Blog

  • Himachal News: लूणखरी खड्ड में अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर जब्त

    Himachal News: लूणखरी खड्ड में अवैध खनन करते दो ट्रैक्टर जब्त

    वारिश के दौर में जान जोखिम में डालकर कर रहे अवैध खनन

    ऊना/ सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के तहत थाना बंगाणा पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लूणखरी खड्ड में दबिश दी। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने अपनी टीम के साथ किया। पुलिस ने मौके पर अवैध खनन में लिप्त पाए गए दो ट्रैक्टर जब्त कर लिए। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि वर्तमान में बरसात का दौर चल रहा है और खड्डों में पानी का बहाव तेज रहता है। इसके बावजूद कुछ लोग ट्रैक्टरों की मदद से अवैध खनन करने का जोखिम उठा रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि यह गतिविधि न केवल गैरकानूनी है बल्कि जान के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। बरसात के दिनों में खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे ट्रैक्टर और उसमें सवार लोगों की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना बंगाणा पुलिस अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। पुलिस की ओर से समय-समय पर ऐसे संवेदनशील इलाकों में गश्त और निगरानी की जा रही है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को पुलिस थाना बंगाणा लाया गया है और चालकों के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

  • Punjab News: सतलुज के पानी से घिरी BSF की चौकियां, देखें वीडियो

    Punjab News: सतलुज के पानी से घिरी BSF की चौकियां, देखें वीडियो

    हुसैनीवाला बॉर्डर पर Beating Retreat Show बंद

    फ़िरोज़पुर: सतलुज नदी में पाकिस्तान की तरफ से छोड़े गए पानी के कारण हुसैनीवाला बॉर्डर की कई बीएसएफ चौकियां और फेंसिंग जलमग्न हो गई हैं। हालात पर नज़र बनाए रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल पूरी चौकसी के साथ तैनात है। डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने शुक्रवार को हुसैनीवाला बॉर्डर का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली।

    उन्होंने बताया कि सुरक्षा और सैलानियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीएसएफ ने कुछ दिनों के लिए बीटिंग रिट्रीट समारोह देखने पर रोक लगा दी है। डीसी ने कहा कि सतलुज का पानी बढ़ने से बॉर्डर के इर्द-गिर्द पानी भर गया है, जिस कारण दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालात सामान्य होते ही समारोह को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

  • Punjab News: इस इलाके में हुआ Encounter, चली गोलियां, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में हुआ Encounter, चली गोलियां, देखें वीडियो

    अमृतसर: कमिशनर पुलिस ने एक आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सभी आरोपी बड़ी टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। पुलिस द्वारा सूचना मिलने के आधार पर कार्रवाई की गई।

    पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों के संबंध विदेशियों हैंडलरों और कुख्यात गैंगस्टरों से थे। करनदीप सिंह को विदेशी हैंडलर द्वारा टारगेट किलिंग का काम सौंपा गया था। गिरफ्तारी के दौरान करनदीप ने पुलिस पर गोलीबारी की लेकिन आत्मरक्षा में एएसआई ने गोली चलाकर उसे काबू कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और वह अस्पताल में भर्ती है।

    पुलिस ने आरोपियों से एक ग्लॉक पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस और दो खाली मॉड्यूल बरामद किए हैं। करनदीप सिंह के संबंध आतंकवादी लखबीर सिंह लंडा हरिके गैंग और गैंगस्टर सतबीर सिंह सत्ता नौशहारा से थे। आरोपी को विदेशी हैंडलरों द्वारा टारगेट किलिंग का काम दिया गया था और उसे हथियार तथा कारतूस अलग-अलग स्थानों से कट-आउट मॉड्यूल के माध्यम से मिले थे।

    पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इस मॉड्यूल के बेनकाब होने से एक बड़ी आपराधिक और आतंकवादी घटना को रोका गया है, जो सामाजिक शांति के लिए खतरा बन सकती थी।

  • Himachal News: कैग रिपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा

    Himachal News: कैग रिपोर्ट पर नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार को घेरा

    हिमाचल में केंद्र से बजट की नहीं मुख्यमंत्री के विजन में कमी : जयराम ठाकुर

    कैग रिपोर्ट ने खोली मुख्यमंत्री के सबसे ज्यादा पढ़कर बजट बनाने वाले दावे की पोल

    केंद्र सरकार द्वारा भेजे 1024 करोड़ वापस कर देना प्रदेश के साथ अन्याय

     मणिमहेश में आपदा से हुए नुकसान पर लोगों के आरोपों का सच बताए सरकार

    ऊना/शिमला/सुशील पंडित: शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन में रखी गई 2023- 24 की कैग रिपोर्ट ने सुक्खू सरकार की कलई खोल कर रख दी है। कैग की रिपोर्ट से यह साफ हो गया कि हिमाचल प्रदेश में केंद्र द्वारा दिए जाने वाले बजट की नहीं हिमाचल प्रदेश सरकार और उसके कर्ताधर्ताओं में विजन की कमी है। जिसके कारण केंद्र द्वारा भेजे गए 1024 करोड़ से ज्यादा रुपए राज्य सरकार के अलग-अलग खातों में पड़े रहे लेकिन उनका कोई सदुपयोग नहीं किया जा सका। सरकार द्वारा भेजे गए पैसे को उपयोग न करने के कारण वापस भेज देना प्रदेश के लोगों के साथ नाइंसाफी है। हमने शुरू में ही कहा था कि यह सरकार विजन से कोसों दूर है और इस सरकार के हर क्रियाकलाप हमारी इस बात की तस्दीक करते हैं कि हिमाचल प्रदेश सरकार को हिमाचल प्रदेश की जनता और उसके हितों से कोई लेना-देना नहीं है। इसीलिए सरकार के कामों की समीक्षा करने वाली सभी संस्थाओं की रिपोर्ट्स इस सरकार के क्रियाकलापों पर उंगली उठाते हैं।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि  सबसे ज्यादा पढ़ लिखकर वही बजट प्रस्तुत करते हैं। जितना वह बजट पढ़ते हैं उतना कोई नहीं पढ़ता होगा। वह बजट कैसे पढ़ते हैं उसकी बानगी कैग रिपोर्ट में दिखती है।  सीएम के खूब पढ़कर बजट जारी करने के झूठ की कलई भी कैग की रिपोर्ट ने खोल दी है। कैग की रिपोर्ट बताती है कि मुख्यमंत्री द्वारा 14 मामलों के लिए 711 करोड रुपए का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। लेकिन सरकार द्वारा उन 14 मामलों के लिए जारी मूल बजट ही नहीं खर्च किया गया था। यह बजट यदि सही जगह के लिए जारी किया जाता तो प्रदेश का भला होता। ऐसे में यह सवाल उठता है कि मुख्यमंत्री बजट के बारे में कितना पढ़ते हैं? क्या पढ़ते हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि किस से पढ़ते हैं? इसके साथ ही कैग रिपोर्ट से यह पता चला है कि सरकार द्वारा 40 परियोजनाओं के लिए जारी किए गए बजट से एक पाई भी नहीं खर्च हुई है।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसी तरह सरकार द्वारा 2023–24 तक सरकार द्वारा 2990 परियोजनाओं के 2795 करोड रुपए का उपयोगिता प्रमाण पत्र ही जमा नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि यह धनराशि कहां खर्च हुई, जिसका ब्यौरा सरकार द्वारा नहीं दिया जा सका है। इस तरीके के व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर व्यवस्था पतन करने वाले मुख्यमंत्री ने  प्रदेश विकास पर ब्रेक लगा दी है। प्रदेश के लोग त्रस्त है और सरकार और उनके मित्र मस्त हैं।

    मणिमहेश में आपदा से हुए नुकसान पर लोगों के आरोपों का सच बताए सरकार 

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया में प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार मणिमहेश में हुए जान माल के नुकसान का जो आंकड़ा बताया जा रहा है वह अधिकारिक आंकड़ों से बहुत ज्यादा है। ऐसे कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें स्वयं को तीर्थ यात्री बताने वाले श्रद्धालुओं द्वारा कहा जा रहा है कि क्लाउडबर्स्ट की वजह से वहां पर जान माल की बहुत क्षति हुई है। ऐसे वीडियो में लोगों द्वारा बहुत लोगों के आपदा की चपेट में आने से मौत होने की बात भी कही जा रही है। सरकार द्वारा इस पर कोई स्पष्टीकरण अभी तक नहीं दिया गया है। वहां से जो भी वीडियो आ रहे हैं वह सरकार की नाकामी और  कुप्रबंधन से जुड़े हुए ही आ रहे हैं। लोगों को राहत प्रदान करने के हर सरकारी दावे को मौके पर मौजूद श्रद्धालु खारिज कर रहे हैं। लोगों के आरोप और सरकार के दावे के बीच जमीन आसमान का अंतर है। बिजली और संचार सुविधाएं ध्वस्त होने के कारण वहां का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालुओं से जुड़े और लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करें।

  • मूसलाधार बारिश का कहर जारी, पानी में डूबी सोसाइटी के बाहर खड़ी कारें, देखें वीडियो

    मूसलाधार बारिश का कहर जारी, पानी में डूबी सोसाइटी के बाहर खड़ी कारें, देखें वीडियो

    साबरकांठा: गुजरात के साबरकांठा जिले के कई हिस्सों में शनिवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई। मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं लोगों का सामान्य जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया। दरअसल, गुजरात में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शनिवार को बारिश की वापसी हुई। हालात यह हो गए कि साबरकांठा जिले में बादल फटने जैसी बारिश हुई। ढाई घंटे की बारिश में हिम्मतनगर का एक बड़े इलाके में जलप्रलय आ गई। सोसायटी में एक बड़े प्लॉट में खड़ी कारें पानी में डूब गईं।

    दरअसल, हिम्मतनगर में बारिश देर रात शुरू हुई जो सुबह तक जारी रही। शहर की प्रज्ञाकुंज और अवनी पार्क सोसायटी के कॉमन प्लॉट में खड़ी 15 कारें पानी में डूब गईं। लोगों ने बताया कि कॉमन प्लॉट में और आसपास की जगहों से बारिश का पानी भरने के कारण वाहन डूब गए। हालांकि, स्थानीय लोगों की तरफ से नगरपालिका को सूचित किया गया। लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। इस बारिश को लेकर लोगों का आरोप है कि पालिका की तरफ से लंबे समय से पानी की निकासी के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई।

    जिसके चलते शनिवार को सुबह बारिश के पानी से पूरा इलाका डूब गया। पानी भरने की वजह से स्थानीय लोगों को काफी नुकसान हुआ है। लोगों द्वारा बार-बार नगरपालिका सहित प्रशासन को इस बारे में सूचित किया गया, लेकिन अभी तक उनकी मदद नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास का क्षेत्र ऊंचा होने के कारण पानी नहीं निकल पाता है। जिसके चलते स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

    यदि आने वाले समय में भी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो निश्चित है कि स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं आईएमडी ने राज्य के 5 जिलों के रेड अलर्ट जारी किया है। अहमदाबाद और वडोदरा के साथ दक्षिण के सूरत और दूसरे जिलों को ऑरेज वॉर्निंग में रखा है। आईएमडी ने अपनी चेतावनी में कहा है कि राज्य में 2 सितंबर तक बारिश जारी रहेगी। राज्य के काफी हिस्सों में अभी सीजन की पूरी बारिश नहीं हो पाई।

  • अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय में 6 सितंबर को होगी पीटीए बैठक

    अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय में 6 सितंबर को होगी पीटीए बैठक

    ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक अब 6 सितंबर 2025 को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। पीटीए सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व 28 अगस्त 2025 को बैठक बुलाई गई थी, लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी।

    महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि को बैठक में अवश्य शामिल हों और महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत करें।

  • केवीके रामपुर में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

    केवीके रामपुर में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

    ऊना/सुशील पंडित: कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में आज (शनिवार) को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन की आत्मा परियोजना के तहत आयोजित 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ। इस अवसर पर अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य एवं अधिवक्ता विजय डोगरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस प्रशिक्षण शिविर में अंब और गगरेट विकास खंडों के 46 सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी) ने भाग लिया।  इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, लाभों और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देना था ताकि वे अपने क्षेत्रों में किसानों को रसायन मुक्त खेती के लिए प्रेरित कर  सकें।

    विजय डोगरा ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की आमदनी में बढ़ौतरी करती है बल्कि यह स्वास्थ्यवर्धक भोजन और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आहवान किया कि वे अपने-अपने क्लस्टरों में जाकर किसानों के साथ इस ज्ञान को साझा करें और उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करें। श्री डोगरा ने कहा कि वर्तमान सरकार प्राकृतिक खेती के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने वाली पहली सरकार है। उन्होंने गौ-संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि गौवंश से प्राप्त गोबर और गोमूत्र का उपयोग कर जीवामृत और घन जीवामृत जैसे जैविक घटक घर पर ही तैयार किए जा सकते हैं, जो प्राकृतिक खेती में अत्यंत लाभदायक है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से अनुसूचित जाति के लिए संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

    आतमा परियोजना के निदेशक ऊना वीरेंद्र बग्गा ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर रही है जिससे किसानों की आमदनी में वृद्धि  हो सके और वे रसायन मुक्त खेती की ओर अग्रसर हों। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें प्राकृतिक खेती की गहराई से समझ दी है और वे अब अपने क्षेत्रों में किसानों को अधिक प्रभावशाली तरीके से मार्गदर्शन कर सकेंगे। साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस मौके पर आतमा परियोजना निदेशक वीरेंद्र बग्गा, उप निदेशक उद्यान विभाग केके भारद्वाज, डॉ संजय कुमार, डॉ. मीनाक्षी सैनी सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • बड़ा हादसाः यात्रियों से भरी नाव डूबने से 70 लोगों की मौत

    बड़ा हादसाः यात्रियों से भरी नाव डूबने से 70 लोगों की मौत

    लेंस: उत्तर-पश्चिम अफ्रीकी देश मॉरिटानिया में बड़ा हादसा हो गया। जहां समुद्री तट पर यात्रियों से भरी नाव के पलटने से 70 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में कई अन्य लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि 17 लोगों को बचा लिया गया है और स्पेन के कैनरी द्वीप समूह की ओर जा रही इस छोटी नाव में सवार अन्य यात्रियों की तलाश जारी है।तटरक्षकों और बचाव दल के हवाले से मीडिया में आई खबरों के अनुसार, नाव छह दिन पहले मंगलवार को हुए हादसे से पहले गाम्बिया से रवाना हुई थी, जिसमें करीब 160 लोग सवार थे। नाव में ज्यादातर गाम्बिया और सेनेगल के नागरिक थे।

    अटलांटिक महासागर के रास्ते यूरोप पहुंचने की यह खतरनाक यात्रा अफ्रीकी प्रवासियों के लिए तेजी से आम होती जा रही है। पिछले साल लगभग 47,000 लोग कैनरी द्वीप समूह पहुंचे थे और स्पेन की गैर-सरकारी संस्था कामिनांडो फ्रोंटेरास का अनुमान है कि इस कोशिश में 9,000 से ज्यादा प्रवासी मारे गए। स्पेन की समाचार एजेंसी ईएफई की हवाले से छपी खबरों ने बताया गया है कि राजधानी नुआकशॉट से करीब 60 किलोमीटर उत्तर में तट के पास खोजबीन का काम चल रहा है। बचाव दल डूबी हुई नाव की जांच के लिए गोता लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

    एक वरिष्ठ तटरक्षक अधिकारी ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया कि मंगलवार देर रात प्रवासियों ने तटीय शहर की रोशनी देखी और “नाव का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई।” कामिनांडो फ्रोंटेरास की प्रवक्ता हेलेन मालेनो ने तटरक्षकों से खोज अभियान जारी रखने की अपील की और स्पेनिश मीडिया को बताया कि यह हादसा इस गर्मी की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है। इस सप्ताह की शुरुआत में, मॉरिटानिया की सुरक्षा बलों पर अन्य अफ्रीकी देशों के प्रवासियों के साथ व्यवस्थित रूप से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा।

  • Punjab News: बाढ़ के हालात देख पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह की आंखों में आ गए आंसू, देखें Live

    Punjab News: बाढ़ के हालात देख पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह की आंखों में आ गए आंसू, देखें Live

    अमृतसरः सचखंड श्री हरिमंदर साहिब के मुख्य ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी रघबीर सिंह अज्नाला हलके में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक कुलदीप सिंह धालीवार द्वारा बुलाए जाने पर हड़ पीड़ितों की तरक्की के लिए अरदास करने पहुंचे। जहां अरदास के दौरान ज्ञानी रघुबीर सिंह वैराग्य में चले गए।

    ज्ञानी रघबीर सिंह के आंसू रोकने का नाम तक नहीं ले रहे थे। इस दौरान विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने ज्ञानी रघबीर सिंह को हौंसला देते हुए कहा कि सिंह साहिब, आप हमें हौसला देना है, अगर आप दिल हार गए तो फिर हमारी बांह कौन थामेगा। ज्ञानी रघबीर सिंह की वैराग्य करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है।

  • Jalandhar News: हेरोइन सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

    Jalandhar News: हेरोइन सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर पुलिस ने अलग-अलग थानों की टीमों की मदद से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19.50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 1, थाना डिवीजन नंबर 5 और थाना नई बारादरी की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान 4 आरोपियों को काबू किया।

    तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 19.50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 अलग-अलग मामलें दर्ज किए गए हैं। इसी तरह थाना डिवीजन नंबर 6 और थाना सदर पुलिस की टीमों ने 2 और आरोपियों को नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए गिरफ्तार किया।

    आरोपियों के खिलाफ 2 अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इस अभियान के दौरान 3 नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया, ताकि उन्हें इलाज और पुनर्वास की सुविधा मिल सके और वह इस लत से मुक्त होकर समाज में एक नई शुरुआत कर सकें।