Blog

  • पंजाबः अवैध माइनिंग मामले में राकेश चौधरी गिरफ्तार

    पंजाबः अवैध माइनिंग मामले में राकेश चौधरी गिरफ्तार

    मोहाली: राज्य में हो रही अवैध माइनिंग को लेकर पंजाब सरकार लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। आज अवैध खनन माफिया पर पंजाब सरकार द्वारा अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। रोपड़ पुलिस ने खनन विभाग की शिकायत पर पिछले कई सालों से अवैध खनन के किंगपिन राकेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी खनन मंत्री हरजोत सिंह बैस ने ट्वीट करके दी है।

    माइनिंग विभाग को पुख्ता सूचना थी कि आरोपी अवैध माइनिंग करवा रहा है। विभाग ने बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ रेड की तो आरोपी को दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में रेत के कुछ टिप्पर भी पकड़े गए है। सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी कांग्रेस समय में चन्नी का खास रहा है।

    राजनेताओं के साथ अच्छी पकड़ होने के कारण आरोपी को कोई भी अधिकारी हाथ नहीं डालता था। पंजाब में अब सरकार बदलते ही कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने रेड शुरू कर दी है। मंत्री हरजोत सिंह बैंस पहले भी कह चुके है कि लोगों को रेत सस्ती दी जाएगी। इसके लिए पहले रेत की अवैध माइनिंग रोकनी पड़ेगी। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ शुरू हो चुकी है कि वह इतने वर्ष किसकी आशीर्वाद से रेत खनन का कारोबार कर रहे है।

  • पंजाब: डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    पंजाब: डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

    फरीदकोटः पंजाब के फरीदकोट में हुई डेरा सच्चा सौदा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों में से 4 को पकड़ लिया है। इसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए 3 आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि एक पंजाब के हैं। एक आरोपी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के बख्शीवाला से गिरफ्तार किया है।

    फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आरोपी से पूछताछ कर रही है। स्पेशल सेल के सभी अधिकारी इनसे पूछताछ कर रहे हैं। स्पेशल सेल यह पता लगाने में जुटी है कि डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या की साजिश में कौन-कौन शामिल हैं? साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने उनको हायर किया था और कितने पैसे दिए थे? इसके अलावा कहां से हथियार आया और कब से यह प्लानिंग हो रही थी? यह भी जानने में पुलिस जुटी हुई है।

    साथ ही स्पेशल सेल हत्या के पीछे की वजह सिर्फ बेदअबी है या कुछ और मकसद है। आपको बता दें कि फरीदकोट में गुरुवार सुबह डेरा सच्चा सौदा प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या उस समय हुई थी, जब डेरा सच्चा सौदा प्रेमी अपनी दुकान खोलने जा रहा था। हमलावर बाइकों पर सवार होकर आए थे। इन बदमाशों ने गोलीबारी की। गोलीबारी में डेरा प्रेमी का गनमैन और उसका एक पड़ोसी घायल भी हुआ था। जिस डेरा सच्चा सौदा प्रेमी की हत्या की गई है, वह गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोपी था। प्रदीप हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा से जुड़ा हुआ था।

  • पंजाबः अब महंत की हुई हत्या, खून से लथपथ मिला शव

    पंजाबः अब महंत की हुई हत्या, खून से लथपथ मिला शव

    फतेहगढ़ साहिबः पंजाब में हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद अब महंत की हत्या का मामला सामने आया है। मोहाली जिले के गांव बुढ़नपुर में चार दशक से कुटिया में रहने वाले महंत शीतल दास (70) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। महंत पर तेजधार हथियारों से वार किया गया है। गांव की महिलाओं ने सुबह महंत का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

    शक है कि इलाके में सक्रिय भैंस चोर गिरोह के सदस्यों ने वारदात को अंजाम दिया है। महंत शीतल दास मूलरूप से फतेहगढ़ साहिब जिले के एक गांव के रहने वाले थे। वह बीते करीब 42 साल से गांव बुढ़नपुर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के पीछे महंत सावन दास की समाधि के पास एक झोपड़ी में रहते थे। घटनास्थल पर डीएसपी से लेकर सभी बड़े पुलिस अधिकारी पहुंचे। इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इलाके के लोगों ने बताया कि महंत शीतल दास के नाम करीब तीन बीघा जमीन थी लेकिन वह गांव से भीख मांगकर अपना पेट भरते थे।

    गांव के बाशिंदों ने बताया कि महिलाओं ने सुबह करीब 10 बजे खून से लथपथ महंत का शव देखा। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और गांववाले वहां जुटे। लोगों ने बनूड़ थाने की पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने कहा कि रात भैंस चोरों का एक गिरोह गांव में घूम रहा था। जब उन्होंने एक किसान की भैंस को खोलना शुरू किया तो शोर सुनकर पास के घर के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचा दिया। घटना के बाद आरोपी आंगन की दीवार फांद कर भाग गए। ग्रामीणों को शक है कि महंत शीतल दास की हत्या भैंस चोरी करने वाले गिरोह ने की है। घटनास्थल पर थाना प्रमुख बनूड़ करमजीत सिंह, राजपुरा के डीएसपी सुरिंदर मोहन के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या की जांच शुरू कर दी है। 

  • चुनाव में सप्लाई हो रही भारी मात्रा में चंडीगढ़ की शराब बरामद

    चुनाव में सप्लाई हो रही भारी मात्रा में चंडीगढ़ की शराब बरामद

    अधिकारियों ने किया शराब का ठेका और गोदाम सील

    चंडीगढ़ः गुजरात चुनाव में चंडीगढ़ की शराब सप्लाई की जा रही है। इस बात का खुलासा पुलिस द्वारा पकड़ी गई अवैध शराब से हुआ है। बीते चार दिन में चंडीगढ़-पंजाब बैरियर पर चंडीगढ़ शराब करीब 500 पेटी पकड़ी जा चुकी है। जीरकपुर में मैक्डोनाल्ड चौक पर पुलिस की नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक चालक को 300 पेटी शराब के साथ पकड़ा है, ट्रक में जो शराब मिली है वह चंडीगढ़ मार्का है।

    इससे दो दिन पहले भी पंजाब पुलिस ने इसी रूट पर 200 पेटी शराब पकड़ी थी। जीरकपुर में जो 300 पेटी शराब पकड़ी गई है, उसकी जांच अभी जारी है। दो दिन पहले 200 पेटी शराब जो पकड़ी गई थी, उसकी जांच पूरी होने के बाद चंडीगढ़ एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने कार्रवाई करते हुए इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित शराब ठेका और एक गोदाम सील किया है। बताया जा रहा है यह 200 पेटी शराब यहीं से गुजरात चुनाव के लिए जा रही थी।

    वहीं जो 300 पेटी शराब पकड़ी गई है वह भी गुजरात चुनाव के लिए भेजी जा रही थी। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित शराब ठेके को सील कर नोटिस दे दिया है। असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर रणधीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एईटीसी हरसुहिंदरपाल सिंह बराड़ के आदेश पर की गई है। शराब ठेके मालिक को नोटिस देकर एक हफ्ते में जवाब देने के लिए कहा है। कलेक्टर एक्साइज हरसुहिंदरपाल सिंह बराड़ इस मामले में सुनवाई करेंगे।

  • पंजाब: लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर SBI BANK से लूटे लाखों रुपये

    पंजाब: लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर SBI BANK से लूटे लाखों रुपये

    फतेहगढ़ साहिबः पंजाब में लूटपाट और चोरी की वारदाते दिन-भर-दिन बढ़ती जा रही है। अब लूट की घटना फतेहगढ़ साहिब के संघौल गांव से सामने आई है। जहां वीरवार को दो लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर एसबीआई की शाखा से साढ़े चार लाख रुपये की नकदी लूट ली। बैंक लूटने वाले दो लुटेरे मोटरसाइकिल पर आए थे। इस दौरान बैंक के सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ हाथापाई भी की, लेकिन हथियारों से लैस लुटेरों के आगे हाथ खड़े कर दिए। लुटेरे न केवल राशि लूटी बल्कि जाते समय सुरक्षाकर्मी की राइफल भी अपने साथ ले गए।

    जानकारी के मुताबिक बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने लुटेरों से हाथापाई कर उनको रोकने की कोशिश की। मगर लुटेरों ने उसकी राइफल से बैंक में फायर कर दिया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। लूट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बैंक के अंदर खड़े लोगों ने बताया कि बैंक लूटने पहुंचे लुटेरे साधारण ग्राहक की तरफ आए थे। उन्होंने बैंक में फार्म भरने का ड्रामा भी किया। इसके बाद माहौल देखने के बाद बैंक के सुरक्षाकर्मी के सिर पर पिस्तौल तान दी और दूसरे ने कैशियर से राशि देने की मांग की।

    सुरक्षा गार्ड का कहना है कि जब वह लुटेरों को ऐसा करने से रोक रहा था तो बैंक के कर्मचारी स्ट्रांग रूम में घुस गए और ताला लगा लिया। इस दौरान लुटेरे कैश काउंटर से साढ़े चार लाख रुपये से ज्यादा नकद लेकर फरार हो गए। बैंक के सुरक्षाकर्मी ने बताया कि बैंक मुलाजिमों ने लूट के समय न केवल खुद को स्ट्रांग रूम में बंद कर लिया बल्कि किसी ने भी सायरन बजाने की भी जहमत नहीं उठाई। ऐसे में साफ है कि अच्छी किस्मत थी कि वह लुटेरों के हाथों चली गोली से बच गया है।

    एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। रवजोत कौर ने कहा कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। बैंक में सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता थे या नहीं। इस पर उन्होंने कहा कि बैंक के सिक्योरिटी विंग को बुलाया गया है। उनसे इस बारे में बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि बैंक में मौजूद उन लोगों के बयान दर्ज करके उनको जांच में शामिल करेंगे, जिनके सामने यह लूट की घटना हुई है। पुलिस की पहली प्राथमिकता लूट करने वाले लुटेरों को गिरफ्तार करना है।

  • जालंधरः अब बच्चे ग्रुप बना कर रहे गुंडागर्दी, लोगों ने हथियारों सहित 2 को किया काबू

    जालंधरः अब बच्चे ग्रुप बना कर रहे गुंडागर्दी, लोगों ने हथियारों सहित 2 को किया काबू

    जालंधर/वरुणः शहर में क्राइम का ग्राफ इतना बढ़ गया है कि अब इस जुर्म की दुनियां में बच्चे भी ग्रुप बनाकर दहशत फैलाने का काम करने लगे है। ऐसा ही एक मामला बस्ती शेख से सामने आया है। 8 से 10 युवक एक युवक को तेजधार हथियारों, बेसबैट के साथ पीट रहे थे। घटना के बाद वहां के लोगों ने उक्त युवकों में से दो को काबू किया, जबकि अन्य वहां से भाग गए। यह मामला बस्ती शेख के टैगोर नगर का है। जहां देर रात को बैट बनाने वाली फैक्ट्री से काम करके एक य़ुवक फूल घर लौट वापस लौट रहा था।

    इतने में ही गली के बाहर उसे दोपहिया वाहनों पर सवार 8 से 10 युवकों ने घेर लिया। गुंडागर्दी दिखाते हुए युवकों ने फूल को बेसबैट से पीटना शुरू कर दिया। कुछ युवकों के हाथ में दातरें थीं। पास ही एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में परिवार ने घटना देखी तो वह गली के लोगों के साथ वारदात स्थल की तरफ भागे। वहां पर लोगों ने दो युवकों को तो काबू कर लिया। पकड़े गए युवकों से दातर और बेसवाल बरामद हुआ है।

    पकड़े गए युवकों ने बताया कि वह भी बस्ती पीरदाद की तरफ रहने वाले हैं। पकड़े जाने पर गुंडागर्दी करने आए हल्की उम्र के युवक सिरे से मुकर गए कि उन्होंने कोई हमला किया है। कहने लगे कि वह तो पास से गुजर रहे थे तो लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। ऐसा भी लग रहा था कि युवकों ने कोई नशा कर रखा था।

    वहीं पीड़ित फूल ने घटना को लेकर बताया कि वह किसी को नहीं जानता। वह घर की तरफ आ रहा था तभी हमलावरों ने उसे गिरेबान से पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। उसने कहा कि मैं भी यही इनसे पूछता रहा कि मुझे क्यों पीट रहे हो। उसने उनका क्या बिगाड़ा है। लेकिन कोई सुन नहीं रहा था। युवक के मुंह और टांगों पर हमलावरों ने बेसबैट से चोटें मारी हैं। लोगों ने युवकों को थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस के हवाले कर दिया है।

  • पंजाबः बीजेपी नेता की फैक्टरी में चली गोलियां, मौके से बाइक बरामद

    पंजाबः बीजेपी नेता की फैक्टरी में चली गोलियां, मौके से बाइक बरामद

    लुधियाना: जिले में बीजेपी के राष्ट्रीय नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल की फैक्टरी पर फायरिंग होने का मामला सामने आय़ा है। जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता ने पुलिस को शिकायत देते बताया कि देर रात कुछ लोग उसकी भट्टा फैक्टरी ‘ग्रेवाल अलॉयज भुखारी कलां’ में आए थे। वे फैक्टरी में चोरी करने की नीयत से आए थे। उन्होंने इस दौरान फैक्टरी में फायरिंग भी की।

    जवाबी कार्रवाई में ग्रेवाल ने भी 3 राउंड फायर किए जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। बीजेपी नेता ने बताया कि उन्होंने गन्ने के खेतों में से आरोपियों की एक बाइक भी बरामद की है। उन्होंने बताया कि चोर माल को फैक्ट्री के बाहर तक ले गए थे, लेकिन समय पर सूचना मिलने के चलते उन्हें रोक लिया गया। उन्होंने पुलिस से इस मामले की जांच करने की अपील की है। फिलहाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोटरसाइकिल कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • आतंकी गुरपतवंत पन्नू ने बेअदबी के आरोपियों को सजा देने वालों को के लिए की घोषणा

    आतंकी गुरपतवंत पन्नू ने बेअदबी के आरोपियों को सजा देने वालों को के लिए की घोषणा

    चंडीगढ़: पंजाब के कोटकपूरा में कत्ल किए गए डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह के कत्ल के बाद एक बार फिर सिख फार जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने राज्य के युवाओं को पैसों का लालच दिया है। आतंकी पन्नू ने घोषणा कर दी है कि गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोपियों को सजा देने वालों को SFJ की तरफ से 2.50 लाख रुपए दिए जाएंगे। आतंकी पन्नू ने प्रदीप सिंह की हत्या के अगले ही दिन इस वीडियो को रिलीज किया है। जिसमें वह पंजाब के युवाओं को पैसों की खातिर उकसाता हुआ दिख रहा है।

    आतंकी पन्नू ने घोषणा की है कि पंजाब में हुई बेअदबी की घटनाओं के आरोपियों को सजा देने वाले हर युवक को SFJ की तरफ से 2.50 लाख रुपए दिए जाएंगे, ताकि वे कानूनी लड़ाई लड़ सकें। पन्नू अपनी इस वीडियो में खालिस्तान की मांग उठा रहा है। पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग गुलामी में रह रहे हैं। इसका सिर्फ एक ही हल है, खालिस्तान । भारतीय सरकारें सिखों के हक में नहीं हैं । इन्होंने सिखों की नस्लकुशी की है। इस सिस्टम को जड़ से खत्म करना पड़ेगा और वे सिर्फ खालिस्तान से हो सकता है। पन्नू ने इस दौरान पंजाब में रह रहे हिंदुओं और हिंदू नेताओं को भारत सरकार या खालिस्तान में से एक को चुनने की सलाह दे दी है। पन्नू का कहना है कि जिस राज्य ने उन्हें पानी दिया, अन्न दिया, उसके साथ गद्दारी ना करें। अगले साल 2023 की रेफरेंडम वोटों में हिस्सा लें।

  • पंजाबः बैंक से करोड़ों रुपये गबन के मामले में CBI ने दो उद्योगपतियों को किया गिरफ्तार

    पंजाबः बैंक से करोड़ों रुपये गबन के मामले में CBI ने दो उद्योगपतियों को किया गिरफ्तार

    लुधियानाः बैंक के साथ करोड़ों रुपये गबन करने के मामले में फरार चल रहे लुधियाना के दो उद्योगपतियों को सीबीआई ने कठुआ (जम्मू) से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान लुधियाना शहर की भारत बाक्स फैक्ट्री लिमिटेड कंपनी के दो पूर्व डायरेक्टर प्रवीण अग्रवाल व अनिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने लुधियाना स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के अधिकारियों से मिलीभगत करके 87.88 करोड़ के ऋण का घोटाला किया है, जो अब ब्याज समेत लगभग 121.13 करोड़ बन चुका है।

    सीबीआई प्रवक्ता अनुसार स्टेट बैंक की शाखा मैनेजर की शिकायत पर 2020 में भारत पेपर्स मिल और उसके प्रबंध निदेशक, निदेशकों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों को जम्मू की अदालत में पेश किया गया। जहां से सात दिन का रिमांड लेकर सीबीआई अधिकारी दोनों से कड़ी पूछताछ कर रहे हैं। 

  • पंजाबः दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर महिला से चैन छीन फरार लुटेरा, देखें वीडियो

    पंजाबः दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर महिला से चैन छीन फरार लुटेरा, देखें वीडियो

    तरनतारनः जिले में लूटपाट और चोरी की वारदातों का ग्राफ एक बार फिर से बढ़ गया है। अब तो जिले में यह हाल हो गया है कि लुटेरे दिन दिहाड़े बंदूक की नोक पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे है। ऐसा ही एक मामला आज सुबह सामने आया है। घर के बाहर एक्टिवा पर बैठी महिला से बंदूक की नोक पर गले से सोने की चेन लूट लेता है। घटना की सीसीटीवी भी सामने आई है। 

    जिसमें आप देख सकते है कि कैसे बंदूक की नोक पर युवक महिला से चेन छीनने के लिए हाथापाई करता है। वहीं एक बुजुर्ग भी छुड़ाने के लिए आता है। लेकिन बंदूक दिखाकर वह उसे भी वहां से पीछे होने के लिए कहता है। उक्त महिला पासी मेडिकल स्टोर की पत्नी है। इस घटना के बाद पासी मेडिकल स्टोर के मालिक अमित पासी ने आरोपी की सूचना देने वाले के लिए ईनाम रखा है। इसके लिए मेडिकल स्टोर मालिक ने मोबाइल नंबर 7009874775 जारी की है।