Blog

  • MPV Tower में Furniture गोदाम में लगी आग, देखें वीडियो

    MPV Tower में Furniture गोदाम में लगी आग, देखें वीडियो

    नोएडाः सेक्टर-10 में स्थित MPV Tower में आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार यह आग आज फर्नीचर के गोदाम में लगी है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, आग सेक्टर-10 स्थित एमपीवी टावर के तीसरे फ्लोर पर बने फर्नीचर गोदाम में लगी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए छह फायर टेंडर मौके पर भेजे गए हैं।

    अधिकारियों ने बताया कि एडवांस मशीनों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आसपास फर्नीचर की कई अन्य दुकानें और गोदाम होने के कारण आग फैलने का खतरा भी बना हुआ था, लेकिन समय रहते दमकलकर्मियों ने आग को सीमित दायरे में रोक लिया।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद गोदाम के कर्मचारियों और आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग में फर्नीचर और अन्य सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और मलबा हटाने के बाद ही हो सकेगा।

    अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिक उपकरणों में खराबी इसकी वजह हो सकती है, लेकिन वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने उस स्थान को घेरकर भीड़ को दूर रखा है ताकि राहत कार्य में बाधा न आए। दमकल विभाग के अनुसार, आग पर जल्द ही पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा, लेकिन धुएं और जलती सामग्री के कारण ऑपरेशन में समय लग रहा है।

     

     

  • हिम कैप्स लॉ कॉलेज बढेडा में विधिक सहायता शिविर का आयोजन

    हिम कैप्स लॉ कॉलेज बढेडा में विधिक सहायता शिविर का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: हिम कैप्स लॉ कॉलेज बढेडा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया। विधिक सेवा प्राधिकरण की सेक्रेटरी अनीता शर्मा ने लॉ कॉलेज के छात्रों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही कानूनी सहायता के बारे में विस्तार पूर्वक बताया उन्होंने छात्रों को यह जानकारी दी कि किस तरह विधि विभाग के छात्र लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता एवं जानकारी दे सकते हैं। एडवोकेट प्रवीण चौधरी ने नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी संशोधित योजना 2022 के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। संस्थान के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने छात्रों को लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता देने के बारे में प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर संस्थान के प्रिंसिपल डॉक्टर जसवंत सिंह और सभी शिक्षक मौजूद रहे

  • 5 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप, फैला धुएं का गुब्बार, देखें वीडियो

    5 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप, फैला धुएं का गुब्बार, देखें वीडियो

    नोएडाः सेक्टर 113 में एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार 5 मंजिला बिल्डिंग के चौथी फ्लोर में स्थित एक फ्लैट में यह आग लगी है। देखते ही देखते धुआं पूरे इलाके में फैल गया। जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।

    दमकलकर्मी सीढ़ियों और पाइप की मदद से ऊपरी मंजिल तक पहुंचे और आग बुझाने का काम किया। बताया जा रहा कि आग लगने से सिलेंडर ब्लास्ट भी हुआ है। फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। मौके पर पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया है। इलाके में कई किलोमीटर तक काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। बिल्डिंग के आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। मामला थाना सेक्टर- 113 इलाके के सर्फाबाद का है।

    सीएफओ प्रदीप कुमार के बताया कि थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में सर्फाबाद में एक बंद फ्लैट की चौथी मंजिल पर बैटरी फटने से आग लग गई थी। सूचना पर आग को फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों द्वारा बुझा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं है। दोपहर 1:36 पर सूचना मिली थी कि यहां प्राथमिक जांच में सामने आग बैटरी फटने से लगी। जिससे सिलेंडर में भी आग लग गई। जिससे तेजी से आग फैल गई।

    मौके पर दमकल की चार गाड़ियों को भेजा गया है। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात ये है कि आग में कोई फंसा नहीं है। नहीं कोई जनहानि हुई है। आग ज्यादा फैल गई थी इसीलिए नीचे के 3 फ्लोर को भी खाली करा लिया गया था। जिस फ्लैट में आग लगी, उसमें स्टूडेंट रहते हैं।

     

  • चिंतपूर्णी में दर्दनाक हादसा– 30 फीट गहरे नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल: गौरव कुमार

    चिंतपूर्णी में दर्दनाक हादसा– 30 फीट गहरे नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल: गौरव कुमार

    ऊना/सुशील पंडित: सामाजिक कार्यकर्ता गौरव कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा कि बीती रात चिंतपूर्णी में हुए एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के जालंधर निवासी 45 वर्षीय लखविंदर सिंह की मौत हो गई।  लखविंदर सिंह 30 फीट गहरे खुले नाले में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मंगलवार सुबह क्षेत्र के एक स्थानीय निवासी ने नाले में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    प्रशासन की लापरवाही पर सवाल

    स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां लंबे समय से नाले के किनारे सुरक्षा बैरियर या कवर लगाने की मांग की जा रही थी, लेकिन संबंधित विभाग ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नाले के किनारे रोशनी की भी उचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण रात के समय राहगीरों को खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतज़ाम किए गए होते, तो यह हादसा टल सकता था।

    गौरव कुमार ने कहा कि यह हादसा प्रशासन की स्पष्ट लापरवाही का परिणाम है। क्षेत्र में वर्षों से नाले के किनारे सुरक्षा बैरियर, कवर और पर्याप्त रोशनी की मांग की जा रही थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल इस तरह के खुले और खतरनाक स्थलों को सुरक्षित करे तथा इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा न सहनी पड़े।

    क्षेत्रवासियों ने भी एक स्वर में प्रशासन से मांग की है कि खुले और खतरनाक स्थानों पर तुरंत सुरक्षा ग्रिल या कवर लगाए जाएं, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, जिससे इस तरह की दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

  • कांग्रेस ने 32 नए जिलाध्यक्षों के नामों का किया एलान, देखें लिस्ट

    कांग्रेस ने 32 नए जिलाध्यक्षों के नामों का किया एलान, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ः हरियाणा में 11 साल के लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने 32 जिलाध्यक्ष घोषित किए। दरअसल, संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की चौंकाने वाली सूची जारी की। सूत्रों ने बताया कि नियुक्त किए गए कई लोग वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा के करीबी माने जाते हैं। नए जिला समिति अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया जून में तब शुरू हुई थी, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संगठन के कायाकल्प अभियान के तहत हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं और एआईसीसी तथा प्रदेश कांग्रेस समिति के पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की थी।

    कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने जिला समिति अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। हरियाणा में एक दशक से अधिक समय से सत्ता से बाहर कांग्रेस का राज्य में 11 वर्षों से कोई जिला स्तरीय संगठन नहीं है। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने हरियाणा की जिला कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ये नियुक्तियां संगठन सृजन अभियान के तहत की गई हैं।

    महीनों से चली खींचतान, रस्साकशी और पर्दे के पीछे की सियासी जोड़तोड़ के बाद आखिरकार कांग्रेस हाईकमान ने जिला पंचकूला के नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह कि कमान ऐसे नाम को सौंपी गई है, जिसे जिले के बड़े हिस्से के कार्यकर्ता और नेता तक पहचानते नहीं। रायपुररानी के बडौना कलां गांव के संजय चौहान को पंचकूला जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी है। सूत्रों के अनुसार सांसद वरुण मुलाना की अहम भूमिका संजय चौहान का नाम लाने में रही है। इसलिए उन्हें हुड्‌डा गुट का ही माना जा रहा है।

    संजय चौहान की ताजपोशी ने पुराने दिग्गजों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। सालों से संगठन में मेहनत करने वाले कई वरिष्ठ नेता इस पद की दौड़ में थे, लेकिन दिल्ली दरबार ने अचानक से अपेक्षाकृत अनजान और नए चेहरे पर दांव लगाया। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि गुटबाजी से त्रस्त हाईकमान ने एक ‘तटस्थ’ चेहरे को आगे लाकर पुराने गुटों की पकड़ कमजोर करने की कोशिश की है।

     

  • महाविद्यालय बंगाणा में फ्रेशर पार्टी का आयोजन

    महाविद्यालय बंगाणा में फ्रेशर पार्टी का आयोजन

    निशांत और हीना बने मिस्टर व मिस फ्रेशर 2025

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के आर्ट्स संकाय में आज द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा प्रथम वर्ष के छात्रों के स्वागत हेतु भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर रहे, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का मंच संचालन वैदेही शर्मा और तनु ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। इस आयोजन में द्वितीय वर्ष के छात्रों ने प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए कई प्रकार के मनोरंजक फन गेम्स और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया, जिससे माहौल अत्यंत उत्साहपूर्ण और आनंदमय बन गया।

    इस अवसर पर मिस्टर फ्रेशर 2025 का खिताब निशांत को तथा मिस फ्रेशर 2025 का ताज हीना शर्मा को प्रदान किया गया। प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने दोनों को बैच और क्राउन पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य ने द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा किए गए सफल आयोजन की सराहना की और प्रथम वर्ष के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रो. नन्द लाल, डॉ. विनोद कुमार, प्रो. सिकंदर नेगी, डॉ. कुलदीप सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और सौहार्द्र के वातावरण में हुआ, जो छात्र-छात्राओं के बीच नए रिश्तों और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर गया।

  • Bird Flu को लेकर अलर्ट जारी, CM ने चिड़ियाघरों-पोल्ट्री फार्मों को लेकर दिए निर्देश

    Bird Flu को लेकर अलर्ट जारी, CM ने चिड़ियाघरों-पोल्ट्री फार्मों को लेकर दिए निर्देश

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी हो गया है। दरअसल, सिहोर गांव में पोल्ट्री फॉर्म में मुर्गियों के मरने के बाद अब पक्षियों का मरना शुरू हाे गया है। पोल्ट्री फॉर्म के आसपास बगुले मरने लगे हैं। जिससे क्षेत्र में दहशत है। सील किए पोल्ट्री फॉर्म के पास लगाई गईं टीमें भी नदारद रहीं। वहीं सील किए गए क्षेत्र में लोग बिना मास्क के आवाजाही करते दिखे। H5 एवियन इंफ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे दिए हैं।

    उन्होंने कहा कि संरक्षित पशु-पक्षियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर यह भी कहा कि प्रदेश के सभी प्राणी उद्यानों, पक्षी विहारों, नेशनल पार्कों, वेटलैंड क्षेत्रों और गो-आश्रय स्थलों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइनों के अनुरूप सभी आवश्यक कदम तत्परता से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्राणी उद्यान (चिड़ियाघरों) के परिसरों को नियमित रूप से सैनेटाइज किया जाए।

    साथ ही जरूरत पड़ने पर ब्लो टॉचिंग की प्रक्रिया भी अपनाई जाए। सभी जानवरों और पक्षियों के स्वास्थ्य की जांच की जाए। उनके भोजन की जांच करने के बाद ही उन्हें दिया जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि बाड़ों में तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी जोखिम के स्तर को देखते हुए तय की जाए। ताकि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन हो सकें। सीएम योगी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सभी कर्मचारियों को एवियन इंफ्लुएंजा के लक्षण, संक्रमण के तरीके और उससे बचाव के उपायों के बारे में डिटेल जानकारी दी जाए।

    साथ ही उन्हें पीपीई किट सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे सुरक्षित रहकर अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें। सीएम योगी ने पोल्ट्री सेक्टर को लेकर कहा कि प्रदेश के सभी पोल्ट्री फार्मों की मानकों के अनुरूप कड़ी निगरानी की जाए। साथ ही पोल्ट्री उत्पादों के आवागमन पर लगातार नियंत्रण रखा जाए। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि H5 एवियन इंफ्लुएंजा के मानव स्वास्थ्य पर संभावित प्रभावों का गहन अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि संक्रमण की कोई श्रृंखला मानव समाज तक न पहुंच सके।

    सीएम योगी ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण नई दिल्ली, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र, स्वास्थ्य मंत्रालय, मत्स्यपालन, डेयरी विभाग और भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर (बरेली) सहित अन्य राष्ट्रीय संस्थानों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों से मिलने वाले सुझावों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री योगी ने जोर दिया कि समय पर, समन्वित और सख्त कार्रवाई ही इस संभावित संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण का मार्ग प्रशस्त करेगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी सहयोग और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के साथ कार्य करना होगा, ताकि प्रदेश के नागरिकों और वन्य जीवों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

  • सदाशिव मंदिर में धूमधाम से 15 अगस्त को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव: प्रवीण शर्मा

    सदाशिव मंदिर में धूमधाम से 15 अगस्त को मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महोत्सव: प्रवीण शर्मा

    अमित धर्मकोटी करेंगे श्री कृष्ण का गुणगान, रात 12 बजे निकलेगी बाल कृष्ण की झांकी

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के धार्मिक स्थल सदाशिव मंदिर महादेव में 15 अगस्त की रात को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाएगा। मंदिर प्रबंधन समिति और सदाशिव चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन प्रवीण शर्मा ने कहा कि आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, लीलाओं और उपदेशों का विशेष गुणगान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक अमित धर्मकोटी श्रीकृष्ण भक्ति के सुर बिखेरेंगे। भक्तिमय गीत-संगीत से वातावरण कृष्णमय होगा, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो जाएंगे।

    आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में भक्तगण घर से मिश्री और माखन लेकर आएंगे, जो भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जाएगा। यह परंपरा श्रीकृष्ण के बाल रूप माखनचोर की लीलाओं की याद दिलाती है और भक्तों के हृदय में बचपन की सजीव झलक बिखेर देती है। सदाशिव मंदिर महादेव जो हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रामगढ़ धार के ऊंचे टीले में एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, हर साल जन्माष्टमी पर विशेष सजावट और भव्य आयोजन के लिए जाना जाता है। इस बार भी मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और झांकियों से सजाया जाएगा। विशेष रूप से भगवान कृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

    प्रवीण शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर देर रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की मुख्य पूजा संपन्न होगी, जिसमें मंत्रोच्चारण, आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा। प्रसाद में माखन, मिश्री और पंचामृत का विशेष महत्व रहेगा। भक्तों के लिए बैठने और पूजा-अर्चना की उचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि हर व्यक्ति श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम में शामिल हो सके। सदाशिव चैरिटेबल ट्रस्ट  और समूह ट्रस्टीज़ के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।  सदाशिव महादेव मंदिर में होने वाला यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करता है।

  • Punjab News: नेशनल हाईवे 354 पर बना पुल एक महीने बाद टूटा, गरमाया मामला, देखें वीडियो

    Punjab News: नेशनल हाईवे 354 पर बना पुल एक महीने बाद टूटा, गरमाया मामला, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले में आरिफ के नेशनल हाईवे 354 पर नए बने पुल के कुछ हिस्सों को फिर से बनाने का मामला गर्माता जा रहा है। बताया जा रहा हैकि एक महीने पहले बना यह पुल टूट गया और अब इसे दोबारा से बनाने का काम शुरू हो गया है। जिसके बाद हाईवे पर आस-पास के गांवों के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि एक माह पहले बना पुल फिर से क्यों बनाया जा रहा है।

    मौके पर जमा लोगों ने बताया कि इस पुल के एक हिस्से को बनाने के लिए ठेकेदार ने पुल के कुछ हिस्सों को ढक कर रात के अंधेरे में फिर से निर्माण किया है। लोगों ने चिंता जताई कि संभव है कि पुल का यह हिस्सा घटिया सामग्री होने के कारण गिर गया हो। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।

    इस संबंध में जब नेशनल हाईवे प्राधिकरण से बात की गई, तो पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार ने बताया कि यह पुल कुछ ऊपर बन रहा था। जब पुल का निर्माण चल रहा था, तब भारी बारिश के कारण ड्रेन में पानी बहुत अधिक भर गया था और ड्रेन टूटने का खतरा था। इसलिए पुल के कुछ हिस्सों को अधूरा छोड़ दिया गया था, जिसे अब फिर से बनाया जा रहा है। अगर स्थानीय लोगों की बात माने तो मामला बहुत गंभीर है और इसकी जांच होना जरूरी है।

  • जिला परिषद ऊना की विशेष बैठक, पंद्रहवें वित्त आयोग के कार्यों की समीक्षा

    जिला परिषद ऊना की विशेष बैठक, पंद्रहवें वित्त आयोग के कार्यों की समीक्षा

    ऊना/सुशील पंडित: जिला परिषद ऊना की मंगलवार को आयोजित विशेष बैठक में ग्राम पंचायतों में पंद्रहवें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत विकास कार्यों और लंबित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरपर्सन नीलम कुमारी ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

    बैठक में जलापूर्ति, सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, पार्क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करें तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित भेजें, ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।

    सत्र के दौरान जिला पंचायत के नए भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। हाल ही में प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवन से परिषद के कार्य में और सुविधा व दक्षता आएगी।

    डीपीओ श्रवण कुमार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिषद के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण पूरे हो सकते हैं। उन्होंने योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने की अपील की, ताकि विकास की गति तेज हो और हर गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो।

    बैठक में पूर्व उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, रजनी मनकोटिया, सतीश शर्मा, नरेश कुमारी, सत्या देवी, अशोक कुमार, गुलजार सिंह, संगीता देवी, सुशील कालिया, बीडीओ ऊना केएल वर्मा, बीडीओ गगरेट सुरेंद्र कुमार, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा, बीडीओ हरोली राजेश्वर भाटिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।