Blog

  • आज का राशिफल,16मई 2023

    आज का राशिफल,16मई 2023

    आज का राशिफल,16मई 2023

    वृष: पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। अनहोनी की आशंका रहेगी। शत्रुभय रहेगा। कानूनी अड़चन दूर होगी। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। रुके हुए कार्यों में गति आएगी। घर-बाहर सभी अपेक्षित कार्य पूर्ण होंगे। दूसरों के कार्य की जवाबदारी न लें।
    मिथुन: प्रतिद्वंद्विता में वृद्धि होगी। जीवनसाथी से अनबन हो सकती है। स्थायी संपत्ति खरीदने-बेचने की योजना बन सकती है। परीक्षा व साक्षात्कार आदि में सफलता प्राप्त होगी। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। छोटे भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। प्रसन्नता रहेगी। संचित कोष में वृद्धि होगी। प्रमाद न करें।
    कर्क: लाभ के अवसर हाथ आएंगे। विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। व्यापार में अधिक लाभ होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। किसी आनंदोत्सव में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। मनपसंद भोजन का आनंद प्राप्त होगा। लेन-देन में सावधानी रखें। शत्रुओं का पराभव होगा। विवाद को बढ़ावा न दें। भय रहेगा। प्रमाद न करें।
    सिंह: पारिवारिक समस्याओं में इजाफा होगा। चिंता तथा तनाव बने रहेंगे। भागदौड़ रहेगी। दूर से बुरी खबर मिल सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें। बनते कामों में बाधा हो सकती है। दूसरों से अपेक्षा न करें। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय में निश्चितता रहेगी। मातहतों से अनबन हो सकती है। कुसंगति से हानि होगी।
    कन्या: पुराने किए गए प्रयासों का लाभ मिलना प्रारंभ होगा। मित्रों की सहायता कर पाएंगे। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। किसी बड़े काम करने की योजना बनेगी। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। भाइयों का सहयोग मिलेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी।
    तुला: दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। सुख के साधन जुटेंगे। पराक्रम बढ़ेगा। घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। किसी पारिवारिक आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। निवेश शुभ रहेगा। व्यापार ठीक चलेगा। प्रसन्नता रहेगी। शत्रु परास्त होंगे।
    वृश्चिक: शारीरिक कष्ट से बाधा संभव है। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रसन्नता प्राप्त होगी। आय में वृद्धि होगी। निवेश शुभ रहेगा। पार्टनरों का सहयोग प्राप्त होगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।
    मकर: कोई बड़ी बाधा आ सकती है। राजभय रहेगा। जल्दबाजी से काम बिगड़ेंगे। बकाया वसूली के प्रयास सफल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। किसी के व्यवहार से स्वाभिमान को चोट पहुंच सकती है। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। व्यापार में वृद्धि होगी।
    कुंभ: नई योजना बनेगी जिसका लाभ तुरंत नहीं मिलेगा। सामाजिक कार्य करने में रुचि रहेगी। प्रतिष्ठा बढ़ेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। चिंता तथा तनाव हावी रहेंगे। सभी तरफ से सफलता प्राप्त होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। व्यापार में वृद्धि होगी। आय बढ़ेगी। घर में प्रसन्नता रहेगी। ऐश्वर्य पर व्यय हो सकता है।

    मीन: पूजा-पाठ में मन लगेगा। कोर्ट व कचहरी के काम बनेंगे। अध्यात्म में रुचि बढ़ेगी। व्यापार लाभदायक रहेगा। नौकरी में चैन रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का सहयोग प्राप्त होगा। बेचैनी रहेगी। चोट व रोग से बचें। विवेक से कार्य करें। लाभ में वृद्धि होगी। मान-सम्मान मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी।
     
  • सुपारी किलर भोला राय की गोलियां मारकर हत्या

    सुपारी किलर भोला राय की गोलियां मारकर हत्या

    पटना: पत्रकार नगर थाने के मुन्ना चक योगीपुर नहर इलाके में सोमवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने पटना में करीब 15 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय कुख्यात भोला राय उर्फ अरविंद कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी। भोला उसी इलाके में छिप कर रह रहा था और भूमि को कब्जा करने में अहम भूमिका निभा रहा था। इसका नाम वर्ष 2009 में कुर्जी इलाके में हुए उत्तरी मैनपुरा पंचायत के दबंग पूर्व मुखिया रंजीत सिंह और वर्ष 2018 में गर्दनीबाग इलाके के वार्ड पार्षद व पूर्व डिप्टी मेयर अमरावती देवी के पति दीना गोप की हत्या में आया था। भोला राय ने बालू खनन और जमीनी विवाद को लेकर कांट्रेक्ट पर दस लाख रुपये लेने के बाद रंजीत सिंह की हत्या कर दी थी।

    साथ ही दीना गोप की हत्या भी बेऊर के हरनीचक इलाके में 25 कट्ठे की जमीन के विवाद में विकास सिंह के साथ मिल कर की थी। दीना गोप की हत्या में एके 47 राइफल का उपयोग किया गया था, जिसे पुलिस अभी तक बरामद नहीं कर पायी है। रंजीत सिंह हत्याकांड में भोला राय को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। इसके अलावा भोला राय का नाम बेऊर इलाके में टुनटुन राय पर फायरिंग के मामले में भी सामने आया था। पुलिस ने इसे जगनपुरा इलाके से गिरफ्तार किया था और जेल भेज दिया था।

    सूत्रों का कहना है कि भोला राय दो साल पहले जमानत पर छूटा और इसने जगनपुरा, मुन्नाचक, दियारा इलाका व फतुहा में अपना ठिकाना बना रखा था। यह मूल रूप से परसा के सोताचक का रहने वाला है। एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि इसके खिलाफ परसा बाजार, मसौढ़ी, पाटलिपुत्र, बुद्धा कॉलोनी, कंकड़बाग, बेऊर, कदमकुआं व गर्दनीबाग थाने में कई मामले दर्ज थे‌।‌ घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और अपराधियों की पहचान की जा रही है।

    भोला राय ने हाल के दिनों में कांट्रेक्ट किलिंग का धंधा बंद कर दिया था और भूमि से जुड़े धंधे को करने लगा था। विवादित भूमि को कब्जा करना उसका पहले से काम रहा है। सूत्रों का कहना है कि हाल में ही एक जमीन के विवाद को लेकर कुछ लोगों से उसका मनमुटाव हुआ था और इसकी हत्या उसी का परिणाम बतायी जा रही है। यह मुन्ना चक योगीपुर इलाके में भूमिगत रूप से रह रहा था। हालांकि इसका एक और ठिकाना जगनपुरा इलाके में भी था।

    सूत्रों का कहना है कि भोला सोमवार को पहले फतुहा गया और फिर मुन्ना चक पहुंचा। इसके बाद वह बाइक से ही जगनपुरा जाने के लिए निकला था और इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने पहले उसे पीठ में गोली मारी और फिर जब यह बाइक लेकर गिर पड़ा तो उसके सीने में गोली मार कर हत्या कर दी। उसके ठिकाने की जानकारी केवल ग्रुप के सदस्यों को ही थी‌। वह शाम में उस इलाके में पहुंचा, जिसकी जानकारी उसके ही करीबियों को थी। लेकिन पहले से घात लगाये अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके कारण इलाके में अफरातफरी मच गयी। जिस तरह से यह घटना हुई है, उससे स्पष्ट है कि इसके ही ग्रुप के लोगों ने आपसी रंजिश में इसकी हत्या कर दी है।

    सूत्रों का कहना है कि उसे दो गोली लगी और वह खून से लथपथ होकर गिर गया। उसके साथ दो-तीन लोग और थे, जो अलग-अलग बाइक से थे, लेकिन घटना के बाद वे लोग वहां से निकल गये‌। घटना की जानकारी मिलने पर पत्रकार नगर थाने की पुलिस पहुंची और उसे इलाज के लिए ओल्ड बाइपास पर स्थित राजेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन कुछ ही देर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शरीर से काफी खून गिरने के कारण ही उसकी मौत हो गयी।

  • नदी में नाव पलटने से परिवार के 6 सदस्य डूबे, एक की मौत, देखें वीडियो

    नदी में नाव पलटने से परिवार के 6 सदस्य डूबे, एक की मौत, देखें वीडियो

    खंडवा: तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान नर्मदा नदी में उठी लहर की चपेट में आने से नाव पलट गई। नाव में गुजरात के चार श्रद्धालु व एक बच्चा सवार था। हादसा कोटितीर्थ घाट पर हुआ। ऊंची उठती लहरों की वजह से नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। बताया जाता है कि वहां मौजूद लोगों और नाविकों की कोशिशों से दो महिला और एक पुरुष को बचा लिया गया। वहीं एक पुरुष और बच्चा लापता हो गए। बाद में बच्चे का शव मिला।

    गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर आए वाहन चालक सुखा भाई ने बताया कि बच्चे का नाम मुकुल था। वहीं श्रद्धालुओं में एक महिला और पुरुष के पुलिस विभाग में होने की बात सामने आई है। सभी श्रद्धालु भावनगर गुजरात के रहने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि ओंकारेश्वर में एकाएक तेज हवा के साथ बारिश हुई है। हादसे के बाद श्रद्धालु बच्चे को लेकर सनावद अस्पताल रवाना हो गए।

    इस कारण पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही मांधाता पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता पुरुष की तलाश की जा रही है। विदित हो कि ओंकारेश्वर में होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा अवैध संचालन पर प्रतिबंध और यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाने की अनिवार्यता के बावजूद इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसकी वजह से ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।

  • IPS दीपक रतन का हुआ निधन

    IPS दीपक रतन का हुआ निधन

    नई दिल्ली: 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक रतन का असामयिक निधन हो गया है। आईपीएस दीपक रतन पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी कामिनी रतन आईएएस अफसर हैं और इस समय केंद्र सरकार में तैनात हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी दीपक रतन का हार्ट अटैक से निधन हुआ है। उनके निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गयी है।

    दीपक रतन 1997 बैच के आईपीएस अफसर हैं और मूल रूप से भोपाल मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। लंबे समय तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बतौर कप्तान तैनात रहे हैं। अलीगढ़ रेंज में आईजी के पद पर तैनाती के बाद वो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में आये थे। शासन ने अलीगढ़ रेंज (मंडल पुलिस मुख्यालय) पर एक बार फिर आईजी की तैनाती कर दी थी। जब यहां तैनात डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह को कानपुर नगर का डीआईजी/एसएसपी बनाकर भेजा गया था।

    उनके स्थान पर यातायात निदेशालय में तैनात आईजी दीपक रतन को नया आईजी बनाकर भेजा था। प्रदेश के तेज तर्राज आईपीएस में शामिल डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह लंबे समय से यहां तैनात थे। उनके कार्यकाल में पुलिस कई बड़ी चुनौतियों से जूझी और उनके निर्देशन में सभी मौकों पर सफल होकर निकली। चाहे वह 15 दिसंबर की रात एएमयू में हुआ बवाल हो या उसके बाद सीएए-एनआरसी विवाद, जिसमें वह खुद जख्मी तक हुए।

  • बड़ी खबर: 74 IAS अफसर के हुए तबादले

    बड़ी खबर: 74 IAS अफसर के हुए तबादले

    जयपुर: राजस्थान में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां शुरू हो गई है। उससे पहले प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश में 74 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। कार्मिक विभाग की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से दो सूची जारी की गई है। पहली सूची में 15 नए जिलों में विशेषाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। दूसरी सूची में 59 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। दूसरी सूची में 6 जिलों के कलक्टर बदले गए है। जिसमें आलोक रंजन को जिला कलेक्टर झालावाड़, पुखराज सेन को जिला कलेक्टर अलवर, अरुण कुमार पुरोहित को जिला कलेक्टर बाड़मेर, डॉ भारतीय दीक्षित को जिला कलेक्टर अजमेर, डॉ खुशाल यादव को जिला कलेक्टर झुंझुनू, डॉ लोक बंधु को जिला कलेक्टर भरतपुर के पद पर लगाया गया है।

    पहली सूची में 15 विशेषाधिकारी की ट्रांसफर

    कार्मिक विभाग की ओर से जारी की गई पहली सूची में आईएएस राजेंद्र विजय को विशेषाधिकारी बालोतरा, हरजी लाल अटल को सांचौर, नम्रता वृष्णि को कुचामन डीडवाना, खजान सिंह को केकड़ी, शुभम चौधरी को कोटपूतली बहरोड, पूजा कुमारी पार्थ को नीमकाथाना, अंजलि राजोरिया को गंगापुर सिटी, सीताराम जाट को अनूपगढ़, शरद मेहरा को डीग, डॉ ओम प्रकाश बैरवा को खैरथल, जसमीत सिंह संधू को फलोदी, प्रताप सिंह को सलूंबर, डॉ मंजू को शाहपुरा, रोहिताश सिंह तोमर को ब्यावर, अर्तिका शुक्ला को दूदू में विशेषाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।

    दूसरी तबादला सूची में 59 अधिकारियों के हुए ट्रांसफर

    दूसरी तबादला सूची में 59 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जिसमें आईएएस वीनू गुप्ता को अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग एवं वाणिज्य, डॉ सुबोध अग्रवाल को अतिरिक्त मुख्य सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जल संसाधन विभाग, शुभ्रा सिंह को अतिरिक्त मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कुंजी लाल मीणा को महानिदेशक इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान जयपुर, आलोक गुप्ता को प्रमुख सचिव राज्यपाल, दिनेश कुमार को प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन मंत्रिमंडल, सुबीर कुमार को प्रमुख शासन सचिव, प्रशासनिक सुधार एवं समवन्य, नवीन जैन को शासन सचिव, स्कूल शिक्षा एवं भाषा एवं पुस्तकालय विभाग एवं पंचायती राज प्रारंभिक शिक्षा विभाग, डॉ पृथ्वीराज को शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, भानु प्रकाश के एटूरू को शासन सचिव, आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, रवि जैन को शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज, जयपुर, डॉ जोगाराम को आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण, भंवरलाल मेहरा को रजिस्ट्रार, सरदार पटेल विश्वविद्यालय पुलिस सुरक्षा एवं आपराधिक न्याय जोधपुर, जितेंद्र कुमार उपाध्याय को शासन सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पंचायती राज महिला एवं बाल विकास बाल विकास विभाग जयपुर, सुधीर कुमार शर्मा को प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं विनियोजन निगम रिको एवं पदेन आयुक्त दिल्ली—मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर जयपुर, डॉ प्रतिभा सिंह को संभागीय आयुक्त कोटा, चौथी राम मीणा को संभागीय आयुक्त अजमेर, महेश चंद्र शर्मा को शासन सचिव स्वास्थ्य शासन विभाग एवं परियोजना निदेशक जयपुर, चित्रा गुप्ता को विशिष्ट शासन सचिव स्कूल शिक्षा विभाग एवं पंचायती राज विभाग प्रारंभिक शिक्षा जयपुर, घनेंद्र भान चतुर्वेदी को भू प्रबंध आयुक्त एवं पदेन निदेशक बंदोबस्त, करण सिंह को सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग जयपुर, विश्राम मीणा को निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, डॉ जितेंद्र सोनी को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, विश्व मोहन शर्मा को विशिष्ट शासन सचिव, गृह विभाग, लक्ष्मण सिंह कुड़ी को आयुक्त, उद्यानिकी, नलिनी कठोतिया को सचिव, जयपुर विकास प्राधिकरण, राजेंद्र सिंह शेखावत को अतिरिक्त महानिदेशक, एचसीएम रीपा, मेघराज सिंह रतनू को पंजीयक, सहकारिता विभाग जयपुर, अनुप्रेरणा सिंह कुंतल को विशिष्ट शासन सचिव, प्रशासन सुधार एवं समवन्य जयपुर, शक्ति सिंह राठौड़ को विशिष्ट शासन सचिव, देवस्थान विभाग जयपुर, नकाते शिवप्रसाद मदन को आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग, हरिमोहन मीणा को निदेशक, पब्लिक सर्विसेज एवं पदेन सहयोग शासन सचिव, प्रेमसुख विश्नोई को निदेशक, मत्स्य विभाग, टीकम चंद बोहरा को सचिव, राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर, अंशदीप को महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक अजमेर, अजय सिंह राठौड़ को निदेशक स्वच्छ भारत मिशन जयपुर, महावीर प्रसाद मीणा को प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य भंडारण निगम जयपुर, डॉ घनश्याम को आयुक्त श्रम विभाग जयपुर, सुश्री श्वेता चौहान को मुख्य कार्यकारी अधिकारी भिवाड़ी, अक्षय गोदारा को आयुक्त नगर निगम जयपुर हेरिटेज, डॉ सौम्या झा को मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मुख्य परिचालन प्रबंधक राजस्थान ग्रामीण आजीविका परिषद जयपुर, अर्पणा गुप्ता को मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड उदयपुर, उत्साह चौधरी को संयुक्त शासन सचिव, गृह विभाग जयपुर, मयंक मनीष को आयुक्त टी ए डी उदयपुर, कनिष्क कटारिया को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अलवर, राहुल जैन को मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजसमंद, सुश्री सलोनी खेमका को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद उदयपुर, ऋषभ मंडल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद करौली, गिरधर को आयुक्त, अजमेर विकास प्राधिकरण, सुश्री धिगने स्नेहल नाना को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद चित्तौड़गढ़, ललित गोयल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अजमेर, सिद्धार्थ पालानीचामी को उपखंड अधिकारी माउंट आबू, प्रतिभा वर्मा को उपखंड अधिकारी गिर्वा उदयपुर के पद पर तबादला किया गया है।

  • जालंधरः बस स्टैंड पर पनबस के नीचे आने से व्यक्ति की मौत

    जालंधरः बस स्टैंड पर पनबस के नीचे आने से व्यक्ति की मौत

    जालंधर, वरुण/हर्षः बस स्टैंड से बड़ी खबर सामने आई है। जहां अमृतसर काउंटर पर पनबस वोल्वो गाड़ी नंबर पीबी12 वाई 1629 के नीचे के आने से व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक उक्त व्यक्ति वहीं पर जेएंडके ढाबे में काम करता था। जिसकी बस के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड थाना प्रभारी मेजर सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया। मामले की जानकारी देते हुए मेजर सिंह ने बताया की घटना संबंधी जांच की जा रही है।

  • पंजाबः इस चौक के पास सरेआम चल रहा सैक्स रैकेट, कैमरा देख भागी युवतियां, देखें वीडियो

    पंजाबः इस चौक के पास सरेआम चल रहा सैक्स रैकेट, कैमरा देख भागी युवतियां, देखें वीडियो

    अमृतसरः चौक माहना सिंह के पास जिस्मफरोशी का धंधा चलने का मामला सामने आया है। चौक के आसपास रहने वाले कुछ व्यक्ति के सोशल मीडिया पर लाइव होकर इस मामले को उजागर किया। वीडियों में देखा जा सकता हैकि उक्त युवतियां कैमरे देख वहां से कैसे भाग रही। इस दौरान सोशल मीडिया पर लाइव होकर व्यक्ति ने बताया कि बस स्टैंड से गोल्डन टेंपल की तरफ जाते समय चौक माहना सिंह पर रोजाना जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा हैं। लोगों का आरोप है कि दिन ढलते ही लड़कियां ग्राहकों के इंतजार में वहां पर पहुंच जाती हैं।

    सरेआम सबके सामने लड़कियां डील होने के बाद गोल्डन टेंपल के आसपास के होटलों में युवाओं को ले भी जाती हैं। लाइव के दौरान व्यक्ति ने ग्राहकों का इंतजार कर रही उक्त युवतियों को भी दिखाया। जैसे ही व्यक्ति ने कैमरा ऑन किया तो उक्त लड़कियां कैमरा देख वहां से भागना शुरू हो गई। उसे बार-बार पुकारा गया, लेकिन उसने ना वापस मुड़ कर देखा और ना ही रुकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस को गोल्डन टेंपल के आसपास चल रहे इस गलत काम की शिकायतें की गई हैं, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई भी एक्शन नहीं लिया जाता। अंत में उन्हें लाइव होकर लोगों को गोल्डन टेंपल के आसपास चल रहे इस धंधे को उजागर करना पड़ा है।

  • सुहागरात मनाने के बाद अगले दिन दूल्हे की मौत

    सुहागरात मनाने के बाद अगले दिन दूल्हे की मौत

    आगराः यूपी के मैनपुरी जिले में बेहद ही दर्दनाक घटना में सुहागरात के अगले दिन ही दूल्हे की मौत हो गई। दूल्हे की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। वहीं नई नवेली दुल्हन तो बेहोश हो गई। जब होश आया तो एक ही बात पूछ रही थी कि ‘मेरी क्या गलती थी, ऐसा मेरे साथ क्यों हुआ’। वहीं खबर मिलते ही दुल्हन के मायके वाले भी पहुंच गए। शादी की खुशियां महज कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।

    धूमधाम से हुई थी शादी

    घटना करहल थाना क्षेत्र के नगला कंस गांव की है। गांव निवासी जनवेद का पुत्र सोनू (21) बीए का छात्र था। उसकी शादी किशनी थाना क्षेत्र के नगला सदा सौज गांव निवासी आरती के साथ तय हुई थी। 11 मई को तय मुहूर्त पर किशनी के हनुमानगढ़ी स्थित एक मैरिज होम में धूमधाम के साथ शादी संपन्न हुई थी। इसके बाद 12 मई को वह पत्नी को विदा कराकर घर आ गया। नवेली बहू के घर आने से घर में खुशियों का माहौल था। सारा दिन घर में रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में कार्यक्रम चलते रहे।

    शनिवार की शाम सोनू इंवर्टर का तार लगा रहा था। तभी उसे करंट लग गया। इस पर वह बेसुध होकर गिर गया। बेसुध होने के बाद परिजन उसे आनन-फानन मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। शादी वाले घर में पलक झपकते ही खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। रविवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

  • ऊना के जंगलों में आग का ताण्डव जारी

    ऊना के जंगलों में आग का ताण्डव जारी

    ऊना /सुशील पंडित: ऊना में तापमान में उछाल आते ही आग की घटनाएं बढ़नी शुरु हो गई है।  सोमवार को आग का कहर से  जलग्राव  में बेले में लगी भीषण आग से   बाल बाल सैंकड़ों झूंगिया को बचाया गया । गोदाम व पंचायत घर भी बचाए गए। इस आग पर  दो फायर गाड़ियों ने  काबू पाया और  20 लाख की संपति बचाई । उधर लालसिंगी में मिल्क प्लांट में रखे कबाड़ में आग लग गई। आग से कबाड़ का समान जलने से करीब 20 हजार का नुक़सान हुआ है। फायर ब्रिगेड ने  10 लाख की संपत्ति जलने से  बचाई है।  हंडोला के कमून पट्टियां में जंगल मे आग लगने से 5 हजार का नुक़सान हुआ है और फायर ब्रिगेड ने जंगल में साथ लगती आवादियो को जलने से बचा कर 10 लाख बचाए है । बही चताडा में जंगल की आग से हजारों का नुक़सान हुआ बताया जा रहा है। केंद्र के अग्निशमन अधिकारी नितिन धीमान ने बताया कि सोमवार को आग की घटनाओं की सुचना मिलते ही फायर टीमों को मोका पर रवाना किया गया व करीब 50 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया गया है। उन्होंने कहा की गर्मी में  तापमान बढ़ने से आग प्रचंड रूप धारण कर रही है इसलिए भूलकर भी लापरवाही से आग न लगाएं।

  • डॉ राजीव बिंदल 21 मई को जिला के आधिकारिक दौरे पर

    डॉ राजीव बिंदल 21 मई को जिला के आधिकारिक दौरे पर

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डॉ राजीव बिंदल पहली बार 21 मई को जिला के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और प्रदेश के नवनियुक्त संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी डॉ राजीव बिंदल के साथ जिला के दौरे पर रहेंगे। जानकारी देते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि इस दौरान डॉ राजीव बिंदल 21 मई को सुबह 9:30 बजे पार्टी के जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष के इस दौरे के दौरान पांचों विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं के साथ-साथ जिला और पांचों मंडलों के सभी कार्यकारिणी पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से 21 मई को कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करने का आह्वान किया। मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा विशेष अभियान शुरू कर रही है। जिसमें पार्टी के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता तक सभी मिलकर जन जागरण अभियान का हिस्सा बनेंगे।