Blog

  • मां के श्राद्ध में बची 1 किलो गैस बनी मौत का कारण, बड़े भाई ने ली छोटे की जान

    मां के श्राद्ध में बची 1 किलो गैस बनी मौत का कारण, बड़े भाई ने ली छोटे की जान

    देवघर: देवघर जिले में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहां पर बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी। दोनों भाइयों में विवाद मां के श्राद्ध में बचे हुए सामान को लेकर हुआ। पुलिस ने छोटे भाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी बड़े भाई समेत दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    जानकारी के मुताबिक घटना देवघर जिले के सोनारायथारी थाना क्षेत्र के खिजुरिया गांव की है. यहां पर दो भाइयों ने मिलकर मां का श्राद्ध किया। इसके बाद बचे हुए सामान को लेकर विवाद हो गया। एक गैस सिलिंडर में 1 किलो गैस बची हुई थी। गैस की कीमत 150 रुपये लगाई गई। छोटे भाई गणपति का कहना था कि या तो उसे आधे गैस की कीमत 75 रुपये दे दिए जाए या उससे 75 रुपये लेकर पूरी गैस बड़ा भाई सीताराम इस्तेमाल कर ले। सीताराम इसके लिए तैयार नहीं हुआ और दोनों भाइयों में विवाद हो गया। 

    बात इतनी बढ़ गई कि सीताराम ने छोटे भाई गणपति व उसके बेटे बद्री पर रॉड से वार कर दिया। जिससे मौके पर ही गणपति की मौत हो गई। वहीं, बद्री को भी मामूली चोट आई है। बद्री के सीताराम महतो, चांदो यादव, अरुण यादव, संतोष यादव, वरुण यादव कलेश्वरी देवी. अनीता देवी और रीना देवी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    सोनारायथारी थाना प्रभारी अफरोज आलम ने बताया कि खजुरिया गांव में आपसी विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. वहीं एक व्यक्ति घायल है. घायल का इलाज सदर अस्पताल देवघर में चल रहा है. घायल बद्री के बयान पर 3 महिला समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा.

  • पंजाबः सड़क हादसे में चीफ इंजीनियर की मौत

    पंजाबः सड़क हादसे में चीफ इंजीनियर की मौत

    लुधियानाः शहर के समराला के पास लुधियाना-खरड़ नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में चीफ इंजीनियर की मौत हो गई। दरअसल, देर रात मृतक चीफ इंजीनियर की कार गाय से टकरा गई, जिसके बाद कार ने कई बार पलटी खाई। हादसे के बाद घटना पर स्थित स्थानीय लोग तुरंत उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरिंद्रपाल सिंह दिलावरी के रूप में हुई है।

    वह बुड्‌डा शुगर मिल में चीफ इंजीनियर था। घटना की जानकारी देते हुए समराला की रहने वाली रणजीत कौर ने बताया कि उसकी गाड़ी अमिंद्रपाल की गाड़ी के पीछे थे। गाड़ी गाय के शव से टकराने के बाद हवा में पलटियां खाने लगी। कार गिरते ही उन्होंने भी अपनी कार रोक दी। स्विफट कार में से घायल अमिंद्रपाल को निकालने की काफी कोशिश की। लोगों से उन्होंने मदद के लिए भी कहा, लेकिन 2 घंटे की देरी से जब कार से घायल को बाहर निकाला तब तक उसका काफी खून बह चुका था।

    अगर समय रहते उन्हें कार से बाहर निकाल लेते तो शायद उनकी जान बच जाती। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि सरकार काऊसेस हर चीज में एकत्र कर रही है, लेकिन बेसहारा पशुओं पर काऊसेस नहीं लग रहा। मरी हुई गाय सड़कों पर पड़ी है। हादसे में लोगों की जान जा रही है लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। 

  • जालंधर: भारत जोड़ो यात्रा में फिर राजा वड़िंग को पड़े धक्के, देखें वीडियो

    जालंधर: भारत जोड़ो यात्रा में फिर राजा वड़िंग को पड़े धक्के, देखें वीडियो

    जालंधर/वरुणः महानगर में बीते दिन शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दौरान एक बार फिर पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को सुरक्षाकर्मियों द्वारा धक्के मारने का मामला सामने आया है। भारत जोड़ों यात्रा चौथे दिन रविवार को सासंद संतोख चौधरी के संस्कार के बाद राहुल गांदी ने खालसा कॉलेज से यात्रा शुरू की थी। इस दौरान राजा वड़िंग की एक बार फिर से राहुल गांधी के सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस हो गई।

    दरअसल, वड़िंग राहुल गांधी का सुरक्षा घेरा तोड़कर फिर वापिस आने की कोशिश कर रहे थे, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दूर तक धकेल दिया। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। फिर जब वड़िंग ने अपना पहचान पत्र दिखाया, जिसके बाद राहुल गांधी की सिक्योरिटी ने उन्हें घेरे में अंदर आने की अनुमति दी। गौर हो कि इससे पहले राहुल गांधी की सिक्योरिटी कर्मियों द्वारा राजा वड़िंग को धक्के मारने गए थे। इस घटना को लेकर राजा वडिंग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया था। 

  • Bathinda: डॉक्टर पर गोली चलाने वाले 7 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, इस गैंग के सदस्य

    Bathinda: डॉक्टर पर गोली चलाने वाले 7 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, इस गैंग के सदस्य

    बठिंडाः तलवंडी साबो में डॉ. दिनेश बंसल पर गोलियां चलाने वाले दोनों आरोपियों समेत कुल सात लोगों को देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सातों आरोपी कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना गैंग के सदस्य बताए जा रहे है। इस बारे में एसएसपी जे इलेनचेलियन ने सोमवार सुबह पुष्टि कर दी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीनू सिंह, प्रदीप सिंह, दविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, गुरतेज सिंह, हरपिंदर सिंह, सुखप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से 315 बोर एवं 12 बोर का हथियार बरामद किया है।

    रविवार देर शाम को तलवंडी साबो में फिरौती न देने पर डॉक्टर पर फायरिंग करने वालों को पकड़ने गई पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ तलवंडी साबो के गांव गुरुसर के पास हुई। इसमें एक आरोपी को गोली लगी। घायल की पहचान बीनू के तौर पर हुई थी, वह मनप्रीत मन्ना गैंग का गुर्गा बताया जा रहा है। रविवार को रंगदारी न देने पर तलवंडी साबो के डॉक्टर दिनेश बंसल पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद बठिंडा पुलिस रविवार को तलवंडी साबो के गांव गुरुसर में तलाशी अभियान चला रही थी। तभी पुलिस को गांव गुरुसर में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली।

    इसी दौरान पुलिस ने फायरिंग करने वाले एक हमलावर की पहचान कर ली। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली बीनू नाम के हमलावर को लगी। गंभीर हालत में उसे तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बठिंडा के एसएसपी जे एलेंचेलियन ने मुठभेड़ की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम रविवार को हमलावरों को पकड़ने गई थी। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली हमलावर को लगी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका उपचार करवाया जा रहा है। 

  • फैकट्री में बन रहा था भैंसों की चर्बी वाला साबुन, पुलिस ने किया पर्दाफाश

    फैकट्री में बन रहा था भैंसों की चर्बी वाला साबुन, पुलिस ने किया पर्दाफाश

    बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। भैसों की चोरी कर पशुओं को अवैध रूप से कटान करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही से 9 भैंस, 8 कटरे, 8 कटिया, 27 टिन चर्बी, 9 बोरे सुखी चर्बी, भारी मात्रा में भैंसों की खाल और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।

    जानकारी के मुताबिक विभिन्न थाना क्षेत्रों में सर्दी के मौसम के चलते कोहरे का फायदा उठाते हुए पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद गिरोह के सदस्य अवैध रूप से पशुओं का कटान करते थे। जिसमें कटान के बाद अवशेषों को ठिकाने लगाने के लिए पशुओं के मीट को होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर सप्लाई करते थे, जबकि चर्बी साबुन फैक्ट्री को सप्लाई किया जाता था। पुलिस को पता चलते ही साबुन फैक्ट्री को भी तत्काल प्रभाव से मजिस्ट्रेट की टीम ने सील कर दिया है। साबुन के रेपर पर लिखा होता है कि शुद्ध तेलों से निर्मित, लेकिन यहां  चर्बी का इस्तेमाल किया जा रहा था। साबुन फैक्ट्री मालिक के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 IPC के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।

  • भारत को दहलाने की साजिश! एजेंसियों ने पंजाब और दिल्ली में अलर्ट किया जारी 

    भारत को दहलाने की साजिश! एजेंसियों ने पंजाब और दिल्ली में अलर्ट किया जारी 

    नई दिल्ली: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई गणतंत्र दिवस के मौके पर आतंकवादी संगठनों अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट के साथ मिलकर राजधानी दिल्ली, पंजाब समेत देश के अन्य कई शहरों में बड़े हमले करने की साजिश रच रही है। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियों की गोपनीय रिपोर्ट में पता चला है कि पाकिस्तान की ISI ने भारत में आतंकी हमले करवाने के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इरबाहिम के गुर्गों की मदद ली है। भारत में होने वाले G-20 समिट पर भी इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा की नजर है।

    पाकिस्तान की मदद से इन आतंकी संगठनों की साइबर विंग, साइबरस्पेस पर काफी एक्टिव हो चुकी है और G-20 समिट के दौरान बड़े साइबर हमले करने की फिराक में है। खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान अपने स्लीपर सेल और अवैध रोहिंग्यों का इस्तेमाल कर 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली और पंजाब में IED ब्लास्ट करवा सकता है। इस रिपोर्ट के मुताबिक अल-कायदा के आतंकी ‘लोन वुल्फ अटैक’ के फिराक में हैं। अगर 26 जनवरी पर आतंकी हमले का प्लान फेल हुआ, तो G-20 समिट के दौरान​ भारत के विभिन्न शहरों में आतंकी हमले करवाने की साजिश ISI ने रची है।

    खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की ISI ने इस बार दिल्ली और पंजाब को टारगेट करने के लिए अवैध रोहिंग्या, दो बांग्लादेशी आतंकी संगठनों अंसार-उल-बांग्ला और जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश का सहारा लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक लो प्रोफाइल विंग फिर से एक्टिव हो सकती है और स्लीपर सेल की तरह गोरिल्ला अटैक को अंजाम दे सकती है। इस गोपनीय अलर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रो-खालिस्तानी टेरर ग्रुप दिल्ली और पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने ‘दल खालसा’ और ‘वारिस पंजाब दे’ पर कड़ी नजर रखने की सलाह देते हुए कहा है कि ये दोनों संगठन देश का माहौल खराब की पुरजोर कोशिश में जुटे हैं।

  • यति एयरलाइंस के क्रेश से पहले प्लेन के अंदर की वीडियो आई सामने

    यति एयरलाइंस के क्रेश से पहले प्लेन के अंदर की वीडियो आई सामने

    नई दिल्ली। नेपाल के पोखरा में रविवार को हुए प्लेन क्रैश में 5 भारतीयों की मौत हुई है। इनमें 4 यूपी के गाजीपुर जिले के कासिमाबाद के रहने वाले थे। वहीं, एक अन्य यात्री भी यूपी का है। हालांकि, वह किस जिले से है यह पता नहीं चल सका है। उसकी मौत की भी पुष्टि नहीं हुई है विमान में चार क्रू मेंबर्स समेत 72 लोग थे। 68 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

    गाजीपुर के जिन चार युवकों की हादसे में मौत हुई है। वह चारों बचपन से दोस्त थे। एक साथ 3 दिन पहले नेपाल घूमने गए थे। इनमें से एक युवक का नाम सोनू जयसवाल है। प्लेन क्रैश होने के चंद सेकंड पहले सोनू विमान के अंदर का सीन फेसबुक पर लाइव कर रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि प्लेन में सब खुश हैं। मुस्कुरा रहे हैं। सोनू पहले खुद को और बाद में विमान में बैठे बाकी यात्रियों को दिखाते हैं। तब तक सबकुछ ठीक था।

    अचानक से मरा… मरा…मरा की आवाज आने लगती हैं। चीख-पुकार मच जाती है… और फिर सिर्फ आग का गुबार नजर आता है। यानी तब हादसा हो चुका था। सोनू के परिवार ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की है। डीएम गाजीपुर आर्यका अखौरी ने चारों युवकों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया की जिला प्रशासन, नेपाल में भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।

  • जालंधर: लतीफपुरा मामले को लेकर यह हाइवे रहेगा बंद

    जालंधर: लतीफपुरा मामले को लेकर यह हाइवे रहेगा बंद

    जालंधर/वरुण: धन्नोवाली फाटक के समीप जालंधर से लुधियाना की ओर जाने वाला हाईवे आज दोपहर कुछ समय के लिए बंद रहेगा। लतीफपुरा के बेघर लोगों ने इस संबंध में आज 11:30 बजे से तीन बजे तक नैशनल हाईवे जाम बंद करने का ऐलान किया है। 

    लतीफपुरा में बेघर किए लोगों को उसी जमीन पर बसाने को संघर्ष कर रहे लतीफपुरा पुनर्वास संयुक्त मोर्चा आज धन्नो वाली फाटक के समीप नैशनल हाईवे और रेल यातायात का चक्का जाम करेगा। मोर्चा के जाम से नैशनल हाईवे पर आवगमन कर रहे दूर दराज के राज्यों व जिलों के वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं रेल यातायात बाधित करने से ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित होगी।

  • पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने दिया इस्तीफा 

    पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने दिया इस्तीफा 

    चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो.राज कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

    बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी के चांसलर जगदीप धनखड़ ने प्रो. राज कुमार का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। उनके स्थान पर डॉ.रेणू विज को कार्यकारी वाइस चांसलर बनाया गया है।

  • पंजाब: वारिस पंजाब के अमृतपाल सिंह फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती

    पंजाब: वारिस पंजाब के अमृतपाल सिंह फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती

    अमृतसर: वारिस पंजाब के सुप्रीमो अमृतपाल सिंह को अमृतसर के फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि अमृतपाल सिंह को आंखों के सामने अंधेरा आ जाने की शिकायत थी। इसलिए उन्हें अस्पताल लाया गया। फोर्टिस अस्पताल में डॉक्टर अमृतपाल सिंह की मेडिकल जांच कर रहे है। फोर्टिस एस्कोर्ट अस्पताल की तरफ से सुबह करवाए गए टेस्टों में सभी टेस्ट ठीक आए हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि उनकी एमआरआई भी करवाई गई है।

    जिसकी रिपोर्ट के आने का इंतजार है। रिपोर्ट के आने के बाद ही डॉक्टर्स उनके बीमारी के बारे में कुछ बता पाएंगे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। जहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है। वहीं अमृतपाल के समर्थकों का कहना है कि जत्थेदार अमृतपाल ​​​​​​रात 2.30 बजे अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे।

    जिस समय उनकी तबीयत बिगड़ी वह मुक्तसर साहिब में थे। उन्हें रात के समय घबराहट महसूस हुई। जिसके बाद उन्हें अमृतसर के अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर्स के अनुसार उनका बीपी बढ़ा हुआ था। डॉक्टर्स के अनुसार उनकी हालत में अब सुधार है। रात बीपी के कारण उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ा। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।