Blog

  • पंजाबः पेट्रोल पंप बाइक पर आए 2 हथियारबंद लूटेरों ने लुटे 90 हजार, देखे CCTV

    पंजाबः पेट्रोल पंप बाइक पर आए 2 हथियारबंद लूटेरों ने लुटे 90 हजार, देखे CCTV

    अमृतसरः जिले में 2 नकाबपोश बाइक सवारों ने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर आए हथियारबंद लुटेरों ने चंद मिनटों में पेट्रोल पंप से 90 हजार कैश लूट लिया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई केस दर्ज कर लिया है। घटना जंडियालागुरू में मल्लियां रोड की है। मल्लियां रोड स्थित पेट्रोल पंप पर देर रात सभी कर्मचारी काम में व्यस्त थे।

    इसी दौरान एक बाइक पर 2 युवक आए। दोनों के मुंह ढके हुए थे। एक ने बड़ी दोनाली निकाली और दूसरे ने पिस्टल निकाल ली। दोनों पेट्रोल पंप पर कैश इकट्‌ठा कर रहे युवकों की तरफ लपके। बताया जा रहा है कि युवकों को देखकर पेट्रोल पंप पर काम कर रहे कर्मचारी सहम गए। युवक उनसे रुपए छीनने लगे, लेकिन कर्मियों ने लुटेरों का मुकाबला किया।

    आरोपियों ने पिस्टल व हथियार तान दिए तो सभी पीछे हो गए। तकरीबन 1.30 मिनट में लुटेरे 90 हजार रुपए के करीब कैश लूट कर ले गए। लूट की सूचना मिलते ही जंडियालागुरू थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस कर्मचारियों से बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। अंधेरा होने के कारण आरोपियों के मोटर साइकिल का नंबर साफ नहीं दिखा, लेकिन आरोपियों की मूवमेंट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

  • पुलिस ने इनामी अपराधी को किया  गिरफ्तार

    पुलिस ने इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार

    मुरादाबाद: यूपी की मुरादाबाद पुलिस ने जफर नाम के अपराधी को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया है। ये अपराधी एक लाख रुपए का इनामी है और उत्तराखंड के भरतपुर से उस वक्त फरार हो गया था, जब यूपी पुलिस उसे पकड़ने पहुंची थी। इस बात की जानकारी मुरादाबाद के एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने दी है। उन्होंने बताया कि जफर के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज किया जा रहा है। एनकाउंटर के दौरान एक कॉन्सटेबल भी घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। 

    क्या है पूरा मामला

    दरअसल बीते गुरुवार को ये खबर सामने आई थी कि उत्तराखंड के काशीपुर में इनामी बदमाश जफर को पकड़ने गई यूपी पुलिस पर हमला हुआ था। मिली जानकारी के मुताबिक, ये हमला स्थानीय लोगों ने किया था। इस हमले में दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं, SHO समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस घटना में आरोपी गैंगस्टर जफर फरार हो गया था। 

    इस मामले में काफी हंगामा हुआ था और महिला की मौत की वजह से हाईवे को जाम किया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला उधमसिंह नगर की रहने वाली थी और जसपुर के ब्लॉक प्रमुख गुरताज भुल्लर की पत्नी गुरप्रीत कौर थी। इस घटना में पुलिस और पीड़ित पक्ष अलग-अलग दावे कर रहा था।

    पुलिस का क्या कहना था?

    पुलिस का कहना था कि यूपी के मुरादाबाद की पुलिस उत्तराखंड में इनामी गैंगस्टर जफर को गिरफ्तार करने आई थी। पुलिस जैसे ही काशीपुर पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेरकर उसके हथियार छीन लिए और कार्रवाई के विरोध में क्रॉस फायरिंग हुई। इसमें 5 पुलिसकर्मी घायल हैं, जिनमें 2 को गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। 

    पीड़ित परिवार का क्या कहना था?

    मृतक महिला के परिजनों का कहना था कि ये पुलिस टीम नहीं थी बल्कि गुंडे थे जो बिना नम्बर प्लेट की गाड़ी में थे। इनमें कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और पुलिसकर्मियों की गोली से महिला की मौत हुई है। दोनों पक्षों ने मामला दर्ज करा दिया है और उत्तराखंड पुलिस इसकी जांच कर रही है। 

    उत्तराखंड पुलिस के DIG ने क्या कहा था?

    उत्तराखंड पुलिस के डीआईजी नीलेश भरमे का कहना था कि मामले की जांच होगी। फॉरेंसिक टीम के अलावा डॉग स्क्वाड, बेलस्टिक एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। इससे ये साफ हो जाएगा कि महिला की मौत किसकी गोली से हुई। वहीं यूपी पुलिस ने उत्तराखंड में आने की कोई सूचना नहीं दी थी और ये लोग सादी वर्दी में थे और इस घटना में ब्लॉक प्रमुख की पत्नी की मौत हुई है तो हमने 302, 147, 506, 120 में मुकदमा दर्ज किया है। 

  • दीवाली का तोहफा: 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा इतना बोनस

    दीवाली का तोहफा: 6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा इतना बोनस

    राजस्थान : राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  की सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दीपावली के त्योहार पर बोनस (Diwali Bonus) देने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले का फायदा राजस्थान के 6 लाख कर्मचारियों को होगा. बोनस की यह धनराशि बड़े अधिकारियों को छोड़कर उन सभी राज्य कर्मचारियों को दिया जाएगा जो राजस्थान सिविल सेवा नियम, 2017 के पे-मैट्रिक्स लेवल-12 या ग्रेड पे-4800 या इससे भी नीचे के लेवल वेतनमान पर काम कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि त्योहार के इस मौके पर राज्य सरकार ने बोनस का ऐलान कर अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है।

    बोनस में मिलेगी इतनी रकम

    दीवाली का बोनस पंचायत समिति, जिला परिषद कर्मचारियों तथा कार्य प्रभारित कर्मचारियों को भी मिलेगा. तदर्थ बोनस की घोषणा 2021-22 के लिए अधिकतम परिलब्धियों 7 हजार रुपये तथा 31 दिन के माह के आधार पर हुई है। ये बोनस तीस दिन की अवधि के लिए देय होगा। इस प्रकार राज्य सरकार के सभी पात्र कर्मचारियों को एकमुस्त 6774 रुपये तदर्थ बोनस मिलेगा. फैसले से सरकारी खजाने पर करीब 406 करोड़ का बोझ आएगा।

    मांग से पहले हुआ ऐलान

    नोटिफिकेशन के मुताबिक बोनस की 75 प्रतिशत राशि का नगद भुगतान और शेष 25 प्रतिशत सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी। आपको बताते चलें कि राज्य कर्मचारी संगठन प्रदेश की सरकार से बोनस देने की मांग करते, इससे पहले ही गहलोत की अगुवाई वाली राजस्थान सरकार ने अपने कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा कर दी।

    बीते सालों से तुलना

    गहलोत सरकार ने करीब 6 लाख कर्मचारियों को पिछले साल भी दिवाली पर बोनस दिया था। उस दौरान कर्मचारियों को 6774 रुपए तक का बोनस मिला था. इससे पहले 2021 की दिवाली पर बोनस का 50 फीसदी पैसा नकद और 50 प्रतिशत पैसा कर्मचारियों के GPF खाते में जमा किया गया था । पर इस बार यानी 2022 की दीवाली से पहले बोनस की 75 फीसदी रकम सीधे सैलरी अकाउंट में क्रेडिट की जाएगी और बाकी 25% जीपीएफ में जमा होगी।

    केंद्र के बाद गहलोत का फैसला

    गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस देने की घोषणा की थी। वित्त मंत्रालय ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों को नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (एड हॉक बोनस) देने का फैसला लिया था। जिसमें 30 दिन की सैलरी के आधार पर कर्मचारियों को पैसा दिया जाएगा।

    रेलवे ने दिया 78 दिन का बोनस

    भारतीय रेलवे ने अपने सभी पात्र नॉन गजेटेड रेलवे एम्पलॉइज को 78 दिनों की सैलेरी के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस देने की मंजूरी दी थी. इसमें RPF/RPSF कर्मचारी शामिल नहीं किए गए थे।

  • पंजाब : सीएम कार्यालय में मेहमाननवाजी बंद, अब बेसन, बर्फी, पनीर पकौड़े नहीं मिलेंगे मुफ्त

    पंजाब : सीएम कार्यालय में मेहमाननवाजी बंद, अब बेसन, बर्फी, पनीर पकौड़े नहीं मिलेंगे मुफ्त

    चंडीगढ़: पंजाब सिविल सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के अफसरों और मुलाजिमों को अब मुफ्त में बेसन, बर्फी और पनीर के पकौड़े नहीं मिलेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस खर्च में कटौती कर दी है और अब इस कार्यालय में किसी भी अधिकारी से मिलने के लिए अगर कोई व्यक्ति पहुंचे तो उसे चाय और बिस्कुट ही खिलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए ‘फिजूलखर्ची’ पर पाबंदी लगा दी है। प्रदेश के मेहमाननवाजी विभाग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत अधीक्षक और सुरक्षा अधिकारी (डीएसपी) अब केवल चाय और बिस्कुट के लिए पर्ची भर सकेंगे। गौरतलब है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री कार्यालय पर खर्च किए जाने वाले फंड में भारी कमी की गई है। आप सरकार आने के बाद दूध की खरीद कम कर दी गई है। इससे पहले पिछली कांग्रेस सरकार के समय वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने भी खर्चों में कटौती का हवाला देते हुए अपने कार्यालय के बाहर ही लिखकर लगा दिया था कि कृपया चाय पिलाने को न कहें। उन्होंने अपने कार्यालय में चाय-पकौड़े बंद करवा दिए थे। वैसा ही कदम अब आप सरकार ने उठाया है।

  • राशिफल (शनिवार 15 अक्तूबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (शनिवार 15 अक्तूबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेष: चिंता तथा तनाव रहेंगे। फालतू खर्च होगा। कुसंगति से बचें। चोट व रोग से बचें। विवाद न करें। आवश्यकताएं बढ़ेंगी। आर्थिक तंगी हो सकती है। कर्ज से बचें। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। शत्रु परेशान करेंगे। हानि नहीं पहुंचा पाएंगे।

    वृष: यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। बकाया वसूली होगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। विवाद न करें। नेत्र पीड़ा की संभावना। कुछ लाभ। यात्रा के योग टलेंगे। विरोधी सक्रिय होंगे। ज्ञानीजनों से मुलाकात होगी। शांति बनाना आवश्यक है। अकारण भय व्याप्त होगा।

    मिथुन: कार्यप्रणाली में सुधार होगा। योजना फलीभूत होगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। यात्रा के योग बनेंगे। लाभ होगा। राज्य से परेशानी हो सकती है। स्त्री को कष्ट। जायदाद वृद्धि के योग बनेंगे। विरोधी सक्रिय होंगे।

    कर्क: राजकीय सहयोग प्राप्त होगा। धर्म-कर्म में रुचि रहेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बढ़ेगी। हानि-लाभ का वातावरण बनेगा। पराक्रम बढ़ेगा। विजय मिलेगी, गर्व न करें। ईमानदारी से कार्य करते रहें। समय पक्ष का है। स्त्री सुख, यात्रा में हानि, दुख। विरोधी कष्ट देंगे।

    सिंह: चोट, चोरी व विवाद आदि से हानि संभव है। व्यवसाय ठीक चलेगा। जल्दबाजी न करें। कष्ट होंगे। खर्च बढ़ेंगे। कर्ज लेना पड़ सकता है। धनागम के अवसर बनेंगे। ‘आ बैल मुझे मार’ की स्‍थिति निर्मित न होने दें। अकारण भय बना रहेगा। व्यापारी सोच-समझकर निर्णय लें।

    कन्या: कोर्ट व कचहरी के कार्य बनेंगे। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। धन प्राप्ति सुगम होगी। हानि, भय, कष्ट का वातावरण बनेगा। कुछ लाभ के आसार दिखेंगे। दुखद समाचार मिलने की संभावना है। अस्वस्थता होगी। कुसंग से हानि, कुछ लाभ के आसार दिखेंगे।

    तुला: संपत्ति के कार्य लाभ देंगे। थकान महसूस होगी। रोजगार में वृद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। कष्टों में वृद्धि के योग हैं। कुछ नए कार्य की संभावना सिद्ध होगी। कष्टों में निवृत्ति नहीं होगी। कलह से बचना होगा। अधिकार के लिए प्रयत्न करना होगा।

    वृश्चिक: रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। स्वादिष्ट भोजन का आनंद मिलेगा। व्यवसाय मनोनुकूल लाभ होगा। रोग घेरेंगे। चिंताएं बढ़ेंगी। शत्रु शांत होंगे। अपमान, कष्ट, कलह से बचना होगा। राज्य से लाभ के अवसर बढ़ेंगे। लाभ होगा। शत्रु परेशान करेंगे। कुछ नुकसान होगा।

    धनु: दौड़-धूप अधिक होगी। बुरी सूचना मिल सकती है। विवाद न करें। स्वास्थ्य कमजोर रहेगा। धनलाभ के अवसर प्राप्त होंगे। अकारण भय व्याप्त होगा। शत्रु शांत होंगे। वाहन देखकर चलाएं। परिस्‍थितियां अनुकूल होंगी। कुछ विरोध होगा। विरोधी अपमान करेंगे। शांति होगी।

    मकर: मेहनत‍ का फल मिलेगा। कार्यसिद्धि होगी। प्रसन्नता रहेगी। घर-बाहर पूछ-परख बनी रहेगी। मातृपक्ष से परेशानी होगी। दुर्घटना की संभावना। धन मिलने की परिस्‍थिति निर्मित होगी। अंतरप्रेरणा से कार्य करें। धनागम के अवसर बढ़ेंगे। प्रमाद का त्याग करना होगा।

    कुंभ: भूले-बिसरे साथियों से मुलाकात होगी। उत्साहवर्धक सूचना मिलेगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। शत्रु शांत होंगे। कष्ट-भय की संभावना, अस्वस्थता, आलस्य का अनुभव करेंगे। धनागम होगा। शरीर शिथिल होगा। शत्रु शांत रहेंगे। लाभ-हानि बराबर रहेंगे। प्रमाद बढ़ेगा।

    मीन: यात्रा, नौकरी व निवेश मनोनुकूल रहेंगे। अप्रत्याशित लाभ होगा। प्रसन्नता रहेगी। प्रमाद न करें। शुभ समाचार की आशा बंधेगी। शत्रु षड्यंत्र रचेंगे। सावधान रहने की आवश्यकता है। पराक्रम दिखलाने का अवसर है। लाभ होगा। रिश्वत न लें। नम्रता बनाए रखें।

  • त्योहार में महंगाई की मार: वेरका ने एक बार फिर बढ़ाए दूध के दाम, 4 महीने में 2 बार बढ़ें रेट

    त्योहार में महंगाई की मार: वेरका ने एक बार फिर बढ़ाए दूध के दाम, 4 महीने में 2 बार बढ़ें रेट

    चंडीगढ़: त्योहारों के मौसम में वेरका ने एक और झटका दे दिया है। वेरका ने दूध के दाम फिर से बढ़ा दिए हैं। आधा किलो के पैकेट में एक रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जबकि किलो में दो रुपये रेट बढ़ गए हैं। नए रेट 16 तारीख से लागू होंगे। याद रहे कि वेरका 4 महीनों में दूध के रेट 2 बार बढ़ा चुका है इसके पीछे का तर्क यही है कि दूध उत्पादक काफी समय से संघर्ष कर रहे थे उनका दलील थी कि चारा और अन्य चीजें काफी महंगी हो गई है। ऐसे में दूध के रेट बनाए जाने चाहिए। इसके बाद वेरका की तरफ से काफी समय से मार्केट की स्टडी की गई। जिसके बाद इस दिशा में फैसला लिया गया है। 

    नए रेट

    गोल्ड 500 एमएल 32 रुपये

    गोल्ड 1 लीटर 63 रुपये 

    गोल्ड 1.5 लीटर 93 रुपये

    शक्ति 500 एमएल 29 रुपये

    शक्ति 1 लीटर 57 रुपये 

    शक्ति 1.5 लीटर 83 रुपये 

    गोल्ड 6 लीटर 360 रुपये 

    शक्ति 6 लीटर 323 रुपये

  • जालंधरः 2 सनैचर और 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

    जालंधरः 2 सनैचर और 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

    32 बोर पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस और 260 ग्राम हैरोईन बरामद

    जालंधर (वरुण)। पुलिस कमिश्नर गुरशरण सिंह संधू के दिशानिर्देशों पर सीआईए स्टाफ 1 की टीम ने हथियारों के दम पर सनैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरिपोयं की पहचान सतिंदर कुमार पुत्र भोला राम वासी न्यू रत्न नगर, गुरप्रीत सिंह पुत्र गुरजीत सिंह वासी अर्जन नगर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा ने बताया कि एसीपी परमजीत सिंह की देखरेख में सीआईए प्रभारी अशोक शर्मा की टीम वर्कशाप चौक पर मौजूद थी, तभी सूचना मिली कि टैगोर अस्पताल के नजदीक एक घर में दोनो आरोपी छिपे हुए हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कारवाई करते हुए पुलिस ने दोनो आरोपियों को बल्टर्न पार्क के पास से काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 32 बोर की पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस और सनैचिंग की गई सोने की चेन बरामद की है। आरोपी सतिंदर के ऊपर पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। 

    इसी तरह सीआईए 1 की टीम ने लैदर काम्पलैक्स रोड से 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरिपियों की पहचान जसकरन सिंह पुत्र निर्मल सिंह, विशालदीप सिंह पुत्र सिरमल सिंह दोनो वासी गुमटाला अमृतसर के तौर पर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों से मोटरसाइकिल आर 15 और 260 ग्राम हैरोईन बरामद की है। कमिश्नरेट पुलिस ने 4 आरोपियों के ऊपर मामला दर्ज कर लिया है।

  • पंजाबः अब अमृतसर से कनाडा (टोरंटो) के लिए भर सकेंगे सीधी उड़ान

    पंजाबः अब अमृतसर से कनाडा (टोरंटो) के लिए भर सकेंगे सीधी उड़ान

    अमृतसरः एयर इंडिया ने अमृतसर से टोरंटो के लिए सीधी उड़ान शुरू की है। इस जानकारी कांग्रेस के एमपी गुरजीत सिंह औजला ने औपचारिक जानकारी दी है। पंजाब के लोग अब श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से टोरंटो की सीधी उड़ान भर सकेंगे।

  • आदर्श चुनाव आचार संहिता का होगा कड़ाई से पालन – उपायुक्त ऊना

    आदर्श चुनाव आचार संहिता का होगा कड़ाई से पालन – उपायुक्त ऊना

    ऊना/सुशील पंडित: निर्वाचन आयोग द्वारा हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने निर्वाचन विभाग के अधिकारियों सहित जिला के अन्य समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में जिला में निशपक्ष व पारदर्शी चुनाव करवाए जाने के दृष्टिगत विभिन्न बिंदुओं पर क्रम बार चर्चा की गई। 
    इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में चुनावों की घोषणा के तुरंत बाद आदर्श चुनावा आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार चुनाव आचार संहिता की कड़ाई से पालना की जाए। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान स्थापित होने वाले नियंत्रण कक्ष, चुनाव प्रक्रिया संबंधी प्रशिक्षण, परिवहन व यातायात प्रबंधन, चुनावी प्रक्रिया में डयूटी देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रशिक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ऊना ने बताया कि ऊना जिला के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 515 मतदान केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 24 घंटों के भीतर सरकारी कार्यालयों व परिसरों, 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक स्थलों तथा 72 घंटों के भीतर निजी सम्पत्तियों पर से होर्डिंग्ज़ हटाए जाने अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस कड़ी में निर्वाचन आयोग द्वारा हिमाचल विधानसभा चुनावों से संबंधित घोषणा के तुरंत बाद जिला मुख्यालय में कार्यालयों परिसरों व आस पास के क्षेत्रों से सरकारी होर्डिंग्ज़ हटाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। बैठक में एडीसी ऊना डाॅ अमित कुमार शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जोगिन्द्र पटियाल, तहसीलदार ऊना हुसन चंद, एएसपी ऊना प्रवीण धीमान, जिला पंचायत अधिकारी ऊना श्रवण कुमार, एलडीएम गुरूदर्शन भट्टी, जिला कल्याण अधिकारी ऊना अनीता शर्मा, सीएमओ ऊना डाॅ मंजू बहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
  • इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में वार्षिक स्पोर्ट्स मीट स्पर्द्धा  2.0 आयोजित

    इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में वार्षिक स्पोर्ट्स मीट स्पर्द्धा  2.0 आयोजित

    जालंधर/वरुणः इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में छात्रों में खेल भावना को विकसित करने और बढ़ावा देने के लिए वार्षिक स्पोर्ट्स मीट स्पर्द्धा 2.0 का आयोजन किया गया। सभी विद्यार्थियों ने बहुत उत्साह तथा अपनी शक्ति और रुचि के अनुसार विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया। मीट में ट्रैक और फील्ड दोनों को मिलाकर दो-दिवसीय  इवेंट शामिल थे ।
    छात्रों की शारीरिक फिटनेस को बनाए रखने के लिए 200 मीटर की एथलीट दौड़, लेमन रेस, सैक रेस और थ्री लेॅग रेस का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा वॉलीबॉल व बैडमिंटन मैच पूरे जोश के साथ खेले गए। क्रिकेट मैच में भी खिलाड़ियों ने  प्रतिबद्धता, समर्पण, अनुशासन और प्रभावशाली प्रदर्शन दिखाया।
    डॉ. शैलेश त्रिपाठी ने छात्रों की खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल एक व्यक्ति को आत्मविश्वासी बनाने में मदद करता है और विद्यार्थियों के बीच विश्लेषणात्मक सोच और नेतृत्व कौशल विकसित करता है।

    खेलों के विजेता थे –

    एथलिट– नेहा (बीबी.-3)

    सैक रेस– हर्षदीप (बीसी.-3)

    लेमन रेस– गुलशनप्रीत कौर (एम्सी.-1)

    थ्री  लेॅग रेस– सेज़लअमन (मैनेजमेंट डिपार्टमेंट)

    वॉली बॉल– मैनेजमेंट डिपार्टमेंट

    बेडमिन्टन– गर्ल्स सोलो– नमन (मैनेजमेंट डिपार्टमेंट)

    बॉयज सोलो– रतिंदर (एच.एम्डिपार्टमेंट)

    गर्ल्स डबल– आईटीडिपार्टमेंट (डेज़ीस्नेहा)

    बॉयज डबल– एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट (मानवधीरज)

    क्रिकेट– बॉयज टीम– एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट

    गर्ल्स टीम– मैनेजमेंट डिपार्टमेंट

    विजेता टीमों को प्रो. राहुल जैन (डिप्टी डायरेक्टर – स्कूल एंड कॉलेज ) और डॉ. शैलेश त्रिपाठी (डायरेक्टर, इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस) द्वारा मेडल प्रदान किए गए।