-23 गुट में भी शामिल थे। यह गुट लंबे समय से कांग्रेस में नेतृत्व सहित कई तरह के बदलाव की मांग करता रहा है। कुछ दिन पहले ही आजाद की नाराजगी उस समय भी सामने आई थी जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के कुछ ही घंटों में उस पद से इस्तीफा दे दिया था।

    गुलाम नबी आजाद ने इस्तीफे में क्या लिखा?

    आजाद ने सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में बेहद तल्ख बातें लिखी हैं। पांच पन्नों के अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि एआईसीसी को संचालित कर रहे कुछ लोगों द्वारा नियंत्रित कांग्रेस ने इच्छाशक्ति और क्षमता खो दी है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने से पहले ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’ करनी चाहिए थी। आजाद ने पत्र में कहा कि सोनिया और राहुल के 2014 से अब तक के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 49 विधानसभा चुनाव में से 39 में हार चुकी है। बाकी 10 में से केवल चार में पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला और बाकी छह मौकों पर पार्टी गठबंधन के साथ गई।  

    2019 के चुनाव के बाद लगातार पार्टी की स्थिति होती जा रही बदतर 

    आजाद ने लिखा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की लगातार बदतर स्थिति होती जा रही है जब आननफानन में राहुल ने अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। आजाद ने लिखा, ‘आप (सोनिया गांधी) फिर अंतरिम अध्यक्ष बन गईं और पिछले तीन साल से आप इस पद पर हैं।’ आजाद के अनुसार, सबसे खराब ये है कि ‘रिमोट कंट्रोल मॉडल’ जिसने यूपीए सरकार की संस्थागत समग्रता को नुकसान पहुंचाया अब वह इंडियन नेशनल कांग्रेस पर भी लागू हो गया है। आप केवल एक चेहरा मात्र हैं और सभी अहम फैसले राहुल गांधी या कहें कि उनके सिक्योरिटी गार्ड या पीए द्वारा लिए जा रहे हैं।

  • पंजाबः बुलेट और पल्सर की आमने-सामने टक्कर, 3 घायल, देखें वीडियो

    पंजाबः बुलेट और पल्सर की आमने-सामने टक्कर, 3 घायल, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः पंजाब के गुरदासपुर-मुकेरियां की मेन रोड स्थित गांव नचिरा पाटन में बुलेट और पल्सर मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर होने का मामला सामने आया है। इस हादसे में एक महिला समेत 3 लोग घायल हो गए। घटना का मामला वहां पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हादसे दौरान मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।

    मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने जानकारी देते हुए बताया कि बंटी व उसकी पत्नी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुकेरियां की ओर जा रहे थे, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवक मुकेरियां से गुरदासपुर जा रहा था। आमने-सामने की टक्कर सड़क हादसे की पूरी घटना सामने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

    उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल का अगला टायर भी फट गया और रिम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पल्सर मोटरसाइकिल सवार बंटी और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सवार एक युवक भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। 

  • दिल दहला देने वाली घटना, घर में पड़े मिले परिवार के 6 सदस्यों के शव 

    दिल दहला देने वाली घटना, घर में पड़े मिले परिवार के 6 सदस्यों के शव 

    हरियाणा के अंबाला में से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, अभी तक मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने जानकारी दी है कि घर से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है। हाल ही में जम्मू से भी इस तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक परिवार के 6 सदस्यों के शव दो अलग-अलग घरों में पाए गए थे।

    अंबाला डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने बताया, ‘दो बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 सदस्य मृत पाए गए हैं। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया जा रहा है। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आगे की जांच जारी है।’ घटना अंबाला के बलाना गांव की है। मृतकों की पहचान संगत राम, महिंद्र कौर (पत्नी), सुखविंदर सिंह (बेटा), रीना (सुखविंदर की पत्नी) के तौर पर हुई है। इसके अलावा मरने वालों में नाबालिग बेटियां आशू और जस्सी भी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि सुखविंदर ने खुदकुशी से पहले परिवार को जहर दे दिया था। वह निजी कंपनी के लिए काम करता था। शवों को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा गया है।

  • गैंगस्टर मनदीप मनाली की गोलियां मारकर हत्या

    गैंगस्टर मनदीप मनाली की गोलियां मारकर हत्या

    गोल्डी बराड़ गैंग ने ली कत्ल की जिम्मेवारी, ऑडियो हुआ वायरल

    चंडीगढ़। सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गोल्डी बराड़ की दुश्मन गैंग का एक गैंगस्टर गैंगवॉर में मारा गया है. फिलीपींस में उस गैंगस्टर को मौत के घाट उतारा गया है. मारे गए गैंगस्टर का नाम संदीप है जो बमबीहा गैंग के लिए काम करता था. 

    जानकारी के लिए बता दें कि बमबीहा और गोल्डी बराड़ गैंग के बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है. दोनों ही गैंग के कई सदस्य इस गैंगवॉर की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं. अब पंजाब का रहने वाला मंदीप भी इसी गैंगवॉर की वजह से दुनिया को अलविदा कह गया है. अब किस वजह से उसे मारा गया, किस बात को लेकर विवाद रहा, ये अभी तक स्पष्ट नहीं है.

    सिद्धू मूसेवाला की बात करें तो इसी साल 29 मई को उनकी हत्या की गई थी. उन पर 28 राउंड फायरिंग की गई थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. उनकी हत्या के पीछे लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार का नाम सामने आया था. इस समय लॉरेंस बिश्नोई की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसी के जरिए दूसरे आरोपियों तक पहुंचा जा रहा है. वैसे मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार भी सवालों के घेरे में आ गई थी.

    असल में सिंगर की हत्या से कुछ दिन पहले ही सरकार ने कई वीआईपी लोगों की सुरक्षा वापस ली थी. उसमें सिद्धू मूसेवाला का नाम भी शामिल था. अब तर्क दिया जा रहा है कि पहले से ऐसे इनपुट मिले थे कि मूसेवाला की जान को खतरा हो सकता है, लेकिन फिर भी सुरक्षा में कटौती हुई और फिर बाद में उनकी हत्या कर दी गई. कुछ दिन पहले पाकिस्तान से किसी शख्स ने मूसेवाला के पिता को भी जान से मारने की धमकी दी. उस मामले में पुलिस अभी जांच कर रही है.