Blog

  • दर्दनाक सड़क हादसे में 5 कारोबारियों की मौत, कार को कटर से काटकर शवों को निकाला बाहर

    दर्दनाक सड़क हादसे में 5 कारोबारियों की मौत, कार को कटर से काटकर शवों को निकाला बाहर

    पटनाः जिले में परसा बाजार थाना क्षेत्र के सुईथा मोड़ के पास बुधवार देर रात पटना-गया फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 5 कारोबारियों की मौत हो गई। रात 1 बजे कारोबारियों की कार चलते ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा परसा बाजार थाना के महोली फ्लाई ओवर के नीचे हुआ। हादसा इतना भीषण था कि कार ट्रक के अंदर घुस गई। ट्रक के ड्राइवर को इसका पता भी नहीं चला। वह कार को घसीटते हुए 50 मीटर तक दूर तक चला गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। गैस कटर से कार को काटकर सभी शवों को निकाला गया। मृतक सभी पटना के कुर्जी, गोपालपुर और पटेल नगर के साथ समस्तीपुर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

    हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में राजेश कुमार मितन छपरा, गोपालपुर थाना क्षेत्र, कमल किशोर, सुनील कुमार, प्रकाश चौरसिया और कार मालिक संजय कुमार सिन्हा जो पटेल नगर गांधी मूर्ति के पास के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि कार जिस पर रजिस्टर्ड थी, वह पटेल नगर, गांधी मूर्ति के पास रहने वाले संजय कुमार सिन्हा की है। मृतक सभी कारोबारी थे और फतुहा से पटना लौट रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, कार (नंबर BR 01HK 2717) पटना की ओर लौट रही थी।

    इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही कार ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह ट्रक में जा घुसी। ट्रक, कार को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए चला गया। फिर जोरदार धमाका हुआ और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना पर परसा बाजार थाना पुलिस और पटना सदर डीएसपी रंजन कुमार मौके पर पहुंचे। कार के परखच्चे उड़ चुके थे और शव उसमें बुरी तरह फंसे थे। डीएसपी रंजन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

    फिर कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भिजवा दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और डीएसपी रंजन कुमार का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी वजह से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और चलती ट्रक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक चालक ने भी तुरंत वाहन रोकने की बजाय उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे हादसा और भयावह हो गया। उन्होंने कहा कि मृतकों के घरवालों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद सभी के शव घरवालों को सौंप दिए जाएंगे।

     

  • Punjab News: पाकिस्तान से आ रही रावी ने 3 जगहों पर तोड़ा बांध, हुआ भारी नुक्सान, देखें वीडियो

    Punjab News: पाकिस्तान से आ रही रावी ने 3 जगहों पर तोड़ा बांध, हुआ भारी नुक्सान, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः पिछले कुछ दिनों में रावी नदी में पानी के तेज बहाव से बह रहा है और जलस्तर में भी वृद्धि देखी गई है जिससे गुरदासपुर के दीनानगर, कलानौर और डेरा बाबा नानक इलाकों के सीमावर्ती गांवों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी तरह, करतारपुर कॉरिडोर के पास के गांवों में, हालांकि अब पानी कुछ कम हुआ है, लेकिन इस इलाके के किसानों का कहना है कि उनके गांवों में अभी भी पानी मौजूद है और उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। किसानों ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से रावी नदी का पानी उनके पास इतनी तेजी से आया कि धुस्सी के खेतों में 3 जगहों से एक बड़ा गैप बन गया।

    सबसे पहले, उनकी फसलें, मुख्यतः गोभी और धान की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गईं और पानी ने उनके घरों को भी नुकसान पहुंचाया है। किसानों के अध्यक्ष लाडी सप्रवा, बलविंदर पाल, राजिंदर और परगट सिंह ने कहा कि उनकी हजारों एकड़ फसलें नष्ट होने से छोटे-बड़े सभी किसान, मजदूर और दुकानदार भी प्रभावित होंगे। उन्होंने अपील की कि प्रशासन इस बांध को मजबूत करे, साथ ही सरकार उन किसानों को मुआवजा भी दे जिनकी फसलों और घरों को नुक्सान पहुंचा है।

  • Punjab News: कांग्रेस नेता के कत्ल की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, बताई ये वजह

    Punjab News: कांग्रेस नेता के कत्ल की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, बताई ये वजह

    तरनतारनः पट्टी से कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान गुरमेल सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, घटना के दौरान वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बांध निर्माण के लिए अपनी ट्रॉली से मिट्टी डालकर लौट रहे थे। जहां बाइक सवार बदमाशों ने विधानी पट्टी के गांव तूत के पास घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने गुरमेल सिंह पर 8 गोलियां चलाईं और घटना को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गए।

    गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस कत्ल की जिम्मेदारी डोनी बिल्ल, प्रभदासूवाल, अफ़रीदी तूत और कौशल चौधरी ने ली है। उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- सत श्री अकाल सभी भाइयों को, गुरमैल टोट का राम सिंह वाले कत्ल हुआ है, उसकी जिम्मेदारी डोनी बिल्ल, प्रभदासूवाल, अफ़रीदी तूत और कौशल चौधरी लेते हैं।

    आगे लिखा है कि इन लोगों ने हमारे भाई अफ़रीदी को पुलिस को पकड़वाया था और हमारे दुश्मनों के साथ मिलकर हमारा नुकसान करवाने की फिराक में थे और पुलिस को मूकबिरीया कर रहा था। हम यह कहना चाहते हैं कि जो हमारा नुकसान कराएगा या मज़बूत करेगा, उसका भी यही हाल होगा। बाकी भी तैयार रहो। वाहीगुरु मेहर करें, वेट एंड वॉच।

  • Punjab News: हौजरी की दुकान में भीषण आग लगने से लोगों में मचा हड़कंप

    Punjab News: हौजरी की दुकान में भीषण आग लगने से लोगों में मचा हड़कंप

    लुधियानाः पंजाब में एक ओर बारिश ने तबाही मचाई हुई है। जिससे लोगों का कामकाज काफी प्रभावित हुआ है। वहीं लोगों के घरों और दुकानों में बरसात का पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है। वहीं दूसरी ओर आग लगने की घटना होने से लोग परेशान हो रहे है। ऐसा ही एक मामला पुरानी माधोपुरी गली नंबर 3 में हौजरी गारमेंट्स की दुकान से सामने आया है, जहां देर रात दुकान में भीषण आग लग गई।

    धुंआ निकलता देख आस-पास के लोगों ने तुरंत मालिक को सूचित किया। इस दौरान लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी बढ़ गई थी कि आस-पास की बिल्डिंगों से भी लोगों को दुकानों और घरों से बाहर निकालना पड़ा। आग की लपटें काफी दूर तक नजर आ रही थी। आग लगने के कारण पूरा इलाका धुएं से भर गया। लोगों के मुताबिक आग अचानक लगी तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस इलाके में कई अन्य भी हौजरी यूनिट है जिस कारण सभी लोग सहम गए। घटना स्थल पर दमकल विभाग के कर्मी पहुंचे। जिन्होंने करीब 2 घंटे से अधिक कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।

    गारमेंट्स का काफी माल जल कर राख हो गया। दमकल विभाग के कर्मियों मुताबिक आग लगने का असल कारण तो अभी पता नहीं चल पाया लेकिन ज्यादातर हौजरी यूनिट या दुकानों में आग शार्ट सर्किट के कारण ही लगती है। आग लगने के कारण काफी बिजली की तारें आदि भी जल चुकी है। नुकसान कितना हुआ है इसका अभी कोई अंदाजा नहीं है। समय रहते दमकल टीम पहुंच गई अन्यथा आस-पास के बिल्डिंगों में भी आग फैल सकती थी। फिलहाल आग पर कंट्रोल रात 11.30 बजे तक कर लिया गया।

  • GST कटौती के बाद शेयर बाजार में आया भारी उछाल

    GST कटौती के बाद शेयर बाजार में आया भारी उछाल

    नई दिल्लीः ग्लोबल बाजारों के पॉजिटिव संकेतों के कारण और जीसीएटी कटौती के बाद आज 4 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार ऊंचे स्तर पर खुले। निफ्टी 24,900 के आसपास रहा। सेंसेक्स 585.37 अंक यानी 0.73% बढ़कर 81,153.08 पर पहुंचा, और निफ्टी 170.85 अंक यानी 0.69% ऊपर 24,885.90 पर ट्रेड कर रहा है। बाजार खुलते ही करीब 1926 शेयरों में तेजी आई, 439 शेयरों में गिरावट रही, और 126 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

    निफ्टी में बजाज फाइनेंस, एचयूएल, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, और ट्रेंट टॉप गेनर्स रहे, जबकि एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदाल्को इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, और ओएनजीसी में गिरावट देखी गई। दरअसल, बुधवार शाम वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2017 में लागू हुई GST प्रणाली में व्यापक बदलावों की घोषणा की। उन्होंने घरेलू ज़रूरी सामान, दवाइयों, छोटी कारों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर टैक्स घटाने का ऐलान किया।

    इसका असर टूथपेस्ट और बीमा से लेकर ट्रैक्टर और सीमेंट तक हर सेक्टर पर पड़ेगा। जीएसटी काउंसिल ने मौजूदा चार टैक्स स्लैब 5%, 12%, 18% और 28% को घटाकर सिर्फ दो दरों में बदल दिया है, 5% और 18%। हालांकि कुछ लग्ज़री आइटम्स जैसे हाई-एंड कारें, तंबाकू और सिगरेट पर 40% का अलग टैक्स स्लैब लागू होगा। नई जीएसटी दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। हालांकि पान मसाला, गुटखा, सिगरेट, जर्दा और बीड़ी जैसे तंबाकू उत्पाद इस छूट से बाहर रहेंगे।

     

  • 3 दिनों में दर्ज रिकॉर्ड तोड़ बारिश, 24 घंटों में 11 की मौत

    3 दिनों में दर्ज रिकॉर्ड तोड़ बारिश, 24 घंटों में 11 की मौत

    शिमलाः देश के पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उतराखंड सहित कई राज्यों में बारिश से हालात बेहद खराब हो गए है। दरअसल, लगातार हो रही बारिश ने कोहराम मचा दिया है। प्रदेश में जगह जगह पर मलबे की चपेट में घरों सहित बस की चपेट में आने से 11 लोगों की मौतें हुई हैं। भूस्खलन के चलते शिमला, मंडी, कुल्लू सहित राज्य के अन्य जिलों में कई भवन खतरे की जद में आ गए है। मंडी में भूस्खलन की जद में आने से एक पूरा गांव खाली कर दिया गया है। राज्य में भारी संख्या में सडक़ें यातायात के लिए बाधित चल रही है। आवाजाही न होने से प्रदेश में जनजीवन की रफ्तार पूरी तरह से थम गई है।

    बात करें जिला शिमला की तो यहां के रामपुर बीथल के पास काली मिट्टी के समीप चलती बस पर पत्थर गिर गया। जिससे बस में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि बस में सवार 15 यात्रियों को भी चोटियों आई है। कुल्लू के अखाड़ा बाजार में देर रात लैंडस्लाइड की चपेट में आने से 2 घर गिर गए। जिसमें 2 लोग दब गए। मंडी के सुंदरनगर में लैंडस्लाइड से 2 घरों के मलबे में दबने से 7 लोगों की मौत हो गई । जिनमें 4 एक ही परिवार के सदस्य थे। प्रदेश में भारी बारिश के चलते जगह जगह पर भूस्खलन हो रहा है। जो जानलेवा बन गया है।

    मंडी के जोगेंद्रनगर के कुंडुनी गांव में पहाड़ दरकने से 10 जमींदोज हो गए। यहां 6 से ज्यादा घर गिरने के कगार पर हैं। प्रशासन ने गांव खाली कराते हुए 24 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया। शिमला के कृष्णानगर में भी भूस्खलन होने के बाद 6 मकानों को खाली करवाया गया है। शहर के अनाडेल व पटयोग में भी प्रशासन द्वारा घर खाली करवाए गए है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश हुई है। जिससे प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नदी-नाले उफान पर है। अत्याधिक बारिश होने के चलते अब हर ओर लैंडस्लाइड हो रहा है। जिससे भारी नुकसान दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा भी जनता को ऐतिहात बरतने का सुझाव दिया गया है।

    हिमाचल प्रदेश में 3 दिनों के दौरान रिकॉर्ड तोड़ बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में सितंबर माह के शुरूआती तीन दिनों में सामान्य से 534 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 1007, कुल्लू में 1035 और सोलन में 1005 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इसके अलावा शिमला में 766, सिरमौर में 792, लाहौल स्पीति में 668 और ऊना में 543 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। प्रदेश में उक्त तीन दिनों के दौरान सामान्य बारिश 16.4 मिलीमीटर दर्ज की जाती है। जबकि प्रदेश में 3 दिनों मे 104 मिलीमीटर बारिश हुई है।

  • आज का राशिफल, 4 सितंबर 2025

    आज का राशिफल, 4 सितंबर 2025

     आज वामन द्वादशी है। ये दिन मेष राशि वालों के लिए शानदार रहेगा। बिजनेस में अच्छा लाभ मिलेगा। आज आप सामने आयी समस्याओं को सुलझाने में कामयाब साबित होंगे। वृषभ राशि की बात करें तो इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन अच्छा है। आज आप अटके हुए कार्यों को पूरा करेंगें, जिससे आप अपने अन्य कार्यों को भी आगे बढ़ा पायें।

    मेष राशि:आज का दिन आपके लिए बेहतर रहेगा। आज आप बिजनेस में अच्छा लाभ कमायेंगें, भौतिक – सुख सुविधाओं की बढ़ोत्तरी होगी। इस राशि के छात्रों का दिन खुशनुमा रहेगा, किसी टेस्ट पेपर में आपको अच्छे अंक प्राप्त होंगें। आज आप दूसरों की बातों को भी अहमियत देंगें और अच्छे से समझने की कोशिश करेंगें, इससे आपको लाभ मिलेगा। आज आप सामने आयी समस्याओं को सुलझाने में कामयाब साबित होंगे। आज कानूनी मामलों में आपको जीत मिलेगी, जिससे आपको प्रसन्नता होगी ।


    वृष राशि:
    आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आप पार्टनरशिप में किसी काम की शुरुआत करेंगें, भविष्य में आपको बढ़िया लाभ होगा। आज आप अटके हुए कार्यों को पूरा करेंगें, जिससे आप अपने अन्य कार्यों को भी आगे बढ़ा पायें। इस राशि के व्यक्ति आज अपने जीवनसाथी को लेकर कहीं धार्मिक स्थल पर जा सकते हैं। आज आपके महत्वपूर्ण कामों में बदलाव भी होंगे साथ ही पॉजिटिव रिजल्ट आने से आपको ख़ुशी मिलेगी। आज आप घर या ऑफिस का रेनोवेशन कराने का विचार कर सकते हैं ।

    मिथुन राशि:आज का दिन आपके लिए ठीक – ठाक रहेगा। आज रोजगार की तलाश ख़त्म होगी, आपको किसी अच्छी कम्पनी से ऑफर मिलने की सम्भावना हैं। आज ऑफिस के कामों में दूसरों की राय लेने से बचें, बेहतर यही होगा की किसी अपने की काम में मदद लें… तो काम आसानी से सफल होंगे। आज पारिवारिक रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी, बच्चों के साथ टाइम स्पेंड करने का मौका मिलेगा। आज आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और बाहर का खाना अवॉयड करें ।

    कर्क राशि:आज का दिन आपके लिए लाभदायक रहेगा। आज आप कारोबार में पैसे के लेन – देन में जल्दबाजी न दिखाएं। आज आप अपने ध्यान को केन्द्रित कर काम को पूरा करने की कोशिश करें। आज आपका दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा, बच्चे भी आपको खुश होने की वजह देंगें। इस राशि के स्टूडेंट्स किसी प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भी भर सकते हैं या इन्टरव्यू में जा सकते हैं। आज आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी, किसी को दिया हुआ धन वापस मिलेगा ।

    सिंह राशि:आज का दिन आपके अनुकूल बना रहेगा। आज आप सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहेंगें, किसी वरिष्ठ व्यक्ति से आपकी मुलाकात होगी। आज आप जीवनसाथी के लिए उपहार खरीदेगें साथ ही घर की साज-सजावट के लिए घरेलू उपकरणों से जुड़ी ख़रीददारी भी कर सकते हैं। इस राशि की महिलाएं आज किसी काम की शुरुआत कर सकती हैं, जिसमें परिवार का पूरा साथ मिलेगा। आज आप दूसरों के मामलों में हस्तक्षेप करने से बचें अन्यथा आपकी बात ख़राब हो सकती है ।


    कन्या राशि:
    आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आज के दिन की शुरुआत आप किसी अच्छी आदत के साथ करेंगें, जिससे आपका स्वास्थ्य ठीक रहे। आज आपका मन रचनात्मक कार्यों में लगेगा, आप पेंटिंग भी कर सकते हैं। आज आपको मेहनत और अच्छे व्यवहार के कारण वो सब मिलेगा, जिसके आप हक़दार हैं। आज आप अपनी योजनाओं को गुप्त ही रखें अन्यथा विरोधी इसका लाभ उठा सकतें हैं। इस राशि के व्यक्तियों को आज पारिवारिक सुख और शांति का लाभ होगा, साथ ही आपके रिश्तों में मधुरता आएगी।


    तुला राशि:
    आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। आज आपको व्यापार में बड़ा धन लाभ होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहेगी। आज आप अपने कार्यक्षेत्र में कामयाबी का परचम लहरायेंगे। आज आप खुद को मेंटली और फिजिकली फिट महसूस करेंगे। अगर आप नया वाहन खरीदने की सोच रहें है तो खरीद सकतें हैं। आज आपको घर की सफाई के दौरान कोई खोई हुई चीज वापस मिल सकती है। आज आप मित्रों के साथ शाम का समय बितायेंगें और भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा भी करेंगें।

    वृश्चिक राशि:आज का दिन आपके लिए फेवरेबल रहेगा। आज आप मेहनत और लगन से किसी काम को करने में सफल रहेंगें, जिससे पेरेंट्स भी गर्व महसूस करेंगें। आज किसी करीबी से आपको खुशखबरी मिलेगी, आपके घर का माहौल भी खुशनुमा बना रहेगा। आज आप जरूरतमंदो की मदद करेंगें, आपको आशीर्वाद की प्राप्ति होगी। आज ऑफिस में सरलता से कार्य को पूरा करने की कोशिश करें और कोई हड़बड़ी न मचाएं। आज आपका आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा मजबूत रहेगा ।

    धनु राशि:आज का दिन आपके लिए ठीक – ठाक रहेगा। आज आपको ट्रान्सफर से जुड़ी सूचना प्राप्त हो सकती है, जो आपके काम को आसान बनाएगी। अगर आप किसी नए व्यापार की शुरूआत करना चाह रहें है तो आज शुरूआत कर सकते है। इस राशि के व्यक्तियों को अपने जीवनसाथी से आज बहुत सारा प्यार मिलेगा। जीवनसाथी के साथ आप कहीं धार्मिक स्थलों पर जाने का मन बना सकते है। आज आपको आय के नए स्रोत मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी । होटल मैनेजमेंट में कार्यरत व्यक्ति आज नयी डिश तैयार करेंगें, जिसकी बहुत तारीफ होगी।

    मकर राशि:आज का दिन आपके लिए मिला – जुला रहने वाला है। आज आपका काफ़ी समय से रुका हुआ काम पूरा होने से आपको ख़ुशी मिलेगी। आज आप बिज़नेस में परिवर्तन को लेकर विचार – विमर्श कर सकते हैं साथ ही ऑफिस में आपकी क्रिएटिविटी पहले से अच्छी बनेगी। इस राशि के लवमेट के लिए बढ़िया दिन है, आप मूवी देखने का प्लान बना सकतें हैं। आज भाग्य पूरी तरह से आपका साथ देगा और आपकी योजनायें सफल रहेंगी। आज आपको स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है, बदलते मौसम में अपने खाने – पीने का ध्यान रखें ।

    कुम्भ राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आपको कार्यस्थल पर थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन किसी सहकर्मी से मदद भी मिल सकती है। साथ ही किसी विदेशी कम्पनी से जॉब का ऑफर आ सकता है। जिसे ज्वाइन करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आज आपका मन रचनात्मक चीजों में अधिक लगेगा, आप बच्चों को ड्राइंग बनाना भी सिखा सकतें हैं। आज आपके काम से सभी बहुत प्रभावित होंगें और आपसे इंस्पायर भी होंगें। आज सामाजिक कार्यों में आपकी रूचि बढ़ेगी, किसी संस्था से आपको जुड़ने का मौका मिलेगा।

    मीन राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपका ध्यान नयी चीजों के प्रति आकर्षित होगा, आपके मन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा होगी। काफी लम्बे समय बाद आपको घर जाकर आज बच्चों से मिलने का मौका मिलेगा। आज मार्केट में रुका हुआ पैसा आपको मिल जायेगा, जिससे आपका काम आगे बढेगा। इस राशि के स्टूडेंट के लिए आज का दिन शुभ रहने वाला है आज आपको शिक्षकों से प्रशंसा मिलेगी। किसी योजना को बनाने में जीवनसाथी का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा |

  • Jalandhar News: MLA रमन अरोड़ा के खिलाफ एक और मामला दर्ज

    Jalandhar News: MLA रमन अरोड़ा के खिलाफ एक और मामला दर्ज

    जालंधर, ENS: सेंट्रल हलके से विधायक रमन अरोड़ा को बीते दिन ही हाई कोर्ट से 105 दिन के बाद रेगुलर बैल मिली थी। लेकिन जालंधर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा विधायक के खिलाफ थाना रामा मंडी में एक और मामला दर्ज कर लिया गया है।

    जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस द्वारा जबरन वसूली की धाराएं लगाई गई हैं। थाना रामा मंडी की पुलिस विधायक रमन अरोड़ा को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी।

  • Punjab News: कांग्रेस ब्लॉक प्रधान का गोलियां मारकर किया कत्ल

    Punjab News: कांग्रेस ब्लॉक प्रधान का गोलियां मारकर किया कत्ल

    तरनतारन: पट्टी हल्के के कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक प्रधान और पूर्व सरपंच गुरवेल सिंह निवासी गांव टूट की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार हथाड़ इलाके में आए बाढ़ के कारण धूसी बांध पर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी डालकर देर शाम गुरवेल सिंह अपने घर लौट रहे थे।

    इस दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गुरवेल सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। नजदीकी लोगों ने गुरवेल सिंह को पट्टी के निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

  • Jalandhar News: अंधेरे में डूबा सिविल अस्पताल और रेलवे स्टेशन, मरीज परेशान, देखें Live

    Jalandhar News: अंधेरे में डूबा सिविल अस्पताल और रेलवे स्टेशन, मरीज परेशान, देखें Live

    जालंधर (ens): रेलवे स्टेशन और सिविल अस्पताल रात होते ही अंधेरे में डूब गए। जिसकी वीडियो भी सामने आई है, रेलवे स्टेशन की वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री अंधेरे में ट्रेनों में सफर करने के लिए प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे हैं। यदि इस दौरान कोई हादसा हो जाए, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा।

    दूसरी ओर सिविल अस्पताल का भी यही हाल है। मरीज के परिजनों ने बताया कि अस्पताल में पिछले 10 घंटे से लाइट न होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ कमरों में इन्वर्टर के जरिए सिर्फ लाइट ही जल रही है। जबकि मरीज बिना कूलर और पंखे के बैठने को मजबूर है।

    जानकारी देते हुए मरीज त्रिभुवन ने बताया कि वह पेट की समस्या के कारण अस्पताल में दाखिल है। मरीज ने बताया कि सुबह 8:00 से लाइट गई हुई है। गर्मी में बिना कूलर और पंखे से मरीजों का बुरा हाल हो रहा है। पूरे वार्ड में सिर्फ दो पंखे चल रहे हैं।

    वही ज्योति ने बताया कि सुबह से अस्पताल में लाइट नहीं है। वह अस्पताल में अपनी माता का इलाज करवाने के लिए आई थी। लेकिन उसे लाइट न होने के कारण दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मजबूरी में उसे अपनी माँ को टोर्च की लाइट में स्ट्रेचर पर नीचे उतारना पड़ा। अंधेरे में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    सिविल अस्पताल की डॉक्टर वरिंदर कौर से जब इस मामले को लेकर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि बारिश का पानी बिजली की तारों में चला गया है, जिस कारण सप्लाई बंद हो गई है। बिजली की तारों को ठीक करवाया जा रहा है। अस्पताल में इनवर्टर चला दिए गए है।

    बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि जब सिविल अस्पताल में मरीजों को लेकर कोई ऐसी घटना सामने आई हो। पहले भी कई बार अस्पताल विवादों में रह चुका है। इससे पहले ट्रॉमा वार्ड में ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने के कारण मरीजों की मौत होने का मामला सामने आया था। वहीं आज मरीज बिना बिजली के पिछले 10 घंटे से परेशान होकर उपचार करवा रहे हैं।