Blog

  • Himachal News: नगर निगम, प्रशासन, पुलिस और व्यापार मंडल की हुई संयुक्त बैठक

    Himachal News: नगर निगम, प्रशासन, पुलिस और व्यापार मंडल की हुई संयुक्त बैठक

    व्यापारियों को अतिक्रमण के खिलाफ जागरूक करने की अपील 

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम द्वारा पिछले कुछ दिनों से छेड़े गए विशेष अभियान के तहत वीरवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने की, जबकि व्यापार मंडल के प्रदेश चेयरमैन अश्वनी जैतिक व प्रधान प्रिंस राजपूत विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम, प्रशासन, पुलिस और व्यापार मंडल हुई इस संयुक्त बैठक में अतिक्रमण के कारण पेश आ रही समस्यायों और इसके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

    नगर निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने व्यापार मंडल से सभी व्यापारियों को अतिक्रमण के खिलाफ जागरूक करने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों को स्पष्ट रूप से अवगत करवाया कि जिला मुख्यालय की सडक़ों और बाजारों में अतिक्रमण के चलते आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आए दिन लगने वाले जाम से ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा जाती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है, और आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों को सुझाव दिया कि दुकानों के सामने माल की लोडिंग व अनलोडिंग के लिए एक निश्चित समय सारणी तय की जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो।

    नगर निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने स्तर पर सभी व्यापारियों को अतिक्रमण के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें और उन्हें स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है, लेकिन शहर की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अनिवार्य है। इस अवसर पर एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान, व्यापार मंडल प्रदेश प्रभारी प्रमोद वर्मा, महासचिव रघु पुरी, उपप्रधान नवीन पुरी, नंद लाल पुरी, सचिव नरेश ठाकुर, सविता अरोड़ा, सलाहकार पंकज पुरी, नीरज कपिला, दविंद्र, हेमंत, रमेश मेहता, विपन ओहरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • Punjab News: फौजी पर हुआ जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: फौजी पर हुआ जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले के नारंगपुर गांव में छुट्टी पर आए फौजी पर 6 से 7 लोगों ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से फौजी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल फौजी की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी नारंगपुर के रूप में हुई है।

    मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित के पिता भगवान सिंह ने बताया कि उन्हें लोगों ने बताया कि 6 से 7 नौजवानों ने बेटे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिसेक बाद वह मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायल बेटे को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। फौजी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    इस संबंध में पुलिस में पीड़ित ने शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करे और उन्हें न्याय दिलाए। पठानकोट सिविल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तैनात डॉ. पुनीत गिल का कहना है कि आपातकालीन विभाग में एक मरीज आया है, कुलविंदर कुमार जो कि सेना में कार्यरत है, जिसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज आपातकालीन वार्ड में किया जा रहा है और एमआरआई रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Himachal News: पुलिस ने काटे 458 चालान

    Himachal News: पुलिस ने काटे 458 चालान

    ऊना/ सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 458  वाहनों के चालान काटे ,जिनमें से 123 चालानों का मौके पर निपटारा करके जुर्माने के रूप में 90100 /-रूपये वसूल किए ।

    वहीं सार्वजानिक स्थानों पर धुम्रपान करने पर 28  व्यक्तियों के चालान काटे व जुर्माने के रुप में 2800/-रुपये वसूल किए गए।

  • Punjab News: सब्जी मंडी में स्थित होटल में महिला की मौत, 4 पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: सब्जी मंडी में स्थित होटल में महिला की मौत, 4 पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

    पठानकोटः जिले की सब्जी मंडी में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब सब्जी मंडी में स्थित एक होटल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मृतक महिला को उसका साथी होटल में लेकर आया था जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पठानकोट के थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने मृतक महिला के साथी 2 युवकों और फुटओवर ट्रक मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिया गया है।

    डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ मनदीप सलगोत्रा का कहना है कि मृतका की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। एसएचओ ने बताया कि 35 वर्षीय महिला का शव सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बीती रात उन्हें सूचना मिली थी कि एक महिला जिसकी मौत हो चुकी है, उसे उसकी महिला साथी होटल में लेकर आई है।

    जांच करने पर पता चला कि यह महिला अपनी साथी ज्योति के साथ होटल में आई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। एसएचओ ​​ने बताया कि इस मामले में होटल कृष्णा रेजीडेंसी के मालिक समेत कुल 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें मृतक महिला का साथी, 2 युवक और एक फुटओवर ट्रक मालिक शामिल है। महिला की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला स्थानीय होटल कृष्णा रेजीडेंसी में क्या करने आई थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

  • अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध एवं तस्करी रोकथाम दिवस पर घालूवाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध एवं तस्करी रोकथाम दिवस पर घालूवाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    एसपी ने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का दिया संदेश

    ऊना/सुशील पंडित: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ऊना के सौजन्य से घालूवाल स्थित नशा निवारण केंद्र में आज (गुरुवार) को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध एवं तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी अमित यादव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें पुनः सामान्य जीवन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक रूप से भी उसे कमजोर बनाता है।

    एसपी ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके घातक प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने उपचाराधीन युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया और कहा कि यदि कोई नशे की गिरफ्त में आ भी गया है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसे एक चुनौती मानते हुए उससे बाहर निकलना पूरी तरह संभव और प्रेरणादायक हो सकता है।

    उन्होंने कहा कि एक अच्छी जीवनशैली, मजबूत इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच से किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है। संस्थाएं तभी आपकी मदद कर सकती हैं, जब आपके भीतर खुद को बदलने की सच्ची भावना हो। जब व्यक्ति दूसरों की मदद करने लगता है, तो उसके अपने जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं।
    एसपी ने जिले में चल रहे नशा उन्मूलन अभियानों की जानकारी भी साझा की और बताया कि नशे की तस्करी में संलिप्त तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

    कार्यक्रम के दौरान उपचाराधीन युवाओं ने नशा उन्मूलन पर आधारित कविताएं, विचार और अनुभव भी साझा किए। उन्होंने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी जतिंदर शर्मा, पंड़ोगा पुलिस चौकी इंचार्ज एसएचओ गुरध्यान शर्मा, परियोजना समन्वयक सुरेश कुमार, डॉ अनिल कुमार, योग चिकित्सक डॉ बलदेव डोगरा, सलाहकार परवीन कुमारी तथा डॉ यामिनी, अमन तथा जगदीश चंद उपस्थित रहे।

  • Punjab News: पंचरत्न हौजरी की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत

    Punjab News: पंचरत्न हौजरी की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी की मौत

    लुधियानाः जिले के गांधी नगर में दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दंपति ने बैंक से लोन लिया हुआ था। दपंति की गांधी नगर में पंचरत्न हौजरी की दुकान है। लोगों का कहना है कि बैंक कर्मियों से परेशान होकर आज दंपति ने जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतक महिला की पहचान 59 वर्षीय कुलबीर कौर और 62 वर्षीय जसबीर सिंह के रूप में हुई है। इस घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल पाया जा रहा है।

    लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा शव को डीएमसी अस्पताल ले जाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि दंपति ने बैंक से कर्ज लिया हुआ था, जिसके चलते बैंक के कर्मी अक्सर दुकान पर आते थे। लोगों का कहना है कि बैंक कर्मियों के बार-बार दुकान पर आकर उन्हें परेशान किए जाने के चलते आज दुखी होकर दोनों ने जीवनलीला समाप्त कर ली है। पुलिस का कहना हैकि मामले की जांच की जा रही है।

    जांच के बाद ही मामले को लेकर बनती कार्रवाई की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार 2 करोड़ रुपए का IDFC बैंक से लोन लिया था। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में मृतकों ने लिखा है कि उन्हें एक दिन में 200 से अधिक फोन किए जाते थे।

  • Punjab News: गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना को लेकर भारी रोष, श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपा मांग पत्र, देखें वीडियो

    Punjab News: गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना को लेकर भारी रोष, श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपा मांग पत्र, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के तिलक नगर सुंदर नगर के एक गुरुद्वारे में हुई बेअदबी की घटना ने पूरे सिख समाज में चिंता की लहर है। इस मामले में आल इंडिया सिख सत्कार समिति के नेता रविंदर सिंह खालसा ने मीडिया के माध्यम से बताया कि ग्रंथी सिंह ने गुरुद्वारे और समिति की बदनामी के लिए गलत हरकत करते हुए एक लाइव वीडियो वायरल की। इस व्यक्ति ने अमृतकाल में पवित्र ग्रंथों पर मिट्टी डाली और उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर चलाई। समिति ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि उक्त ग्रंथी सिंह पहले भी कई गुरुद्वारों से अनुचित व्यवहार के कारण निकाला जा चुका था।

    बताया गया कि उसे अच्छी आवासीय सुविधा, एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं और 12000 हजार मासिक वेतन मिल रही थी, फिर भी वह अमानवीय व्यवहार करता रहा। भाई रविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पूरा विवरण और पृष्ठभूमि एकत्र कर अकाल तख्त साहिब के समक्ष प्रस्तुत की है। उन्होंने न्याय की मांग की और भरोसा जताया कि अकाल तख्त साहिब से उन्हें पूरा न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त सचिवालय की टीम ने विश्वास दिलाया है कि वे इस मामले की गंभीर जांच कराएंगे और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

    इस मामले में गुरुद्वारे की सेवादार सिमरनदीप कौर ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि हम हर सुबह गुरुद्वारे में जाकर नियमित पूजा करते हैं। गुटका साहिब लेकर गुरुद्वारे आते हैं, दो-तीन घंटे रहकर सारी सफाई और देखभाल करते हैं, फिर घर लौटते हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन जब से नए पाठी सिंह गुरुद्वारे आए, हालात पूरी तरह बदल गए। संगत की संख्या कम होने लगी, कीर्तन-कथा बंद हो गई और जो भी कथा होती थी।

    वह धार्मिक की बजाय दुनियावी बातों पर केंद्रित रहने लगी। सिमरनदीप कौर ने कहा कि पाठी सिंह हमेशा अपनी बात को सही मानते रहे, किसी भी संगत की बात नहीं सुनी और केवल अपनी मनमर्जी चलाते रहे। इसी कारण संगत अब मांग कर रही है कि उनकी जगह कोई ऐसा पाठी सिंह लाया जाए जो गुरुमति अनुसार सेवा करे, कीर्तन और साखियों के माध्यम से संगत को गुरुद्वारे से जोड़े।

  • ICC का बड़ा फैसला: क्रिकेट के 8 नियमों में किया बड़ा बदलाव, अब बढ़ेगा रोमांच

    ICC का बड़ा फैसला: क्रिकेट के 8 नियमों में किया बड़ा बदलाव, अब बढ़ेगा रोमांच

    नई दिल्लीः इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए कई नए नियमों को मंजूरी दी है। इनमें सीमा रेखा नियम में संशोधन और वनडे में 35वें ओवर के बाद सिर्फ एक ही गेंद का इस्तेमाल शामिल है। इसके साथ-साथ आईसीसी ने टेस्ट में स्टॉप क्लॉक नियम लागू कर दिया है। यही नहीं अगर कोई कैच साफ नहीं है और खिलाड़ी अगर उसके बावजूद बल्लेबाज के आउट होने का दावा करता है तो उसे नो बॉल करार दिया जाएगा।

    टी20 और वनडे क्रिकेट में स्टॉप क्लॉक नियम लागू करने के एक साल बाद अब आईसीसी ने टेस्ट में भी इसे लागू करने का फैसला किया है। टेस्ट में स्लो ओवर रेट एक बड़ी समस्या है। अब आईसीसी के नए नियम के मुताबिक फील्डिंग टीम को पिछले ओवर के खत्म होने के एक मिनट के अंदर अगला ओवर शुरू करना होगा। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो अंपायर से उन्हें दो वॉर्निंग मिलेगी. इसके बाद अगर ऐसा हुआ तो हर बार 5 रन का जुर्माना लगाया जाएगा। 80 ओवर के बाद चेतावनी दोबारा रीसेट हो जाएंगी। ये नियम 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में ही लागू है।

    आईसीसी ने शॉर्ट रन के मामले पर भी बड़ा फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि जानबूझकर शॉर्ट रन लेने पर पहले 5 रन का जुर्माना लगता था, लेकिन नए नियमों के मुताबिक अगर बल्लेबाज एक्स्ट्रा रन चुराने के लिए जानबूझकर रन पूरा नहीं करता तो अंपायर फील्डिंग टीम से पूछेंगे कि वो किस बल्लेबाज को स्ट्राइक पर चाहते हैं। इसके अलावा शॉर्ट रन लेने वाले बल्लेबाजों की टीम पर 5 रन का जुर्माना तो लगेगा ही। हालांकि ये सब तभी होगा जब अंपायर को लगा हो कि बल्लेबाज का इरादा अंपायर को धोखा देना या रन बनाना नहीं था।

    आईसीसी ने गेंद पर सलाइवा लगाने पर बैन तो लगाया हुआ है लेकिन बड़ा बदलाव ये हुआ है कि अगर अंपायर किसी गेंद पर सलाइवा पाते हैं तो उसे तुरंत नहीं बदला जाएगा। ये बदलाव इसलिए किया गया ताकि गेंद बदलने के लिए टीमें जानबूझकर सलाइवा का इस्तेमाल ना करें। अब अंपायर सिर्फ तभी गेंद बदलेंगे जब उसकी स्थिति में भारी बदलाव हो, जैसे कि गेंद बहुत गीली हो या उसमें एक्स्ट्रा चमक हो। ये फैसला पूरी तरह अंपायर अपने विवेक से लेंगे। अगर अंपायर को लगता है कि लार के इस्तेमाल से गेंद की स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है तो गेंद नहीं बदलेगी।

    आईसीसी ने डीआरएस प्रोटोकॉल में भी बड़ा बदलाव किया है। मान लीजिए, एक बल्लेबाज को कैच आउट दिया गया और वो रिव्यू मांगता है। अल्ट्राएज दिखाता है कि गेंद बल्ले को छूए बिना पैड से टकराई। कैच आउट खारिज होने के बाद, टीवी अंपायर अब दूसरा डिसमिसल मोड (जैसे एलबीडब्ल्यू) की जांच करता है। पहले, अगर कैच आउट नहीं था, तो एलबीडब्ल्यू के लिए डिफॉल्ट निर्णय “नॉट आउट” होता था। लेकिन नए नियम में, जब एलबीडब्ल्यू के लिए बॉल-ट्रैकिंग ग्राफिक दिखाया जाएगा और अगर बल्लेबाज यहां आउट पाया गया तो उसे पवेलियन लौटना होगा।

    आीसीसी ने अंपायर और खिलाड़ी के रिव्यू की प्रक्रिया में भी बड़ा बदलाव किया है। मतलब पहले टीवी अंपायर पहले अंपायर और फिर खिलाड़ी के रिव्यू पर विचार करता था लेकिन नए नियम के मुताबिक अगर बल्लेबाज पहली घटना में ही आउट हो जाता है तो गेंद डेड हो जाएगी। दूसरे रिव्यू की जांच ही नहीं की जाएगी। उदाहरण के लिए, अगर एलबीडब्ल्यू और रन आउट के लिए अपील है, तो टीवी अंपायर पहले एलबीडब्ल्यू की जांच करेगा, क्योंकि ये पहले हुआ। अगर बल्लेबाज आउट है तो गेंद वहीं डेड हो जाएगी।

    आईसीसी ने कैच को लेकर भी एक बड़ा नियम बदला है। मान लीजिए, मैदानी अंपायरों को अगर पता नहीं है कि कैच सही लिया गया है या नहीं। लेकिन टीवी अंपायर बताता है कि ये नो बॉल थी। पहले, नो-बॉल सिग्नल होने पर कैच की निष्पक्षता की जांच नहीं होती थी। लेकिन नए नियमों में, तीसरा अंपायर अब कैच की समीक्षा करेगा. अगर कैच सही है, तो बल्लेबाजी करने वाली टीम को नो-बॉल के लिए केवल एक एक्स्ट्रा रन मिलेगा। लेकिन अगर कैच सही नहीं है, तो बल्लेबाजों की ओर से बनाए गए रन बल्लेबाजी टीम को मिलेंगे।

    आईसीसी ने वनडे क्रिकेट में 35वें ओवर के बाद एक ही नई गेंद के इस्तेमाल की इजाजत दे दी है। इससे अब डेथ ओवर्स में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकेगी। इसके अलावा बाउंड्री पर होने वाले कैच को लेकर भी आईसीसी ने बदलाव किया है। अगर कोई खिलाड़ी बाउंड्री के बाहर से गेंद के साथ किसी भी तरह का संपर्क अवैध माना जाएगा। फील्डर गेंद को बाउंड्री के बाहर से सिर्फ एक ही बार उछाल कर कैच पकड़ सकते हैं।

     

  • इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे Shubhanshu Shukla ने रचा इतिहास, दुनिया में बजा भारत का डंका, देखें वीडियो

    इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे Shubhanshu Shukla ने रचा इतिहास, दुनिया में बजा भारत का डंका, देखें वीडियो

    लखनऊः भारत के शुभांशु शुक्ला और पोलैंड, अमेरिका और हंगरी के 3 और प्राइवेट अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर एक्सिम मिशन 4 (एक्स-4) वीरवार शाम करीब 4 बजे अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर डॉक किया। वह 14 दिनों तक यहां रहकर रिसर्च करेंगे। 41 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचे हैं और इस तरह वे ऑर्बिटिंग लैब तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। ह्यूस्टन स्थित एक्सिम स्पेस ने करीब एक महीने की देरी और कई बार स्थगित होने के बाद बुधवार को दोपहर 12.01 बजे फ्लोरिडा के केप कैनावेरल में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से आईएसएस के लिए अपना चौथा क्रू मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च किया।

    यह इतिहास रचे जाने के बाद शुभांशु शुक्ला के मां-बाप भी भावुक हो गए। शुभांशु की इस उपलब्धि से सिर्फ देश और उनका परिवार बहुत खुश है। शुभांशु के माता-पिता गर्व का अनुभव कर रहे हैं, हो भी क्यों ना. बेटा इतिहास जो रचने जा रहा है। शुभांशु के पिता शंभू दयाल ने कहा कि उनके बेटे की उपलब्धि न सिर्फ लखनऊ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। पिता ने कहा, उनका मिशन दोपहर 12 बजे के आसपास लॉन्च होने वाला है। उनके मिशन को लॉन्च होते देखने के लिए हम बहुत उत्सुक और खुश हैं। हमारा आशीर्वाद उनके साथ है. ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनका मिशन अच्छी तरह से पूरा हो। शुभांशु के लिए लगाए गए सभी पोस्टर देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। वह लखनऊ ही नहीं राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमें उन पर गर्व है।

    दरअसल, शुभांशु शुक्ला के साथ इस मिशन पर पोलैंड के मिशन स्‍पेशलिस्‍ट स्लावोज उज्‍नास्‍की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू के साथ अमेरिका की कमांडर पैगी व्हिटसन भी सवार हैं। व्हिसटसन नासा की अंतरिक्ष यात्री रह चुकी हैं और अब एक्सिओम स्पेस कंपनी के लिए काम करती हैं। 24 घंटे से ज्‍यादा समय तक परिक्रमा करने के बाद, फाल्कन 9 रॉकेट पर सवार स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन कैप्सूल में सवार क्रू वीरवार को अंतरिक्ष स्टेशन के साथ डॉक करने वाला है।

    अंतरिक्ष में स्थित इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन (ISS) अंतरिक्ष यात्रियों के घर का जैसा है। अमेरिका की तरफ से मनुष्यों को अंतरिक्ष में ले जाने वाले कई अंतरिक्षयान लॉन्च किए गए हैं। साथ ही उसने ISS पर माइक्रोग्रैविटी में महीनों तक मिशन चलाए हैं। जबकि उनका अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष स्टेशन पर ‘डॉक’ रहा। ‘डॉकिंग’ तब होती है जब कोई अंतरिक्ष यान अपने आप अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ता है और मैन्‍युवर करता है। नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन डॉकिंग को ‘मेटिंग ऑपरेशंस’ के तौर पर बताता है जहां एक एक्टिव व्‍हीकल अपनी ताकत के साथ मेटिंग इंटरफेस में उड़ता है। वहीं इसरो के अनुसार अंतरिक्ष में डॉकिंग टेक्‍नोलॉजी का प्रयोग तब होता है जब सामान्य मिशन मकसदों को हासिल करने के लिए कई रॉकेट अंतरिक्ष में लॉन्च किए जाते हैं।

    शुभांशु शुक्‍ला और पूरा क्रू 14 दिनों तक आईएसएस पर रहेगा। इस दौरान ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला नासा की मदद से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और डिपार्टमेंट ऑफ बायो टेक्‍नोलॉजी (डीबीटी) के बीच सहयोग के तहत विकसित स्‍पेशल फूड एंड न्‍यूट्रिशियस संबंधी एक्‍सपेरीमेंट से जुड़े एक्‍सपेरीमेंट्स करेंगे। इसरो ने शुक्ला के लिए 7 प्रयोगों का एक सेट तैयार किया है। यह नासा की तरफ से अपने ह्यूमन रिसर्च प्रोग्राम के लिए तय पांच ज्‍वॉइन्‍ट स्‍टडीज में भी हिस्‍सा लेंगे। नासा ने आईएसएस पर एक्‍सपेरीमेंट्स के लिए भारतीय भोजन पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बनाई है। इसमें माइक्रोग्रैविटी स्थितियों में मेथी और मूंग यानी हरा चना को अंकुरित करना शामिल है।

  • समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीबीएन के दो पत्रकारों को किया सम्मानित

    समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीबीएन के दो पत्रकारों को किया सम्मानित

    बीबीएन से प्रबुद्ध नागरिकों ने दिया सम्मान

    बद्दी/सचिन बैंसल: बीबीएन के प्रबुद्ध नागिरको ने बीबीएन के  दैनिक समाचार पत्रों के दो पत्रकारों को  समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को लेकर उन्हें सम्मानित किया गया। बीबीएन में ऐसा पहला मौका था जब यहां के लोगों ने  बीबीएन के पत्रकारों  के सम्मान के लिए कार्यक्रम रखा। समारोह में आए सभी पत्रकार बंधुओं ने इस पहल का स्वागत किया । ऐसे करने से पत्रकारों का मनोबल बढ़ेगा। किशनपुरा स्थित ली मेरिट  में आयोजित समारोह में हिंदी समाचार पत्रों के संवाददाता पोला राम चौधरी व ओमपाल सिंह को अंग वस्त्र व टोपी पहना कर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पहल पत्रकारों को मनोबल बढ़ाने के लिए की गई है। जिससे वह और ईमानदारी व सच्चाई के साथ लोगों को नई जानकारी प्रदान करे।

    कार्यक्रम में सेवानिवृत सहायक निदेशक देवव्रत यादव ने कहा कि बद्दी के प्रबुद्ध लोगों ने अब यह फैसला लिया है कि प्रदेश इस औद्योगिक क्षेत्र के उत्थान के लिए कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पत्रकारिता जगत स्वतंत्र राष्ट्र में चौथा संतभ के रूप में प्रबल प्रहरी के रूप में काम करता है। जब न्यायपालिका, कार्यपालिका व विधायिका निष्कृय हो जाती है तो पत्रकारिता लोकतंत्र को बचाने में अहम भूमिका निभाता है। कलर्स इंडिंया कंपनी के प्लांट हैड राधा गोबिंद मंत्री ने कहा कि वह खुशी महसूस कर रहे है कि पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज निर्माण में कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया है।आने वाले समय में अन्य पत्रकारों को भी मौका दिया जाएगा।

    समारोह में बिरला टैक्सटाईल कंपनी के वाईस प्रेजीडेंट आरके शर्मा, दीपक स्पिनिंग मिल के सीनियर वाईस प्रेजीडेंट एसएस सकसेना, लीव गार्ड कंपनी के महाप्रंबधक ओमप्रकाश, ब्जाज एलांयस के प्रबंधक अनुपम शर्मा, अधिवक्ता विष्णु शर्मा, ईएसआईसी के सेवानिवृत सहायक निदेशक देवव्रत यादव, कलर्स इंडिया कंपनी के प्लांट हैड राधा गोबिंद मंत्री, लाज मोटर्स के एमडी रमन कौशल, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश इकाई के सदस्य मेला राम चंदेल ने पत्रकारों के सम्मान में रखे कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर  वरिष्ठ पत्रकार रणेश राणा, बलबीर ठाकुर, योगराज भाटिया, सुनील शर्मा भी उपिस्थत रहे।