Blog

  • Punjab News: कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचोरिया की मौत की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, मूसेवाला का लिया बदला

    Punjab News: कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचोरिया की मौत की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, मूसेवाला का लिया बदला

    मोहालीः गांव सोहाना के सेक्टर-82 के मैदान में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वैदवान स्पोर्ट्स क्लब द्वारा कबड्डी कप में गोलियां चली। इस घटना में कबड्डी कप में आए खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बलाचोरिया की गोली लगने से मौत हो गई। दरअसल, फैन बनकर मिलने आए 3 युवकों ने सेल्फी लेते ही बलचोरिया पर गोलियां चला दी। जैसे ही वह फोटो खिंचवाने लगा, उन्होंने पिस्तौल से 4-5 राउंड फायरिंग की। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए हमलावर मोटरसाइकिल और बोलेरो से फरार हो गए। गोली उसके सिर और चेहरे पर लगी।

    गंभीर हालत में घायल को तुरंत फेज-8 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान राणा बल्लाचोरिया की मौत हो गई। राणा बलाचोरिया की 10 दिन पहले ही शादी हुई थी। दूसरी ओर देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट करके घनश्यामपुरिया गैंग से जुड़े सागरनोरीत ने इसकी जिम्मेदारी ली । गैंग ने राणा को लॉरेंस गैंग से संबंधित बताया तथा सिद्धू मुसेवाला केस में भी राणा की भूमिका बताते हुए इसे अपना बदला बताया। पोस्ट में कहा गया है कि उन्होंने अपने भाई सिद्धू मूसेवाला का बदला लिया है।

    अब तक कबड्डी टूर्नामेंटों में सट्टेबाजी और गैंगस्टरिज़्म की इनवॉल्वमेंट सामने आ रही है। पिछले चार वर्षों में कबड्डी खिलाड़ियों और प्रमोटरों की हत्याओं के पीछे भी गैंगस्टरों का हाथ दिखा है। कुल मिलाकर पिछले 2-5 वर्षों में यही कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर तीसरी बार मारे गए। इससे पहले 2022 में संदीप नंगल अंबियाँ को जालंधर में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान गोलियों से भूनकर मार दिया गया था।

    उसके बाद अक्टूबर 2025 में जगराऊं के तेजपाल सिंह को गोलियों से हताहत किया गया था। तीसरा—5 नवंबर 2025 को लुधियाना में गुरविंदर सिंह की भी हत्या कर दी गई थी, और अब 2025 खत्म होते-होते राणा बलाचोरिया को भी गोलियों से मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। इन सभी हमलों की जिम्मेदारी गैंगस्टरों ने भी स्वीकार की है कि ये हम लोगों ने किए हैं। पुलिस अब यह तहकीकात कर रही है कि खेल के मैदानों के भीतर खिलाड़ियों के पीछे जिस तरह की सट्टेबाजी दिखाई देती है, उसके पैसे कहीं बाहर देश में बैठे गैंगस्टर ही तो खिलाड़ियों को प्रोमोट करके नहीं भेज रहे।

    क्योंकि पंजाब और कनाडा में इन टूर्नामेंटों में जग्गू भगवानपुरिया की भूमिका भी सामने आई थी। वहीं गोल्डी बराड़ और लारेंस बिश्नोई के कबड्डी कप मैचों में निवेश से जुड़े संकेत भी मिले हैं। बताया गया कि इसी वजह से सिद्धू मूसेवाले की मौत का कारण भी बनी घटनाएं जुड़ी थीं। जब लारेंस बिश्नोई ने एक कबड्डी टूर्नामेंट में सिद्धू मूसेवाले को प्रोग्राम करने से रोका था, तो उसने उस टूर्नामेंट में जाकर लारेंस को चुनौती दी थी और इसीलिए लारेंस ने सिद्धू मूसेवाले को धमकियां दी थीं।

  • Punjab News: पूर्व विधायक के घर 24 घंटे से इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी जारी

    Punjab News: पूर्व विधायक के घर 24 घंटे से इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी जारी

    फिरोजपुरः गुरु हर साहाए के बड़े खानदान आवला परिवार व पूर्व कांग्रेसी विधायक रमिंदर सिंह आवला के घर पर इनकम टैक्स विभाग द्वारा पिछले 24 घंटे से लगातार छानबीन जारी है। दरअसल, कल सुबह-सुबह इनकम टैक्स की टीम ने घर पर छापा मारा था, जो पूरे दिन और पूरी रात से जारी है। अधिकारी 7 से 8 बड़ी गाड़ियों में आए थे, जो रात भर यहीं रुकी हुई हैं।

    पूर्व कांग्रेसी विधायक रमिंदर सिंह आवला की कोठी में अचानक इनकम टैक्स की छापेमारी से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पूछताछ जारी है और लोगों की नजरें इस पर टिक गई हैं।

    रमिंदर सिंह आवला कांग्रेस की टिकट पर हल्का जलालाबाद से 2019 में विधायक बने थे। इसके बाद 2022 की विधानसभा चुनावों के लिए रमिंदर सिंह आवला ने जलालाबाद, गुरु हर साहाए हलके से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन किसी भी पार्टी ने टिकट नहीं दी। इसी तरह 2024 की लोकसभा चुनावों में भी वे सक्रिय थे, पर किसी भी पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने का टिकट नहीं दिया।

  • आज का राशिफल, 16 दिसंबर 2025

    आज का राशिफल, 16 दिसंबर 2025

    आज पौष कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि और मंगलवार का दिन है। द्वादशी तिथि आज रात 11 बजकर 58 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 8 बजकर 48 मिनट तक त्रिपुष्कर योग रहेगा। साथ ही आज दोपहर 2 बजकर 10 मिनट तक स्वाती नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज भोर 4 बजकर 19 मिनट पर सूर्य धनु राशि में गोचर करेंगे।

    मेष राशि:आज का दिन खुशनुमा रहेगा। इस राशि के जिन लोगों का बिजनेस करते हैं, वो आज बड़ा फैसला लेने से पहले दूसरों की जरूरतों को समझने की कोशिश करें। साथ ही आज के दिन आपकी योजनाओं में आखिरी पल में बदलाव हो सकते हैं। इस राशि के लोगों का आज जीवनसाथी के साथ थोड़ा नोकझोंक हो सकता हैं। बेहतर होगा रात को डिनर के लिए किसी अच्छे रेस्टोरेंट में जाएं। इसके आपके रिश्ते में गलतफहमी खत्म हो जाएगी। सूर्यदेव को जल अर्पित करने से रिश्तों में सुधार आएगा।

    वृष राशि:आज का दिन सामान्य बना रहेगा। जो लोग राजनीति से जुड़े हुए हैं। वो लोग आज किसी सामाजिक कार्यक्रम में जाएंगे, वहां आपकी बातों पर सबका ध्यान केंद्रित होगा। आज आपके रुखे व्यवहार के चलते आपके प्रिय के साथ आपके मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। इस राशि के जो लोग कपड़े का व्यापार करते हैं आज का दिन उनके लिए अच्छा हैं। आज आपके व्यापार में दो गुना धनलाभ होने के आसार नजर आ रहे हैं। सरकारी विभागों में काम करने वालों का आज प्रमोशन होगा। यहां

    मिथुन राशि:आज आपका दिन सामान्य रहेगा। आज किसी अन्य से आपकी अनबन हो सकती है। बेहतर होगा आज दूसरों की बात पर भरोसा न करें। महिलाओं को आज कहीं से अचानक धन लाभ हो सकता है। अगर आप नई जमीन लेना चाह रहे हैं। तो आज का दिन शुभ है। लवमेट के लिए आज का दिन बहुत बढ़िया है। बाहर कुछ टाइम स्पेंड करने से आपके रिश्ते मजबूत होंगे। मार्केटिंग से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा है। नये क्लाइंट आपसे जुड़ने की कोशिश करेंगे।

    कर्क राशि:आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज पैसा अचानक आपके पास आएगा, जो आपके खर्चो और बिल आदि को सम्हाल लेगा। परिवार के सदस्यों की जरूरतों को पूरा करोगे। उनके सुख-दुख के भागीदार बनोगे, ताकि उन्हें महसूस हो कि आप वाक़ई उनका ख्याल रखते हैं। आपको अपने प्रिय के साथ समय बिताने की ज़रूरत है, ताकि आप दोनों एक-दूसरे को अच्छे से जान समझ सकें। आज आपको अपने भागीदार को आपकी योजना से जुड़े रहने के लिए मनाने में दिक्कत हो सकती हैं। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा।

    सिंह राशि:आज का दिन अच्छा रहेगा। अगर आप अपने जीवनसाथी से स्नेह की आशा रखते हैं, तो यह दिन आपकी आशाओं को पूरा कर सकता है। साथ ही आपके काम करने का नया अंदाज उन लोगों में दिलचस्पी पैदा करेगा, जो आप के कामों पर नजदीकी से गौर करते हैं। इस राशि के बिजनेसमैन के लिए आज का दिन फायदेमंद रहेगा, क्योंकि आज बिजनेस की डील आपके पक्ष में आएगी। आज अचानक से आपका करीबी दोस्त आपके घर आ सकता हैं। साथ में कहीं घूमने भी जाएंगे, मौसम का लुफ्ट उठाएंगे।

    कन्या राशि:आज का दिन ठीक-ठाक रहेगा। आज आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। इस राशि के जो लोग बेरोजगार हैं आज उनको किसी अच्छी कंपनी से जॉब का ऑफर आ सकता हैं। अगर आप कई दिनों से कामकाज में दिक्कतें महसूस कर रहे हैं, तो आज के दिन आपको राहत महसूस हो सकती है। अचानक यात्रा के कारण आप थोड़े थकान महसूस कर सकते हैं और तनाव भी हो सकता हैं। आज लवमेट के साथ किसी लॉन्ग ड्राइव पर जाएंगे। इससे आपके रिश्तों के बीच मिठास आएगी।

    तुला राशि:आज का दिन व्यवहार में बदलाव करने का दिन हैं। आज सोच-समझकर कदम बढ़ाने की जरूरत हैं, जहां दिल की बजाय दिमाग का ज्यादा इस्तेमाल करना चाहिए। इस राशि के सरकारी ऑफिस में काम करने वालों का आज ट्रांसफर ऐसी जगह होगा। जहां से आपको अप-डाउन करने में आसानी होगी। इस राशि के जो लोग किसी नए बिजनेस की शुरुआत करना चाहते है,उनके लिए आज का दिन शुभ हैं। दांपत्य जीवन खुशनुमा बना रहेगा। यात्राओं से व्यावसायिक संबंधों में सुधार होगा। स्वास्थ्य में थोड़ी गिरावट आ सकती हैं। केसर का तिलक लगाने से स्वास्थ्य में सुधार होगा।

    वृश्चिक राशि:आज का दिन धार्मिक कार्यों की तरफ रहेगा। आज आप किसी धार्मिक पंडाल में जाने की योजना बनाएंगे। इस राशि के लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की जरूरत है। साथ ही रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। आज लवमेट का दिन रोमांस से भरपूर होने की पूरी संभावना है। आज दफ्तर में मशीनों की खराबी परेशानी का सबब बन सकती है। अगर आप किसी परिस्थिति से घबराकर भागेंगे, तो वह आपका पीछा नहीं छोड़ेगी, बेहतर हैं उसको उसी टाइम सॉल्व करें। घर से बाहर निकलते समय दही और शक्कर खाकर निकलने से आपके सारे काम होंगे।


    धनु राशि:
    आज आप काफी ऊर्जावान रहेंगे। आज के दिन किया गया निवेश आपकी समृद्धि और आर्थिक स्थिति में फायदेमंद कराऐगा। कार्यक्षेत्र में आपकी उन्नति कुछ बाधाओं के चलते अटक सकती है, बस आपको धैर्य से काम लेने की जरूरत हैं। ऐसे लोगों से जुड़ने से बचें जो आपकी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा सकते हैं। आज आपका वैवाहिक जीवन अधिक रंगों से भरा रहेगा। इस राशि के जो लोग आर्किटेक क्षेत्र से जुड़े हैं उन्हें आज अपने रवैये पर कंट्रोल करने की जरूरत हैं, नहीं तो अच्छी-खासी दोस्ती में दरार पड़ सकती हैं।

    मकर राशि:आज का दिन आपका रचनात्मक कार्यों में लगेगा। आज आप किसी नए रचना की शुरुआत भी कर सकते हैं। आज आप खेल-कूद में हिस्सा ले सकते हैं, जो आपको तनदुरुस्त बनाए रखेगा। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत है। आज आप यह जानकर बहुत उदास महसूस करेंगे कि जिसपर आपने हमेशा विश्वास किया, दरअसल उतना भरोसेमंद नहीं है। साथ ही आज आपका सामाजिक कार्यों में रुझान बढ़ेगा। आपके कामों से आपके पड़ोसी प्रभावित होंगे। हो सकता है आपकी तारीफ भी करें। दांपत्य जीवन खुशहाल बना रहेगा।

    कुंभ राशि:आज का दिन परिवार वालों के साथ बीतेगा। अगर आपका बच्चा परीक्षा में बहुत अच्छा न कर सके तो उसे फटकारें नहीं, बल्कि अगली बार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उसे प्रोत्साहित करें। साथ ही दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ टाइम स्पेंड करने की संभावना बन रही हैं। आज आराम के लिए बहुत कम समय है, क्योंकि पहले के टाले हुए काम आपको व्यस्त रखेंगे। आज आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं। चुनाव आपको करना है।


    मीन राशि:
    आज का दिन भाग्य आपका पूरा सपोर्ट करेंगे। आज ऑफिस में लंबे समय से रुके हुए काम पूरे होंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा,पढ़ाई में मन लगेगा। साथ ही इंट्रस्टींग-सा गेम दोस्तों के साथ खेलेंगे। अगर आप अपनी घरेलू जिम्मेदारियों को अनदेखा करेंगे, तो कुछ ऐसे लोग नाराज हो सकते हैं जो आपके साथ रहते हैं। आपको अपने प्रिय के साथ समय बिताने की जरूरत है, ताकि आप दोनों एक-दूसरे कोअच्छी तरह से जान-समझ सकें। चीजों और लोगों को तेजी से परखने की क्षमता आपको दूसरों से आगे बनाए रखेगी। घर में पेड़-पौधे लगाने से मन का तनाव कम होगा।

  • Jalandhar News: कल इस इलाके में फिर होंगी वोटिंग, आदेश जारी

    Jalandhar News: कल इस इलाके में फिर होंगी वोटिंग, आदेश जारी

    जलंधर, ENS: जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के तहत जालंधर के जोन नंबर 4 (नोगजा) के बूथ नंबर 72, सरकारी एलीमेंट्री स्कूल नूरपुर (पूर्वी हिस्सा) में दोबारा मतदान कल सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। ये जानकारी अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-रिटर्निंग ऑफिसर जिला परिषद चुनाव अमनिंदर कौर ने दी है। उन्होंने बताया कि इन वोटों की गिनती 17 दिसंबर को सामान्य गिनती के साथ ही की जाएगी। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्र के सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

    कौर ने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते इस मतदान केंद्र पर पहले डाले गए मतों को अमान्य घोषित किया गया है, इसलिए चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार दोबारा मतदान का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुनः मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।

  • दिल्ली–बागा (कंधर) बस सेवा चंडीगढ़ तक सीमित करने के निर्णय पर कड़ा विरोध

    दिल्ली–बागा (कंधर) बस सेवा चंडीगढ़ तक सीमित करने के निर्णय पर कड़ा विरोध

    हिमाचली प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में मुख्यमंत्री से की मुलाकात, सीधी दिल्ली सेवा बहाल करने की मांग

    ऊना/सुशील पंडित: दिल्ली-बागा (कंधर) सीधी बस सेवा को चंडीगढ़ तक सीमित किए जाने के निर्णय के खिलाफ हिमाचलवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। इस जनहित से जुड़े मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ के राष्ट्रीय प्रधान एवं हिमाचल कल्याण सभा दिल्ली के वरिष्ठ उप प्रधान कृष्ण मुरारी लाल के नेतृत्व में एक हिमाचली प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दिल्ली स्थित हिमाचल सदन/हिमाचल निकेतन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की।

    इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का पारंपरिक हिमाचली टोपी एवं शाल भेंट कर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में हिमाचल कल्याण सभा (पंजी.) दिल्ली के प्रधान राकेश शर्मा, संस्कृति सचिव राजिंदर ठाकुर, कैशियर शीशराम पाल तथा प्रेस सचिव प्रेम चंद चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा के प्रधान राकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को सभा के वार्षिक उत्सव के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका की एक प्रति भी भेंट स्वरूप प्रदान की।

    प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि आर्थिक कारणों का हवाला देते हुए सरकार द्वारा दिल्ली तक चल रही सीधी बस सेवा को चंडीगढ़ तक सीमित करने का निर्णय लिया गया है, जो कि जनहित के विरुद्ध है। इस विषय को अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी द्वारा भी उठाया जा चुका है। प्रतिनिधियों ने कहा कि यह बस सेवा वर्षों से क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए दिल्ली आने-जाने का एकमात्र सीधा, सुरक्षित एवं भरोसेमंद साधन रही है।

    उन्होंने बताया कि रात्रि समय चंडीगढ़ में बस बदलने की बाध्यता विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वालों तथा भारी सामान लेकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अत्यंत कष्टप्रद और असुविधाजनक सिद्ध हो रही है। सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से यह निर्णय यात्रियों के हित में नहीं है।

    प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि कुनिहार, मामलीटा, सायरी सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों किसान, बागवान तथा विशेष रूप से पॉलीहाउस संचालक इस निर्णय से सीधे प्रभावित हुए हैं। उनकी हाईब्रिड सब्जियों एवं उन्नत फसलों की प्रमुख विपणन मंडी दिल्ली है। सीधी परिवहन सुविधा समाप्त होने से उनकी कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

    इसके अतिरिक्त दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों में रह रहे हजारों प्रवासी हिमाचली, जो इसी बस सेवा के माध्यम से अपने विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्रों में मतदान करने के लिए आते-जाते रहे हैं, इस निर्णय से असंतुष्ट हैं। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मांग की कि दिल्ली–बागा (कंधर) बस सेवा को पुनः सीधे दिल्ली तक अथवा किसी वैकल्पिक मार्ग से शीघ्र बहाल किया जाए।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री से शिमला–दिल्ली एचआरटीसी का एक रूट वाया अर्की–कुनिहार करने की मांग भी की, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिल सके। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

    बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा गठित विभिन्न समितियों में नामित किए जाने का अनुरोध भी किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत प्रदान करेगी।

  • Punjab News : कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान चली गोलियां, मशहूर कबड्डी खिलाड़ी की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News : कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान चली गोलियां, मशहूर कबड्डी खिलाड़ी की मौत, देखें वीडियो

    मोहाली: सोहाना में एक कबड्डी मैच के बीच में बोलेरो गाड़ी में आए हमलावरों ने कबड्डी टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे राणा बलाचौरिया को गोली मार दी। जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कबड्डी टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे तभी बोलेरो गाड़ी में आए हमलावरों ने राणा बलाचौरिया के सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    हमलावरों ने सेल्फी लेने का बहाने वारदात को दिया अंजाम
    मिली जानकारी के मुताबिक, इस कबड्डी कप में सिंगर मनकीरत औलख को भी आना था। लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही इस घटना को अंजाम दे दिया गया। जानकारी के मुताबिक, हमलावर फोटो खींचने के बहाने राणा के पास पहुंचे, पहले उनकी फोटो खींची और उसके बाद उनके सिर में गोली मारकर फरार हो गए।

    कई राउंड हुई फायरिंग
    यह हमला सेक्टर-82 के मैदान में हुआ, जहां कबड्डी मैच चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि पटाखे चल रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें समझ आया कि यह फायरिंग थी। हमलावरों ने करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    वेदवान स्पोर्ट्स क्लब की तरफ से आयोजित किया गया था मैच
    इस मैच को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वेदवान स्पोर्ट्स क्लब, सोहाना की तरफ से आयोजित किया गया था। जब टीमें मैदान से बाहर आई थीं, तभी हमला हुआ। गोलियों की आवाज मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।पुलिस ने इलाके में लगे सभी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।

    SSP मोहाली ने कहा- राणा की बंबीहा गैंग से दुश्मनी थी
    मोहाली SSP हरमनदीप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चार से पांच हमलावरों ने गोलियां चलाईं। इस दौरान राणा बालाचौरिया के सिर में गोली लगी। जिससे राणा बालाचौरिया की मौत हो गई। SSP ने बताया कि राणा की बंबीहा गिरोह से दुश्मनी थी।

  • सीएम ने पुलिस अधिकारियों से कहा- नशे और अपराध पर सख्ती के साथ जागरूकता भी बढ़ाएं

    सीएम ने पुलिस अधिकारियों से कहा- नशे और अपराध पर सख्ती के साथ जागरूकता भी बढ़ाएं

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराध पर नियंत्रण तक सीमित नही है बल्कि आम नागरिक के मन में सुरक्षा, भरोसे और न्याय का विश्वास पैदा करना भी है। यही विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी है।

    वे आज पंचकूला में ‘विकसित भारत-सुरक्षा आयाम’ विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सुरक्षा सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे थे जिसमें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों, कमिश्नरों, पुलिस अधीक्षकों, भारत सरकार के प्रतिनिधियों सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का यह स्पष्ट विश्वास है कि विकास की गति तभी निरंतर हो सकती है जब राज्य की कानून व्यवस्था मजबूत और निष्पक्ष हो। निवेश, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास की हर बड़ी पहल की सफलता सीधे तौर पर पुलिस की दक्षता, ईमानदारी और पेशेवर क्षमता से जुड़ी है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को हरियाणा पुलिस के नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि आप केवल कानून के संरक्षक नही है, राज्य में सुशासन, सामाजिक स्थिरता की मजबूत आधारशिला भी है। इस अवसर पर उन्होंने फील्ड में दिन रात काम कर रहे हरियाणा पुलिस के प्रत्येक जवान तथा अधिकारी के साहस , समर्पण और अनुशासन की सराहना भी की।

    उन्होंने कहा कि गत नवंबर माह में रायपुर में आयोजित पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाग लिया। उस तीन दिवसीय सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत-सुरक्षा आयाम’ था। उन्होंने कहा कि उस सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा रखे गए विचार हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। वे राज्य स्तर पर पुलिस रणनीति को नई दिशा देने वाले हैं।

    ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोहों, नशा तस्करों व साइबर अपराध के खिलाफ सफलता प्राप्त की है। ऑपरेशन हॉटस्पोट डोमिनेशन में 12 दिनों में 2 हजार से अधिक अपराधी गिरफ्तार किये गये। इसी प्रकार, ऑपरेशन ट्रेक टाउन से अपराधियों में खौफ है। इस ऑपरेशन में 23 दिनों में 7 हजार 587 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। साथ ही 168 करोड़ रुपये की अवैध सम्पत्ति जब्त की।

     

    सैनी ने कहा कि वर्तमान का समय तकनीक का है और समय के साथ साथ हमारा एडवांस तकनीक से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी आवश्यक हिदायतें दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भी कोई घटनाक्रम होता है तो व्यक्ति की अपेक्षा होती है कि उसे न्याय मिले और हमें इस विश्वास को कायम रखना है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति को लेकर समाज में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। नशे को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के साथ साथ लोगों को जागरूक करने की भी जरूरत है इसके लिए सरकार द्वारा समय- समय पर नशामुक्ति अभियान के तहत साइक्लोथोन, मैराथन तथा अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाए जाते है जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे पहले सम्मेलन के सत्रों में विभिन्न संवदेनशील विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं।

    इस अवसर पर गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित हुई डी जी/आई जी कांफ्रेंस में 108 सिफारिशें रखी गई थी जिनमें से लगभग सभी सिफारिशों को लागू कर दिया गया। इस वर्ष 107 सिफारिशें रखी गई है जिन्हे भी तय समय अवधि में पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला पुलिसकर्मियों की संख्या को 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक करने की ऐतिहासिक घोषणा की है । उन्होंने बताया कि विभाग में 5750 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है जिसमें से 950 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती शामिल है। इसके अलावा, सरकार ने पुलिस विभाग को 550 अतिरिक्त महिला कांस्टेबल की भर्ती की स्वीकृति भी दे दी है।

    इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह ने तकनीक के महत्व पर बोलते हुए कहा कि अपराध सम्बन्धी चुनोतियो से निपटने के लिए तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के समय में तकनीक जैसे सीसीटीवी आदि का इस्तेमाल करके बड़े मामलो को सुलझाने में मदद मिली है। डीजीपी ने विश्वास दिलाया कि वर्ष 2047 तक निश्चित तौर पर विकसित भारत के सपने को साकार करने में पुलिस विभाग का अहम योगदान होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस जनता की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी।

  • Jalandhar News: पेट्रोल पंप लूट मामले में तीन लुटेरे गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पेट्रोल पंप लूट मामले में तीन लुटेरे गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: देहाती पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों लुटेरे को गिरफ्तार कर किया है। लुटेरे से 10,500/- रुपये और एक खिलौना पिस्तौल बरामद की गई है। जिनकी पहचान पहचान शम्मी हंस उर्फ तोरी, पुत्र रणजीत हंस, निवासी ग्राम गखला; बाबरिक उर्फ बेबी, पुत्र जोगिंदरपाल, निवासी ग्राम गखला; और पंकज कुमार उर्फ पंकू, पुत्र जीत लाल, निवासी ग्राम सफीपुर के रूप में हुई है।

    SSP हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों के अनुसार पर असामाजिक तत्वों, नशीले पदार्थों के तस्करों, चोरों और लुटेरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लाम्ब्रा पुलिस स्टेशन ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

    बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप लूटने वाले तीन आरोपियों को लाम्ब्रा पुलिस स्टेशन के मुख्य अधिकारी, एसआई गुरमीत राम और उनकी पुलिस टीम ने सरबजीत राय, पीपीएस, पुलिस अधीक्षक (जांच), जालंधर ग्रामीण और नरिंदर, पीपीएस, पुलिस उप अधीक्षक, करतारपुर उपमंडल के नेतृत्व में ये कार्रवाई की गई है।

    पुलिस टीम ने मामले बारे दी ये जानकारी
    मामले संबंधी प्रेस को जानकारी देते हुए करतारपुर उपमंडल के पुलिस उप अधीक्षक नरिंदर, पीपीएस ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को धालीवाल कड़िया गांव स्थित राज एंड विज पेट्रोल पंप पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने बंदूक की नोक पर नकदी छीन ली। इस संबंध में 9 दिसंबर 2025 को धारा 311, 61(2) बीएनएस और 25 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला संख्या 159 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    उपरोक्त मामले की जांच के दौरान, खुफिया जानकारी के आधार पर, एएसआई बलजिंदर सिंह ने 13.12.2025 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10,500/- रुपये और एक खिलौना पिस्तौल बरामद की गई है।

    आरोपियों को न्यायालय में पेशकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगे की पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना में शामिल हैं।

  • बीओसीडब्ल्यू कल्याण बोर्ड की बड़ी पहल, हजारों लाभार्थियों को 14.17 करोड़ की सहायता

    बीओसीडब्ल्यू कल्याण बोर्ड की बड़ी पहल, हजारों लाभार्थियों को 14.17 करोड़ की सहायता

    शिमला: हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने आज यहां बोर्ड की 53वीं निदेशक मंडल बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड द्वारा अब तक 3,835 लाभार्थियों में 14.17 करोड़ रुपये की सहायता वितरित की गई है, जिनमें से 9.28 करोड़ रुपये शिक्षा सहायता योजनाओं के तहत आवंटित किए गए हैं।

    बैठक के दौरान निदेशक मंडल ने ज़िला मंडी के बलद्वाड़ा (भांबला) में नए उप-कार्यालय स्थापित करने को मंज़ूरी प्रदान की। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक खातों को मंजू़री प्रदान की गई तथा दावों की लंबितता को स्पष्ट करने पर चर्चा हुई। उन्होंने श्रमिकों के क्लेम फॉर्म और ई-केवाईसी की प्रक्रिया को तेज़ करने के भी निर्देश दिए।

    उन्होंने कामगारों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि लंबित दावों को शीघ्रता से निपटाया जा सके। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को बिना देरी सहायता मिल सके।

    अध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों को उनके उपयोगी सुझावों और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
    नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि प्रदेश भर में निर्माण कामगारों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और उत्थान के प्रति बोर्ड की मजबूत प्रतिबद्धता के चलते अब सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का भरपूर लाभ मिल रहा है।

    बैठक में बोर्ड के गैर-आधिकारिक सदस्य रविंद्र सिंह रवि, भूपेंद्र सिंह, जे.सी. चौहान और प्रदीप कुमार तथा विशेष सचिव (वित्त) विजय वर्धन, सचिव-कम-सीईओ राजीव कुमार तथा अतिरिक्त सचिव (विधि) आर.एस. तोमर भी उपस्थित थे।

  • Himachal News: राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए नामांकन 31 दिसंबर तक

    Himachal News: राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए नामांकन 31 दिसंबर तक

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल गौरव पुरस्कार, हिमाचल प्रेरणा स्रोत सम्मान, और सिविल सेवा पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदक 31 दिसंबर, 2025 तक अपने नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं।

    आवेदन के लिए निर्धारित प्रपत्र हिमाचल सरकार की वेबसाइट www.himachal.nic.in/gad.  पर उपलब्ध हैं। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि ये पुरस्कार हर साल 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।

    उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को दो पृष्ठों का संक्षिप्त विवरण हिंदी भाषा में प्रस्तुत करना होगा, जिसमें उनकी विशेष उपलब्धियों या सेवाओं का उल्लेख हो। उन्होंने आवेदकों से अनुरोध किया कि वे आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें।