Blog

  • राजकीय डिग्री कालेज कोटला खुर्द अब हुआ, लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय

    राजकीय डिग्री कालेज कोटला खुर्द अब हुआ, लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय

    ऊना/सुशील पंडित : प्रदेश सरकार द्वारा हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा संचालित कन्या महाविद्यालय के अधिग्रहण करने के उपरांत राजकीय डिग्री कालेज कोटला खुर्द के नाम से चल रहे कालेज का नामकरण अब लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय के रुप में कर दिया गया है। राज्य सरकार ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। शनिवार को शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में प्रदेश सरकार ने राजकीय डिग्री कालेज कोटला खुर्द के नाम को रिनेम करते हुए लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द किया है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश जारी कर दिए गए है। गौरतलब है कि हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद के संस्थापक स्व. कंवर हरि सिंह के नेतृत्व में वर्ष 2000 में इस कालेज का नींव पत्थर परिषद द्वारा रखा गया था। स्व. कंवर हरि सिंह ने क्षेत्र की लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए कालेज की स्थापना की परिकल्पना की थी तथा इस कालेज को देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद व प्रख्यात पत्रकार लाला जगत नारायण के नाम से जोड़कर हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय की शुरुआत की थी।
    निजी क्षेत्र में उस समय यह जिला का पहला कन्या महाविद्यालय था, जोकि छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए समर्पित था। 2004 में इस कालेज में बीए कक्षा के पहले बैच में बच्चों ने प्रवेश किया। जिसके बाद 16 वर्ष तक हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा गठित लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय शिक्षा समिति के तत्वावधान में इस कालेज का संचालन किया जाता रहा। करीब 1500 छात्राओं ने इस कालेज से उच्च शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार में समाहित होने में सफलता अर्जित की। कालेज में बीए,बीकॉम, पीजीडीसीए, बीसीए, बीबीए के अलावा जमा एक व जमा दो की आटर्स व साईंस कक्षाएं चल रही थी।
    वित्तीय कठिनाईयों के चलते हिमोत्कर्ष ने हिमाचल सरकार से इस कालेज का अधिग्रहण करने की गुहार लगाई थी, तथा 29 जुलाई 2020 में प्रदेश सरकार ने इस कालेज को सरकारी क्षेत्र में लेने की अधिसूचना जारी कर दी। हिमोत्कर्ष परिषद ने करीब 10 करोड़ रुपए का आधारभूत ढांचा भव्य कालेज परिसर, अत्याधुनिक आईटी लैब, लाईब्रेरी, साईंस लैब्स, 35 बिस्तर क्षमता का गल्र्ज होस्टल, कैंटीन, ऑडीटोरियम, खेल मैदान व अन्य सुविधाएं सरकार को सौंप दी थी। हिमोत्कर्ष परिषद सहित क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं तथा पंचायत प्रतिनिधियों की तरफ से इस कालेज का नाम लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष परिषद के साथ जोड़कर रखने की मांग पिछले दो वर्षो से उठ रही थी, जिसके चलते प्रदेश सरकार ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् व प्रखर पत्रकार लाला जगत नारायण व समाजसेवी संस्था हिमोत्कर्ष के नाम को इस कालेज के साथ जोड़कर क्षेत्रवासियों की मांग को पूरा किया है। 
    300 से अधिक छात्राएं प्राप्त कर रही शिक्षा
    लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द में मौजूदा समय में बीए, बीकॉम, पीजीडीसीए, बीबीए व बीसीए में 300 से अधिक छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही है। कालेज में भव्य परिसर, अत्याधुनिक आईटी लैब, विशाल लाईब्रेरी, गल्र्ज हॉस्टल, कैंटीन, खेल मैदान व अन्य आधारभूत सुविधाए मौजूद है। 
    हिमोत्कर्ष परिषद ने जताया आभार
    हिमोत्कर्ष परिषद के प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर, महासचिव ठाकुर यशपाल सिंह, डा. रविंद्र सूद, नरेश सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपशिखा कौशल, अमेरिका से परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्ण लाल शर्मा व परामर्शक अंतराष्ट्र्रीय सेवाएं डा. राजिंद्र शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, अशोक ऐरी, मनोज कंवर, विजय साहनी, राजिंद्र तिवारी, बीएल कौशल, रविंद्र डोगरा, कुलदीप दयाल, शेषपाल सिंह, मुनिंद्र अरोड़ा, पूजा कपिला, रमा कंवर, कर्णपाल सिंह मनकोटिया, निशांत कुमार, अश्विनी सैनी, अनूप शारदा, राजकुमार पठानिया व अन्य पदाधिकारियों ने कालेज का नाम लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द रखे जाने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर तथा वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का आभार व्यक्त किया है। 
  • जालंधरः चूरा पोस्त सहित एक व्यक्ति और 2 महिलाएं गिरफ्तार

    जालंधरः चूरा पोस्त सहित एक व्यक्ति और 2 महिलाएं गिरफ्तार

    जालंधर (हर्ष मेहरा)। थाना फिलौर की पुलिस ने स्पैशल आप्रेशन के दौरान एक व्यक्ति और 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसविंदर कौर पत्नी बलिहार वासी समराड़ी, गुरजीत सिंह उर्फ जीता पुत्र परमजीत सिंह वासी जगतपुर और रेखा पत्नी कीमती लाल वासी गन्ना पिंड के रूप में हुई है। डीएसपी जगदीश राज ने बताया कि थाना फिलौर के प्रभारी सुरिंदर कुमार की ओर से पिंड समराडी और सेलकियाना में स्पैश्ल सर्च आप्रेशन के दौरान आरोपियों के कब्जे से 65 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियो के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

  • जालंधरः अलग अलग मामलों में वांछित चल रहे 2 भगौड़े गिरफ्तार

    जालंधरः अलग अलग मामलों में वांछित चल रहे 2 भगौड़े गिरफ्तार

    जालंधर (हर्ष मेहरा)। थाना मैहतपुर की पुलिस ने अलग अलग मामलों वांछित चल रहे 2 भगौड़े आरिपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र जोगा सिंह वासी हरिपुर, बलजिंदर सिंह पुत्र रंजीत सिंह वासी मुहेमा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी महिंदरपाल ने बताया कि एएसआई दविंदर सिंह ने गुरपाल सिंह को 2020 के मुकद्दमें में भगौड़े को गिरफ्तार किया है। इसी तरह एएसआई परमजीत सिंह ने 2020 के मुकद्दमें में वांछित चल रहे बलजिंदर सिंह को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है।

  • पंजाबः रिश्वत लेते एएसआई सहित एक गिरफ्तार

    पंजाबः रिश्वत लेते एएसआई सहित एक गिरफ्तार

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की तरफ से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनाई गई ज़ीरो सहनशीलता की नीति को मुख्य रखते हुये पंजाब विजीलैंस ब्यूरो ने अपनी चल रही मुहिम के दौरान एक प्राईवेट व्यक्ति करमजीत सिंह कम्मा को बिजली चोरी के विरुद्ध पुलिस थाना, पीएसपीसीएल, लुधियाना में तैनात एएसआई हरप्रीत सिंह की तरफ़ से 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुये पंजाब विजीलैंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि मुलजिम एएसआई हरप्रीत सिंह और करमजीत सिंह को तरलोचन सिंह निवासी मंडी गोबिन्दगढ़, जि़ला फतेहगढ़ साहिब की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है।

    प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो के पास पहुंच करके दोष लगाया है कि उक्त एएसआई उसके घरेलू बिजली चोरी केस को निपटाने के लिए 15,000 रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा था परन्तु सौदा 5000 रुपए में हुआ है। प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता की तरफ से पेश किये तथ्यों की जांच के उपरांत विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने एएसआई के मध्यस्थ के तौर पर एक प्रायवेट व्यक्ति करमजीत सिंह को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से एएसआई हरप्रीत सिंह की की तरफ़ से 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू किया गया। उन्होंने आगे बताया कि इस सम्बन्ध में एफआईआर नम्बर 15 तारीख़ 16. 09. 2022 के अंतर्गत भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की धारा 7,7ए के अंतर्गत विजीलैंस थाना फलायंग सकुऐड-1 पंजाब एसएएस नगर में दर्ज किया गया है और इस सम्बन्धी आगे कार्यवाही जारी है।

  • पंजाबः 20 रुपए मांगने पर समोसे वाले ने बच्ची सहित 6 लोगों पर डाला गर्म तेल

    पंजाबः 20 रुपए मांगने पर समोसे वाले ने बच्ची सहित 6 लोगों पर डाला गर्म तेल

    अमृतसरः जिलें के अर्जुन देव नगर से दर्दनाक मामला सामने है। जहां समोसा बनाने वाले हलवाई द्वारा 6 लोगों पर गर्म तेल डाल दिया गया। इस हादसे में 6 साल की बच्ची भी घायल हुई है। जिन्हें अब गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।जानकारी के मुताबिक लोगों की गलती बस इतनी थी कि उन्होंने उससे बकाया पैसा मांग लिया। दादी गीता ने बताया कि उनकी बच्ची स्कूल से लौटी तो समोसे खाने की जिद करने लगी। उसे 40 रुपए देकर समोसे लेने भेज दिया, लेकिन समोसे वाले ने दो समोसे देकर पैसे वापस नहीं किए।

    जब उनकी बहू व बेटा आए तो बच्ची को लेकर समोसे वाले के पास बकाया पैसे लेने चले गए, लेकिन समोसे वाले ने पैसे देने से मना कर दिया। दादी ने बताया कि इसी मामले को लेकर बहू व बेटे की समोसे वाले के साथ कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर समोसे वाले ने बिना सोचे कड़ाही का गर्म तेल उनके ऊपर डाल दिया। यह तेल छोटी बच्ची, बहू-बेटे और आसपास खड़े तीन और लोगों पर गिर गया।

    आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की गर्दन व हाथ बुरी तरह से झुलस गए। दो की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका कंधा व गर्दन पूरी तरह से झुलस चुकी है। अन्य को अस्पताल से उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने मनाया स्वच्छता पखवाड़ा

    भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने मनाया स्वच्छता पखवाड़ा

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना (आईआईआईटीयू) ने 1 सितंबर से 15 सितंबर 2022 तक स्वच्छता पखवाड़ा-2022 बड़े धूमधाम से मनाया। आउटरीच गतिविधियों के साथ-साथ संस्थान स्तर पर विभिन्न गतिविधियों को अंजाम दिया गया।
    स्वच्छता पखवाड़ा समारोह की शुरुआत पर संस्थान के निदेशक ने कर्मचारियों और संकाय सदस्यों को स्वच्छता प्रतिज्ञा और राष्ट्रीय प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने संस्थान के सभी हितधारकों से परिसर के अंदर और बाहर पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की और स्वच्छ वातावरण प्राप्त करने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को जीवन के एक हिस्से के रूप में अपनाने की सलाह दी।
    पूरे परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें सभी छात्रों, कर्मचारियों और संकाय सदस्यों ने भाग लिया। अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण एवं निस्तारण उचित ढंग से किया गया।
    16 छात्रों और 5 स्टाफ सदस्यों से बनी हमारी संस्थान टीम ने प्रदूषण मुक्त वातावरण के महत्व के बारे में स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए भदसाली गांव का दौरा किया। हमारी टीम ने ग्राम पंचायत प्रमुख, उनकी टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। संकाय सदस्यों ने स्थानीय लोगों को पर्यावरणीय मुद्दों और संभावित समाधानों के बारे में एक संक्षिप्त व्याख्यान दिया।
    स्थानीय लोगों को प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण के बारे में जागरूक किया गया, और उनसे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और प्लास्टिक जलाने की प्रथा को रोकने का अनुरोध किया क्योंकि प्लास्टिक के धुएं से कैंसर और अन्य बीमारियों के लिए जिम्मेदार जहरीले रसायनों का उत्सर्जन हो सकता है।
    स्थानीय लोगों को भी वृक्षारोपण अभियान के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें हर साल कम से कम 10 पौधे उगाने के लिए प्रोत्साहित किया। बड़े पैमाने पर जनता को स्वस्थ स्वच्छता की आदतों का पालन करने के लिए कहा गया और स्थानीय लोगों, विशेष रूप से बच्चों से, पानी के संक्रमण से बचने के लिए हाथ धोने का आग्रह किया, जिससे इस बरसात के मौसम में टाइफाइड और पेचिश की समस्या हो सकती है।
    संक्षेप में, हमारे संस्थान ने शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न सामाजिक-आर्थिक मुद्दों से संबंधित समाज के लाभ के लिए स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियों को लागू किया।
  • एनएसयूआई कांग्रेस की सर्वधर्म विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए: देवेन्द्र भुट्टो 

    एनएसयूआई कांग्रेस की सर्वधर्म विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाए: देवेन्द्र भुट्टो 

    ऊना/सुशील पंडित: एनएसयूआई इकाई बंगाणा की मासिक बैठक शनिवार को एनएसयूआई की कार्यकारी सदस्या रितिक ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव देवेंद्र भुट्टो ने शिरकत की। जबकि विशेष अतिथि के रूप में पूर्व में रहे ऊना कालेज एनएसयूआई के अध्यक्ष रमन कुमार व पूर्व ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष नीरज ठाकुर उपस्थित रहे। देवेंद्र भुट्टो ने कार्यकर्ताओं के साथ न केवल संवाद स्थापित किया अपितु उन्हें चुनाव और सामाजिक बदलाव को लेकर भी टिप्स प्रदान किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव समाज को जोडऩे का काम किया है और एनएसयूआई को कांग्रेस की इस सर्वधर्म सद्भाव की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने अगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
    भुट्टो ने कहा कि इस सत्र में भी एनएसयूआई ने कॉलेज में बेहतर कार्य करते हुए सभी को एकजुट किया है । उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर कॉलेज में किसी भी छात्र को कोई समस्या पेश आती है, तो उसके लिए हर संभव मदद के लिए तैयार रहूगां। उधर, पूर्व ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष नीरज ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष एनएसयूआई ने बेहतर कार्य किया है और 25 जरूरतमंद बच्चों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव देवेंद्र भुट्टो के सहयोग से कॉलेज में दाखिला करवाया। इस मौके पर कैप्टन प्रीतम राणा, एनएसयूआई से कामना, श्वेता, कोमल, शानू, राहुल राणा, अतुल, अक्षय, निकिता, साक्षी, कामिनी, रक्षा, अभिषेक सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • आईटीआई ऊना में आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह

    आईटीआई ऊना में आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना में सत्र 2021-22 में उतीर्ण हुए प्रशिक्षणार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता सीडीपीओ ऊना कुलदीप दयाल ने की।  
    समारोह का शुभारम्भ मुख्यातिथि द्वारा ज्योति प्रज्जवलित करके व सरस्वती वन्दना से किया गया। समारोह में विभिन्न व्यवसायों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे प्रशिक्षणार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों को व्यवसाय से सम्बन्धित राष्ट्ीय प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर कुलदीप दयाल ने बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश सरकार के माध्यम से बच्चों व महिलाओं के लिए संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
  • रक्तदान सर्वोच्च पुनीत कार्यः कंवर

    रक्तदान सर्वोच्च पुनीत कार्यः कंवर

    पीएम नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर थाना कलां में रक्तदान शिविर का आयोजन
    ऊना/सुशील पंडित: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर कुटलैहड़ भाजपा युवा मोर्चा ने थानाकलां में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का शुभारंभ ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान मनुष्य द्वारा किया जाने वाला सर्वोच्च पुनीत कार्य है तथा व्यक्ति को ऐसे पुनीत कार्य में सहर्ष भाग लेना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ऊना के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
    इस अवसर पर जिला परिषद ऊना के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, कुटलैहड़ भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कमल सैनी के अलावा बलराम बबलू, शशि राणा, मनु बांका, हर्ष कौशल तथा सुमित शर्मा सहित अनेक स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।
  • विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह के उपलक्ष्य पर ली मरीजों की सुरक्षा एवं सेवा करने की शपथ

    विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह के उपलक्ष्य पर ली मरीजों की सुरक्षा एवं सेवा करने की शपथ

    ऊना/ सुशील पंडित :  विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह के उपलक्ष्य पर आज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों तथा विभिन्न खंडों के कर्मचारियों के लिए शपथ समारोह का आयोजन किया गया। 
    इस बारे जानकारी देते हुए सीएमओ डाॅ मंजू बहल ने बताया कि  विश्व रोगी सुरक्षा सप्ताह मनाने का उद्देश्य बड़ी जिम्मेदारी के साथ रोगियों की सुरक्षा किया जाना है। रोगियों की सुरक्षा के लिए सभी चिकित्सक वर्ग तथा स्टाफ को स्वास्थ्य सेवाओं को अनुशासित और सुरक्षित बनाने की जरूरत है। स्वास्थ्य कार्यक्षेत्र में सभी को अपना कार्य ईमानदारी तथा कर्तव्य निष्ठा से करना चाहिए तथा अपने ज्ञान अपनी कुशलता का प्रयोग रोगियों के स्वास्थ्य के लिए करना चाहिए।
    उन्होंने समस्त स्टाफ को मेडिकेशन सेफ्टी के बारे में विस्तृत जानकारी भी मुहैया करवाई। 
    इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुखदीप सिधू, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अजय अत्री, डॉ रमेश रत्तु, डॉ दिव्या, डॉ राहुल कौंडल डॉ ऋचा कालिया, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय मनकोटिया, डॉ राजीव गर्ग, डॉ नरेश शर्मा, डॉ रामपाल, डॉ पंकज पराशर, जिला सलाहकार गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम अधिकारी डाॅ रमण कुमार संदल, डॉ कर्ण, डॉ सुचारिता, डॉ अंकिता, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत, जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण सहित विभिन्न खण्डों का स्टाफ उपस्थित रहा।