Blog

  • लगातार हो रही बारिश के कारण बसों में भरा पानी, बस अड्डे को किया खाली

    लगातार हो रही बारिश के कारण बसों में भरा पानी, बस अड्डे को किया खाली

    कुल्लू: जिला कुल्लू में बीती रात से भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले भी उफान पर है। बुधवार सुबह मनाली के बस अड्डे में अचानक पानी घुसने का मामला सामने आया। दरअसल, बस अड्डे के साथ ही एक नाला बहता है। लगातार बारिश के कारण नाला ओवरफ्लो हो गया। नाले में बाढ़ आने के कारण पानी बस अड्डे में भी घुस गया। आलम ये था की नाले के पानी से बसों को भी नुकसान पहुंचा है। बारिश पानी बसों के अंदर तक घुस गया।

    बस अड्डा हुआ पानी-पानी 

    मनाली में लगातार बारिश के बाद बस अड्डे के अंदर भी पानी आ गया। इस बात की सूचना मिलते ही बस ड्राइवर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत अपनी-अपनी बसों को वहां से बाहर निकाला। एडीएम कुल्लू प्रशांत सरकेक ने बताया कि मौसम विभाग के द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति नदी नाले किनारे न जाए। वहीं जिले में मौसम की स्थिति पर प्रशासन भी नजर बनाए हुए है।

    अटल टनल के पास गिरे पत्थर

    बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। अटल टनल के पास भी कुछ पत्थर गिरने से कुछ देर से लिए यहां आवाजाही पर असर पड़ा, लेकिन प्रशासन ने जल्द ही पत्थर और मलबे को हटवा दिया। प्रशासन की तरफ से पर्यटकों को भी हिदायत दी गई है कि वो जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें। गौरतलब है कि कुल्लू में लगातार बारिश से कई जगह भूस्खलन और बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए हैं। पिछले सप्ताह बादल फटने की घटनाओं में 4 लोग लापता हो गए थे जबकि एक महिला की मौत हो गई थी।

  • Cambridge Co-education School की रद्द हो सकती है मान्यता

    Cambridge Co-education School की रद्द हो सकती है मान्यता

    जालंधर, (वरुण) : महानगर के चर्चित स्कूल कैम्ब्रिज को-एजुकेेशन स्कूल की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में विवादों में आए गढ़ा रोड में छोटी बारादरी स्थित कैम्ब्रिज को-एजुकेेशन स्कूल की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ गई है। दरअसल, कुछ दिन पहले ही छोटी बारादरी स्थित कैम्ब्रिज को-एजुकेेशन स्कूल की एक शिकायत सामने आई थी जिसमें एक स्पेशल बच्चे को पढ़ाई करवाने की फीस ऐंठने के मामले में शिक्षा विभाग ने प्रबंधन को गलत ठहराया था। विभाग की ओर से इस मामले को लेकर 6 जुलाई तक जवाब मांगा गया था। लेकिन स्कूल प्रशासन की ओर से जवाब न मिलने पर शिक्षा विभाग ने 3 दिन का अल्टीमेटम दे दिया है, साथ ही जवाब ना दिए जाने के पश्चात एनओसी रद्द की कार्यवाही करने की चेतावनी दी है।

    ये है मामला

    छोटी बारादरी स्थित कैम्ब्रिज को-एजुकेेशन स्कूल के प्रबंधन ने आटिस्म की बीमारी से पीड़ित युवक को बीते कई सालों से फीस के नाम पर ठगा। जब पीड़ित के परिजनों की ओर द्वारा फीस लौटाने की बात सामने आई तो प्रबंधन की ओर से वसूली गई फीस भी लौटाने से इंकार किया गया। कैम्ब्रिज स्कूल प्रबंधन का यह मामला जब शिक्षा विभाग के पास गया। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को दोषी ठहराकर तत्काल स्टूडैंट के भविष्य की रक्षा यकीनी बनाने का आदेश जारी किया। लेकिन प्रबंधन ने शिक्षा विभाग के आदेश को दरकिनारे कर दिया। जिसके बाद अब शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को दोबारा चेतावनी पत्र जारी कर दिया है। अगर प्रबंधन इस बार भी शिक्षा विभाग को इस जारी पत्र का जवाब नहीं देंगा तो शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल की एनओसी रद्द की जा सकती है। 

    पीड़ित उप्पल ने स्कूल प्रबंधन को जारी किया लीगल नोटिस 

    उधर, पीड़ित बच्चे के पिता पराग उप्पल ने बताया कि उनके बेटा रितेश उप्पल आटिस्म बीमारी से ग्रस्त है। उन्होंने बताया कि प्रबंधन की ओर से वसूली गई फीस भी लौटाने से इंकार कर दिया गया है। जिसके बाद उन्होंने अब स्कूल प्रबंधन को लीगल नोटिस जारी कर कानूनी रूख अख्तियार कर लिया है। उप्पल ने बताया कि अपने वकील के जरिए भेजे नोटिस में उन्होंने स्कूल को वसूली 9 लाख रुपए से ज्यादा की फीस तथा 40 लाख रुपए के मुआवजे की मांग की है। 

    इस मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन ने साधी चुप्पी

    दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन से इस मामले को लेकर जब मीडिया ने बात करनी चाही तो प्रबंधन ने इस मामले को लेकर चुप्पी साध ली हुई है। स्कूल प्रबंधन अब मीडिया से दूरी बना रहा है। खुरला किंगरा रोड जालंधर निवासी स्पेयर पार्ट्स व्यापारी उप्पल ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे रितेश उप्पल को स्कूल में शिक्षा के लिए दाखिल करवाया था। स्कूल प्रबंधन को दाखिले के समय ही सारी जानकारी दे दी गई थी कि वो आटिस्म बीमारी से पीड़ित है। उप्पल ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने उनको आश्वस्त किया था कि उनका बेटा 12वीं कक्षा तक पढ़ाई कर सकता है। इस आधार पर उन्होंने 9वीं कक्षा तक उसकी पूरी फीस स्कूल भी अदा कर दी, लेकिन अचानक 10वीं कक्षा में आने पर उनको स्कूल प्रबंधन ने बेटे रितेश को 10वीं कक्षा में प्रमोट करने से इंकार कर दिया। 

    शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को जारी किया चेतावनी पत्र 

    उप्पल ने बताया कि कारण जानने पर पता चला कि स्कूल प्रबंधन ने उनके बेटे के नाम राज्य के शिक्षा विभाग के ई-पोर्टल (ई-पंजाब) पर रजिस्टर्ड ही नहीं किया था जोकि 7वीं कक्षा के दौरान ही हो जाना चाहिए था। प्रबंधन से इस मामले को लेकर संपर्क किया गय तो उन्होंने इस मामले को लेकर टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद स्कूल प्रबंधन ने बेटे को स्कूल में प्रवेश से भी इंकार कर दिया। जिससे बेटे को मानसिक तौर पर गहरा आघात पहुंचा। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की ओर से जिला शिक्षा विभाग के सम्मुख शिकायत पेश की गई जिसकी जांच में गत माह स्कूल प्रबंधन को कोताही का दोषी ठहराया गया और बेटे का नाम ई-पोर्टल पर रजिस्टर्ड करने का आदेश दिया गया लेकिन उसके बाद भी जब स्कूल प्रबंधन ने आदेश का पालन नहीं किया। जिसके बाद अब शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी पत्र भी जारी किया। 

  • पंजाबः एक और मामले में फंस सकते है पूर्व मंत्री धर्मसोत

    पंजाबः एक और मामले में फंस सकते है पूर्व मंत्री धर्मसोत

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार पिछली सरकारों के मंत्रियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। वहीं अब पूर्व मंत्री साधु धर्मसोत पर मान सरकार एक और मामले में शिंकजा कसने जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार SC विद्यार्थी स्कॉलरशिप कथित घोटाले मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फाइले मंगवाई है। जानकारी के मुताबिक सीएम मान ने पिछली सरकार में जारी राशि की फाइलें मंगवा ली हैं। 

    इससे पहले भी मान सरकार की ओर से धर्मसोत पर स्कॉलरशिप घोटाले के आरोप लगाए गए थे। धर्मसोत पर दलित विद्यार्थियों के वजीफे में घोटाले के आरोप लगे थे। लेकिन अब दोबारा धर्मसोत पर मान सरकार की ओर से शिकंजा कसा जा सकता है। 

    क्या है पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाला

    पंजाब में केंद्र की मदद से SC स्टूडेंट्स को पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप दी जाती है। साधु सिंह धर्मसोत कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीएम रहते पंजाब सरकार में सामाजिक सुरक्षा मंत्री थे। उन पर आरोप लगे कि स्कॉलरशिप बांटने में धांधली हुई। 39 करोड़ रुपए बांटने का कोई रिकॉर्ड ही नहीं मिला। इसमें शक जताया गया कि जो कॉलेज हैं ही नहीं, उन्हें नाम पर यह रकम हड़पी गई। यही नहीं, जिन कॉलेज-यूनिवर्सिटी से 8 करोड़ वसूलने थे, उन्हें 16.91 करोड़ और जारी कर दिए गए।

  • सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस: लॉरेंस ने इस गैंगस्टर को दी थी सुपारी

    सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस: लॉरेंस ने इस गैंगस्टर को दी थी सुपारी

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस को लेकर लॉरेंस से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उसने हत्या की सुपारी तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के टॉप मोस्ट गैंगस्टर हाशिम बाबा को दी थी। जनवरी में मूसेवाला को कत्ल करने पहुंचा गैंगस्टर शाहरूख उसी का गुर्गा है। हालांकि उस समय यह प्लानिंग फेल हो गई थी। जिसके बाद लॉरेंस ने कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को इस काम की जिम्मेदारी सौंपी। गोल्डी ने शॉर्प शूटर्स की टीम को इकट्‌ठा की। उसके बाद 29 मई को मूसेवाला का कत्ल करवा दिया।

    जनवरी में गैंगस्टर शाहरूख ने की थी मूसेवाला की रेकी 

    हाशिम बाबा ने गैंगस्टर शाहरूख के साथ जनवरी में शार्प शूटर्स की टीम मूसेवाला के गांव मूसा भेजी। उन्होंने मूसेवाला की रेकी की। उस वक्त मूसेवाला के पास 10 कमांडों की सिक्योरिटी थी। जिनके पास AK 47 थी। यह देख शाहरूख ने वापस जाकर कहा कि मूसेवाला के पास आधुनिक हथियार वाले कमांडों हैं। मूसेवाला के कत्ल के लिए आधुनिक हथियार चाहिए। इससे पहले कि लॉरेंस और गोल्डी बराड़ हथियार भिजवाता, शाहरूख को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने पकड़ लिया।

    गैंबलिंग का धंधा करता था हाशिम बाबा

    हाशिम बाबा का असली नाम आसिम है। वह दिल्ली के यमुनापार इलाके में गैंबलिंग का धंधा करता था। वह संजय दत्त की तरह बड़े बाल रखता है। फिर वह अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम और दाऊद इब्राहिम से प्रभावित होकर बड़ा डॉन बनने का सपना देखने लगा। वह दिल्ली के ही नासिर गैंग में शामिल हो गया। जिसके बाद उसने व्यापारियों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के साथ फिरौती न देने वालों को गोली मारनी शुरू कर दी। इसी बीच गैंग लीडर नासिर जेल गया तो हाशिम बाबा ने गैंग की कमान संभाल ली। धीरे-धीरे उसने इस पूरे गैंग पर कब्जा कर लिया।

  • जालंधरः खालिस्तानी नारे लिखने वाला आरोपी गिरफ्तार 

    जालंधर, (वरुण): महानगर से बड़ी ख़बर सामने आई है। कुछ दिन पहले सीएम मान के जालंधर दौरे के दौरान श्री देवी तालाब मंदिर के पास दीवारों पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखे गए थे। आज सीआइए स्टाफ की पुलिस ने ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिखने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि, 15 जून को श्री देवी तालाब मंदिर के पास गौशाला के सामने एक शरारती तत्व द्वारा ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ लिख दिया गया था। दीवार पर खालिस्तान लिखने वाला पटियाला के गांव गुरदित्तपुर का रहने वाला मनजीत सिंह है।

    मनजीत सिंह को करनाल से किया गिरफ्तार 

    सीआइए स्टाफ की पुलिस ने मनजीत सिंह को करनाल से गिरफ्तार कर लिया है। मनजीत सिंह को पुलिस ने एक हफ्ते पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि इससे पहले मनजीत सिंह करनाल के स्कूल व कॉलेज की दीवारों पर खालिस्तान जिंदाबाद लिख चुका है। पुलिस ने मनजीत से पूछताछ की तो उसने माना कि उसी ने जालंधर में ऐसा किया था। कमिश्नरेट पुलिस करनाल जेल में बंद मनजीत सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। रिमांड पर लेकर मनजीत सिंह से पूछताछ की जा रही है।

    इंटरनेट मीडिया के जरिए अमेरिका आया था फोन 

    पुलिस के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि एक युवक बाइक पर आया और यह नारा लिखकर फरार हो गया था। मनजीत ने बताया था कि इस काम में उसकी मदद रेशम सिंह ने की थी। रेशम सिंह बरनाला का रहने वाला है। उसे अमेरिका के नंबर से इंटरनेट मीडिया के जरिए एक काल आई थी।

    अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

    काल करने वाले ने कहा था कि अगर वह उनके कहने पर उक्त नारे लिखेगा तो उसे डेढ़ लाख रुपए दिए जाएंगे। पुलिस को शक है कि काल करने वाले कोई ओर नहीं बल्कि सिख्स फार जस्टिस का गुरपतवंत सिंह पन्नू ही है। फिलहाल थाना- 3 की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

  • मूसेवाला मर्डर केसः इन हथियारों का किया गया था इस्तेमाल 

    मूसेवाला मर्डर केसः इन हथियारों का किया गया था इस्तेमाल 

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को मारने के लिए शूटर्स ने एक एके-47 राइफल, एक .30 बोर और चार या पांच 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। सूत्रों का कहना है कि मौके से बरामद कारतूसों की फोरेंसिक जांच से हथियारों की शिनाख्त कर ली गई है, हालांकि हथियारों को बरामद करने में पुलिस अभी नाकाम रही है। बताया जा रहा है कि शूटर्स ने मौके पर 40 से 45 फायर किए गए थे।

    फॉरेंसिक में पाई गई एके-47 राइफल 

    पुलिस के अधिकारियों के अनुसार पहले रशियन की NK-94 राइफल का इस्तेमाल करने की बात की गई थी मगर फॉरेंसिक में एके-47 राइफल पाई गई है। मगर पुलिस ने अब तक वारदात में इस्तेमाल किए गए कोई भी हथियार बरामद नहीं किया जिससे अदालत में आरोपियों को सजा करवाना असंभव है। सभी शूटर्स नशे में थे और इसी वजह से काफी गोलियां दीवार पर लगी थीं। जांच में खुलासा हुआ है कि शूटर्स ने अलग-अलग दिशाओं में भागने से पहले हरियाणा में एक व्यक्ति को हथियार सौंपे थे।

    ये हथियार किए जा चुके हैं बरामद

    दिल्ली पुलिस पहले ही प्रियव्रत फौजी, कशिश और अंकित को सचिन भिवानी के साथ अलग-अलग अभियानों में पकड़ चुकी है। पुलिस ने इनके पास से आठ ग्रेनेड, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर, नौ इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 20 कारतूस के साथ एक असॉल्ट राइफल, तीन अत्याधुनिक पिस्तौल, 36 राउंड और एक एके सीरीज की असॉल्ट राइफल का एक हिस्सा बरामद किया है। हथियार काम नहीं करने की स्थिति में विस्फोटक एक बैकअप योजना का हिस्सा थे। हालांकि, मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल किए गए असली हथियार उनके पास से नहीं मिले है।

    रूपा, मनू और दीपक अभी भी फरार

    तीन अन्य शूटर्स जगरूप रूपा, मनप्रीत मनू और दीपक मुंडी अभी भी फरार हैं। अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियारों की पहचान की पूरी पुष्टि फॉरेंसिक जांच में होगी, जब भी यह बरामद किए जाएंगे। सूत्रों ने कहा कि हथियारों की बरामदगी और मौके से बरामद कारतूस से मिलान किए बिना मामले को अदालत में साबित करना मुश्किल होगा। इससे पहले अपराध स्थल पर पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया था कि कम से कम एक शूटर द्वारा एएन -94 असॉल्ट राइफल का इस्तेमाल किया गया था। गौरतलब है कि 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की शार्प शूटर्स ने मानसा में गोलियां मार कर हत्या कर दी थी, जिसकी पिछले करीब 45 दिनों से जांच जारी है।

  • जालंधर: सरकारी बस कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने किया चक्का जाम

    जालंधर: सरकारी बस कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने किया चक्का जाम

    जालंधर,(वरुण): पंजाब रोडवेज पनबस और पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन आज 2 घंटे के लिए चक्का जाम करने का एलान कर दिया है। इस दौरान आज दोपहर 12 बजे से लेकर 2 बजे तक बस स्टैंड को बंद रखा जाएगा। एक दिन पूर्व यूनियन ने गेट रैलियां कर अपना रुख जाहिर कर दिया था लेकिन सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया न आने पर अब यूनियन द्वारा 2 घंटे के लिए बस स्टैंड को बंद किया जाएगा। इससे पहले 21 जून को भी यूनियन ने कच्चे मुलाजिमों की तनख्वाह न आने व अन्य मुद्दों को लेकर 2 घंटे के लिए चक्का जाम किया था।

  • पंजाबः इस मामले को लेकर सीएम मान से मिलेंगे पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता 

    पंजाबः इस मामले को लेकर सीएम मान से मिलेंगे पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता 

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता जल्द ही मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलेंगे। अभिनेता करमजीत अनमोल ने कहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच में तेजी लाने और हत्यारों को दंडित करने और परिवार को न्याय दिलाने के लिए पत्र लिखा है। साथ ही कई कलाकारों की सुरक्षा मांगी जाएगी।

  • महंगाई की मारः सीएनजी और पीएनजी के बढ़े दाम…

    महंगाई की मारः सीएनजी और पीएनजी के बढ़े दाम…

    मुंबई : महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई में एक बार फिर सीएनजी की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस बार सीएनजी का दाम चार रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया है। मुंबई में सीएनजी की कीमत अब 80 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है, जबकि पीएनजी 48.50 रुपये प्रति एससीएम के भाव बिक रही।

    MGL ने मंगलवार आधी रात से गैस की कीमतों को बढ़ा दिया है। इसमें सीएनजी की कीमत 4 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि पीएनजी की कीमत 3 रुपये प्रति एससीएम बढ़ा दी है। इससे पहले केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल को आयातित नेचुरल गैस की कीमतों में 110 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी थी, जिसके बाद लगातार गैस की कीमतों में वृद्धि हो रही है। हालांकि, महाराष्‍ट्र सरकार ने वैट घटा दिया था लेकिन दोबारा गैस के दाम बढ़ने से इसका फायदा ग्राहकों को नहीं मिल सका। पीएनजी की कीमतों में वृद्धि होने से मुंबई के 19 लाख परिवारों पर इसका असर पड़ेगा।

    सीएनजी की कीमतों में पिछले एक साल से लगातार बढ़ोतरी जारी है। जुलाई 2021 से जुलाई 2022 के बीच सीएनजी की कीमतों में 10 बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। इस दौरान सीएनजी की कीमत 30 रुपये बढ़ चुकी है। इसमें से 22।50 रुपये की बढ़ोतरी तो सिर्फ 2022 में हुई है। इस साल जनवरी से अब तक सीएनजी की कीमतों में 5 बार वृद्धि की गई, जबकि 1 अप्रैल को वैट घटाने के बाद इसकी कीमतों में 6 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई थी।

  • आज का राशिफल, 13 जुलाई 2022

    आज का राशिफल, 13 जुलाई 2022

    मेष राशिफल। जो लोग कार्यक्षेत्र में परिवर्तन की योजना बना रहे हैं,उन्हें उसमें घबराना नहीं है,क्योंकि यह उनके लिए लाभदायक रहेगी। आपको किसी निवेश को करने से लाभ होगा, इसलिए दिल खोलकर करें। आपका कोई रुका हुआ कार्य आपकी परेशानी का कारण बनेगा,इसलिए आपको अपने रुके हुए कार्यों की भी सुध बुध लेनी होगी। आप जीवनसाथी के साथ कुछ समय अकेले में व्यतीत करेंगे,जिसमें आप संतान के भविष्य से संबंधित कुछ बातचीत भी कर सकते हैं।

    वृष राशिफल। आज का दिन कारोबार कर रहे लोगों के लिए कुछ परेशानी भरा रहेगा,क्योंकि उनकी कुछ अटकी हुई व चलती हुई योजनाएं फिर से रुक सकती हैं,जिसके कारण उनके काम की गति प्रभावित होगी। आपको दूसरों के कामों से ज्यादा अपने कामों पर ध्यान लगाना बेहतर रहेगा। आप अपने लिए भी कुछ समय निकालेंगे और नौकर चाकरों के सुखों में भी आज वृद्धि होगी। आप अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी कुछ धन व्यय कर सकते हैं।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायक रहेगा। जो लोग किसी नए व्यवसाय को कर रहे हैं,उन्हें अपने मन में छोटे या बड़े की भावना नहीं रखनी है क्योंकि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। यदि बिजनेस कर रहे लोगों को कुछ समस्याएं आ रही थी,तो उन्हें अपने किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह मशवरे की आवश्यकता होगी। पिताजी आपके ऊपर कुछ पारिवारिक जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ा सकते हैं,जिनको पूरा करने में आप सफल रहेंगे। आपका आज कोई संपत्ति संबंधित विवाद यदि कानून में चल रहा था,तो उसमें अभी कुछ समय और इंतजार करना होगा।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके सामने लाभ के कई अवसर लेकर आएगा,लेकिन आपको उन्हें पहचानकर उन पर अमल करना होगा,तभी आप उनसे लाभ कमा पाएंगे। बिजनेस कर रहे लोग दिन दुगनी रात चौगुनी तरक्की करेंगे,जिसे देखकर उनके परिवार के सदस्य भी प्रसन्न रहेंगे। आज आपके घर अतिथि का आगमन हो सकता है,जिससे आपका धन खर्च बढ़ेगा। दोस्तों के साथ आप किसी पार्टी में भी कर सकते हैं,लेकिन उसमें आपको सावधान रहना होगा। विद्यार्थियों का पठन-पाठन में खूब मन लगेगा। यदि आप किसी सामाजिक संगठन से जुड़े हैं,तो आज वहां लोग आपकी बातों से प्रसन्न रहेंगे।

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा। अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर जो चिंता बनी हुई थी,तो वह समाप्त होगी,क्योंकि ससुराल पक्ष से आपको पर्याप्त मात्रा में धन हाथ लग सकता है। कार्यक्षेत्र में कोई गलती हो सकती है,जिसके लिए आपको माफी भी मांगनी पड़ेगी। आपका अपने परिवार के सदस्यों के प्रति व्यवहार कुछ कठोर रहेगा,जिसके कारण बच्चे आपसे नाराज हो सकते हैं। आपको किसी निवेश संबंधी योजना में निवेश करने से बचना होगा,नहीं तो आपका धन फंस सकता है।

    कन्या राशिफल। आज आप अपने प्रियजनों की सेहत के प्रति चिंतित रहेंगे। नौकरी में कार्यरत लोगों को उनका कोई साथी अपनी बातों में बहला-फुसलाकर कार्य नहीं करने देगा,लेकिन आपको ऐसा नहीं करना है। आपके ऊपर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ेगा। यदि आपने पहले कभी निवेश किया था,तो वह आज आपको दुगना होकर वापस मिलेगा। संतान की शिक्षा से संबंधित आप कुछ समस्याओं को लेकर उनके गुरुजनों से बातचीत कर सकते हैं। नवविवाहित जातक आज कहीं डिनर डेट पर जा सकते हैं।

    तुला राशिफल। आज का दिन आप परोपकार के कार्य में व्यतीत करेंगे। आप अपने दोस्तों के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर भी जा सकते हैं,लेकिन यदि आप साझेदारी में किसी काम को कर रहे हैं,तो उसमें आपको नियम व शर्तें रखनी होगी,नहीं तो वह आपके साथ धोखा कर सकता है। यदि नौकरी में कार्यरत लोगों का कोई लड़ाई झगड़ा हो,तो उसमें उनको अपनी बात लोगों के सामने रखनी होगी,नहीं तो लोग आपको गलत समझेंगे। विद्यार्थियों को मानसिक व बौद्धिक भार से छुटकारा मिलता दिख रहा है।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपको व्यवस्थाएं में जूनियर से काम निकलवाने के लिए कोई ठोस प्लान तैयार करना होगा,नहीं तो वह आपको अपनी बातों में फंसा सकते हैं। आपको यदि कोई निर्णय लेना हो,तो शीघ्रता और भावुकता में बिल्कुल ना लें,नहीं तो वह आपकी परेशानी का कारण बन सकता है। आपको जीवनसाथी से चल रही लड़ाई झगड़े को आपसी सूझबूझ से निपटाना होगा,नहीं तो वह लंबी खिंच सकती है। संतान की धार्मिक कार्य के प्रति रुचि बढ़ी देख आपका मन प्रसन्न रहेगा।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा। आपको विदेश में रह रहे परिजन से कोई शुभ सूचना सुनने को मिल सकती है और आपका कोई जरूरी काम बन सकता है, जिसके लिए आप अभी तक परेशान थे। आप किसी नए कार्य को करेंगे,तो उसमें आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। आपकी माता पिता के आशीर्वाद से आपकी खोई हुई वस्तु भी प्राप्त हो सकती है। घर परिवार में आपसे किसी जरूरी बात पर सलाह मशवरा होगा,जिसमें आपको सोच विचारकर बोलना बेहतर रहेगा।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके लिए कई प्रकार की उलझनें लेकर आएगा, जिनको लेकर आपका मन परेशान रहेगा और किसी कार्य में नहीं लगेगा। दूसरी ओर कार्यक्षेत्र में भी आपको जल्दबाजी में किसी कार्य को नहीं करना है,नहीं तो वह गलत हो सकता है,जिसके बाद आपको अधिकारियों से डांट भी खानी पड़ सकती है। प्रेम जीवन जी रहे लोग अपने साथी के साथ कहीं घूमने फिरने जा सकते हैं। यदि आप कोई वस्तु या उपहार खरीदने जा रहे हैं,तो उसमें अपनी जेब का ख्याल अवश्य रखें।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए भागदौड़ से भरा रह सकता है। आपको मंजिल तक पहुंचने के लिए अत्यधिक मेहनत की आवश्यकता है,लेकिन यदि इसमें आपको किसी के साथ की आवश्यकता होगी। भाई बंधु आपके साथ खड़े नजर आएंगे। आपका कोई संपत्ति संबंधित विवाद परेशान कर सकता है,लेकिन उसमें आपको समझौता करना पड़ेगा तभी फैसला आपके पक्ष में आएगा। कारोबार कर रहे लोगों के लिए किसी की सलाह कारगर सिद्ध होगी। यदि उन्होंने किसी के कहने पर निवेश किया,तो वह उनके लिए लाभदायक रहेगा।

    मीन राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहेगा। आपकी कोई खोई हुई चीज आपको प्राप्त हो सकती है,जिसके लिए आप परेशान रहेंगे। आपका कोई परिचित आपसे लंबे समय बाद मेल मिलाप कर सकता है। सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को उनकी वाणी मान-सम्मान दिलवाएगी,जिसके कारण प्रत्येक व्यक्ति उनसे मित्रता रखने की चेष्टा करेगा,लेकिन आपके कुछ शत्रु भी पनप सकते हैं,जो आपकी तरक्की में बाधा बनेंगे। व्यवसाय में आप यदि कुछ परिवर्तन करना चाहते हैं,तो वह आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा।