Blog

  • चिट्ठा मुक्त समाज अभियान को लेकर सीसे स्कूल थाना कलां में रैली को विधायक ने दिखाई हरी झंडी

    चिट्ठा मुक्त समाज अभियान को लेकर सीसे स्कूल थाना कलां में रैली को विधायक ने दिखाई हरी झंडी

    बोले,आज के समय में चिट्ठा युवाओं को दलदल में धकेल रहा, चिट्ठा मुक्त समाज के लिए हर व्यक्ति अभियान का बने फ्रंटल

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां में एनसीसी और एनएसएस कैडेटों द्वारा चिट्ठा मुक्त समाज अभियान के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को विधायक विवेक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को चिट्ठा मुक्त बनाने का संदेश देना रहा, विधायक ने उपस्थित विद्यार्थियों, अध्यापकों और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चिट्ठा आज समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है, जो विशेषकर युवाओं के जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

    उन्होंने कहा कि चिट्ठा न केवल युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहा है, बल्कि पूरे परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर कर रहा है। इससे समय रहते सख्ती से निपटना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिट्ठे के खिलाफ अभियान को केवल कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

    स्कूलों और कॉलेजों में एनसीसी, एनएसएस और अन्य संगठनों की भूमिका को उन्होंने अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चिट्ठे के दलदल से स्वयं को बचाएं और अपने साथियों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर स्कूल प्रिंसीपल संजीव पराशर कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा विवेक मिंका सुदेश शर्मा स्कूल स्टाफ पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

  • पशु-पालन केंद्र में 50 से 60 गायों और बछड़ों की मौत, डॉ. इंदरदीप कौर निलंबित, कई कर्मचारी बर्खास्त

    पशु-पालन केंद्र में 50 से 60 गायों और बछड़ों की मौत, डॉ. इंदरदीप कौर निलंबित, कई कर्मचारी बर्खास्त

    चंडीगढ़ः रायपुर क्लां स्थित नगरपालिका पशु-पालन केंद्र में बड़ी संख्या (लगभग 50-60) गायों और बछड़ों की मौत हो जाने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कई उच्च अधिकारी और कर्मचारियों पर गाज गिरी है। स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल अधिकारी डॉ. इंदरदीप को लापरवाही के कारण ड्यूटी से निलंबित कर दिया गया है।

    पशु-पालन केंद्र में तैनात 3 से अधिक ठेकेदार कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इनमें वेटरनेरी डॉक्टर रविंदर सिंह ढिल्लों, सैनिटेशन इंस्पेक्टर रामलाल सिंह और सुपरवाइजर लवली सहित अन्य MTS स्टाफ शामिल हैं। नियमित गोवंश मानक निरीक्षक प्रवीण कुमार भी निलंबित कर दिए गए हैं।

    यूटी प्रशासन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ADC) अमनदीप सिंह भटी के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम में SDM (पूर्वी) खुशप्रीत कौर और पशुपालन विभाग के डायरेक्टर भी शामिल हैं। क्या मौतें डॉक्टरी लापरवाही, दूषित चारे या गंदगी के कारण हुई हैं? मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए पशुओं की लाशों का पोस्टमॉर्टम और विसरा टेस्ट कराया जा रहा है।

  • अयोध्या नाथ शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति शोक संदेश भेजा

    अयोध्या नाथ शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति शोक संदेश भेजा

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वरिष्ठ पत्रकार अश्वनी शर्मा के पिता, अयोध्या नाथ शर्मा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अयोध्या नाथ शर्मा का निधन आज सुबह उनके पैतृक गांव करलूप, तहसील मढ़, जिला जम्मू में हुआ। वह 93 वर्ष के थे।

    मुख्यमंत्री ने अश्वनी शर्मा एवं शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

  • Punjab News: गुरुद्वारा साहिब जा रही महिला पर लुटेरों ने किया तेजधार हथियार से हमला, मौत

    Punjab News: गुरुद्वारा साहिब जा रही महिला पर लुटेरों ने किया तेजधार हथियार से हमला, मौत

    तरन तारनः जिले के सीमावर्ती गांव मदार मथरा भागी में सुबह करीब 4:30 बजे गुरुद्वारे जाते समय लुटेरों द्वारा महिला पर हमला किया गया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां ईलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान तसबीर कौर के रूप में हुई है। घटना को अंजाम 3 हथियारबंद लुटेरों द्वारा दिया गया।

    लुटेरों ने महिला के सिर पर हमला कर सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए मृतक महिला के पति 71 वर्षीय कारज सिंह ने बताया कि वह सुबह 4 बजे अपनी पत्नी तसबीर कौर के साथ गांव के गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में कुछ दूरी पर 3 लुटेरों ने उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। लुटेरों ने तसबीर कौर के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया और उनके कानों से सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए।

    गंभीर रूप से घायल तसबीर कौर को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं मौके पर पहुंचे खालरा थाने के एएसआई शिंगारा सिंह ने बताया कि इस मामले में गांव के वरयाम सिंह और उनके बेटे गुलजार सिंह के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

     

  • स्मार्ट टिकटिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता, दक्षता और यात्रियों की सुविधा: लालजीत सिंह भुल्लर

    स्मार्ट टिकटिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता, दक्षता और यात्रियों की सुविधा: लालजीत सिंह भुल्लर

    चंडीगढ़: आधुनिक और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने सरकारी बस सेवाओं में डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इस फैसले का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक दक्ष, पारदर्शी और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाना है। नई व्यवस्था के तहत यात्री क्यूआर कोड, यूपीआई, कार्ड आधारित भुगतान और ऑफलाइन मोड के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे, जिससे नकदी पर निर्भरता कम होगी और यात्रा अनुभव सुगम बनेगा।

    डिजिटल टिकटिंग मशीनें जीपीएस-सक्षम होंगी, जिससे बसों की लाइव ट्रैकिंग, नजदीकी बस स्टॉप की जानकारी और मार्गों से संबंधित वास्तविक समय की सूचना उपलब्ध होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस अपग्रेड के बावजूद महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा निर्बाध जारी रहेगी, जिसके लिए उन्हें स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। विद्यार्थियों को भी स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन रिचार्ज किया जा सकेगा।

    परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनें परिवहन विभाग के कार्यों को अधिक सुचारु बनाएंगी। टिकट बिक्री और बस संचालन की रियल-टाइम निगरानी से राजस्व पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही मजबूत होगी और बेहतर योजना के साथ बस सेवाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल तकनीक-आधारित, समावेशी और जन-कल्याणकारी सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक अहम कदम है।

  • Punjab News: Basant Restaurant में खाने में निकला कॉकरोच, हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    Punjab News: Basant Restaurant में खाने में निकला कॉकरोच, हुआ हंगामा, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के सराभा नगर के अधीन आते बसंत रेस्टोरेंट में खाने में कॉकरोच निकलने का मामला सामने आया है। जहां खाना खाने आए नौजवानों की ओर से खाने का आर्डर दिया गया। इस दौरान परिवार ने आरोप लगाए हैकि खाने में कॉकरोच निकला है। जिसको लेकर रेस्टोरेंट में हंगामा शुरू हो गया। इसकी वीडियो भी सामने आई है। नौजवानों का कहना हैकि वह रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए गए था। जहां उनके द्वारा दिए गए खाने के ऑर्डर में कॉकरोच निकला है। इस मामले को लेकर उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मियों को भी अवगत करवा दिया। जिसके बाद नौजवानों द्वारा कहा गया कि पहले कर्मी कॉकरोच निकलने को नहीं मान रहे थे, लेकिन हंगामा होने के बाद मौके पर मैनेजर आए और उन्होंने मैनेजर द्वारा मामले की जांच की बात कही गई। हालांकि इस वायरल वीडियो को लेकर रेस्टोरेंट के मैनेजर की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
  • Punjab News: सीएम मान की अकाल तख्त साहिब में पेशी के बाद जत्थेदार गड़गज का आया बयान, देखें Live

    Punjab News: सीएम मान की अकाल तख्त साहिब में पेशी के बाद जत्थेदार गड़गज का आया बयान, देखें Live

    अमृतसरः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आज अमृतसर में सिखों के सर्वोच्च तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के सामने 40 मिनट पेशी हुई। इस दौरान सीएम मान जत्थेदार के आगे जमीन पर हाथ जोड़कर बैठे रहे।

    पेशी के बाद अकाल तख्त से बाहर निकले सीएम मान ने अपनी पेशी के बारे में बताया और जो भी तथ्य है उन्हें सामने रखा और कहा कि मैंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर नरेटिव बनाया जा रहा है कि मैं अकाल तख्त को चैलेंज कर रहा हूं। मैंने अकाल तख्त के साथ मत्था लगाया है। मैंने उन्हें बताया कि ऐसा कुछ नहीं है। मेरी ऐसी न हिम्मत है और न ही औकात है।

    वहीं अब श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि श्री अकाल तख्त साहिब का मूल सिद्धांत सबकी भलाई को सबसे आगे रखना है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक के सिद्धांतों के अनुसार, इंसान से गलती हो सकती है, लेकिन गुरु और भगवान कभी गलती नहीं करते। जब कोई गुरु नानक के नाम पर गलती करता है, खासकर जब वह राज्य की सत्ता से जुड़ा हो, तो अकाल तख्त साहिब का कर्तव्य और बढ़ जाता है।

    जत्थेदार ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे और लंबी चर्चा के दौरान उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को स्पष्ट किया। बातचीत बहुत ही सहज और सम्मानजनक माहौल में हुई। इस दौरान सिख कोड ऑफ कंडक्ट, दसवंध, गुरुद्वारा मैनेजमेंट, गोलक और कुछ पुराने वीडियो से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि मुख्यमंत्री ने माना कि उन्हें सिख कोड ऑफ कंडक्ट और सिख सिद्धांतों के बारे में पूरी जानकारी नहीं है और भविष्य में बिना समझे धार्मिक मुद्दों पर कोई कमेंट नहीं करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब हर उस व्यक्ति के लिए खुला है जो विनम्रता के साथ अपना पक्ष रखने आता है।

    इस मौके पर बेअदबी के मामलों पर भी चर्चा हुई और जत्थेदार ने कहा कि इस बारे में एक खास कानून बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। साथ ही, विदेशों से मिली शिकायतों और विवादित वीडियो की टेक्निकली जांच करके सच्चाई सामने लाई जाएगी। आखिर में, जत्थेदार ने सभी से धार्मिक मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर प्यार, विनम्रता और सिख सिद्धांतों के अनुसार काम करने की अपील की।

  • Punjab News: हैप्पी फोर्जिंग फार्म में मशीन की चपेट में आया वर्कर, दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: हैप्पी फोर्जिंग फार्म में मशीन की चपेट में आया वर्कर, दर्दनाक मौत, देखें वीडियो

    गुस्साए कर्मियों ने फैक्टरी के बाहर लगाया धरना

    लुधियानाः शहर के कंगनवाल इलाके में एक फैक्ट्री में काम के दौरान एक वर्कर की मशीन की चपेट में आने से मौत का मामला सामने आया है। घटना आज सुबह 7 बजे की है। वर्कर नाइट ड्यूटी पर था और सुबह फैक्ट्री में काम कर रहा था। फैक्ट्री वर्करों ने घटना के विरोध में फैक्ट्री के बाहर धरना लगाया। फैक्ट्री वर्करों व यूनियन नेताओं ने फैक्ट्री का गेट बंद करके नारेबाजी करनी शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वर्करों से बातचीत की। वर्करों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जाती है। वर्करों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्वांचल समाज के प्रधान राजपूत ने बताया कि वर्कर रंजीत कुमार की फैक्ट्री में मशीन में आने से मौत हो गई। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री वर्करों में इसी बात को लेकर रोष है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में वर्करों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। मृतक रंजीत कुमार की करीब 35 साल के थे। उनकी पहचान के ओम प्रकाश ने बताया कि रंजीत उनके मामा के गांव के थे और फैक्ट्री में बीसीएम ऑपरेटर था। वो मूलत: बिहार के शिवान जिले का रहने वाला है। उसका परिवार गांव में ही रहता है और वह लुधियाना में अकेले रहता था। उसकी 3 बेटियां व एक बेटा है। वह इस फैक्ट्री में 9 साल से काम करते थे और अब छोड़कर चले गए थे। अभी कुछ समय पहले ही उनकी दोबारा जोइनिंग हुई थी और ये हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री मालिकों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह जितना हो सके वह पीड़ितों की मदद करेंगे। दूसरी ओर पुलिस ने वर्करों को आवश्वासन दिया है कि वो इस मामले की जांच करवाएंगे और उन्हें न्याय मिलेगा। उसके बाद पुलिस अब प्रबंधकों व वर्करों की बैठक करवा रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। वहीं पुलिस ने उसके परिजनों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया है।
  • हरियाणा में ग्रुप-डी पदों को लेकर बड़ा कदम, सरकार ने जारी किए निर्देश

    हरियाणा में ग्रुप-डी पदों को लेकर बड़ा कदम, सरकार ने जारी किए निर्देश

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सभी विभागाध्यक्षों को ग्रुप-डी कर्मचारियों के सुचारू समायोजन और पोस्टिंग की सुविधा के लिए हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड पोर्टल पर ग्रुप-डी के खाली पदों का विवरण तुरंत अपलोड करने का निर्देश दिया है।

    मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा जारी एक पत्र में, विभागों को एक सप्ताह के भीतर हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड पोर्टल रिक्विजिशन पोर्टल पर खाली पदों की जानकारी अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन ग्रुप-डी कर्मचारियों ने अभी तक ज्वाइन नहीं किया है, उन्हें पोर्टल पर पहले से जमा की गई उनकी पोस्ट प्राथमिकताओं के अनुसार बिना किसी परेशानी के समायोजित या दोबारा पोस्ट किया जा सके।

    सरकार ने आगे निर्देश दिया है कि विभागों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत सत्यापित एक प्रमाण पत्र भी अपलोड करना होगा, जो हरियाणा नॉलेज कारपोरेशन लिमिटेड पोर्टल पोर्टल पर अपलोड किए गए ग्रुप-डी रिक्तियों से संबंधित डेटा की सटीकता और सही होने को प्रमाणित करता हो। नए अनुशंसित ग्रुप-डी कर्मचारियों की पोस्टिंग संबंधित विभागों द्वारा प्रदान की गई प्रमाणित जानकारी के अनुसार ही की जाएगी।

  • ई-नीलामी में लापरवाही पड़ी भारी, HSVP को देना होगा मुआवजा

    ई-नीलामी में लापरवाही पड़ी भारी, HSVP को देना होगा मुआवजा

    चंडीगढ़: हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन ने फरीदाबाद में विकास कार्यों की स्थिति से संबंधित एक मामले में यह स्पष्ट किया है कि प्लॉट की ई-नीलामी से पूर्व स्थल पर आवश्यक विकास कार्य पूर्णता अत्यंत आवश्यक हैं, ताकि आवंटियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि विकास कार्य पूरे होने के उपरांत ही प्लॉट की नीलामी और कब्जा प्रस्तावित किया जाना अपेक्षित है।

    आयोग ने अपने आदेश में कहा कि ई-नीलामी में शामिल किए जाने वाले प्लॉट्स पर सभी आवश्यक सुविधाओं का उपलब्ध होना आवश्यक है, जिससे आवंटी समय पर निर्माण कार्य आरंभ कर सकें। मामले में यह पाया गया कि दिनांक 24.11.2023 को जारी आवंटन पत्र के साथ कब्जा प्रस्तावित किया गया, जबकि स्थल पर कुछ विकास कार्य शेष थे। आयोग ने यह भी उल्लेख किया कि आवंटन पत्र की शर्त संख्या–5 के अनुसार 30 दिनों के भीतर कब्जा न दिए जाने की स्थिति में ब्याज देय होता है, जिसे नियमों के अनुसार लागू किया जाना चाहिए।

    आयोग ने यह अपेक्षा व्यक्त की कि एक सार्वजनिक विकास प्राधिकरण के रूप में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ऐसे मामलों में ब्याज भुगतान की प्रक्रिया स्वतः और समयबद्ध रूप से अपनाई जानी चाहिए, जिससे आवंटियों को अनावश्यक रूप से किसी मंच पर जाना न पड़े। इस संदर्भ में आयोग ने माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की दिनांक 16.10.2025 की टिप्पणी का उल्लेख किया, जिसमें वैधानिक उद्देश्यों के अनुरूप कार्य प्रणाली अपनाने पर बल दिया गया है।

    आयोग ने बताया कि पूर्व में भी समान प्रकृति के मामलों में सभी प्रभावित आवंटियों को नियमों के अनुसार लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। वर्तमान मामले में आयोग ने यह माना कि अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत अधिकतम 5,000 रुपये तक के मुआवजे का ही प्रावधान है।

    अतः हरियाणा सेवा अधिकार अधिनियम, 2014 की धारा 17(1)(ह) के तहत आयोग ने शिकायतकर्ता को 5,000 रुपये का मुआवजा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं, जिसका भुगतान एच.एस.वी.पी. द्वारा 15 दिनों के भीतर किया जाएगा। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि यह राशि प्रारंभ में प्राधिकरण द्वारा अदा की जाए तथा नियमानुसार उत्तरदायित्व निर्धारित होने के पश्चात आगे की कार्रवाई की जा सके।

    आयोग ने यह स्पष्ट किया कि आवंटी, यदि चाहे, तो अधिक मुआवजे के लिए उपभोक्ता फोरम, माननीय उच्च न्यायालय अथवा अन्य सक्षम प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए स्वतंत्र है। कब्जे के विषय में, अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था से संबंधित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आयोग ने समाधान की दिशा में शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा व्यक्त की है।

    इसके साथ ही आयोग ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में विकास कार्यों की स्थिति सुनिश्चित किए बिना किसी भी प्लॉट को नीलामी प्रक्रिया में सम्मिलित न किया जाए। प्रकरण की समुचित समीक्षा हेतु आयोग ने मुख्य प्रशासक, एच.एस.वी.पी. से संबंधित फाइल की मूल नोटिंग शीट तथा एस्टेट ऑफिसर, फरीदाबाद से नीलामी, आवंटन और विकास कार्यों से जुड़े अधिकारियों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि प्रक्रियागत सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।