10-15 दिन में जिला ऊना को मिलेगा एक और बड़ा तोहफाः उद्योग मंत्री
Blog
-

बल्क ड्रग पार्क के निर्माण से कम होंगे दवाओं के दामः बिक्रम
ऊना/सुशील पंडित: उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोज़गार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा है जिला ऊना को बल्क ड्रग पार्क मिला एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। आज ऊना में एक प्रैस वार्ता में उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क से न केवल प्रदेश का आर्थिक एवं सामाजिक विकास होगा, बल्कि दवाओं के दाम भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के निर्माण से दवाओं में कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाली एपीआई की ज़रूरतों को पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 10 सितंबर तक पार्क की डीपीआर बनाकर तैयार कर केंद्र को भेज देगी और सभी औपचारिकताओं को सितंबर माह में पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद बल्क ड्रग पार्क के निर्माण का कार्य आरंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पार्क को जिला ऊना में लाने के लिए जिला प्रशासन ऊना, उद्योग विभाग तथा हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने दिन रात मेहनत की।बिक्रम सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण को स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में आत्मनिर्भर भारत का विजन दिया था। दवाओं के निर्माण के लिए देश की आयात निर्भरता को कम करने के लिए बल्क ड्रग पार्क के निर्माण का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने 20 मार्च 2020 को बल्क ड्रग पार्क को प्रोत्साहित करने का फैसला किया तथा 15 अक्तूबर 2020 को राज्य सरकार ने हरोली में बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा। उन्होंने कहा कि हरोली में पार्क के निर्माण के लिए कुल 1405 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है, जिसमें लगभग 10 हज़ार करोड़ रुपए का निवेश आएगा और इससे 20 हज़ार युवाओं को रोज़गार के अवसर प्राप्त होंगे।उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत दवाओं के निर्माण के लिए उपयोग होने वाले कच्चे माल एपीआई की जरूरतों को पूरा करने के लिए 90 प्रतिशत माल आयात करता है। लेकिन देश में तीन बल्क ड्रग पार्क बनने से भारत दवाओं के निर्माण में भी आत्मनिर्भर बनेगा।उद्योग मंत्री ने कहा कि जिला ऊना को 10-15 दिन के अंदर एक और बड़ा प्रोजेक्ट मिलने जा रहा है, जिसकी घोषणा भी जल्द ही होने जा रही है। इस अवसर पर छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा तथा संयुक्त निदेशक उद्योग विभाग अंशुल धीमान उपस्थित रहे। -

राजेश वर्मा ने किया दून विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के लिए आवेदन
राजेश वर्मा के आवेदन से गरमाई दून की राजनीति
दून क्षेत्र से कांग्रेस के दो महारथियों ने किया आवेदन
बददी/सचिन बैंसल: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश वर्मा ने दून विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के लिए आवेदन किया है। राजेश वर्मा ने वीरवार को शिमला में जाकर यह आवेदन किया। राजेश वर्मा के आवेदन करने के बाद दून विधानसभा क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है ।राजेश वर्मा के आवेदन के बाद सिद्ध हो गया है कि दून विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेसी गुटबाजी का शिकार हो रही है क्योंकि बुधवार को दून ब्लॉक कांग्रेस की हुई मीटिंग में दून ब्लॉक कांग्रेस ने चौधरी राम कुमार का नाम विधायक पद के लिए भेजा था।
वही राजेश वर्मा ने आज अपना नाम आवेदन देकर दून विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को गरमा दिया है। टिकट देना हाईकमान का काम है। राजेश वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के काफी करीबी रहे। देखना यह है कि हाईकमान किसके ऊपर दाव खेलती है। राजेश वर्मा ने बताया कि उन्होंने वीरवार को शिमला में जाकर विधायक पद के लिए आवेदन किया है। आवेदन करने के बाद वे कांग्रेस की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह व शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपना गारंटी कार्ड जनता के सामने रख दिया है और जनता इस बार गारंटी से कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में बनाएंगी।
-

होशियारपुरः दिन दिहाड़े PNB Bank से नगदी चुराकर फरार हुई महिलाएं
होशियारपुर : पंजाब में क्राइम की वारदातों का ग्राफ दिन भर दिन बढ़ता ही जा रहा है। वहीं स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में से दोपहर 12 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के हाथ में पकड़े लिफाफे को ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपये नगदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार परमजीत कौर ढिल्लों पत्नी स्व. बलजिंदर सिंह दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय पीएनबी बैंक में अपने खाते से 50 हजार रुपये निकालने गई थी।
महिला ने बताया कि इस दौरान काउंटर से 50 हजार रुपए निकलवा कर लिफाफे में डाले और दूसरे काउंटर से वह कॉपी में एंट्री करवाने के लिए खड़ी हुई। उन्होंने बताया कि पहले बैंक के अंदर मौजूद दो महिलाएं, जो घात लगाकर बैठी थीं। उनमें से एक और पास आकर खड़ी हुई और लिफाफे में को तेजधार वस्तु से काटकर उसमें 50 हजार की नगदी लेकर फरार हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज चैक कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-

सैंट्रल बैंक ने किया ग्राहक सम्मेलन का आयोजन
बददी बरोटीवाला के उपभोगताओं ने की शिरकत
जोनल हैड पॉपी शर्मा ने दी बैंक की योजनाओं की जानकारी
बददी/सचिन बैंसल: सैंट्रल बैंक आफ इंडिया की बददी शाखा द्वारा एमजी रिजेंसी परिसर में एमएसएमईए उद्योग एवं ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर चंडीगढ जोनल हैड पॉपी शर्मा और शिमला रिजनल हैड एसएस माथुर ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता बददी के शाखा प्रबंधक संजय लोचब ने की। सम्मेलन में सर्वप्रथम एमएसएमई सैक्टर की विभिन्न योजनाओं का बखान किया गया।
एक नई व साधारण प्रक्रिया से कार्य करने वाली योजना सैंट जीएसटी स्कीम के बारे में बताया गया जिसमें बिना सिक्योरिटी व कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना में उद्यमी 2 करोड तक ऋण प्राप्त कर सकता है। बैंक ने बताया हमारी बैंक होम लाने सबसे कम दरों पर प्रदान करता है। बैंक ने ऋण आवेदन करने के लिए एक नंबर 9223901111 भी मुंबई से जारी किया और बताया कि इस नंबर पर मिस्ड काल देकर ऋण का आवेदन किया जा सकता है। एसएस माथुर ने बताया कि अगस्त माह में अमृत महोत्सव के उपर सैंट क्रांति अभियान में 23 करोड के लोन बददी बरोटीवाला नालागढ़ व परवाणु में प्रदान किए गए। बाद में कार्यक्रम में उपस्थित उपभोगताओं की समस्याओं को सुना गया और उनका मौके पर ही निवारण किया गया। उपभोगताओं की शंकाओं का भी चंडीगढ़ जोनल हैड ने समाधान किया।
शाखा प्रबंधक बददी संजय लोचब ने बताया कि इस ब्रांच में हर ग्राहक को समान नजर से देखा जाता है और सबको उनकी आवश्यकताओं के अनुसार गाईड करके उनको बैंक योजनाओं का लाभ दिया जाता है। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अशोक राणा ने कहा कि बैंक को एमएसएमई सैक्टर को ऋण उपलब्ध करवाने में उदारता दिखानी चाहिए। इस अवसर पर बैंक ग्राहक नरेश शर्मा, मनु साहनी, नारंग सिंह, लघु उद्योग भारती प्रधान अशोक राणा, अमन बंसल, रुप किशोर ठाकुर, फेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री के प्रांत संगठन मंत्री रणेश राणा, प्रेस क्लब प्रधान राजेंद्र चौधरी, ज्योति गिरी, बलजिंद्र सिह, दीपक वर्मा, शांति स्वरुप गौतम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
-

पंजाबः विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते पटवारी को किया गिरफ्तार
चंडीगढ़ : पंजाब में सीएम मान द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक चलाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने पटवारी को जमीन का नक्शा देने के मामले में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की टीम ने माल हलका भलाइआना, जिला श्री मुक्तसर साहिब में तैनात पटवारी गुरदास सिंह को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ काबू किया है।
इस मामले संबंधी जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि गिद्दरबाहा तहसील के गांव बलयाना निवासी गुरदीप सिंह की शिकायत पर गुरदास सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और आरोप लगाया कि पटवारी उसकी जमीन का नक्शा देने के लिए 4,000 रुपये की मांग कर रहा था। जिसे आज रंगे हाथों काबू किया गया है।
सूचना की पड़ताल के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी पटवारी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के बठिंडा थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-

जालंधरः स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले 2 गिरफ्तार
जालंधर/वरुणः महानगर ने चोरी की वारदातों पर नकेल कसने के लिए चलाई गई मुहिम के तहत थाना रामामंडी कमिश्नरेट पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामामंडी थाना के एसएचओ नवदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने एएसआई परमजीत कुमार सहित अपनी टीम के साथ क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था।
इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पीबी 08, इएल 8037 बाइक पर सवार दो युवक सूर्या एन्क्लेव जालंधर साइड न्यू जोगिंदर नगर से महिला सरबजीत कौर की चेन झपट कर श्मशानघाट लद्देवाली की साइड भाग गए। नाके पर रोककर आरोपियों की तालाशी दौरान महिली की छीनी हुई चेन मौके पर बरामद की गई। इस दौरान आरोपियों से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ दौरान आरोपियों ने शहर में की और वारदातों को भी कबूल किया है। इस दौरान 5 मोबाईल भी बरामद किए गए है।
आरोपियों की पहचान मोहम्मद आफताब पुत्र मुहम्मद आलम, ग्राम छतरपुर, जिला सहरसा, बिहार हॉल, किराएदार, ग्राम सुभाना एवं शिवम पुत्र राजू निवासी राजबाड़ी उत्तर प्रदेश हॉल निवासी किराएदार मकान नंबर 700 अर्बन एस्टेट फेज 1 गढ़ा जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
-

अब इस बीमारी का बढ़ा खतरा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
चंडीगढ़: कोरोना महामारी, डेंगू और मंकीपॉक्स के खतरे के बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने शहरवासियों के लिए स्वाइन फ्लू को लेकर एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने शहरवासियों को इसके लक्षणों की जानकारी देते हुए एहतियात बरतने को कहा है। वहीं प्रशासन ने एडवाइजरी में बताया कि इस संक्रामक रोग से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें। बता दें कि H1N1 टाइप ए इन्फ्लूएंजा एक वायरल इंफेक्शन है।
यह मूल रूप से सुअरों से मनुष्यों में फैला था। यह वायरस एक इंसान से दूसरे इंसान में फैल सकता है। स्वाइन फ्लू के लक्षण नियमित इन्फ्लूएंजा से बहुत मिलते-जुलते हैं। फ्लू सीजन में बेसिक हाइजीन का ख्याल रखकर और सर्जिकल मास्क पहनकर इस संक्रमण से बचा जा सकता है। स्वाइन फ्लू के कई मामले गर्मी और मानसून सीजन में बढ़ जाते हैं।
-

जालंधर: निगम की खुली पोल, डेढ़ साल पहले बनी सड़क धंसी, बाल-बाल बचा ड्राइवर
जालंधर/वरुणः महानगर को स्मार्ट सिटी बनाने में लगे नगर निगम की एक बार फिर पोल खुलकर सामने आई है। दरअसल, आज वार्ड नंबर 68 के अंतर्गत पड़ते आदर्श नगर में सड़क धंसने के मामले को लेकर निगम के खोखले दावे खुलकर सामने आ गए है। निगम की ओर से इस सड़क को डेढ़ साल पहले बनाया गया था। दरअसल, आज जब इस सड़क से सीवर साफ करने के लिए गाड़ी जा रही थी तो सड़क धंसने के कारण गाड़ी वहीं फंस गई।

हालांकि गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उधर, सीवर सक्शन मशीन सड़क पर धंसने की सूचना जैसे ही क्षेत्र के विधायक रमन अरोड़ा को मिली तो उन्होंने बिना देरी किए जांच के आदेश दे दिए। वहीं मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता राजू मदान ने बताया कि यह सड़क आज से डेढ़ वर्ष पहले बनकर तैयार हुई थी, लेकिन सड़क बनाते समय ठेकेदार और नगर निगम के अधिकारियों ने धांधली की उसका नतीजा सड़क धंसने शुरू हो गया।
विधायक रमन अरोड़ा ने सड़क धंसने की जांच करने का आदेश दे दिया है। सीवर सक्शन मशीन चलाने वाले ड्राइवर जगरूप सिंह ने बताया कि इसी मोहल्ले में शिविर साफ करने के लिए गाड़ी लेकर आ रहे थे कि अचानक गाड़ी पिछला टायर सड़क पर धंसना शुरू हो गया। देखते ही देखते 4 फुट तक गहरे गड्ढे में टायर धंसने शुरू हो गए और उन्होंने गाड़ी को तुरंत रोक दिया। ड्राइवर की सूझबूझ से हादसा टल गया।
-

डीसी ने ऊना क्षेत्र के धार्मिक तथा ऐतिहासिक स्थल पुस्तक का किया विमोचन
ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज ऊना क्षेत्र के धार्मिक तथा ऐतिहासिक स्थल पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक जिला के शिक्षाविद डॉ. रमन शर्मा लिखी है, जिसमें जिला के सभी ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के बारे विस्तार से जानकारी दी गई है।
जिलाधीश राघव शर्मा ने डॉ. रमन के प्रयासों की सराहना की और इस पुस्तक को जिला के सभी धार्मिक स्थलों की पहचान के लिए सार्थक बताया है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में जिला ऊना के सभी मंदिरों, गुरुद्वारों, मस्जिदों और चर्च के साथ-साथ अन्य तमाम धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया गया है। डीसी ने इस पुस्तक के लेखन और संकलन में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्कृति के साथ-साथ धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रयास हमेशा सार्थक सिद्ध होते हैं।
-

उपायुक्त राघव शर्मा ने ईसपुर में किया गैर आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त राघव शर्मा ने आज हरोली उपमंडल के तहत ईसपुर में प्रवासी विद्यार्थियों के लिए गैर आवासीय विशेष प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। केंद्र में बच्चों के बैठने के लिए कमरे के लिए धनराशि मां चिंतपूर्णी ट्रस्ट से प्रदान की गई है, जबकि शौचालय के लिए स्वच्छ भारत मिशन से पैसा खर्च किया गया है।
राघव शर्मा ने कहा कि यह केंद्र किन्ही कारणवश शिक्षा ग्रहण करने से छूट गए प्रवासी बच्चों को फिर से स्कूल ले जाने में मददगार सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यहां पर 6-12 वर्ष के बच्चे पढ़ने के लिए आएंगे तथा दो साल की पढ़ाई के बाद उनकी बौद्धिक क्षमता का परीक्षण करने के बाद उन्हें उसी अनुरूप सरकारी स्कूल में दाखिला दिलाया जाएगा। जिलाधीश ने कहा कि शिक्षा सुधार समिति बच्चों को मुख्यधारा में लाने के लिए सराहनीय कार्य कर रही है, लेकिन बच्चों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें कुछ परेशानियां हो रही थीं। ऐसे में जिला प्रशासन ऊना ने उन्हें सहायता प्रदान करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 44 विद्यार्थी यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे थे और अब अन्य प्रवासी बच्चे भी प्रेरित होकर केंद्र से जुड़ेंगे। इस अवसर पर एसडीएम विकास शर्मा, शिक्षा सुधार समिति के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।