Blog

  • पंजाबः इस नदी में आई दरार, गांव में पानी घुसने से घर छोड़कर निकले

    पंजाबः इस नदी में आई दरार, गांव में पानी घुसने से घर छोड़कर निकले

    मानसाः पंजाब के मानसा स्थित सरदूलगढ़ के नजदीकी गांव बल्लनबाड़ा में घग्गर नदी में बड़ी दरार आई है। जिसके चलते पानी लगातार गांव में दाखिल हो रहा है। वहीं, पानी को रोकने के लोगों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के चलते पानी रुक नहीं रहा। गांव वासियों द्वारा पानी को रोकने के लिए मिट्टी लगाने का काम किया जा रहा है। वहीं, स्थानीय विधायक द्वारा भी लोगों को मदद देने का प्रयास किया जा रहा है।

    लोगों का कहना है कि देर रात दरार पड़ी है, जिसके चलते पानी गांव में दाखिल हुआ। लोग अपने आपको बचाने के लिए घर छोड़कर निकल गए। जिला प्रशासन अभी तक गांव में नहीं पहुंचा, लेकिन समाजसेवी संस्थाएं उन्हें खाना मुहैया करवाने के लिए पहुंच रही हैं। वहीं, गांव मोफर लोग भी रिश्तेदारी या फिर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। गांव के 200 के करीब परिवार गांव के नजदीक से गुजरती नहर के किनारे रहने लगे हैं, ताकि बाढ़ से बचा जाए। लोगों ने रोते हुए कहा कि बाढ़ के चलते उन्होंने अपने घर खाली कर दिए हैं।

    लेकिन अब नहर के किनारे भी उन्हें डर लग रहा है, क्योंकि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिसके चलते हर समय उनका भी ख्याल रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उन्हें तिरपाल उपलब्ध करवा दी थी, ताकि हम अपने यहां पर तंबू लगा लें। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मदद की जा रही है। वहीं, कुछ लोग उनके लिए खाना भी यहां पर मुहैया करवा रहे हैं।

  • ICC ने लॉन्च किया विश्व कप 2023 का Promo, देखेें वीडियो

    ICC ने लॉन्च किया विश्व कप 2023 का Promo, देखेें वीडियो

    नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को आधिकारिक क्रिकेट विश्व कप 2023 प्रोमो लॉन्च किया, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम नजर आ रहे हैं। एक दिवसीय विश्व कप का नया संस्करण 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक भारत में खेला जाएगा। इंग्लैंड प्रतियोगिता में गत चैंपियन है, जिसने घरेलू मैदान पर 2019 संस्करण जीता है। वीरवार को आईसीसी ने मेजबान देश के बोर्ड भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ मिलकर मुंबई में ‘इट टेक्स वन डे’ अभियान शुरू किया। 

    विश्व कप 2023 के आधिकारिक प्रोमो वीडियो में शाहरुख खान, जेपी डुमिनी, शुबमन गिल, दिनेश कार्तिक, इयोन मोर्गन, मुथैया मुरलीधरन, जोंटी रोड्स और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। वीडियो में पुरुष क्रिकेट विश्व कप के इतिहास के कुछ सबसे मशहूर पलों को कैद किया गया है। यह प्रोमो नौ ‘नवरसा’ भावनाओं पीड़ा, बहादुरी, महिमा, खुशी, जुनून, शक्ति, गर्व, सम्मान और आश्चर्य पर बनायी गई है। 

  • पंजाबः स्कूलों को लेकर शिक्षामंत्री ने किया ऐलान, जल्द मिलेगी ये राहत 

    पंजाबः स्कूलों को लेकर शिक्षामंत्री ने किया ऐलान, जल्द मिलेगी ये राहत 

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार जल्द ही सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को लाने और ले जाने के लिए बसों का प्रबंध करेगी। सरकार की ओर से इस संबंध में नीति लाई जा रही है। पंजाब सरकार का मुख्य लक्ष्य ही शिक्षा है तथा इस पर काफी ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने गुरुवार को नवांशहर में दी। 

    बैंस नवांशहर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में बैंस ने कहा कि सरकार की ओर से स्कूल ऑफ एमीनेंस को और ज्यादा बढ़िया बनाने व वहां पर पढ़ने वाले बच्चों का लेवल बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बन रही नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य के बारे में भी जानकारी ली। 

    इस मौके पर हलका इंचार्ज ललित मोहन बल्लू ने नई बिल्डिंग के काम में तेजी लाने के लिए बचे फंड जल्द से जल्द जारी करवाने की बात कही, जिस पर मंत्री बैंस ने जल्द ही काम होने का आश्वासन दिया। इस दौरान ग्यारहवीं के बच्चों ने आपातकालीन स्थिति से बचने के लिए बच्चों को जागरुक करने के लिए स्कूलों में ड्रिल करवाने का सुझाव दिया, जिस पर उन्होंने इस पर अमल लाए जाने की बात कही।

  • पंजाब: भोग समारोह में चली गोलियां, एक की मौत

    पंजाब: भोग समारोह में चली गोलियां, एक की मौत

    फतेहगढ़ साहिबः सब डिवीजन अमलोह के गांव सलाणा दुल्ला सिंह वाला के गुरुद्वारे में भोग समारोह के बाद एक व्यक्ति ने दो लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर है। मिली जानकारी के मुताबिक मिल मालिकों पर एक भोग समागम में अंधाधुंध फायरिंग की गई। वारदात को अंजाम इन दोनों लोगों के पार्टनर रह चुके तीसरे व्यक्ति ने दिया, जिसने हत्या करने के बाद मौके पर ही पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया।

    मिली जानकारी के अनुसार, गांव सलाणा में एक भोग समागम था। इस समागम में गांव रामगढ़ के मिल मालिक करनैल सिंह और करतार सिंह आए हुए थे। किसी समय इनका पार्टनर रहा कुलदीप सिंह भी भोग में आया था। इन तीनों में पार्टनरशिप को लेकर काफी समय से रंजिश चली आ रही है। भोग समागम की समाप्ति के बाद लोग गुरुद्वारा साहिब के परिसर में खड़े थे। इसी दौरान कुलदीप सिंह ने लाइसेंसी पिस्तौल से करनैल सिंह व करतार सिंह पर फायरिंग कर दी।

    सिर में गोलियां लगने से करनैल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। करतार सिंह की हालत गंभीर है। उसे खन्ना के IVY अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया। अस्पताल में घायल का हाल जानने के लिए SP (आई) राकेश कुमार यादव पहुंचे, जिन्होंने परिवार वालों से मुलाकात की और इंसाफ का भरोसा दिलाया। गांव रामगढ़ के रहने वाले करनैल सिंह, करतार सिंह और कुलदीप सिंह ने मिलकर फर्नेस इकाई लगाई थी। कुछ समय बाद बिजनेस में विवाद हो गया।

    करनैल सिंह और करतार सिंह ने कुलदीप सिंह की पार्टनरशिप निकाल दी थी। इसी बीच कुलदीप सिंह गांव छोड़कर खन्ना में रहने लगा। अब करनैल और करतार मिलकर मिल चला रहे थे। इसी रंजिश को लेकर कुलदीप सिंह ने भोग समारोह में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कुलदीप सिंह फायरिंग करने के बाद मौके पर ही खड़ा रहा। उसने खुद लोगों को पुलिस बुलाने के लिए कहा। साथ ही कुलदीप वारदात के बाद गुस्से में बोल रहा था कि इन्होंने मुझे बर्बाद किया। मैंने अपनी बर्बादी का बदला लिया।

  • हरोली में आत्मा परियोजना अधिकारियों ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया

    हरोली में आत्मा परियोजना अधिकारियों ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया

    ऊना/सुशील पंडित:  हरोली में आत्मा परियोजना से विकास खंड खंड तकनीकी प्रबंधक अंकुश शर्मा व सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवांक जसवाल व दविंदर कौर ने हरोली की पंचायतें हरोली,पूबोवाल, कुठारबीत व बालीवाल  में किसानों के खेतों का दौरा किया और बारिश से हुए नुक्सान का जायज़ा लिया। । इसमें किसानों ने मक्की, माह , रागी, तिल , खीरा, मीटर फली और भिंडी  की फसल लगाई थी परंतु भारी बारिश के चलते उनकी फ़सलो को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है ।
    इस दौरान अंकुश शर्मा ने किसानों को फ़सलों में बीमा योजना के बारे में बिस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें मक्की की फसल में 31 जुलाई 2023 से पहले अपनी फसल का बीमा करवाने के बारे  में बताया गया । इसमें एक कनाल में किसान को 48 रुपए देने होंगे । सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवांक जसवाल व दविंदर कौर ने किसानों को मक्की की फसल में बीमारियों व  कीटों की रोकथाम के लिए  अग्निअस्त्र 500 मिलीलीटर 15 लीटर पानी का छिड़काव के बारे में जानकारी दी ।
  • इनर व्हील क्लब ने जस्ट फॉर जीरो वेस्ट अभियान के तहत सजावटी सामान की प्रदर्शनी लगाई 

    इनर व्हील क्लब ने जस्ट फॉर जीरो वेस्ट अभियान के तहत सजावटी सामान की प्रदर्शनी लगाई 

    ऊना/सुशील पंडित : इन्नर व्हील क्लब ऊना ने संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान में ‘जेस्ट फोर जीरो वेस्ट’ अभियान के तहत गुरूवार को अनुपयोगी कपड़ो व घरेलू सामान से बनाए कपड़े के बैग व अन्य सजावटी सामान की प्रदर्शनी लगाई। क्लब की सदस्यों ने संस्थान की कटिंग टेलरिंग एवं ड्रेस मेकिंग व फैशन डिजाईनिंग हाबी कोर्स तथा ब्यूटी कल्चर ट्रेडस की छात्राओं को अनुपयोगी कपड़े उपलब्ध करवाए तथा उन्हें इसके बैगस बनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं छात्राओं को बिना प्रयोग के पड़े घरेलू सामान से सजावटी वस्तुएं बनाने के लिए भी प्रशिक्षित किया। संस्थान की छात्राओं ने वेस्ट मेटिरियल से कपड़े के बैग व कई सजावटी वस्तुएं तैयार की,जिसकी प्रदर्शनी लगाई गई। 
    इन्नर व्हील क्लब की सदस्यों द्वारा तैयार सजावटी उत्पादों को भी प्रदर्शनी में रखा गया। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए इन्नर व्हील क्लब की प्रधान सीमा वशिष्ठ ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमारे घरों में अनेक ऐसी वस्तुएं होती है,जिसका उपयोग नही हो पाता है तथा उसे हम कूड़े-कचरे में फैंक कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते है। उन्होंने कहा कि इन चीजों को रियूज करके हम इसका बेहतर उपयोग कर सकते है,वहीं इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाने से बच सकते है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कैरी बैग पर्यावरण के लिए घातक है तथा इसे प्रदेश सरकार ने भी प्रतिबंधित कर रखा है। इसके विकल्प के रूप में सभी को कपड़े के बैग को अपनाना चाहिए तथा इसे घरेलू अनुपयोगी कपड़ो के रियूज से भी बनाया जा सकता है। इसी प्रकार बिना प्रयोग की कांच व अन्य कई प्रकार की वस्तुओं को भी शानदार सजावटी सामान का रूप दिया जा सकता है। 
    इस अवसर पर इन्नर व्हील क्लब की प्रधान सीमा वशिष्ठ,सचिव रमा कंवर,पूर्व प्रधान जितेंद्र कौर,सुमन पुरी,सुषमा वशिष्ठ,उपाध्यक्ष पूजा कपिला,आईएसओ अमरजीत बबली,कोषाध्यक्ष रेखा शर्मा,रंजना जसवाल,कमला कंवर,रमा कालिया,शोभा सोनी,निशा शारदा,कमलेश वशिष्ट,मंजू मनकोटिया,हिमोत्कर्ष जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया,संस्थान की उपप्रधानाचार्य रंजू बाला,स्टाफ सदस्य मीना ठाकुर,सोनिया,कमला व छात्राएं उपस्थित थी। 
  • ओलंपियाड परीक्षा 2023-24 को लेकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू

    ओलंपियाड परीक्षा 2023-24 को लेकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू

    ऊना/सुशील पंडित : ओलंपियाड परीक्षा 2023- 24 को लेकर रजिस्ट्रेशन प्रकिया शुरू हो गई है। जिसके लिए कक्षा तीसरी से 12वीं तक के विद्यार्थी इस परीक्षा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। विद्यार्थियों को ओलंपियाड परीक्षा में भाग लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आए। इसके लिए जिलाभर के गांव में भी रजिस्ट्रेशन होगी। सरकारी और निजी स्कूल के विद्यार्थी अपने नजदीकी सी.एस.सी. केंद्र में पहुंच निर्धारित फीस जमा कर परीक्षा के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं।
    पंजीकरण आगामी 31 अगस्त तक होंगे। जिला सी.एस.सी. प्रबंधक योगेश धीमान ने बताया कि ओलंपियाड परीक्षा 2023-24 को लेकर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया के लिए तीसरी से 12वीं कक्षा के निजी और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए फीस निर्धारित है। तीसरी से दसवीं कक्षा के विद्यार्थी गणित, अंग्रेजी विज्ञान व हिंदी ओलंपियाड के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। जबकि 11वीं और 12वीं के छात्र गणित, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान रसायन विज्ञान व हिन्दी ओलंपियाड के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। सी.एस.सी. केंद्रों में ओलंपियाड की फीस प्रति विषय 150 रुपए है। रजिस्ट्रेशन के 24 घंटे में विद्यार्थी को फोन पर आई.डी. और पासवर्ड उपलब्ध हो जाएगा। जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा। आई. डी. पासवर्ड से विद्यार्थी घर बैठे अपने फोन या कम्प्यूटर से ऑनलाइन तैयारी भी कर सकते हैं।
    उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम 3 विजेताओं को नकद ईनाम मिलेगा। जिनमें राष्ट्रीय स्तर पर पहले नम्बर पर रहने वाले विद्यार्थी को 21 हजार 600 रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 14 हजार 600 रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 7200 रुपए पारितोषिक दिया जाएगा। इसके अलावा नैशनल लेवल सर्टीफिकेट भी मिलेगा
  • आत्मा परियोजना के अधिकारियों ने बारिश से हुए नुक्सान का लिया जायजा

    आत्मा परियोजना के अधिकारियों ने बारिश से हुए नुक्सान का लिया जायजा

    ऊना/सुशील पंडित : आत्मा परियोजना के उप परियोजना निदेशक संतोष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती कर रही पंचायतें पनोह, त्यूड़ी, बसाल, कोटला कलां, नारी, टक्का, नंगड़ा व फतेहपुर में किसानों के खेतों का दौरा कर बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सहायक तकनीकी प्रबंधक सोनिया शर्मा व ओंकार सिंह भी उनके साथ रहे। 
    संतोष शर्मा ने बताया कि किसानों ने प्रदर्शनी प्लॉट हेतु मक्की,   माह, रागी, तिल और भिंडी की फसल लगाई थी। उन्होंने बताया कि पनोह व बसाल के कुछ क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से भारी नुक्सान हुआ है। बारिश के कारण सब्जियों और मक्की की पैदावार तथा मूल्य पर असर पड़ा है। इसके साथ ही फॉल आर्मी वॉर्म से प्रभावित फसल का भी निरीक्षण किया गया तथा किसानों को 3 दिन के अंतराल पर अग्निस्त्र     (1.5 लीटर 40 लीटर पानी मिलाकर ) स्प्रे करने की सलाह दी गई ताकि मक्की को बचाया जा सके।
  • आईटीआई ऊना में आयोजित रोजगार मेले में 16 प्रशिक्षुओं का हुआ चयन

    आईटीआई ऊना में आयोजित रोजगार मेले में 16 प्रशिक्षुओं का हुआ चयन

    ऊना/सुशील पंडित : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना में वीरवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया जिसमें अंतर्राष्ट्रीय कार एवम् मोटर्स लिमिटेड अम्ब तथा रॉकमैन प्राइवेट लिमिटेड (हीरो ग्रुप) लुधियाना ने भाग लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए आईटीआई प्रधानाचार्य इंजीनियर बीएस ढिल्लों ने बताया कि रोजगार मेले में रॉकमैन प्राइवेट लिमिटेड लुधियाना के लिए 11 प्रशिक्षुयों को एनएपीएस के अंतर्गत चयनित किया गया।
    उन्होंने बताया कि चयनित ट्रेनी अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा 11, 200 रुपये मासिक वेतन प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय कार एवं मोटर्स लिमिटेड अम्ब द्वारा वेल्डर तथा टर्नर ट्रेड्स के 5 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया जिन्हें 11,500 रूपये मासिक वेतन प्रस्तावित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रधानाचार्य ने बताया कि ऐसे रोजगार मेले संस्थान में हर माह की 20 तारीख को आयोजित किए जाएंगे।
  • पंजाबी सिंगर से व्यक्ति ने ठगे 1.85 लाख रुपए, मामला दर्ज

    पंजाबी सिंगर से व्यक्ति ने ठगे 1.85 लाख रुपए, मामला दर्ज

    मोहालीः जिले में एक पंजाबी गायक के साथ हुई ठगी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक गायक को विदेश भेजने और वर्क परमिट दिलाने के नाम 1.85 लाख रुपए ठगे गए हैं। जिसके बाद पीड़ित ने ठगी की शिकायत मोहाली पुलिस को दी है। पुलिस ने भी शिकायत लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

    क्या है मामला

    गीत लव मैरिज के गायक गुरिंदर सिंह ने मोहाली फेज-1 की पुलिस को बताया कि कनाडा स्टूडेंट सर्विस इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 के मालिक भूपिंदर सिंह ने उसे और उसके 2 दोस्तों को कनाडा का वर्क परमिट दिलवाने का झांसा दिया। विदेश भेजने और उसके शो बाहर लगवाने के लिए कनाडा का वर्क वीजा लगवाने की डील 15 लाख रुपए में हुई। साथ में 2 दोस्तों के वर्क वीजा की भी बात हुई। इसकी ऐवज में गायक ने 1.85 लाख रुपए दे भी दिए, लेकिन वर्क वीजा नहीं आया। पूछने पर भूपिंदर सिंह कहता रहा कि वीजा बहुत जल्द आ जाएगा, लेकिन वीजा नहीं आया।

    बार-बार पूछने पर कनाडा स्टूडेंट सर्विस का मालिक टालमटोल करने लगा, जिस पर उन्हें शक हुआ तो रुपए वापिस मांगे गए। गुरिंदर सिंह के अनुसार, भूपिंदर सिंह ने रुपए वापस नहीं दिए। उसके बाद उन्होंने फोन उठाना भी कम कर दिया। उनके कार्यालय में गए तो देखा कि दफ्तर में ताला लगा हुआ था और आरोपी फरार हो चुके थे। इस पर उन्होंने परेशान होकर SSP कार्यालय में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।