Blog

  • रोटरी क्लब बददी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

    रोटरी क्लब बददी ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन

    एक साल में पांचवा कैंप लगाकर बनाया नया रिकार्ड

    रक्त का कोई विकल्प नहीं लोग इस बात को समझें: कार्तिक

    बददी/सचिन बैंसल : रोटरी क्लब बददी ने इस वर्ष का अपना पांचवा रक्तदान शिविर बीएल सैंट्रल पब्लिक स्कूल बददी कें प्रांगण में लगाया । शिविर में 44 लोगों ने रक्त दिया और दूसरों की जान बचाने का प्रण लिया। शिविर में रोटरी ब्लड बैंक सैक्टर 37 की टीम ने डा मनीष रॉय के नेतृत्व में रक्त एकत्रित किया। रोटरी कलब की अध्यक्षा कामिनी शर्मा व प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन आशुतोष मिश्रा ने बताया कि इस साल के कार्यकाल का यह हमारा पांचवा कैंप है जो कि एक रिकार्ड है। उन्होने बताया कि 18 से 60 साल का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति साल में चार बार रक्तदान कर सकता है और इसको करने से किसी भी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती।

    एक बार के दिए रक्त से हम चार लोगों की जान बचा सकते हैं। जिन लोगों ने रविवार को आयोजित शिविर में प्रमुख तौर पर रक्त दिया उसमें कर्ण शर्मा ने 40वीं बार, महेश माली ने 35, कार्तिक शर्मा ने 36वीं बार, रिक्की शर्मा ने 25, रविश नादान ने 20 व अमनदीप सिंह ने 5वीं बार रक्त दिया। इस अवसर पर महासचिव कार्तिक शर्मा ने कहा कि रोटरी कलब ऐसा सामाजिक संगठन है जो कि शिक्षा, स्वास्थ्य तथा मानवा सेवा के क्षेत्र में हमेशा तत्परता से कार्य करता है। प्रोजेक्ट चेयरमैन आशुतोष मिश्रा और स्नेह मिश्रा ने कहा कि यह जीवन हमें प्रभु ने दिया है दूसरों की सेवा करने के लिए ताकि हमारा इस संसार में आना सार्थक साबित हो सके। इस अवसर पर रोटेरियन नरेश कुमार शर्मा, सतीश कौशल, स्नेह मिश्रा, संजीव वर्मा, विपिन गुप्ता, अतुल गुप्ता, संजय भसीन, जगदीप सिंह अरोडा, दीपक जांगडा, सूरज वर्मा, योग भारती के प्रदेश संगठन मंत्री रुप किशोर ठाकुर व न्यू टाऊन सोसाईटी के शांति कुमार गौतम भी उपस्थित थे।

  • खुद को CM ऑफिस में तैनात बताने वाला फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार

    खुद को CM ऑफिस में तैनात बताने वाला फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार

    कोलकाताः पुलिस ने फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। शान्तो कुमार मित्रा नाम का शख्स खुद को मुख्यमंत्री के दफ्तर में तैनात IAS अधिकारी बताता था। पुलिस ने उसे बिरेश गुहा स्ट्रीट में एक होटल “द क्रेस्ट” से गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर उसके होटल के कमरे से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज मिले।

    दरअसल, मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकायतकर्ता और उसकी बेटी ने पुलिस में शिकायत की। उन्होंने बताया कि खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाला शान्तो कुमार मित्रा ने उन्हें ज्योति बसु नगर में VVIP कोटे से दो सरकारी फ्लैट दिलाने का दावा किया था। इसके बाद फरियादी और उसकी बेटी ने फर्जी आईएएस अधिकारी को 11,76,000 रुपये दे दिए। लेकिन, न तो उसने फ्लैट दिलवाई और न ही पूरे पैसे वापस किए।

    शिकायत के बाद रविवार को बुरतला पुलिस ने फर्जी आईएएस अधिकारी शान्तो कुमार मित्रा को बिरेश गुहा स्ट्रीट में एक होटल “द क्रेस्ट” से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके होटल के कमरे से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज मिले। होटल के सामने खड़ी उसकी I20 कार पर नबन्ना, राइटर्स बिल्डिंग, राजभवन, कोलकाता पुलिस, पश्चिम बंगाल पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने उसे भी जब्त कर लिया. जानकारी के मुताबिक, वह असल में बेलेघाटा का रहने वाला है और कभी-कभी वह हरिदेवपुर इलाके में भी रहता था।

  • पंजाबः जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हवालाती की मौत, प्रशासन पर लगे आरोप, देखें वीडियो

    पंजाबः जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हवालाती की मौत, प्रशासन पर लगे आरोप, देखें वीडियो

    पठानकोटः शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। पठानकोट सब जेल में एक विचाराधीन कैदी धर्म पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस सम्बन्धी मृतक धर्म पाल के परिजनों में जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की। 

    इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से उन्हें किसी भी प्रकार की कोई सूचना नही दी गई। उनके साथ जेल में बंद किसी के रिश्तेदार का फोन आया कि धर्म पाल की अचानक तबियत खराब हो गई है, उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया है, जब उन्होंने वहां पर आकर देखा तो उनकी मृत्यु हो चुकी थी। 

    उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते उन्हें अस्पताल में लाया जाता तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी करवाई करके उन्हें इंसाफ दिलाया जाए।

  • पंजाबः सिविल अस्पताल से 4 दिन का बच्चा लेकर फरार हुए महिला और व्यक्ति, देखें CCTV

    पंजाबः सिविल अस्पताल से 4 दिन का बच्चा लेकर फरार हुए महिला और व्यक्ति, देखें CCTV

    लुधियाना: सिविल अस्पताल में 4 दिन का बच्चा गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अस्पताल में लगे कैमरों के मुताबिक 12:04 मिनट पर एक व्यक्ति और महिला ओटी कॉम्प्लेक्स में रेस्ट करने रुके। इसके बाद तड़के करीब 3:15 बजे महिला यह कहकर वार्ड में दाखिल हुई कि उसका कोई मरीज है जिसका ऑपरेशन हुआ है, उससे मिलने जा रही है। स्टाफ ने जब उससे मरीज का नाम पूछा तो उस नाम का कोई मरीज नहीं था, लेकिन फिर वह महिला वार्ड में घुस गई।

    बताया जा रहा है कि महिला ने खेलने के बहाने बच्चा उठाया और मौका देख रात को व्यक्ति सहित फरार हो गई। कुछ देर बाद जब महिला शबनम निवासी काराबारा रोड बेड से उठी तो वह हैरत में पड़ गई। महिला ने बच्चा पास न देख जोर-जोर से रोना चिल्लाना शुरू कर दिया। जिसके बाद परिवार वालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं शबनम ने अस्पताल के स्टाफ पर भी गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि जब अस्पताल प्रशासन को सूचित किया तो वो तलाशने की बजाए उल्टा उन पर गुस्सा निकालने लग पड़े कि बच्चे की संभाल आपकी है। फिलहाल पुलिस द्वारा जांच जारी है। 

  • जालंधर: सीएम मान के साथ नामांकन भरने पहुंचे सुशील रिंकू, देखें Live

    जालंधर: सीएम मान के साथ नामांकन भरने पहुंचे सुशील रिंकू, देखें Live

    जालंधर, वरुण/हर्ष: पंजाब के जालंधर लोकसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 13 अप्रैल को एक दिन नामांकन होने के बाद बीच में 3 छुटि्टयां आ गई थी, जिसके बाद आज नामांकन का दूसरा दिन है। वहीं आज सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व कांग्रेस विधायक सुशील रिंकू अपना नामांकन पत्र दाखिल करने डीसी कार्यालय पहुंच गए है। वहीं रिंकू नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए आप नेताओं के साथ आए है। इस दौरान सीएम भगवंत मान भी मौजूद है।

    दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्त मंत्री हरपाल चीमा जोकि उपचुनाव के प्रभारी भी हैं और अन्य मत्रियों के साथ आज रिंकू नामांकन दाखिल करने के लिए डीसी आफिस में भारी इकट्ठ के साथ पहुंचे है। आम आदमी पार्टी पूरे जोश के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहा है। इसके बाद सीएम भगवंत मान रिंकू के साथ शहर में रोड शो करेंगे। बता दें कि, आप उम्मीदवार रिंकू की उम्मीदवारी की घोषणा आप का दामन थामने के एक दिन बाद की गई थी। दरअसल, सुशील कुमार को पंजाब कांग्रेस ने हाल ही में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्काषित किया था।

    बता दें कि कांग्रेस ने जालंधर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर को टिकट दिया है। तो वहीं शिरोमणि अकाली दल ने बंगा से विधायक डॉ. सुखविंदर कुमार सुक्खी को उम्मीदवार बनाया है। इसी साल जनवरी में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 76 साल की उम्र में जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया था। इसी वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव के नॉमिनेशन 20 अप्रैल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की 21 अप्रैल को किय जाएगा। इसके साथ ही कैंडिडेट अपना नाम 24 अप्रैल को वापस ले सकते हैं। इस उपचुनाव के लिए वोटिंग 10 मई को होगी और रिजल्ट  13 मई को आएंगे। 

  • जालंधर : लोकसभा उपचुनाव से पहले कच्चे मुलाजिमों ने पोस्टर जारी कर सरकार खिलाफ खोला मोर्चा, रखा ईनाम, देखें वीडियो 

    जालंधर : लोकसभा उपचुनाव से पहले कच्चे मुलाजिमों ने पोस्टर जारी कर सरकार खिलाफ खोला मोर्चा, रखा ईनाम, देखें वीडियो 

    जालंधर/वरुण : लोकसभा उपचुनाव से पहले पंजाब सरकार द्वारा कच्चे मुलाजिमों की भर्ती किए जाने को लेकर नया मोड़ सामने आया है। दरअसल, पंजाब में सर्व शिक्षा अभियान के तहत ठेके पर काम कर रहे कच्चे मुलाजिमों ने अलग तरीके से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। का गुस्सा फूट पड़ा है। कर्मचारियों का कहना है कि सूबे के मुख्यमंत्री हर जगह जाकर दावे कर रहे हैं कि उन्होंने 8736 कच्चे कर्मचारी पक्के कर दिए हैं। लेकिन वह एक भी पक्के कर्मचारी का नियुक्ति पत्र तो दिखाएं।

    सर्व शिक्षा अभियान नान टीचिंग यूनियन, रमसा, टीचिंग और मिड डे मील कर्मचारी यूनियन ने सरकार के दावों की हवा निकालने के लिए और सच्चाई को लोगों के बीच लाने के लिए एक पोस्टर जारी किया है। पोस्टर में सरकार के विधायकों और मंत्रियों को ऑफर किया गया है कि रेगुलर का नियुक्ति पत्र लाओ 2100 रुपए का नगद इनाम पाओ।
    कर्मचारी नेता अशीष जुलाहा ने कहा कि पंजाब से लेकर दिल्ली तक शोर मचाया जा रहा है कि शिक्षा विभाग में ठेके पर काम कर रहे 8736 कच्चे कर्मचारी पक्के कर दिए गए हैं। लेकिन यह सरासर कोरा झूठ है। अभी तक राज्य में एक भी कर्मचारी रेगुलर नहीं हुआ है।

    कर्मचारी नेताओं ने सरकार के दावे की हवा निकालते हुए जो पोस्टर जारी किया है कि उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल किया जा रहा है। कर्मचारियों का यह पोस्टर वायरल भी खूब हो रहा है। इनमें राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के पदाधिकारियों को कहा गया है कि वह सिर्फ मुख्यमंत्री से पूछकर बताएं कि रेगुलर के नियुक्ति पत्र कब दे रहे हैं।

    क्योंकि दावे तो वह पिछले सात महीने के कर रहे हैं कि उन्होंने कच्चे कर्मचारियों को रेगुलर कर दिया है। साथ ही पोस्टर में विधायकों मंत्रियों को एक सुझाव भी दिया है कि वह मुख्यमंत्री को किसी ज्योतिषी के मुहूर्त भी निकलवा कर दे सकते हैं कि इस दिन नियुक्ति पत्र दे दिए जाएं। कर्मचारियों का यह काम जो करेगा उसे 2100 रुपए नगद इनाम दिया जाएगा।

    पिछले साल मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 5 सितंबर को घोषणा की थी कि 8736 कच्चे मुलाजिमों को पक्का कर रहे हैं। कैबिनेट में इसे पास कर दिया गया है। इसके बाद 7 अक्टूबर को रेगुलर करने के लिए शर्तें पूरी करने का नोटिफिकेशन जारी हुआ। इस साल लोहड़ी पर मुख्यमंत्री ने 6 हजार और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का एलान किया।

    कर्मचारी नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके बल्कि 21 फरवरी को एक और घोषणा कर दी कि राज्य के 14417 कच्चे कर्मचारी रेगुलर कर दिए हैं। परंतु बड़ी हैरानी की बात है कि जमीनी स्तर पर अभी कर किसी एक भी कर्मचारी की रेगुलर होने का नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। जबकि शिक्षा विभाग के 8736 कर्मचारी तो सारी शर्तें भी पूरी कर चुके हैं।

  • सूरज की सतह पर दिखी इस बड़ी चीज़ ने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को किया हैरान !

    सूरज की सतह पर दिखी इस बड़ी चीज़ ने अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को किया हैरान !

    सूर्य की सतह पर अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को दीवार जैसी ऊंची संरचना नज़र आई है। आपको जानकर हैरानी होगी कि सूर्य की सतह पर दिखाई देने वाली यह दीवार 1 लाख किलोमीटर ऊंची है और इसे प्लाज्मा वॉल बताया जा रहा है।

    इस दीवार को अर्जेंटीना के खगोलशास्त्री और एस्ट्रोफोटोग्राफर शाउबर पौप्यू ने अपने कैमरे में कैद किया। पौप्यू ने यह तस्वीर 9 मार्च को खींची थी। फोटो में प्लाज्मा की एक विशाल दीवार सूर्य की सतह की ओर गिरती नज़र आ रही है।

    इन दिनों सूर्य की सतह पर बहुत सी ऐसी गतिविधियां हो रही हैं खगोलशास्त्रियों को हैरान कर रही हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह दीवार इतनी ऊंची है कि एक के ऊपर एक 8 धरती रखी जा सकती है। ऐसी संरचनाएं सूर्य की सतह पर पहले भी देखी जा चुकी हैं। ये संरचनाएं बहुत कम अंतराल पर उभरती हैं और ध्रुवों के छल्लों के आसपास नज़र आती हैं। इन्हें पोलर क्राउन प्रॉमिनेंस (पीसीपी) कहा जाता है। जहां तक इनके गठन का संबंध है, ये साधारण प्रमुखता के समान होती हैं जो प्लाज्मा या आयनित गैस से बनती हैं।  सूर्य की सतह से यह प्लाज्मा लगातार बाहर निकलता रहता है।

    नासा के मुताबिक सूर्य पर ध्रुवों के पास जो चुंबकीय क्षेत्र होता है वो बहुत शक्तिशाली होता है और इस कारण से यह प्लाज्मा ऊपर की तरफ फटते ही नीचे की ओर गिर जाता है। इस कारण इन्हें प्लाज्मा जलप्रपात भी कहा जाता है और इसकी गति भी बहुत तेज होती है।

  • आज का राशिफल, 17 अप्रैल 2023

    आज का राशिफल, 17 अप्रैल 2023

    आज का राशिफल, 17 अप्रैल 2023

    मेष: किसी प्रभावशाली व्यक्ति से सहयोग प्राप्त होगा। पूजा-पाठ में मन लगेगा। तीर्थदर्शन हो सकते हैं। विवेक का प्रयोग करें, लाभ होगा। मित्रों के साथ अच्‍छा समय बीतेगा। विरोध होगा। पारिवारिक सुख-शांति बनी रहेगी। चिंता तथा तनाव रहेंगे। झंझटों में न पड़ें। जल्दबाजी से हानि होगी। आलस्य हावी रहेगा।

    वृष: स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। चोट व दुर्घटना से हानि संभव है। कार्य करते समय लापरवाही न करें। बनते कामों में बाधा हो सकती है। विवाद से बचें। काम में मन नहीं लगेगा। किसी व्यक्ति के उकसाने में न आएं। विवेक का प्रयोग करें। आय बनी रहेगी। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। व्यापार ठीक चलेगा।

    मिथुन: घर-परिवार की चिंता रहेगी। किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन व सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। घर-परिवार में प्रसन्नता रहेगी। बाहर जाने का मन बनेगा। भाइयों से मतभेद दूर होंगे। व्यवसाय लाभप्रद रहेगा। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। संतान पक्ष से खुशियां प्राप्त होंगी।

    कर्क: लेन-देन में जल्दबाजी न करें। आवश्यक वस्तु समय पर नहीं मिलने से क्रोध रहेगा। भूमि व भवन संबंधी बड़े सौदे बड़ा लाभ दे सकते हैं। उन्नति के मार्ग प्रशस्त होंगे। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल रहेगा। बड़ा काम करने का मन बनेगा। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। आय में वृद्धि होगी।

    सिंह: रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। किसी प्रबुद्ध व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। यात्रा मनोरंजक रहेगी। पार्टी व पिकनिक का आनंद मिलेगा। मनपसंद भोजन की प्राप्ति संभव है। पारिवारिक सदस्यों तथा मित्रों के साथ आनंदायक समय व्यतीत होगा। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी।

    कन्या: बुरी सूचना मिल सकती है। मेहनत अधिक होगी। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। आय में कमी रहेगी। नकारात्मकता बढ़ेगी। विवाद से क्लेश होगा। जल्दबाजी में कोई महत्वपूर्ण निर्णय न लें। अनावश्यक परेशानी खड़ी हो सकती है। दूसरों की बातों में न आएं। धैर्य रखें, समय सुधरेगा।

    तुला: सामाजिक कार्यों में मन लगेगा। दूसरों की सहायता कर पाएंगे। मान-सम्मान मिलेगा। रुके कार्यों में गति आएगी। पारिवारिक सहयोग मिलेगा। व्यापार ठीक चलेगा। मनोरंजक यात्रा हो सकती है। मित्रों के साथ अच्‍छा समय व्यतीत होगा। घर-बाहर सुख-शांति रहेगी। झंझटों में न पड़ें। ईर्ष्यालु सक्रिय रहेंगे।

    वृश्चिक: उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। भूले-बिसरे साथियों से मुलाकात होगी। कोई नया बड़ा काम करने की योजना बनेगी। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा। भ्रम की स्थिति बन सकती है। बुद्धि का प्रयोग करें। लाभ में वृद्धि होगी। समय प्रसन्नतापूर्वक व्यतीत होगा।

    धनु: यात्रा मनोरंजक रहेगी। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। किसी बड़ी समस्या का हल मिलेगा। व्यावसायिक साझेदार पूर्ण सहयोग करेंगे। कोई नया उपक्रम प्रारंभ करने का मन बनेगा। सेहत का ध्यान रखें। वरिष्ठजनों की सलाह काम आएगी। नए मित्र बनेंगे। आय बनी रहेगी। हर कार्य बेहतर होगा।

    मकर: अनावश्यक जोखिम न लें। किसी भी व्यक्ति के उकसावे में न आएं। फालतू खर्च होगा। पुराना रोग उभर सकता है। सेहत को प्रा‍थमिकता दें। लेन-देन में जल्दबाजी से हानि होगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। महत्वपूर्ण निर्णय लेने का समय नहीं है। चिंता तथा तनाव रहेंगे। व्यापार मनोनुकूल चलेगा।

    कुंभ: मनोरंजक यात्रा की योजना बनेगी। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। आय में वृद्धि होगी। बिगड़े काम बनेंगे। प्रसन्नता रहेगी। मित्रों के साथ अच्‍छा समय व्यतीत होगा। व्यस्तता के चलते स्वास्‍थ्य बिगड़ सकता है, ध्यान रखें। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा। प्रमाद न करें।

    मीन: घर-परिवार के साथ आराम तथा मनोरंजन के साथ समय व्यतीत होगा। मान-सम्मान मिलेगा। व्यापार मनोनुकूल चलेगा। योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन संभव है। विरोध होगा। काम करते समय लापरवाही न करें। चोट लग सकती है। थकान तथा कमजोरी महसूस होगी। मित्रों का सहयोग प्राप्त होगा।
  • पंजाब : मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

    पंजाब : मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग करने वाला गिरफ्तार

    बठिंडा: मिलिट्री स्टेशन में हुई फायरिंग के मामले में एक जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार जवान का नाम देसाई मोहन है। इस फायरिंग में चार जवानों की मौत हो गई थी। इसके बाद से पुलिस हमला करने वाले जवान की तलाश में जुटी थी। 12 अप्रैल को बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में 4 जवानों पर फायरिंग साथी गनर ने ही की थी। इस केस में सोमवार को पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि साथियों की हत्या के बाद मोहन ने अफसरों को गुमराह किया और इस केस में मुख्य गवाह बन गया। बताया जा रहा है कि पुलिस 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा कर सकती है।

    पंजाब के बठिंडा मिलिट्री स्टेशन की मेस में बुधवार तड़के 4.35 में फायरिंग हुई थी। इसमें चार जवानों की मौत हो गई थी। सभी जवान 80 मीडियम रेजिमेंट के थे। शूटर अंधेरे का फायदा उठाकर फायरिंग वाली जगह से भागने में कामयाब रहा था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी थीं।

    पंजाब पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि ये आतंकी हमला नहीं है। यह जवानों के आपसी विवाद का मामला था। पुलिस ने इस मामले में रविवार को चार जवानों से पूछताछ की थी। इनमें से एक जवान देसाई मोहन भी था। बताया जा रहा है कि देसाई मोहन ही वह गनर है, जिसने फायरिंग कर चार जवानों की हत्या कर दी थी।

  • पति ने पत्नी पर बनाया जेठ से संबंध बनाने का दबाव, मना करने पर की बेरहमी से पिटाई

    पति ने पत्नी पर बनाया जेठ से संबंध बनाने का दबाव, मना करने पर की बेरहमी से पिटाई

    फिरोजाबाद: जेठ के साथ संबंध बनाने से मना करने पर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में महिला को उसके पति ने निर्दयता से पीटा और कई दिन कमरे में बंधक बनाकर रखा। किसी तरह पीड़िता वहां से निकल पंजाब के अबोहर जिले में अपने परिजनों के पास पहुंची। उन्होंने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है।

    पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने बताया कि 10 पहले उनकी शादी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी युवक से हुई थी। उनके देवर की शादी होनी है। इसके लिए उसका पति और सुसराल वाले मायके से पैसे लाने की मांग करते हैं। करीब छह महीने पहले भी पति ने उसे पीटा था।

    इसके बाद वह अपने मायके आ गई। कुछ दिन बाद पंचायत ने राजीनामा कर उसे ससुराल भिजवा दिया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने पैसे न लाने की सूरत में जेठ से संबंध बनाने का दबाव बनाया… जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उनकी बेटी ने उसे कमरे से बाहर निकाला। इसके बाद वह ट्रेन से मायके पहुंची और परिजनों को घटना की सारी जानकारी दी।