Blog

  • बड़ी ख़बरः पड़ोसी देश के वित्तीय संकट के चलते पंजाब के निर्यातकों में मचा हड़कंप

    बड़ी ख़बरः पड़ोसी देश के वित्तीय संकट के चलते पंजाब के निर्यातकों में मचा हड़कंप

    नई दिल्लीः भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पड़ोसी देश बांग्लादेश को वित्तीय मामले में उच्च जोखिम की श्रेणी में रखा है। इसके चलते पंजाब के बड़े निर्यातकों में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि आरबीआई ने देश से निर्यात को लेकर किसी तरह की रोक नहीं लगाई है लेकिन यूएस डॉलर समेत अन्य विदेशी मुद्रा में लेनदेन पर प्रतिबंध लगा दिया है। 

    बाकायदा सरकारी बैंकों को इस बाबत सर्कुलर जारी कर एहतियात बरतने को कहा गया है। इसके चलते पंजाब खासकर लुधियाना के बड़े कारोबारी अपने विदेशी कारोबार को लेकर चिंतित हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश की दिन-प्रतिदिन बिगड़ती वित्तीय स्थिति को देख आरबीआई ने यह कदम उठाया है। लुधियाना से हर वर्ष हजारों करोड़ रुपये का धागा और कपड़ा बांग्लादेश को निर्यात होता है। सूबे में सरकारी बैंकों द्वारा जारी इस अलर्ट के बाद कॉटन यार्न का निर्यात करने वाले कारोबारियों में न केवल निर्यात को लेकर चिंता है, बल्कि भविष्य में देश के साथ कारोबार को लेकर भी कारोबारी पसोपेश में हैं। 

    जानकारी के अनुसार एक राष्ट्रीयकृत बैंक द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि बैंक की शाखाएं बांग्लादेश पर यूएस डॉलर या किसी अन्य विदेशी मुद्रा एक्सपोजर को न मानने के लिए कहें। लुधियाना से उद्योग और अन्य सामग्री की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे ने बीते वर्ष अंबाला से बांग्लादेश के बेनापोल शहर के लिए एक विशेष पार्सल ट्रेन सेवा भी शुरू की थी।

    उधर, परिधान प्रौद्योगिकी और सामान्य सुविधा केंद्र (एटीएफसी) के अध्यक्ष विनोद थापर ने बताया कि बांग्लादेश में आर्थिक स्थिति और विदेशी मुद्रा की कमी को देख एक राष्ट्रीयकृत बैंक के सर्कुलर के अनुसार यूएस डॉलर या अगले निर्देश तक बांग्लादेश से कारोबार को लेकर अन्य विदेशी मुद्रा के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। इससे पंजाब का निर्यात भी प्रभावित हो सकता है। संघ के सभी सदस्यों को बांग्लादेश के साथ कोई भी नया व्यापार सौदा करते समय पूरी सावधानी बरतने की सलाह जारी की है। वहीं, निटवेयर और अपैरल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन जैन ने बताया कि पिछले कुछ महीनों के दौरान बांग्लादेश के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी गिरावट आई है। 

    इसे ध्यान में रखते हुए बैंकों ने यूएस डॉलर या किसी अन्य विदेशी मुद्रा में आईएनआर को छोड़कर एक्सपोजर नहीं लेने का एहतियाती कदम उठाया है। जाहिर तौर पर किसी भी देश में विदेशी मुद्रा भंडार कम होने पर देश को भोजन, ईंधन आदि जैसी आवश्यक वस्तुओं के भुगतान के लिए विदेशी मुद्रा की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कपड़े जैसे सेकेंडरी इस्तेमाल की चीजों के लिए वित्तीय लेन-देन जोखिम भरा हो सकता है।

  • पंजाबः पुलिस ने नमक मंडी में दी दबिश, पटाखों का जखीरा किया बरामद

    पंजाबः पुलिस ने नमक मंडी में दी दबिश, पटाखों का जखीरा किया बरामद

    लुधियानाः दिवाली के त्यौहार से पहले पुलिस ने पटाखे रखने वालों शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वहीं जिले में थाना कोतवाली की पुलिस ने देर रात गुड़मंडी के पीछे नमक मंडी में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पटाखा कारोबारी ने सड़क पर ही पटाखों की पेटियां तिरपाल में छिपा रखी है। पुलिस को गुप्त सूचना दी गई कि देर रात के समय माल इधर से उधर होना था। समय रहते पुलिस ने नमक मंडी में दबिश दी और 250 से 300 पेटियां पटाखों की बरामद कर ली।

    बता दें ये तो अभी सिर्फ पटाखों की पेटियां इतनी मात्रा में मिलना ट्रेलर है। बताया जा रहा है कि जिस जगह ये पेटियां मिली है उसके सामने ही एक बिल्डिंग है जिसमें बड़ी मात्रा में पटाखा स्टोर हुआ है। पुलिस की दबिश देख मौके से उस बिल्डिंग को कुछ लोग ताला जड़ कर चले गए। गनीमत रही कि इस बाजार में कोई आग लगने जैसी घटना नहीं हुई नहीं तो पटाखें पड़े होने के कारण बहुत बड़ा हादसा हो जाना था। इस मामले में एडीसीपी रुपिंदर कौर सरां ने थाना कोतवाली के एसएचओ कुलदीप सिंह को आदेश दिए है कि बिल्डिंग की चैकिंग करवा कर वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट की जाए। पटाखा कारोबारी संजय सिंगला पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है। बता दें इन पटाखों की कीमत 20 से 25 लाख बताई जा रही है।

    सैटिंग करवाने के लिए पुलिस पर बनाया जा रहा था राजनीतिक दबाव

    इतनी बड़ी मात्रा में पटाखा मिलना पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी है लेकिन पटाखा रखने वाले व्यक्ति के कुछ लोग पुलिस पर राजनीतिक दबाव बना रहे थे। वहीं जो पुलिस कर्मचारी मौके पर तैनात थे उन्हें दूसरे शहरों के पुलिस अधिकारियों को फोन आ रहे थे। लेकिन पुलिस ने किसी की एक न सुनी और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। पुलिस मुताबिक पटाखों की पेटियों की संख्या इतनी अधिक है कि अभी माल का कुछ अंदाजा नहीं लग रहा।

    गुड़मंडी में पटाखों को आग लगने से हो चुका है बड़ा हादसा

    बता दें कि काफी समय पहले गुड़मंडी में पटाखों को आग लग गई थी जिस कारण बहुत बड़ा हादसा हुआ था। इसके बाद से ही पुलिस हरकत में आई है और दिवाली के दिनों में किसी को स्लम बाजारों में पटाखे रखने के आदेश नहीं है। अब आज जिस बाजार में पटाखे स्टोर हुए थे यहां यदि आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड भी मौके समय रहते आग न बुझा पाए। स्लम इलाका होने के कारण यहां अक्सर हजारों लोगों का आना जाना लगा रहता है। वहीं रोजना लाखों रुपये का कारोबार चावल, आटा, तेल आदि बेचने वाले करते है। कई दुकानदारों का भी कहना था कि समय रहते पुलिस ने जो कार्रवाई कर दी तो बेहतर किया नहीं तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पटाखों की पेटियों की लोडिंग करके देर रात 1 बजे थाना कोतवाली रखवाया गया। पूरी घटनाक्रम की वीडियोग्राफी करके उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

    एडीसीपी रुपिंदर कौर सरां ने की लोगों को सूचना देने की अपील

    एडीसीपी रुपिंदर कौर सरां ने कहा कि शहर वासियों की सुरक्षा पहल के आधार पर है। लोगों से आग्रह है कि पुलिस का साथ दे। जो लोग गलत तरीके से पटाखें आदि रिहायशी इलाकों में स्टोर कर रहे है उनके बारे में बताए पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं लोगों से अपील भी है कि बिना लाइसेंस या बिना किसी सुरक्षा के पटाखों को बाजारों में न रखे।

  • बदमाशों ने सड़क पर चलते 10 लोगों को मारी गोली, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

    बदमाशों ने सड़क पर चलते 10 लोगों को मारी गोली, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

    बिहारः बेगूसराय में बाइक सवार बदमाशों ने 10 लोगों को गोली मारी दी। घटना तेघड़ा और बछवाड़ा थाना क्षेत्र के एनएच 28 की है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सड़कों पर हुए “खूनी खेल” में लापरवाही बरतने के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अभी तक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इनकी धर पकड़ के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, जो कई जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

    इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से पटना पहुंच चुके हैं। यहां से वह बेगूसराय जाएंगे। पटना पहुंचते हैं कि गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “बेगूसराय की घटना बिहार के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जब से महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी है, लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था पूरी बिगड़ गई है।”  गिरिराज सिंह ने कहा, “राजधानी में ही नीतीश कुमार की पुलिस अपने थाने में ही सुरक्षित नहीं है। थाने में घुसकर पुलिस वाले को मारा जा रहा है। मुख्यमंत्री को स्वीकार करना होगा कि जंगल राज आ गया है, जनता राज नहीं है। आज तक बिहार में इस तरीके की घटना नहीं हुई है।” 

    सड़क चलते लोगों पर की गई गोलीबारी

    बता दें कि बिहार के बेगूसराय शहर को मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। नेशनल हाइवे 28 पर निकले इन बदमाशों ने एक के बाद एक कई जगहों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। इस घटना दौरान कुल 10 लोगों को इन बदमाशों ने गोली मारी, जिनमें से एक चंदन कुमार नाम के शख्स की मौत हो गई। सीसीटीवी में यह पूरी घटना कैद हो गई है। एक के बाद एक घायल लोग बेगूसराय के सिविल और निजी अस्पतालों में लाए गए। पूरे शहर में अफरातफरी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ पैर फूल गए।

    चार थाना क्षेत्रों से गुजरे बदमाश, पुलिस बनी रही तमाशबीन

    फुलवरिया, बछवाड़ा, तेघडा और चकिया थाना इलाकों मे फायरिंग की एक के बाद एक खबर आती रही। चार थाना क्षेत्रों से बदमाश गुजरे और उन्होंने 40 मिनट तक 30 किमी के दायरे में गोलीबारी की। मगर, पुलिस की नाकामी के चलते वे आराम से फरार हो गए। हाल के महीनों में पहली बार इस तरह सरेआम एक के बाद एक 10 लोगों को गोली मारी गई।

    बेगूसराय समेत 6 जिलों में नाकेबंदी

    इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर को सील कर दिया। एसपी से लेकर आईजी तक सड़कों पर आ गए हैं। पास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है। पटना, समस्तीपुर, खगडिया, नालंदा, लखीसराय जिलों में नाकेबंदी की गई है। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापे भी मारे, लेकिन बाइक सवार इन बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है।

    हर हर महादेव चौक पर एनएच 31 किया जाम

    बेगूसराय में बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। इसके तहत भाजपा जिला अध्यक्ष राज किशोर सिंह के नेतृत्व में हर हर महादेव चौक पर एनएच 31 में जाम लगा दिया गया है। इसकी वजह से एनएच 31 पर वाहनों की कतार लग गई है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जबसे तेजस्वी की गोद में नीतीश कुमार बैठे हैं, पूरे बिहार में अपराधी बेलगाम हैं। बाइक सवार बदमाशों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पुलिस न तो कोई कार्रवाई कर पाई है और न ही बदमाशों को अभी तक गिरफ्तार कर पाई है। इसके विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है।

  • जालंधरःघर से निकलने से पहले पढ़े ये ख़बर, इस जगह किसानों ने धरना लगाकर किया रोड़ जाम

    जालंधरःघर से निकलने से पहले पढ़े ये ख़बर, इस जगह किसानों ने धरना लगाकर किया रोड़ जाम

    जालंधर/वरुणः किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब ने बुधवार को राज्य के मुद्दों पंजाब के पानी, एमएसपी गारंटी, आबादकार किसानों को जमीनी हक देने, किसानों की कर्ज माफी को लेकर जिले में कपूरथला रोड़ स्थित वरियाणा गांव के बाहर धरना लगा दिया है। जिससे आने जाने वाले राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि इससे दो दिन पहले किसानों ने दो जगहों कपूरथला और भुलत्थ में भी धरना दिया था।

    इस दौरान कपूरथला में किसानों ने विधायक राणा गुरजीत सिंह और विधायक राणा इंद्रप्रताप सिंह की रिहायश के समक्ष धरना दिया था, जबकि भुलत्थ में विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के निवास के समक्ष धरना लगाया था। कपूरथला में जिला प्रधान सरवन सिंह बाऊपुर ने कहा कि सरकारों को चाहिए कि वेस्ट पानी को ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर साफ कर खेतों को दिया जाए। दरिया, नहरें व वेईं के पानी को गंदा होने से बचाया जाए।

    बता दें कि केंद्र सरकार ने दिल्ली संघर्ष दौरान किसानों को एमएसपी की गारंटी देने का वायदा किया था लेकिन अब तक पूरा नहीं किया गया। संत सीचेवाल की ओर से बनाए गए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वैसे के वैसे ही पड़े हैं। इस दौरान दो दिन पहले पंजाब सरकार के नाम विधायक राणा गुरजीत सिंह के पीए कैप्टन बलजीत सिंह बाजवा को ज्ञापन सौंपा गया। 

  • खाई में मिनी बस गिरने से 11 लोगों की मौत

    खाई में मिनी बस गिरने से 11 लोगों की मौत

    श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक मिनी बस के खाई में गिर गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई है कि हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ सकती है। यह हादसा पुंछ के सवजियान इलाके में हुआ।

    बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस जम्मू कश्मीर के मंडी से सावजान जा रही थी। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। इसके साथ ही अफसरों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का बेहतर इलाज किया जाए।

    मृतकों की पहचान मरूफ अहमद (14), बशीर अहमद (40), रोजसिया अख्तर (18), जरीना बेगम (40), मोहम्मद हसन (65), नाजिमा अख्तर (20), इमरान अहमद (5), अब्दुल करीम, (70) और अब्दुल कयूम (40) के रूप में हुई है। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

  • पंजाबः सेंट्रल जेल में भिड़े हवालाती, तोड़ी जेल की खिड़कियां

    पंजाबः सेंट्रल जेल में भिड़े हवालाती, तोड़ी जेल की खिड़कियां

    बठिंडा : जिलें में सेंट्रल जेल एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद सेंट्रल जेल बठिंडा में आए दिन घटनाएं हो रही हैं। जानकारी के अनुसार जेल में बंद कुछ हवालाती आपस में ही भिड़ गए और तोड़फोड़ की। जेल की खिड़कियों को भी तोड़ दिया। वहीं जेल अधिकारी द्वारा शिकायत करने पर पुलिस ने दो हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

  • राशिफल (बुधवार 14 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (बुधवार 14 सितंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः मेहनत का फल मिलेगा। सामाजिक कार्य करने में रुचि रहेगी। शारीरिक कष्ट संभव है। अज्ञात भय सताएगा। चिंता तथा तनाव रहेंगे। किसी मनोरंजक यात्रा की योजना बनेगी। बुरे लोगों से दूर रहें। व्यवसाय लाभदायक रहेगा। शुभ समय। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति पर व्यय होगा।

    वृषः घर में मेहमानों का आगमन होगा। व्यय होगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। प्रसन्नता रहेगी। बुद्धि का प्रयोग करें। लाभ बढ़ेगा। दूर से सुखद सूचना मिल सकती है। मित्रों के साथ अच्छा समय बीतेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बड़ा काम करने का मन बनेगा।

    मिथुनः मान-सम्मान मिलेगा। कारोबार मनोनुकूल लाभ देगा। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से परिचय बढ़ेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। नए मित्र बनेंगे। नया उपक्रम प्रारंभ करने की योजना बन सकती है। यात्रा मनोरंजक रहेगी।

    कर्कः बुद्धि का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। आय बनी रहेगी। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तु गुम हो सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें। किसी व्यक्ति के उकसाने में न आएं। थकान महसूस होगी। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय भावना में बहकर न करें।

    सिंहः रुका हुआ पैसा मिलने का योग है। नौकरी में उच्चाधिकारी की प्रशंसा प्राप्त होगी। समय अनुकूल है। मित्रों के सहयोग से कार्य पूर्ण होंगे। नया कार्य प्रारंभ करने की योजना बनेगी। परिवार तथा मित्रों के साथ कोई मनोरंजक यात्रा का आयोजन हो सकता है। आलस्य त्यागकर प्रयास करें।

    कन्याः योजना फलीभूत होगी। व्यापार में मनोनुकूल लाभ होगा। उत्साह व प्रसन्नता रहेगी। स्वास्थ्‍य उत्तम रहेगा। शुभ समय। कारोबार में वृद्धि पर विचार हो सकता है। नौकरी में अधिकारीगण प्रसन्न रहेंगे। मातहतों का सहयोग मिलेगा। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन संभव है।

    तुलाः किसी प्रभावशाली व्यक्ति का मार्गदर्शन सहायता प्राप्त होगी। धन प्राप्ति में बाधाएं दूर होंगी। किसी धार्मिक स्थल की यात्रा की आयोजना हो सकती है। सत्संग का लाभ मिलेगा। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। ऐश्वर्य के साधनों पर व्यय हो सकता है। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी।

    वृश्चिकः चोट व दुर्घटना से हानि संभव है। लापरवाही न करें। किसी व्यक्ति से व्यर्थ विवाद हो सकता है। मानसिक क्लेश होगा। धन प्राप्ति सुगम होगी। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।

    धनुः प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। बाहर जाने की योजना बनेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का सहयोग कार्य में आसानी देगा। नौकरी में चैन रहेगा। जल्दबाजी से काम बिगड़ेंगे तथा समस्या बढ़ सकती है। विरोध होगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। घर-बाहर सुख-शांति बने रहेंगे।

    मकरः कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यापार ठीक चलेगा। लोगों से अधिक अपेक्षा न करें। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। आय में कमी हो सकती है। भूमि, भवन, दुकान, शोरूम व फैक्टरी इत्यादि की खरीद-फरोख्त हो सकती है। बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। विवाद को बढ़ावा न दें। कुसंगति से बचें।

    कुंभः कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बन सकता है। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा। परिवार में प्रसन्नता रहेगी। जल्दबाजी से हानि संभव है। शरीर कष्ट से बचें। बनते कामों में देरी होगी। दूसरे से अधिक अपेक्षा करेंगे। मित्रों के साथ समय अच्छा व्यतीत होगा।

    मीनः कोई मांगलिक कार्य में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद प्राप्त होगा। नौकरी में कार्यभार रहेगा। आय में निश्चितता रहेगी। जल्दबाजी से काम में बाधा उत्पन्न होगी। दौड़धूप अधिक रहेगी। बुरी सूचना मिल सकती है, धैर्य रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे।

  • कांग्रेस की पद यात्रा भारत में रचेगी नया इतिहास : जगत राम शर्मा

    कांग्रेस की पद यात्रा भारत में रचेगी नया इतिहास : जगत राम शर्मा

    ऊना/सुशील पंडित : राहुल और कांग्रेस की कन्याकुमारी से कश्मीर तक पद यात्रा भारत में नया इतिहास रचेगी। मंगलवार को जारी बयान में यह बात राष्ट्रीय इंटक के संगठन सचिव व प्रदेश इंटक के महासचिव कामरेड जगत राम शर्मा ने कही। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के युग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में 1929 में डांडी मार्च का सत्याग्रह किया गया । देश आजाद होने तक कांग्रेस के नेतृत्व में ही देश के लाखों किसान व मजदूरों ने लगातार संघर्ष किया । उस समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अलावा पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार बल्लभ भाई पटेल, बावा साहिब भीम राम अंबडेकर और कई मुस्लिम व हिंदु नेता आजादी में संघर्ष करते थे ।
    भारज राजनीतिक तौर पर आजाद हाे गया लेकिन लोगों का आर्थिक ढांचा बहुत कमजोर था, जिनमें शिक्षा, यातायात, बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य योजनाएं ये सभी न के बराबर थी । देश के प्रथम प्रधानमंत्री पूर्व स्व जवाहर लाल नेहरू ने लोगों का जीवन स्तर उठाने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र और सरकारी नौकरियों का प्रबंध किया, जिसका लाखों लोगों को लाभ हुआ । आज जितना भी विकास देखा जा सकता है कि कांग्रेस की नीति का ही फल है। जगत राम ने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि देश आरएसएस, जनसंघ और भाजपा  विघटनाकारी शक्तियों के कब्जे में आ गया है। परिणामस्वरूप जो क्षेत्रीय पार्टियां है उनकी सोच अपने प्रदेश तक ही सीमित है। वहीं वर्तमान में मोदी की आरएसएस भाजपा सरकार ने भारत सरकार में सब कछ उलटा कर दिया।
     लोगों के धन से बनाए गए सरकारी उद्योगों को बेचा जा रहा है।  सरकारी नौकरियों पर जबरदस्त कट लगा दिया गया है।  लेकिन मोदी सरकार लोगों को हिंदु , सिक्ख,  मुसलमान जातिवाद में धकेलने की कोशिश में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि देश की सभी ट्रेड यूनियनें प्रगतिशील लोग व आम जनता बड़े जोर से भारत छोड़ो आंंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा में सभी मजदूर, किसान कर्मचारी, आऊटसोर्स, आशा वर्कर व आंंगनबाड़ी आदि सभी लोग सड़कों पर आकर पदयात्रा और राहुल गांधी का स्वागत करें। 
  • दुलैहड मर्डर मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने दो लोग लिए हिरासत में

    दुलैहड मर्डर मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने दो लोग लिए हिरासत में

    ऊना/सुशील पंडित : दुलैहड़ में गोली मारकर मौत के घाट उतारे गए रविंद्र हत्याकांड मामले की जांच में पुलिस द्वारा गठित की गई करीब 8 टीमें पंजाब और हिमाचल में कई जगहों पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए डटी हुई हैं। हालांकि इस दौरान पुलिस द्वारा 8 लोगों से पूछताछ की गई है जिसके बाद संदेह के आधार पर 2 लोगों को डिटेन कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस का पूरा फोकस इस वक्त होशियारपुर जिला के कुछ गांवों पर है जहां पर नशा तस्करी के बड़े सौदागर बैठे होने की भी सूचना है। मामले की जांच की समीक्षा के लिए डीआईजी नॉर्थ रेंज सुमेधा द्विवेदी भी मंगलवार बाद दोपहर जिला मुख्यालय पहुंची। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि रविंद्र कुमार उर्फ सेठी की हत्या सड़क पर चलते हुए दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के कारण हुई है।
    इस घटना में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात लोगों ने रविंद्र कुमार और उनके भतीजे केशव शर्मा के साथ लड़ाई झगड़ा किया और इसी दौरान आरोपियों में से एक ने रविंद्र कुमार की छाती पर गोली दागकर उन्हें मौत के घाट उतारा है। जबकि उनके भतीजे केशव शर्मा को भी मारपीट करके घायल किया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने केशव शर्मा की शिकायत के आधार पर ही घटना के संबंध में केस दर्ज किया है। हत्या के बाद से अब तक की जांच में पुलिस द्वारा पंजाब में आठ टीमों को जांच के लिए भेजा गया था, इन टीमों ने करीब 8 लोगों से पूछताछ की है जबकि हत्या के संबंध में अभी तक 2 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
    वहीं दूसरी ओर रविंद्र कुमार की गोली लगने से हुई मौत के बाद मंगलवार को शव-गृह परिसर में खूब हंगामा हुआ। जैसे ही चिकित्सक ने पोस्टमार्टम करने से इंकार किया और पुलिस को मृतक का टांडा से पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। उसके बाद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री जैसे ही बाहर बैठे लोगों ने सुना ताे उनका गुस्सा फूट पड़ा।
    लोगों ने सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस व अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तत्काल मौके पर मौजूद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री शव-गृह के दरवाजे के आगे धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि यदि पोस्टमार्टम यदि टांडा से पोस्टमार्टम करवाना था तो रात या फिर सुबह ही बता देते। लेकिन अब यहां से टांडा से मृतक को भेजना कतई सहन नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी की कांग्रेस नेता रविंद्र कुमार का पोस्टमार्टम यहीं कराया जाएगा। उन्होंने तब तक धरने पर बैठे रहेंगे, जब तक टांडा से आकर टीम पोस्टमार्टम नहीं करती।
    इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें तीन घंटे तक इंतजार करने के लिए कहा। इसके बाद टांडा मेडिकल कालेज में संपर्क करके पूरी स्थिति से अवगत कराया गया। उसके बाद सांय करीब चार बजे टांडा से टीम ऊना पहुंची और पोस्टमार्टम शुरु किया। करीब एक घंटे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली।
  • ग्राहकों को बड़ी राहतः TRAI ने मोबाइल कंपनियों को जारी किए ये निर्देश

    ग्राहकों को बड़ी राहतः TRAI ने मोबाइल कंपनियों को जारी किए ये निर्देश

    नई दिल्ली: मोबाइल यूजर्स को ट्राई ने बड़ी राहत दी है। दरअसल बात ये है कि टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई ने एक नया आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत अब टेलीकॉम कंपनियों को 28 की जगह हर हाल में 30 दिनों वाला कम से कम एक प्लान ऑफर करना ही होगा। मोबाइल कंज्यूमर्स द्वारा मिल रही लगातार शिकायतों के बाद ट्राई ने यह फैसला किया है। इसके साथ ही टेलीकॉम कंपनी को अपने प्लान में अब एक स्पेशल वाउचर, एक कॉम्बो वाउचर पूरे महीने की वैलिडिटी के साथ लाना ही होगा। इसके अलावा कंपनियों को नोटिफिकेशन की तारीख से 60 दिनों के अंदर नियमों के आदेश का पालन करने को कहा गया है। ट्राई ने 7 महीने पहले भी यह निर्देश जारी किए थे लेकिन टेलीकॉम कंपनियों ने इसका पालन नहीं किया था। इसलिए ट्राई ने दोबारा सभी टेलीकॉम कंपनियों को यह निर्देश दिए हैं।

    ट्राई ने जारी किया निर्देश

    मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो ट्राई ने इस संबंध में टेलीकॉम कंपनियों को एक निर्देश भी जारी किया था। इस निर्देश के मुताबिक टेलीकॉम कंपनियों को प्लान वाउचर और रिन्यूअल कटेगरी में कम से कम एक ऐसा टैरिफ प्लान लाना होगा जिसकी वैलिडिटी 30 दिनों की हो। बता दें कि अगर महीने के हिसाब से देखें तो फिलहाल लगभग सभी कंपनियों द्वारा जो भी प्लान ग्राहकों के लिए हैं उनकी समय सीमा अधिकतम 28 दिनों की होती है। 

    हर हाल में जारी करना होगा 30 दिनों वाला प्लान

    ग्राहकों की लगातार मिल रही शिकायत के बाद ट्राई ने सभी कंपनियों से बात की और उनसे सलाह मशवरे के बाद ट्राई द्वारा यह आदेश जारी किया गया है। जारी किए गए इस आदेश के मुताबिक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर को हर हाल में 30 दिन वैधता वाला रीचार्ज कूपन और स्पेशल वाउचर ऑफर करना होगा। 

    अलग अलग कंपनियों में क्या है 30 दिन वाले प्लान की कीमत

    अगर अलग अलग कंपनियों के प्लान की बात करें तो एयरटेल की 30 दिनों की वैलिडिटी वाला प्लान 128 रुपये का है, जबकि उसी तारीख को अगले महीने रिन्यूअल वाले प्लान का टैरिफ 131 रुपये का है। रिलायंस जियो की 30 दिनों की वैलिडिटी वाला प्लान 296 रुपये का है, जबकि अगले महीने उसी तारीख को रिन्यूअल वाले प्लान का टैरिफ 259 रुपये है। वोडाफोन आइडिया की 30 दिनों की वैलिडिटी वाला प्लान 137 रुपये का है, जबकि अगले महीने उसी तारीख को रिन्यू होने वाला प्लान 141 रुपये का है। बीएसएनएल का 30 दिनों का प्लान 199 रुपये का है, जबकि एक महीने की वैलिडिटी वाला प्लान 229 रुपये का है। एमटीएनएल का 30 दिनों वाला प्लान 151 रुपये का है, जबकि एक महीने यानी अगले महीने सेम डेट रिन्यूअल वाला प्लान 97 रुपये का है।