Blog

  • Haryana News: अंतरराज्यीय Visa Fraud Racket का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: अंतरराज्यीय Visa Fraud Racket का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला: पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय वीजा फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पांचों आरोपी अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किए गए हैं। इन सभी आरोपियों पर फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इटली के वर्क वीजा दिलवाने का झांसा देकर आठ युवाओं से कुल 48 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है।

    जांच के दौरान पुलिस ने इन सभी आरोपियों के कब्जे से बड़े पैमाने पर झूठे दस्तावेज और सामान बरामद किया है। पुलिस ने 8 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 40 पासपोर्ट, 4 फिनलैंड टीआरसी कार्ड, 6 चेक बुक, लगभग 10 एटीएम कार्ड, कई फर्जी स्टैम्प और सील, 6.75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

    इसके अलावा संबंधित बैंक खातों में से 4 लाख रुपये फ्रिज किए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह युवाओं को आकर्षक विदेशी जॉब ऑफर्स, फर्जी कंसल्टेंट, आइडेंटिटी और दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लेता था। आरोपियों के डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो पाए।

  • चलती BMW कार में लगी आग, जलकर हुई खाक, देखें वीडियो

    चलती BMW कार में लगी आग, जलकर हुई खाक, देखें वीडियो

    नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर-91 के पास सड़क पर दौड़ रही एक लग्जरी BMW कार अचानक आग लग गई। करीब एक करोड़ रुपये कीमत वाली यह कार देखते ही देखते जलकर राख हो गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और लग्ज़री वाहन जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। घटना के दौरान चालक की सूझबूझ से उसकी जान बच गई। घटना थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत हुई। इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कार चालक नोएडा की व्यस्त सड़क पर सामान्य गति से जा रहा था, तभी इंजन के पास से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंडों में आग की लपटें भड़क उठीं और पूरी कार आग का गोला बन गई। चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। सौभाग्य से कार में कोई अन्य सवार नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। आसपास के लोग आग की लपटें और घने धुएं को देखकर सहम गए, जिससे सड़क पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। आग बुझाने में करीब 20 मिनट लगे। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट बताया जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने चालक का बयान दर्ज कर लिया है और कार के दस्तावेजों की जांच कर रही है। यह घटना नोएडा में हाल के दिनों में लग्जरी वाहनों में आग लगने की घटनाओं की याद दिलाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन लीकेज, वायरिंग की खराबी या इंजन ओवरहीटिंग जैसी समस्याएं ऐसी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हो सकती हैं। नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहनों की नियमित सर्विसिंग कराएं और किसी भी असामान्य धुएं या गंध को नजरअंदाज न करें। सेक्टर-91 इलाका व्यावसायिक और आवासीय दोनों तरह का होने से यहां हमेशा ट्रैफिक रहता है। इस घटना से सड़क पर कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बनी, लेकिन जल्द ही सब सामान्य हो गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आग की लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। नोएडा प्रशासन ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई है।
  • हरियाणा की जेलों में शिक्षा और कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा, मुख्य न्यायाधीश करेंगे शुभारंभ

    हरियाणा की जेलों में शिक्षा और कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा, मुख्य न्यायाधीश करेंगे शुभारंभ

    चंडीगढ़: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, हरियाणा सरकार के साथ मिलकर प्रदेश की विभिन्न जेलों में कौशल विकास केंद्रों, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों और आईटीआई-स्तरीय व्यावसायिक प्रशिक्षण की शुरुआत करेगा। इसका उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत द्वारा 6 दिसंबर 2025 को जिला जेल गुरुग्राम में किया जाएगा।

    इस अवसर पर भारतीय सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल, न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति शील नागू तथा उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीश भी मौजूद रहेंगे।

    एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि न्यायमूर्ति कुलदीप तिवारी की अध्यक्षता वाली “विचाराधीन / जेल कैदियों के पुनर्वास एवं कौशल विकास” संबंधी समिति के निरंतर प्रयासों ने इस पहल को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका साझा दृष्टिकोण इस विश्वास को रेखांकित करता है कि जेलों को सुधार, क्षमता निर्माण और मानवीय गरिमा के संस्थानों के रूप में विकसित होना चाहिए।

    हरियाणा की जेलों में पॉलिटेक्निक और कौशल विकास कार्यक्रमों का उद्घाटन सुधारात्मक न्याय के प्रति राज्य के दृष्टिकोण में एक क्रांतिकारी बदलाव का प्रतीक है। इस पहल के तहत कैदियों को व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा की एक विस्तृत श्रृंखला तक पहुंच प्राप्त होगी, जिसमें कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रोग्रामिंग सहायक, वेल्डर, प्लंबर, ग्रेस मेकर, इलेक्ट्रीशियन, बुडवर्क टेक्नीशियन, सिलाई तकनीक और कॉस्मेटोलॉजी जैसे व्यवसायों में आईटीआई पाठ्यक्रम और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय पॉलिटेक्निक डिप्लोमा शामिल है। इस पहल का उद्देश्य कैदियों को वर्तमान उद्योग की मांगों के अनुरूप रोजगारपरक कौशल से परिपूर्ण करना है। इन कार्यक्रमों की न केवल तकनीकी ज्ञान प्रदान करने के लिए बल्कि कैदियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और उद्देश्य का संचार करने के लिए भी रूपरेखा तैयार की गयी है।

    इस कार्यक्रम का व्यापक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रिहाई के बाद, कैदियों पर सामाजिक अस्वीकृति या आर्थिक अनिश्चितता का बोझ न पड़े, बल्कि उन्हें सार्थक रोजगार पाने के लिए आवश्यक कौशल और योग्यताएँ प्रदान की जाएं। यह इस सिद्धांत का प्रतीक है कि प्रत्येक व्यक्ति, चाहे उसके पिछले कर्म कुछ भी हों, अपने भीतर सुधार, विकास और पुनः एकीकरण की क्षमता रखता है। इन शैक्षिक और व्यावसायिक हस्तक्षेपों के माध्यम से, कार्यक्रम का उद्देश्य फिर से अपराध करने की दर को घटाना, वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देना और कैदियों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए सशक्त बनाना है।

    उन्होंने बताया कि सुधारात्मक परिवर्तन के साथ-साथ, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हालसा) ने एक व्यापक नशा विरोधी जागरूकता अभियान की भी संकल्पना की है , जिसका इसी कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन किया जाएगा। यह पहल पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (हालसा) की कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति लिसा गिल के मार्गदर्शन और दूरदर्शिता के तहत आकार ले रही है। यह महत्वाकांक्षी एक महीने तक चलने वाला राज्यव्यापी नशा-विरोधी जागरूकता अभियान, पूरे राज्य में युवाओं और उनके परिवारों को प्रभावित करने वाले मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के मामलों में खतरनाक वृद्धि को दूर करने के लिए शुरू किया जाएगा। यह अभियान लक्षित सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों के बीच निरंतर व्यावहारिक परिवर्तन लाने का प्रयास करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और समुदाय के सदस्यों को मादक द्रव्यों की लत के स्वास्थ्य संबंधी खतरों, मनोवैज्ञानिक प्रभावों और दीर्घकालिक परिणामों के बारे में शिक्षित करना है। इस अभियान का उद्देश्य स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत कानूनी प्रावधानों, मादक द्रव्यों की तस्करी और सेवन के गंभीर परिणामों और नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए उपलब्ध पुनर्वास सहायता प्रणालियों के बारे में भी जन जागरूकता बढ़ाना भी है। विभिन्न जिलों में समन्वित प्रयासों के माध्यम से, यह पहल शीघ्र पहचान तंत्र को मजबूत करेगी, परामर्श और नशा मुक्ति सेवाओं को बढ़ावा देगी, और मादक द्रव्यों के प्रसार के विरुद्ध सामुदायिक स्तर पर सतर्कता को प्रोत्साहित करेगी।

    इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग, समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायती राज संस्थाएँ, गैर-सरकारी संगठन, युवा संगठन, स्कूल एवं कॉलेज प्रशासन, पुनर्वास केंद्र और सामुदायिक नेताओं सहित विभिन्न हितधारकों को शामिल किया गया है।

    राज्य और जिला स्तर पर सप्ताह-वार कार्य योजना तैयार की गई है, जिसमें जागरूकता रैलियों, नुक्कड़ नाटक, कानूनी साक्षरता कार्यशालाएं, परस्पर संवादात्मक स्कूल सत्र, परामर्श शिविर, सोशल मीडिया पहुँच, क्षमता निर्माण प्रशिक्षण और कमजोर समुदायों के हितार्थ कार्य शामिल होंगे।

    उन्होंने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय और हरियाणा सरकार के मार्गदर्शन में ये कार्यक्रम इस विश्वास की पुष्टि करते हैं कि जब व्यवस्थाएं शिक्षा, पुनर्वास, सहायता और सशक्तिकरण पर केंद्रित हों तथा हरियाणा सरकार ने भी इन पहलों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता और व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, तो सार्थक परिवर्तन संभव है। कैदियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों और राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान का एक साथ शुभारंभ एक सुरक्षित, जागरूक और सहानुभूतिशील समाज के निर्माण के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है। ये हस्तक्षेप सलाखों के पीछे मानवीय गरिमा को मजबूत करते हैं, नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ समुदायों की सुरक्षा करते हैं, तथा अधिक समावेशी और स्वस्थ समाज का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

  • जोघों पुलिस टीम ने पंजेहरा, मस्तानपुरा व बरूणा स्कूलो में लगाए जागरूकता शिविर

    जोघों पुलिस टीम ने पंजेहरा, मस्तानपुरा व बरूणा स्कूलो में लगाए जागरूकता शिविर

    बच्चों को नशे के प्रति किया जागरूक

    बद्दी/सचिन बैंसल: जोघों  पुलिस की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजेहरा, बरूणा व मस्तानपुरा में बच्चों को नशे की प्रति जागरूक किया।  जोघों थाने की महिला आरक्षी सावत्री देवी, आरक्षी मोहन सिंह, मुख्य मनजीत व रणजीत सिंह ने बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    महिला आरक्षी सावित्री देवी ने बताया कि नशा एक धीमा जहर है जो मनुष्य को  समाप्त करता ही है, साथ में यह उसके पूरे परिवार को तबाह कर देता है। नालागढ क्षेत्र में पंजाब से सटा हुआ है। पंजाब में हजारों लोग इस नशे की चपेट में आने से बर्बाद हो गए है। अब पंजाब में इसे खरीदने वाले कम रह गए है अब नशा तस्करों ने हिमाचल की ओर  रूख कर लिया है और अब यहां हंसते खेलते परिवार को तबाह करने में लगे हुए है। उन्होंने बच्चों को नशे के खिलाफ संकल्प भी दिलाया।

    उन्होंने बताया कि नशा एक गंभीर समाजिक बुराई है। यह आज हमारे सामने जानलेवा समस्या बनती जा रही है। नशा करने वाला व्यक्ति अपना मान सम्मान सबकुछ खो देता है। लोग नशीड़ी व्यक्ति से बात करना भी पंसद नहीं करते है। अगर देश में युवा इसकी चपेट में आ गया तो निश्चित रूप से देश विकास में पिछड़ जाएगा। विदेशी ताकते भारत में नशा  परोस रही है और नादान बच्चे इसकी चपेट में आ रहे है। एक बार जिस पर बच्चे को इसकी लत लग जाती है तो वह मरने के बाद ही छूटती है। सभी को पता है कि यह जानलेवा है और इसके बावजूद भी लोग इसका प्रयोग कर रहे है। पुलिस टीम ने बच्चों नशा न करने का संकल्प भी दिलाया।

  • राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में हस्ताक्षर अभियान

    राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में हस्ताक्षर अभियान

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आज रोड सेफ़्टी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु भव्य हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों तथा महाविद्यालय समुदाय को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करना और युवा पीढ़ी में जिम्मेदार यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम की अध्यक्षता रोड सेफ़्टी क्लब की नोडल ऑफिसर डॉ. किरण ठाकुर ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर रहे। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत करते हुए सभी विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान किया।अपने संबोधन में डॉ. रमेश ठाकुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक नियम नहीं, बल्कि जीवन से जुड़ी जिम्मेदारी है।

    उन्होंने छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और सड़क संकेतों का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. किरण ठाकुर ने बताया कि डायरेक्टर ऑफ हायर एजुकेशन द्वारा जारी एसओपी के अनुसार महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर पूरे वर्ष विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैली, वर्कशॉप, प्रतियोगिताएँ और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर, रोड सेफ्टी क्लब की नोडल ऑफिसर डॉ. किरण ठाकुर, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर प्रो. सिकंदर नेगी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षकगण और  छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम छात्रों में जागरूकता फैलाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण विकसित करने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

  • Punjab News: गैरहाजिर होने पर सासंद को लेकर कोर्ट का आया फैसला

    Punjab News: गैरहाजिर होने पर सासंद को लेकर कोर्ट का आया फैसला

    चंडीगढ़ः हिमाचल के मंडी से बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रानौत गुरुवार को बठिंडा अदालत में होने वाली सुनवाई में फिर हाज़िर नहीं हुईं। बेबे महिंदर कौर द्वारा दायर मानहानि मामले में आज कंगना की उपस्थिति अनिवार्य थी, लेकिन वे अदालत में नहीं पहुंचीं। हालांकि, उनके वकील ने अदालत के सामने उनका पक्ष रखा। अदालत ने कंगना रानौत को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से हाज़िर होने का आदेश जारी किया है। मानहानि का मामला दायर करने वाली 87 वर्षीय बेबे महिंदर कौर आज भी अदालत में पेश हुईं।

    अदालत के बाहर बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि “चार साल से हम इंसाफ के लिए दौड़ रहे हैं, अब माफ़ करने का कोई सवाल ही नहीं बनता।” बेबे महिंदर कौर के वकील रघुवीर सिंह बहनीवाल ने बताया कि आज कुछ महत्वपूर्ण सबूत अदालत के सामने पेश किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अदालत ने खुलकर आदेश दिया है कि अगली सुनवाई पर कंगना को व्यक्तिगत रूप से हाज़िर होना पड़ेगा। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई दौरान कंगना के वकीलों ने व्यक्तिगत पेशी से छूट और अगले मोहलतों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हाज़री की अनुमति मांगी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।

    उसी दिन अदालत ने कंगना के ख़िलाफ़ चार्ज भी फ्रेम किए थे। 2021 के किसान आंदोलन के दौरान कंगना रानौत ने बहादरगढ़ जंडिया गांव की बुज़ुर्ग किसान महिंदर कौर को ऐसी महिला बतलाया था जो विरोध प्रदर्शनों में पैसे लेकर हिस्सा लेती है। इस ट्वीट को निंदनीय और गलत बताते हुए महिंदर कौर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुक़दमा दर्ज कराया था। पिछली पेशी के बाद कंगना रानौत ने मीडिया के सामने कहा था कि ट्वीट एक ग़लतफ़हमी पर आधारित था और उन्होंने बेबे महिंदर कौर को ‘माफी का संदेश भेजा’ है। उन्होंने कहा था कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का उनका इरादा नहीं था।

  • Punjab News: 2 किलो हेरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, DSP का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: 2 किलो हेरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार, DSP का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत देहाती पुलिस 2 तस्करों को नशे की खेप सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो हेरोइन बरामद की है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 किलो हेरोइन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना घरिंडा पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

    डीएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नशा तस्कर सीमावर्ती इलाकों के रास्ते बड़ी मात्रा में हेरोइन की सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी शुरू की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने 2 व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 2 किलो हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह और ओंकार सिंह के रूप में हुई है, जो अलग‑अलग गांवों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

    डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोषियों की ओर से नशा तस्करी से जुड़े और भी नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी नीति अपनाकर बिना किसी दबाव के अपनी मुहिम जारी रखेगी और नशे के कारोबार को जड़ से खत्म किया जाएगा।

  • CM Mann का जापान दौरा इंडस्ट्रियल ग्रोथ का बनेगा मजबूत आधार: हरजोत बैंस

    CM Mann का जापान दौरा इंडस्ट्रियल ग्रोथ का बनेगा मजबूत आधार: हरजोत बैंस

    चंडीगढ़: पंजाब के शिक्षा तथा सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जापान यात्रा के सकारात्मक नतीजे सामने आने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से राज्य में बड़ा निवेश आएगा और रणनीतिक संबंध मजबूत होंगे।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की दूरदर्शी कूटनीतिक पहल पंजाब के मानव संसाधनों को उभरते अवसरों से जोड़ेगी, जिससे राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।

    हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ठोस प्रयासों के परिणामस्वरूप पंजाब ने जापानी उद्योग जगत की अग्रणी कंपनी टोपन स्पेशियलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (टी.एस.एफ.) के साथ एक ऐतिहासिक निवेश समझौता किया है। उन्होंने कहा कि यह कंपनी पंजाब में 400 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है और यह समझौता प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 से पहले राज्य को विश्व स्तर पर पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में एक अहम मील का पत्थर होगा।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह समझौता राज्य के औद्योगिक विकास और तकनीकी शैक्षणिक क्षमता के बीच तालमेल को मजबूत करेगा, जो मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्किलिंग एक्सीलेंस सेंटर उद्योग-अनुकूल कौशल का विस्तार करेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएगा और राज्य के आर्थिक विकास को गति देते हुए पंजाब को उत्तर भारत की कौशल राजधानी के रूप में स्थापित करेगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि यह रणनीतिक पहल पंजाब की प्रशासनिक सफलताओं और भविष्य-उन्मुख योजनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर राज्य की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करेगी, जिससे दुनिया को पता चलेगा कि पंजाब न केवल कारोबार के लिए खुला है बल्कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक साझेदारियां भी विकसित कर रहा है, जो अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और लोगों में निवेश के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराती हैं।

    बैंस ने बताया कि पंजाब का प्रतिनिधिमंडल फास्टट्रैक पंजाब सिंगल-विंडो सिस्टम, ऑटो-डीम्ड अनुमतियाँ और प्रोग्रेसिव पंजाब राइट टू बिज़नेस एक्ट सहित राज्य के अभूतपूर्व शासन सुधारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है। नई औद्योगिक नीति 2022 में शामिल व्यवस्थाओं और उद्योगपतियों की अध्यक्षता वाली 24 सेक्टर-आधारित समितियों के मार्गदर्शन से राज्य पहले ही इन्वेस्ट पंजाब के माध्यम से 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित कर चुका है।

    बैंस ने कहा कि राज्य सरकार विश्वभर के निवेशकों और साझेदारों को आगामी प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होकर पंजाब की सफल विकास यात्रा के साक्षी बनने का आमंत्रण देती है।

  • पूर्व राज्यपाल व BJP सासंद के पिता का हुआ निधन

    पूर्व राज्यपाल व BJP सासंद के पिता का हुआ निधन

    नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति और बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल का आज (4 दिसंबर 2025) को निधन हो गया। स्वराज कौशल ने 73 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। स्वराज कौशन वरिष्ठ अधिवक्ता और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल रह चुके है। दिल्ली बीजेपी ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्वराज कौशल के निधन की जानकारी दी है।

    साथ ही ये भी बताया कि उनका अंतिम संस्कार 4 दिसम्बर को सायं 4.30 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनकी पहचान बेहद ईमानदार और तेज सोच वाले प्रशासक की रही। राजनीति और कानून दोनों क्षेत्रों में अपनी मजबूत छाप छोड़ने वाले स्वराज कौशल का जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। स्वराज कौशल सिर्फ एक ‘पति’ की पहचान तक सीमित नहीं थे। उनका अपना कद बहुत बड़ा था, वे कानून के जानकार थे।

    पूर्वोत्तर भारत में शांति लाने वाले दूत थे और देश के सबसे युवा राज्यपालों में से एक थे। आज उनके जाने से बांसुरी स्वराज ने अपने पिता और मेंटर दोनों को खो दिया है। स्वराज कौशल का जन्म 12 जुलाई 1952 को हुआ था। दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी से उन्होंने पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की। स्वराज कौशल की पहचान सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों में होती थी। वे छह साल तक राज्यसभा में सांसद रहे, साथ ही मिजोरम में राज्यपाल की भी जिम्मेदारी संभाली थी। स्वराज कौशल सबसे कम आयु में राज्यपाल का पद प्राप्त करने वाले व्यक्ति बने थे। 1975 में इनका विवाह सुषमा स्वराज के साथ में हुआ था।

     

  • डीएसपी अजय ठाकुर ने लठियानी बंगाणा व आसपास के बाजारों में सड़क सुरक्षा-व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    डीएसपी अजय ठाकुर ने लठियानी बंगाणा व आसपास के बाजारों में सड़क सुरक्षा-व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    ऊना/सुशील पंडित: उना ज़िला पुलिस द्वारा सुरक्षा और अनुशासन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने वीरवार को बंगाणा मुख्या लय सहित लठियानी, रायपुर तथा आसपास के प्रमुख बाजारों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की, स्थानीय लोगों से संवाद किया और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। डीएसपी ने स्पष्ट कहा कि जिलाधीश ऊना जतिन लाल और एसपी ऊना अमित यादव द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का हर नागरिक पालन करे, ताकि क्षेत्र में सुरक्षित और अनुशासित माहौल सुनिश्चित हो सके। अपने निरीक्षण के दौरान डीएसपी अजय ठाकुर ने बाजारों में बढ़ती पार्किंग अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करना गंभीर समस्या पैदा करता है, जिससे न केवल ट्रैफिक बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। उन्होंने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें और प्रशासन की ओर से तय किए गए पार्किंग क्षेत्रों का ही उपयोग करें।

    डीएसपी अजय ठाकुर ने अवैध खनन पर निगरानी बनाए रखने की भी बात कही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां कानून के खिलाफ हैं और पर्यावरण व सड़क सुरक्षा दोनों के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश जारी किए कि रात 10 बजे के बाद कोई शराब की दुकान, अहाता या बीयर बार खुला न मिले, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।लठियानी सहित अन्य बाजारों में डीएसपी ने दुकानदारों से मुलाकात की और उनके साथ पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

    इस दौरान कई लोगों ने पुलिस थाना बंगाणा के व्यवहार और कार्यशैली की सराहना की। जनता की यह सकारात्मक प्रतिक्रिया सुनकर डीएसपी अजय ठाकुर ने थाना बंगाणा प्रभारी और उनकी टीम की पीठ थपथपाते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। जनता से अधिक सहयोग की अपील करते हुए डीएसपी अजय ठाकुर ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और पुलिस का उद्देश्य जनता की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को कोई भी समस्या हो तो वह सीधे उन्हें फोन पर संपर्क कर सकता है। हम जनता के सेवक हैं और उनकी सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।क्षेत्र में डीएसपी के इस दौरे को लोगों ने सकारात्मक कदम बताते हुए स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे सुरक्षा व्यवस्थाओं में और सुधार आएगा।