Blog
-

डॉ. बलजीत कौर ने अनुसूचित जाति के स्नातकों के लिए निःशुल्क स्टेनोग्राफी प्रशिक्षण की घोषणा की
मान सरकार ने रोजगार के नए अवसर खोले
चंडीगढ़: अनुसूचित जातियों के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाला कौशल प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज घोषणा की कि पात्र अनुसूचित जाति के स्नातक युवक एवं युवतियों के लिए एक वर्षीय निःशुल्क स्टेनोग्राफी प्रशिक्षण कार्यक्रम (सत्र 2026-27) में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार युवाओं को ऐसे सार्थक अवसर उपलब्ध करा रही है, जो उन्हें समय की मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करते हैं, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाते हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक भविष्य की ओर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के उस संकल्प का प्रतीक है कि आर्थिक कठिनाइयाँ कभी भी प्रतिभाशाली युवाओं की आकांक्षाओं और उनके करियर के मार्ग में बाधा नहीं बनने दी जाएंगी। विस्तृत जानकारी देते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इस एक वर्षीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 80 सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें पंजाबी स्टेनोग्राफी के लिए 40 तथा अंग्रेज़ी स्टेनोग्राफी के लिए 40 सीटें निर्धारित हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 20 अगस्त, 2026 है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेनोग्राफी के साथ-साथ कंप्यूटर टाइपिंग का भी समग्र प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षुओं को सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल अनुसूचित जाति के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि आवेदन पत्र प्राचार्य, अंबेडकर इंस्टीट्यूट, सेक्टर-60, फेज-3बी-2, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के कार्यालय में 20 अगस्त, 2026 तक अथवा उससे पूर्व जमा कराए जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे आवेदन अथवा अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। योग्यता संबंधी मानदंडों की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित, पंजाब का स्थायी निवासी तथा स्नातक होना चाहिए। 20 अगस्त, 2026 तक आवेदक की आयु 30 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन के साथ सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करना भी आवश्यक है। 27 अगस्त, 2026 को प्रातः 10:00 बजे साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा तथा इसके लिए अलग से कोई साक्षात्कार पत्र जारी नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित स्टेनोग्राफी दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी और अंतिम चयन पूरी तरह मेरिट तथा निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि चयनित प्रशिक्षुओं को 1,500 रूपये प्रतिमाह वजीफा, निःशुल्क छात्रावास सुविधा तथा अन्य संस्थागत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के पूरी एकाग्रता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अनुसूचित जाति के युवाओं को व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाने वाली पहलों में निरंतर निवेश करती रहेगी, ताकि वे सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें और समृद्ध, समावेशी तथा रंगला पंजाब के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। -

पंजाब की महिलाओं ने ‘मुख्यमंत्री मांवां धीयां सत्कार योजना’ के तहत डीबीटी की सराहना की
चंडीगढ़: भगवंत मान सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री माँवां धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं के बैंक ख़ातों में वित्तीय सहायता सीधे भेजने के निर्णय को राज्यभर की लाभार्थियों से भरपूर सराहना मिली है। महिलाओं का कहना है कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली ने पारदर्शिता, सुविधा और आर्थिक सशक्तीकरण को सुनिश्चित किया है, क्योंकि सहायता राशि सीधे उनके ख़ातों में पहुँच रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार अब तक इस योजना के तहत डीबीटी प्रणाली के माध्यम से लगभग 33 लाख महिलाओं के बैंक ख़ातों में ₹1,149 करोड़ सीधे भेज चुकी है। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की पात्र लाभार्थियों को ₹1,500 की तीन मासिक किस्तों के रूप में कुल ₹4,500 दिए गए हैं, जबकि अन्य वर्गों की लाभार्थियों को ₹1,000 की तीन मासिक किस्तों के रूप में कुल ₹3,000 प्रदान किए गए हैं। ‘मुख्यमंत्री माँवां धीयां सत्कार योजना’ के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं की रजिस्ट्रेशन के साथ यह योजना पंजाब की सबसे बड़ी महिला-केंद्रित सामाजिक सुरक्षा पहलों में से एक बन गई है।
राज्यभर की महिलाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह राशि बिना किसी बिचौलिये और बिना किसी देरी के सीधे वास्तविक लाभार्थियों तक पहुँची है तथा वे आवश्यकता पड़ने पर यह राशि कभी भी निकाल सकती हैं। गुरदासपुर की 32 वर्षीय सरबजीत कौर ने कहा कि डीबीटी प्रणाली ने यह सुनिश्चित किया है कि वित्तीय सहायता अपने वास्तविक उद्देश्य के लिए ही उपयोग हो। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पैसा सीधे हमारे बैंक ख़ातों में भेजा है, जिससे मैं बहुत ख़ुश हूँ। अगर यह राशि नकद दी जाती तो शायद इसका सही उपयोग नहीं होता। कैश देंदे ता आदमी लोग पेग-शेग ते ख़र्च कर देंदे हैं, पर ख़ाते विच ता साडा पैसा सेफ़ है (अगर नकद देते तो आदमी लोग इसे दारू-वगैरह पर ख़र्च कर देते, लेकिन ख़ाते में हमारा पैसा सुरक्षित है।) अब पैसा हमारे अपने ख़ाते में है और जब भी ज़रूरत होगी, हम उसे निकाल सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि यह राशि केवल घर की ज़रूरतों और अन्य आवश्यक ख़र्चों पर ही ख़र्च हो।”
हरचोवाल गाँव की 35 वर्षीय गगनदीप कौर ने इस योजना को अपने अनुभव की सबसे पारदर्शी जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा, “मैंने अभी तक यह राशि नहीं निकाली है क्योंकि जब ज़रूरत होगी तभी इसका उपयोग करूँगी। आर्थिक सहायता देने का यह सबसे अच्छा तरीका है। अगर सरकार नकद राशि बाँटती तो लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता। आवेदन करने के पाँच से छह दिनों के भीतर ही पैसा मेरे ख़ाते में आ गया। पूरी प्रक्रिया तेज़, पारदर्शी और बिना किसी परेशानी के है।”
हरगोबिंदपुर की 49 वर्षीय सुमन कुमारी ने कहा कि इस आर्थिक सहायता से उनके परिवार को घरेलू तथा शिक्षा संबंधी महत्त्वपूर्ण ख़र्च पूरे करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा, “इस योजना की सबसे अच्छी बात यह है कि पैसा सीधे महिलाओं के ख़ातों में आता है। मैंने इस राशि का उपयोग सार्थक कार्यों में किया है। मेरी दोनों बेटियाँ, जो उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिला है। इसके साथ-साथ हमारे परिवार को मुफ़्त राशन, मुफ़्त बिजली और मुफ़्त बस यात्रा की सुविधा भी मिल रही है, जिससे काफ़ी राहत मिली है।”
मंडी अहमदगढ़ की हरपाल कौर ने कहा कि इस आर्थिक सहायता ने महिलाओं को अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार ख़र्च करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने यह राशि घर की ज़रूरतों पर ख़र्च की है। मेरी दोनों बेटियों को भी यह राशि मिली है और वे इसका उपयोग अपनी ज़रूरतों के अनुसार कर रही हैं। बेटियों की अपनी आवश्यकताएँ होती हैं और यह अच्छी बात है कि सरकार इस समय उनका सहयोग कर रही है। सबसे अच्छी बात यह है कि डीबीटी के माध्यम से पैसा सीधे हमारे बैंक ख़ातों में आया है, जिसे हम ज़रूरत पड़ने पर कभी भी निकाल सकते हैं। सरकार ने एह पैसा चंगी नीयत नाल दित्ता है, एह चंगी जगह ही ख़र्च करना चाहीदा है (सरकार ने यह पैसा अच्छे इरादे से दिया है, इसलिए इसे अच्छे कामों पर ही ख़र्च करना चाहिए।)”
लाभार्थियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि डीबीटी मॉडल ने न केवल कल्याणकारी योजनाओं के लाभों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से पहुँचाना सुनिश्चित किया है, बल्कि महिलाओं को सरकारी वित्तीय सहायता पर सीधा अधिकार देकर उनकी आर्थिक स्वतंत्रता भी मज़बूत की है। इस बीच, पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “मुख्यमंत्री मांवां धीयां सत्कार योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सहायता मिले। कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगी।”
डीबीटी प्रणाली का सफल क्रियान्वयन योजना के नोडल बैंकिंग साझेदार एक्सिस बैंक के सहयोग से भी संभव हुआ है, जिसने पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर लाभ राशि के हस्तांतरण को सुगम बनाया है। एक्सिस बैंक के ग्रुप हेड (ब्रांच बैंकिंग, नॉर्थ एवं टैस्क बिज़नेस) रेनॉल्ड डी’सूज़ा ने कहा, “पंजाब सरकार के साथ मिलकर मुख्यमंत्री माँवां धीयां सत्कार योजना के क्रियान्वयन में भागीदार बनना एक्सिस बैंक के लिए गर्व की बात है। यह पहल राज्य की लाखों महिलाओं के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालेगी। हम लाभार्थियों तक सहायता राशि का समय पर, पारदर्शी और प्रभावी वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम जब प्रभावी ढंग से और बड़े स्तर पर लागू किए जाते हैं, तो वे आर्थिक सुरक्षा को मज़बूत करने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखते हैं।”
लाभार्थियों के बैंक ख़ातों में सीधे राशि भेज कर डीबीटी प्रणाली न केवल समय पर वित्तीय सहायता सुनिश्चित कर रही है, बल्कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता तथा परिवार में निर्णय लेने की उनकी क्षमता को भी सशक्त बना रही है।
-

Punjab News: मशहूर डॉक्टर से साढ़े 4 करोड़ की ठगी, 60 तोले गहने गायब, 8 पर मामला दर्ज, देखें वीडियो
पठानकोटः जिले में एक मशहूर हड्डी रोग विशेषज्ञ के साथ करोड़ों रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि डॉक्टर के घर में लंबे समय से काम कर रही दो सगी बहनों ने पतियों व दूसरे साथियों सहित मिलकर डॉक्टर के भरोसे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। कर्मचारियों ने कथित तौर पर डॉक्टर की पत्नी को अपने झांसे में लेकर बैंक खाते से लाखों रुपये निकलवा लिए। इतना ही नहीं, घर में रखी नकदी और करीब 60 तोले सोने के गहने भी गायब कर दिए। इस पूरे मामले में करीब 4 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार,पठानकोट के एक प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ के घर काफी समय से काम कर रहे थे। परिवार का उन पर पूरा भरोसा था। आरोप है कि कर्मचारियों ने इसी भरोसे का फायदा उठाया और डॉक्टर की पत्नी को गुमराह कर बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से बड़ी रकम निकलवा ली। इसके बाद घर में रखी नकदी और करीब 60 तोले सोने के आभूषण भी लेकर फरार हो गए। जब परिवार को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शुरुआती जांच मे सामने आया है कि इस घटना से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
-

Jalandhar News: मेयर विनीत धीर सहित इन नेताओं को पार्टी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी, ढल्ल की हुई छुट्टी, देखें लिस्ट
जालंधर, ENS: पंजाब में होने वाली 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले आप पार्टी नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में अपने संगठन का विस्तार किया। वहीं दिनेश ढल्ल को हल्का इंचार्ज से हटा दिया गया। चुनाव से पहले पार्टी ने नई नियुक्तियों का एलान किया है। पार्टी ने जगरूप सिंह सेखवां को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

इसके अलावा पार्टी की ओर से जालंधर के नगर निगम मेयर विनीत धीर, जोबन रंधावा और जस्सा पट्टी को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। आम आदमी पार्टी पंजाब ने जगरूप सिंह सेखवां को राज्य उपाध्यक्ष नियुक्त करने के साथ-साथ जालंधर नॉर्थ, फतेहगढ़ चूड़ियां और पट्टी विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी के सभी पदाधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियां संभालने पर पार्टी नेतृत्व की ओर से हार्दिक बधाई।
-

Jalandhar News: कैंटर और कार में हुई भीषण टक्कर, 5 लोग घायल, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: फिल्लौर में स्विफ्ट कार और कैंटर ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। मामले की जानकारी देते हुए कैंटर ड्राइवर स्वर्णजीत सिंह ने बताया है कि स्विफ्ट कार नवांशहर की ओर से आ रही थी। इस दौरान वह रायकोट से पशुओं की फीड भरकर राहों की ओर जा रहा था। जब वह फिल्लौर नवांशहर रोड पर पहुंचा तो सामने से नवां शहर की ओर से आ रही स्विफ्ट कार ने उसे रॉन्ग साइड पर आकर टक्कर मार दी।
इस घटना में कार में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के दौरान कार में एक महिला और 4 व्यक्ति सवार थे। घायल लोगों की पहचान परमजीत सिंह गांव खान खाना, ऊषा रानी पत्नी परमजीत सिंह, खान खाना, राजवीर सिंह पुत्र दिलबाग सिंह, सुखजिंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह के रूप में हुई है। ये 5 लोग कार में सवार थे। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से फिल्लौर के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
जहां ड्यूटी डॉक्टर राजवीर कौर ने बताया कि चारों की हालत खतरे से बाहर हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार देकर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे 112 के ड्यूटी अधिकारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बाकी कैंटर ड्राइवर के बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। वहीं लोगों से पूछताछ के अनुसार कार अचानक कैंटर से टकरा गई। उधर, मामले की जानकारी देते हुए कार चालक ऊषा रानी ने कहा कि वह माथा टेकने के लिए संगरूर की ओर जा रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। घटना के दौरान कार में 5 लोग सवार थे। वहीं सुखजिंदर सिंह ने कहा कि सामने से आकर ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में सभी लोग घायल हो गए। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
-

Punjab News: अस्पताल में महिला की मौत को लेकर परिजनों का हंगामा
पटियाला: जिले के प्राइम अस्पताल में महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतका के पारिवारिक सदस्य डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर धरना दे कर इंसाफ की मांग की। महिला की मौत के बाद परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। परिवार ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की कथित अवहेलना के कारण महिला की जान गई।
इसके विरोध में परिवार और अन्य लोगों ने अस्पताल के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और दोषी डॉक्टरों खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर के उन्हें इंसाफ दिया जाए। दूसरी तरफ, अस्पताल प्रबंधन की ओर इन दोषों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-

Punjab News: BJP ऑफिस पर पेट्रोल बम अटैक मामले में 2 गिरफ्तार, पुलिस का खुलासा, देखें वीडियो
मात्र इतने रुपए के लिए दिया था वारदात को अंजाम
संगरूरः जिले के भाजपा के दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने 12 घंटों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान हैपी सिंह उर्फ हैपी निवासी भम्माबंदी थाना लोंगोवाल (संगरूर) व जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी निवासी वार्ड नंबर 12 शहीद ऊधम सिंह बस्ती, लहरा के रूप में हुई है। एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 2:35 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उपली गांव की तरफ से पैदल सड़क पर आए थे। आरोपियों ने बोतल पर लगी सुतली में आग लगाकर भाजपा कार्यालय की चारदीवारी के ऊपर से कार्यालय की इमारत की दीवार की तरफ पेट्रोल बम फेंका व वापस पैदल उपली रोड की ओर चले गए। आरोपियों ने इमारत को नुकसान पहुंचाने व माहौल खराब करने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले चंडीगढ़ व अन्य जगहों पर इसी तरीके से पेट्रोल बम फेंककर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों का सोशल मीडिया के जरिये विदेश में बैठे राणा भाई से संपर्क हुआ। राणा भाई ने दोनों को बड़ी रकम देने का भरोसा दिलाकर इस वारदात को अंजाम दिलाया। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने का बाद वीडियो बनाकर राणा भाई को सोशल मीडिया के जरिये भेजी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को यूपीआई की मदद से 1200-1000 रुपये का भुगतान किया गया। पूछताछ दौरान सामने आया कि उन्हें इस कार्य के लिए बड़ी रकम देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन मात्र 2200 रुपये ही उन्हें मिले। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए। इस मामले में काउंटर इंटेलिजेंस की एआईजी डॉ. सिमरत कौर की टीम ने जांच में अहम योगदान दिया। पुलिस ने थाना सिटी-1 संगरूर में दर्ज उक्त मामले में यूएपीए की धारा को शामिल किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मौके की वीडियो भी बनाई, जिसे राणा भाई को भेजकर बाकी रकम हासिल करनी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। राणा भाई के सोशल मीडिया अकाउंट व आरोपियों को की गई ट्रांजेक्शन की यूपीआई आईडी के संबंधी जांच की जा रही है। 22 वर्षीय हैपी सिंह फ्लीपकार्ट में काम करता है, जबकि 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह जस्सी बढ़ई का काम करता है। दोनों का सोशल मीडिया के जरिये आपस में संपर्क हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर राणा भाई के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया। -

Punjab News: महिलाओं के 1 हजार वाले फार्म को लेकर भिड़े कांग्रेस-आप पार्टी के कार्यकर्ता, 3 घायल, दखें वीडियो
गुरदासपुरः जिले के अधीन आते गांव निमाना में महिलाओं के हजार रुपये वाले फार्म भरने को लेकर आप और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई लड़ाई की रंजिश को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता एक बार फिर आमने-सामने हो गए। जहां दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इस झगड़े में 3 व्यक्ति घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गांव निमाना के कांग्रेसी सरपंच गगनदीप सिंह और घायल हुए विक्की मसीह ने बताया कि उनके गांव में महिलाओं के 1000 रुपये वाले फार्म भरे जा रहे थे। आरोप है कि मौके पर पहुंचे तो वहां फार्म भरने वाली महिलाओं द्वारा फार्म भरने से मना कर दिया गया। जिसके बाद वे मौके से वापस आ गए। इस दौरान गांव के ही दो व्यक्तियों ने स्कूल में घुसकर उनके साथ बदसलूकी की। इसी रंजिश को लेकर आज फिर से काम पर जा रहे युवाओं पर हमला कर दिया।
इस मौके पर घायल हुए व्यक्ति विक्की मसीह ने बताया कि आज जब वे चार लोग मोटरसाइकिल पर दिहाड़ी के लिए निकले तो आईटीआई नैणें कोट के पास पीछे से आई दो गाड़ियां थार और स्विफ्ट गाड़ी में सवार लोगों ने उन पर हमला कर दिया और उनके दो साथियों को घेर कर तेजधार हथियारों से घायल किया। इसके अलावा उनके पास एक बंदूक और पिस्टल से कथित तौर पर दर्जन भर के करीब फायर भी किए गए हैं।
इस मौके पर पहुंचे थाना काहनूवान के मुखी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी निर्देशों का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल गोली चलने की पुष्टि नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
-

Jalandhar News: Flyover पर ट्रक और कार की टक्कर में वाहन क्षतिग्रस्त, लगा जाम, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: सूर्या एन्क्लेव फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक और कार में टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। हालांकि दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही कार से जा टकराया।टक्कर के बाद फ्लाइ ओवर पर जाम लग गया। हादसा होते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए राहत कार्य शुरू कर दिया। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर का एक हिस्सा पूरी तरह बंद हो गया। दोपहर के व्यस्त समय में हुए इस हादसे के कारण फ्लाईओवर और इससे जुड़े मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तेज गर्मी के बीच वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक और कार को सड़क से हटाकर किनारे करवा दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है।
