Blog

  • जालंधरः पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया आजादी का जशन  

    जालंधरः पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया आजादी का जशन  

    जालंधर/हर्ष कुमारः महानगर में 75वां आजादी का दिवस लोगों ने उत्साह के साथ मनाया। आजादी दिवस का असर आज हर जगह देखने को मिला। आजादी दिवस के उत्साह को लेकर लोगों ने स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले ही अपने घरों में तिरंगा लगाने शुरू कर दिए थे और कई जगह इस शुभ अवसर पर तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी में खुशी की लहर देखने को मिली। वहीं इस शुभ अवसर पर महानगर में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर आजादी का जश्न मनाया। 

    बीएसएफ चौक में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया जशन

    आजादी के शुभ अवसर पर पंजाब पुलिसकर्मियों ने सड़क पर ही केक काटकर जश्न मनाया। दरअसल, पंजाब पुलिस के मुलाजिम अपनी ड्यूटी स्थान छोड़कर कहीं नहीं जा सकते थे, इसलिए उन्होंने बीएसएफ चौक में काट और एक दूसरे का मुंह मीठा करवा आजादी महोत्सव मनाया। इस मौके पर महिला पुलिस भी पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद थी।

  • ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने फहराया तिरंगा ध्वज

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने फहराया तिरंगा ध्वज

    थाना कलां में धूमधाम के साथ संपन्न हुआ जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम 

    ऊना (सुशील पंडित)। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां के प्रांगण में धूमधाम के साथ मनाया गया, जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। वीरेंद्र कंवर ने तिरंगा ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

    स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जहां एक ओर हम देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वहीं हम हिमाचल प्रदेश के गठन के 75वें वर्ष का उत्सव भी मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभूमि हिमाचल प्रदेश ने भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों ने आज़ादी के लिए लंबा संघर्ष करते हुए कठोर यातनाएं सहीं। 

    प्रदेश में हुए विकास की बात करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली प्रदान करने और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का बिल नहीं लेने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। साथ ही प्रदेश में चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में महिलाओं को किराये में 50 प्रतिशत छूट देकर बड़ी राहत दी गई है। प्रदेश सरकार ने बिना आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष कर लाखों वरिष्ठ नागरिकों को लाभ पहुंचाया है। मौजूदा सरकार के इस कार्यकाल में 3 लाख 7 हज़ार नए मामले स्वीकृत किए गए तथा पेंशन पर 3052 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पात्र लोगों को मुफ़्त इलाज की सुविधा देने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थकेयर योजना-हिमकेयर आरम्भ की। इस योजना के अंतर्गत 3 लाख 8 हज़ार लाभार्थियों के इलाज पर 285 करोड़ 53 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में 4 लाख 32 हज़ार परिवार पंजीकृत हैं और 187 करोड़ 53 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत तीन हज़ार रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा अभी तक 20 हज़ार से अधिक लाभार्थियों के ईलाज के लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। 

    वीरेंद्र कंवर ने जिला ऊना के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत अब तक जिला ऊना में 23,048 फ्री गैस कनैक्शन जारी किए गए हैं। इसके अलावा योजना के पात्र 19,389 लाभार्थियों के गैस सिलेंडर एक बार तथा 9,520 लाभार्थियों के गैस सिलेंडर को दो बार निःशुल्क रिफिल किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक जिला में 10,982 फ्री गैस कनैक्शन वितरित किए जा चुके है। योजना के अंतर्गत 7535 लाभार्थियों के एक बार तथा 7497 लाभार्थियों के दो बार गैस सिलेंडर निःशुल्क रिफिल किए गए हैं।.

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जिला ऊना के घंडावल में बैंबू विलेज बनाने जा रही है। बैंबू विलेज पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की 100 महिलाओं को प्रत्यक्ष तथा लगभग 1400 महिलाओं को परोक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्रदान करेगा। कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार बसाल में 44.12 करोड़ रुपए की लागत से डेयरी का उत्कृष्ठता केंद्र खोलने जा रही है, जिसके लिए डेनमार्क व भारत सरकार के बीच समझौता हुआ है। साथ ही बरनोह में 4.93 करोड़ रुपए की लागत से बरनोह में आंचलिक पशु अस्पताल तथा डंगेहड़ा में 5.06 करोड़ की लागत से मुर्राह प्रजनन फार्म का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर चला हुआ है। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ग्राम पंचायत लमलैहड़ी में सरकार 400 करोड़ रुपए की लागत से स्टेट इंस्टीट्यूट आफ रूरल डेवलपमेंट बनाने जा रही है, जहां पर भविष्य में विभिन्न प्रकार के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं व कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि बागवानों के लिए भी प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में अनेकों कदम उठाए हैं। शिवा परियोजना के तहत विकास खंड बंगाणा में 9 अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन स्थल स्थापित किए गए हैं जिसमें अमरूद, अनार व मौसमी के फलदार पौधे शामिल हैं। इस वर्ष 250 हैक्टेयर क्षेत्र को परियोजना के तहत जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में ड्रैगन फ्रूट की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। 70 बागवानों को ड्रैगन फ्रूट की खेती का प्रशिक्षण दिया गया है तथा अंब व बंगाणा उपमंडलों में किसान आगे आकर ड्रैगन फ्रूट की खेती में रूचि ले रहे हैं।  ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिला ऊना में 15 पेयजल योजनाएं स्वीकृति हुई हैं, जिन पर 195.58 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जाएगी। इन योजनाओं पर 97 करोड़ रूपए व्यय किए जा चुके हैं। सभी योजनाओं को सितंबर 2022 तक पूर्ण कर जिलावासियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नाबार्ड के तहत 35.26 करोड़ रूपए खर्च करके जिला में वर्षा जल संग्रहण डैमों का निर्माण किया जा रहा है।

    परेड का हुआ आयोजन
    जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा भारत स्कॉउट एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट किया तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने परेड की सलामी ली और विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं पर झांकियों को प्रर्दशन भी किया गया। तदपश्चात विभागों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहीद किशन चंद के पुत्र विशाल ने अपने पिता की याद में भावुक गीत भी गाया। 

    स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजन किए सम्मानित
    कार्यक्रम में उपस्थित व्योवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी सत्यभूषण शास्त्री को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सम्मानित किया। उनके साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बख्तावर सिंह की धर्मपत्नी शकुंतला देवी तथा स्वर्गीय विधि चंद की पत्नी ज्ञानो देवी को भी सम्मानित किया गया। 

    इनके साथ-साथ उत्कृष्ठ कार्यों के लिए अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, प्रगतिशील किसानों, बागवानों, डेयरी पालकों तथा समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही परशुराम युवा वाहिनी संस्था को सम्मानित किया गया। 

    जिला स्तरीय कार्यक्रम में छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, जिला परिषद अध्यक्षा नीलम कुमारी, उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल शर्मा, बलवंत ठाकुर, अमृतलाल भारद्वाज, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसपी अर्जित सेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से वापस लौट रही 17 साल की स्कूल छात्रा को सरकारी बस ने कुचला, मौत

    स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से वापस लौट रही 17 साल की स्कूल छात्रा को सरकारी बस ने कुचला, मौत

    चेन्नईः 15 अगस्त को देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। लाल किले से लेकर सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया गया। इस बीच चेन्नई से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से लौट रही एक छात्रा को सरकारी बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने फरार बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

    नेमिलिचेरी की रहने वाली 17 वर्षीय लक्ष्मी

    जानकारी के मुताबिक चेन्नई के नेमिलिचेरी की रहने वाली 17 वर्षीय लक्ष्मी श्री क्रोमपेट के एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह अपनी दोस्त के साथ साइकिल से वापस लौट रही थी। जैसे ही उन्होंने हस्तिनापुरम को पार किया, पीछे से आ रही 52 एच नंबर की एक सरकारी बस ने उसे टक्कर मार दी। जिससे लक्ष्मी श्री संतुलन खो बैठी और बस के नीचे गिर गई। जिसके बाद बस का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में बस को साइकिल पर सवार दो बच्चों के पीछे से जाते हुए देखा गया है।

    लोगों ने की अतिक्रमण की शिकायत

    उधर, पुलिस ने मौके से भागे बस चालक गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। लेकिन क्षेत्र के निवासियों ने शिकायत की है कि अगर अधिकारियों ने सड़क किनारे से अतिक्रमण (घेराबंदी) हटवा दिया होता तो इस तरह की गंभीर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था। लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण सड़क पर वाहन चलने के लिए जगह ही नहीं बचती है।

  • पंजाब: स्वतंत्रता दिवस पर परेड में हिस्सा लेने जा रहे ASI को लगी गोली, मौत

    पंजाब: स्वतंत्रता दिवस पर परेड में हिस्सा लेने जा रहे ASI को लगी गोली, मौत

    मोगाः स्थानीय आरटीआई पुलिस लाइन में सोमवार की सुबह स्वतंत्रता दिवस पर परेड में हिस्सा ले रहे एएसआई की अपने ही एसएलआर से गोली लगने कारण मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक पुलिस अधिकारी 1990 में पुलिस बल में शामिल हुआ था। मृतक एएसआई के तीन बच्चे है।

    चौकी फोकट में तैनात एएसआई सतनाम सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फिरोजपुर जिले के मल्ला पाल गांव निवासी सोढी सिंह वर्ष 1990 में पंजाब पुलिस में तैनात था। इन दिनों वह एएसआई के पद पर तैनात थे जिनकी ड्यूटी टियर गैस विंग में लगी हुई थी। वह 15 अगस्त के कार्यक्रम में ड्यूटी उसकी ड्यूटी लगी थी।

    सोमवार सुबह 8.30 बजे आरटीआई पुलिस लाइन में अपनी एसएलआर राइफल की सफाई कर रहा था। राइफल को साफ करने से पहले पुलिस अधिकारी ने मैगजीन तो हटा दी थी लेकिन राइफल में लगी गोली के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब उसने राइफल को साफ करना शुरू किया, तो अचानक राइफल में भरी एक गोली गर्दन के पास लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के दो लड़के व एक लड़की है। विभागीय आदेश के अनुसार कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रख कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

  • जालंधर में 6 मोहल्ला क्लीनिक शुरू, केबिनेट मंत्री निझर ने किया उद्घाटन

    जालंधर में 6 मोहल्ला क्लीनिक शुरू, केबिनेट मंत्री निझर ने किया उद्घाटन

    जालंधर/वरुणः सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने राज्य में मोहल्ला क्लीनिक खोलने की बात कही थी और आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर राज्य में 100 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए। 75वीं वर्षगांठ के मौके पर स्थानीय निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर इन मोहल्ला क्लीनिकों का उद्घाटन करने जालंधर पहुंचे। राजन नगर में बनाए गए क्लीनिक का उद्घाटन स्थानीय निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर ने किया। बता दें कि जालंधर जिले में कबीर विहार, राजन कालोनी, अलावलपुर, फरवाला, पासला और रसूलपुर में छह आम आदमी क्लीनिकों का शुभांरभ किया जाएगा। इन सेंटरों के लिए दवाइयां व स्टाफ की तैनाती हो चुकी है।

    आम आदमी क्लीनिक के उद्घाटन के मौके पर स्थानीय निकाय मंत्री इंद्रबीर सिंह निज्जर ने कहा कि जल्द ही आम आदमी मोहल्ला कनीनिकों का तेजी से विस्तार किया जाएगा। सोमवार को राज्य में 100 मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए गए हैं, यहां पर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त में मुहैया करवाई जाएंगी। मंत्री निज्जर के अलावा, कबीर विहार में विधायक शीतल अंगुराल ने मोहल्ला क्लीनिक का शुभारंभ किया।

    उन्होंने कहां की स्वास्थ्य सेवाएं आम आदमी के घर के निकट मुहैया करवाने का लक्ष्य पूरा करने के लिए सरकार ने दिल्ली की तर्ज पर मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए हैं। प्रत्येक आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक में डॉक्टर ,फार्मेसी आफसर तथा क्लीनिक सहायक मौजूद होंगे और लोगों को ओपीडी की सेवाएं देंगे। वहीं, पासला में क्लीनिक शुभारंभ नायब तहसीलदार मनोहर लाल ने किया। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा, टीपी सिंह के अलावा स्टाफ के सदस्य तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

  • पंजाबः राव नदी में बही महिला पंच का 35 किमी दूर से शव बरामद, गुस्साए लोगों ने सड़क पर लाश रखकर किया प्रदर्शन 

    पंजाबः राव नदी में बही महिला पंच का 35 किमी दूर से शव बरामद, गुस्साए लोगों ने सड़क पर लाश रखकर किया प्रदर्शन 

    पटियालाः राव नदी में रविवार को भारी बारिश के बाद बाढ़ में बह गई महिला पंच सुनीता का शव सोमवार को गांव झामपुर से बरामद किया गया। महिला का शव हादसे से 35 किमी दूर से बरामद हुआ। हालांकि अभी तक उनके पति सज्जन सिंह का कोई सुराग नहीं लग पाया है। गुस्साए लोगों ने नगर काउंसिल नयागांव के बाहर सुनीता का शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रशासन ने अब एनडीआरएफ की टीम को मदद के लिए बुलाया है। 

    रविवार शाम को पहाड़ों पर हुई तेज बारिश के बाद पटियाला की राव में बाढ़ आ गई थी। इस दौरान नदी पार करते हुए पंच सुनीता और उनके पति सज्जन सिंह समेत 8 लोग बह गए थे। इसमें से 6 व्यक्तियों को बचा लिया गया था, लेकिन पंच और उनके पति का कोई सुराग नहीं लगा था। रविवार पूरी रात गांव वाले नदी में दोनों को तलाशते रहे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सुनीता का शव गांव से 35 किलोमीटर दूर झामपुर में नदी से बरामद हुआ। प्रशासन की कोई टीम वहां पर मदद के लिए नहीं पहुंची। इसके बाद लोग नदी से शव को निकालकर बड़ी मुश्किल से नयागांव लेकर आए और काउंसिल दफ्तर के बाहर शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    लोगों का आरोप है कि प्रशासन लोगों की जिंदगियो को लेकर गंभीर नहीं है। दो महीने में 4 लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन अभी तक वहां पर लोगों की सुरक्षा के लिए अस्थाई इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का आरोप था कि अगर चंडीगढ़ के पास बसे गांव का यह हाल है तो पंजाब में क्या स्थिति होगी। लोगों का कहना है कि जरूरत पड़ी तो वे सीएम हाउस का भी घेराव करेंगे और मामले को हाईकोर्ट तक लेकर जाएंगे।

  • जालंधरः सब्जी लेने जा रहे युवक का चाइना डोर से कटा गला, बैन के बावजूद सरेआम बिक रही डोर

    जालंधरः सब्जी लेने जा रहे युवक का चाइना डोर से कटा गला, बैन के बावजूद सरेआम बिक रही डोर

    जालंधर/हर्ष कुमारः प्रशासन के चाइन डोर पर पाबंदी लगने के बावजूद धड़ल्ले से शहर में चाइन डोर बिक रही है। वहीं आज चाइना डोर को लेकर एक युवक के घायल होने का मामला सामने है। जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय युवक चाइना डोर की चपेट में आने से बुरी तरह से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान राज नगर निवासी रॉकी के रूप में हुई है। रॉकी के बुआ के लड़के नितिन ने बताया कि रॉकी घर में अकेला रहता है और ट्रांसपोर्ट की गाड़ियों में लोडिंग अनलोडिंग का काम करता है। सुबह किसी ने फोन करके बताया उनके भाई का चाइना डोर की चपेट में आने से गला कट चुका है जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया है। जब नितिन घटनास्थल पर पहुंचे तब स्थानीय लोग रॉकी को नजदीकी अस्पताल उपचार के लिए ले जा चुके थे।

    सुबह सब्जी लेने जाना पड़ा रॉकी को भारी 

    घायल रॉकी ने बताया कि वह घर में अकेला रहता है। सुबह सब्जी लेने जा रहा था कि अचानक चाइना डोर उसके सामने आ गई। उसने डोर से बचने की बहुत कोशिश की लेकिन वे उसकी चपेट में आ गया जिससे उसका गला कट गया और वह लहूलुहान हो गया लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

    नहीं रूक रहा था रॉकी का खून, लोगों में उपचार के लिए पहुंचाया अस्पताल 

    घटनास्थल पर घायल रॉकी देखकर वहां पर सभी मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने कहा की घटना फिल्मी सीन की तरह लग रही थी क्योंकि खून रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था सभी लोगों ने घायल रॉकी को उपचार के लिए नज़दीक टैगोर अस्पताल में पहुंचाया और परिवार को सूचित किया।

    प्रतिबंध होने के बावजूद बेखौफ बिक रही चाइना डोर

    घायल रॉकी के परिवारिक सदस्य और लोगों ने कहा चाइना डोर पर प्रतिबंध लगने के बावजूद भी जो दुकानदार इसको बेखौफ होकर बेच रहे हैं उन पर कानूनी कार्रवाई जरूर होनी चाहिए क्योंकि आए दिन बेजुबान पक्षी और कई लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं।


    कब तक चलेगा पुलिस और दुकानदारों में लुका छुपी का खेल 

    पुलिस की तरफ से हर साल दुकानदारों पर कार्यवाही तो की जाती है लेकिन उसका डर दुकानदारों पर कुछ समय तक ही रहता है और बाद में दुकानदार अपना मुनाफा कमाने के लिए थोड़े दिनों बाद फिर पहले की तरह हो जाते हैं।  प्रशासन को इसके लिए सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो सके।

  • जालंधरः 16 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल, केबिनेट मंत्री निज्जर ने किया ऐलान

    जालंधरः 16 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल, केबिनेट मंत्री निज्जर ने किया ऐलान

    जालंधर/वरुणः  गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आज कैबिनेट मिनिस्टर इंद्रबीर सिंह निज्जर पहुंचे। उनके द्वारा आजादी के 75 वे वर्षगांठ के मौके पर ध्वजारोहण किया। इस मौके विधायक रमन अरोड़ा, शीतल अनुराग, एडीजीपी अर्पित शुकला और प्रशासन के अन्य सभी अधिकारी मौजूद थे।

    अपने भाषण में मंत्री निज्जर बोले कि आप सरकार वायदे पूरे करने के लिए वचनबद्ध है। इसी के साथ उन्होंने 16 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का ऐलान किया। केबिनेट मंत्री ने तत्पश्चात मोहल्ला क्लीनिकों का रस्मी उद्धघाटन किया। आज वेस्ट हल्के में राजन कॉलोनी व  कबीर विहार, आदमपुर विधानसभा हल्के में अलावलपुर व पासला, नूरमहल नजदीक फरवाला तथा महितपुर के रसूलपुर में कुल 6 क्लीनिकों को जनता को समर्पित किया गया।

    उधर, चंडीगढ़ में भी सभी सरकारी और निजी स्कूल कल यानी 16 अगस्त को बंद रहेंगे। यूटी सरकार ने आज इसकी घोषणा की। यूटी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित के निर्देशानुसार, चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 अगस्त (मंगलवार) को बंद रहेंगे।

  • पंजाबः कांग्रेस में बढ़ी कलह, आमने-सामने हुए पार्टी प्रधान और विधायक

    पंजाबः कांग्रेस में बढ़ी कलह, आमने-सामने हुए पार्टी प्रधान और विधायक

    अबोहरः पंजाब कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर से कलह शुरू हो गई है। दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग और विधायक संदीप जाखड़ के बीच विवाद देखने को मिला है। दोनों आज आमने-सामने हो गए। प्रदेश प्रधान और विधायक दोनों एक दूसरे को चुनौती देते हुए नजर आ रहे हैं।

    आज कांग्रेस विधायक संदीप जाखड़ ने राजा वड़िंग पर पलटवार करते हुए चुनौती दी है उन्होंने कहा कि अगर हिम्मत है तो उसे पार्टी से निकाल कर दिखाए। विधायक जाखड़ ने वड़िंग की कार्यगुजारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा पता नहीं क्यों प्रदेश प्रधान वड़िंग उनसे डरते हैं। 

    वहीं दूसरी और वड़िंग का भी इस मामले को लेकर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जाखड़ यह सब जानबूझ कर रहे हैं। जाखड़ बीजेपी के हर घर तिरंगा कार्यक्रम को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसा इसिलए कह रहे हैं क्योंकि जब उन्हें पार्टी से निकाला जाएगा तो वह जल्दी से भाजपा ज्वाइंन कर लेंगे।

  • मुकेश अंबानी और उनके परिवार को मिली जान से मारने की धमकी

    मुकेश अंबानी और उनके परिवार को मिली जान से मारने की धमकी

    मुंबई: देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस का दावा है कि रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में धमकी भरे आठ कॉल आए हैं। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को तीन घंटे के भीतर खत्म कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल के अधिकारियों की ओर से डीबी मार्ग पुलिस थाने में शिकायत की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी

    मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन के हरकिशन दास अस्पताल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को धमकी भरे कॉल आने की शिकायत दर्ज कराई है। अस्पताल में तीन से अधिक कॉल आए। मामला दर्ज किया जा रहा है, जांच जारी है।

    रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत

    उधर, रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की ओर से कहा गया है कि मुकेश अंबानी को अज्ञात व्यक्ति की ओर से जान से मारने की धमकी देते हुए कुल आठ कॉल किए गए हैं। हमने मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस से शिकायत की है।

    2021 में भी मुकेश अंबानी को मिली थी धमकी

    बता दें कि इससे पहले 2021 में मुंबई में मुकेश अंबानी के आवास एंटिलिया के बाहर 20 जिलेटिन स्टिक से भरी एक कार मिली थी। मुकेश और उनकी पत्नी नीता अंबानी को संबोधित करते हुए गाड़ी के अंदर एक धमकी भरा पत्र छोड़ा गया था जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी।

    कार में जिलेटिन स्टिक की जानकारी के बाद सचिन वाजे के नेतृत्व में मुंबई की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट समेत कई पुलिस अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। मामले की जांच सचिन वाजे कर रहा था। घटना के कुछ दिनों बाद ठाणे के एक व्यवसायी मनसुख हिरेन की रहस्यमयी मौत हुई थी और फिर मामले को एनआईए को सौंपा गया था। अंबानी के घर के बाहर मिली स्कॉर्पियो का मालिक हिरेन ही था। उसने पहले दावा किया था कि वाहन एक सप्ताह पहले चोरी हो गया था। उनका शव 5 मार्च, 2021 को ठाणे में एक नाले में मिला था।