Blog

  • तेजी से खुला शेयर बाजार, निफ्टी में भी आया उछाल

    तेजी से खुला शेयर बाजार, निफ्टी में भी आया उछाल

    नई दिल्लीः शेयर बाजारों ने सोमवार को तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार की शुरुआत की। सप्ताह के पहले कारोबारी सत्र में बीएसई सेंसेक्स 549.21 अंकों (0.72%) की जोरदार तेजी के साथ 76,608.98 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई के निफ्टी 50 इंडेक्स ने आज 160.95 अंकों (0.68%) की तेजी के साथ 23,928.40 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की। मिडिल-ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच कम हुए तनाव के बीच जहां एक तरफ बाजार ने पॉजिटिव शुरुआत की है। तो वहीं दूसरी ओर, आज कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है।

    सोमवार को सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले और बाकी की 2 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। जबकि, निफ्टी 50 की 50 में से 46 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में खुले और बाकी की 4 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के शेयर आज सबसे ज्यादा 3.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। जबकि, दवा बनाने वाली कंपनी सन फार्मा के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।

    सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल इन्फोसिस के स्टॉक्स आज 2.17 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.17 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.69 प्रतिशत, टीसीएस 1.42 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.37 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.28 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.28 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.25 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.99 प्रतिशत, एलएंडटी 0.99 प्रतिशत, आईटीसी 0.97 प्रतिशत, ट्रेंट 0.91 प्रतिशत की बढ़त लेकर खुले।

    इनके अलावा, सोमवार को महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 0.88 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.73 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.72 प्रतिशत, बीईएल 0.68 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.62 प्रतिशत, एटरनल 0.61 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.56 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.56 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.48 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.46 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.44 प्रतिशत, एसबीआई 0.41 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.37 प्रतिशत, टाइटन 0.28 प्रतिशत और पावर ग्रिड के शेयर 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले। जबकि, भारती एयरटेल का शेयर आज 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ खुला।

  • 10 Crore जुर्माने तक के प्रावधान वाला विधेयक आज लोकसभा में होगा पेश

    10 Crore जुर्माने तक के प्रावधान वाला विधेयक आज लोकसभा में होगा पेश

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार लोकसभा में आज लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 में संशोधन संबंधी विधेयक पेश करने जा रही है। इस संशोधन का उद्देश्य प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े अपराधों पर और अधिक सख्ती करना है।

    सदस्यों को वितरित विधेयक की प्रति के अनुसार यदि कोई व्यक्ति परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने या अन्य अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने का दोषी पाया जाता है तो उसे कम से कम पांच वर्ष और अधिकतम 10 वर्ष तक के कारावास की सजा हो सकती है। इसके साथ ही 50 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाने का भी प्रावधान किया गया है।

    विधेयक में संगठित तरीके से किए पेपर लीक या परीक्षा से जुड़े अपराधों के लिए और भी कड़ी सजा का प्रस्ताव है। ऐसे मामलों में दोषियों को कम से कम सात वर्ष की जेल और 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

    प्रस्तावित संशोधनों के तहत जांच एजेंसियों को सभी मामलों की जांच दो महीने के भीतर पूरी करनी होगी। इसके अलावा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को त्वरित अदालतें (फास्ट ट्रैक कोर्ट) स्थापित करने का निर्देश देने का भी प्रस्ताव है, ताकि आरोप पत्र दाखिल होने के तीन महीने के भीतर मामले का निपटारा किया जा सके।

    ये विधेयक ऐसे समय लाया जा रहा है जब हाल ही में नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए आंदोलन और उसके बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग तेज हो गई थी।

    इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए उच्च अधिकार प्राप्त समिति गठित करने की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि प्रस्तावित संशोधन परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने, दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।

     

  • Jalandhar में दिखा Punjab बंद की कॉल का असर, SP का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar में दिखा Punjab बंद की कॉल का असर, SP का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: वाल्मीकि संगठनों ने सर्वसम्मति से 27 जुलाई को पूरे पंजाब में बंद रखने का बड़ा आह्वान किया था। वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने आम जनता, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न वर्गों से एकजुट होकर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजार, बंद करने की अपील की थी। जिसके बाद आज शेखां बाजार, किशनपुरा सहित अन्य बाजार दुकानदारों द्वारा बंद किए गए। शहर भर में जगह जगह पर पुलिस की नाकेबंदी की गई। मामले की जानकारी देते हुए एसपी आकृषि जैन ने बताया कि वाल्मीकि समुदाय द्वारा आज बंद का आहवान किया गया था।

    इस दौरान उन्होंने अवगत करवाया कि भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) पर एकत्रित होकर रोष प्रदर्शन करेंगे। जिसको लेकर मुख्य चौक पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस का मकसद है कि यह रोष प्रदर्शन शांतिमय ढंग से हो। ऐसे में कोई लॉ एंड ऑर्डर की समस्याएं ना आए। वाल्मीकि संगठनों ने सर्वसम्मति ने भी आश्वासन दिया है कि वह शांतिमय ढंग से प्रदर्शन करेंगे।

    इस दौरान पुलिस ने लोगों से सहयोग देने की अपील की है। दरअसल, वाल्मीकि समाज के नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित कर्मचारियों को अविलंब न्याय प्रदान किया जाए।

    पंजाब बंद के मद्देनजर राज्य भर के अलग-अलग जिलों में शांतिपूर्ण रैलियां आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन के आयोजकों ने सभी समर्थकों और आम लोगों से विशेष अपील की है कि वे इस आंदोलन के दौरान पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीका अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान आम जनता को असुविधा न हो और राज्य में कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ सहयोग करें।

  • स्पेस नीडल के पास चली ताबड़तोड़ गोलियां, 2 की मौत, 5 घायल

    स्पेस नीडल के पास चली ताबड़तोड़ गोलियां, 2 की मौत, 5 घायल

    सिएटलः अमेरिका के सिएटल शहर में रविवार शाम आइकॉनिक स्पेस नीडल के पास स्थित सिएटल सेंटर में भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घटना में घायल हुए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को खाली करवा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ये घटना रविवार शाम करीब 6 बजे ‘बाइट ऑफ सिएटल’ नामक वार्षिक फूड फेस्टिवल के दौरान हुई जो सिएटल सेंटर नीडल से महज एक ब्लॉक दूर है।

    इस फेस्टिवल में हजारों लोग शामिल होते हैं। सिएटल फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि गोलीबारी की जानकारी मिलते ही इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंची टीम ने बताया कि इस घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 2 साल का बच्चा भी शामिल है। घालयों में 3 महिलाएं, एक 23 वर्षीय युवक और एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोट लगी है।

    इनमें से एक 56 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताया जा रही है। पुलिस ने इसे मास कैजुअल्टी घटना घोषित किया और पूरे इलाके को खाली करवा दिया। सिएटल पुलिस ने लोगों से अपील की कि वो उस क्षेत्र से दूर रहें, जांच जारी है। अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी या उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कई एजेंसियों के अधिकारी, जिनमें FBI भी शामिल है, मौके पर मौजूद हैं।

  • आज का राशिफल, 27 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 27 जुलाई 2026

    आज का राशिफल संकेत दे रहा है कि शनिदेव के वक्री होने से हर राशि में पुराने कर्म, अधूरी जिम्मेदारियां और दीर्घकालिक विषय दोबारा सामने आएंगे। यह काम की समीक्षा और सुधार का समय है। नई दीर्घकालिक प्रतिबद्धता जल्दबाजी में आकर न करें। मूल नक्षत्र में चंद्रदेव समस्याओं के बुनियादी स्तर पर जाकर सुधार करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। आज बातचीत में स्पष्टता बढ़ रही है। कर्क राशि वाले नौकरी की दिनचर्या में सुधार करें, तुला राशि वाले भाई-बहन से जुड़े पुराने मामलों को सुलझाएं, कुंभ राशि वाले दोस्तों के साथ पुराने मुद्दों को हल करें और मीन राशि वाले करियर में बॉस के निर्देशों का पालन करें। ग्रहों की इस चाल के आधार पर आइए विस्तार से जानते हैं सभी राशियों का आज का राशिफल।

    मेष राशि : अधूरी शिक्षा या कौशल पर ध्यान दें। मेष राशि वाले आज कर्म से जुड़ी पुरानी जिम्मेदारियों को पूरा करने पर फोकस करें। शनिदेव के वक्री होने से भाग्य और धर्म से जुड़े कोई पुराने और अधूरे कर्म आज दोबारा सामने आ सकते हैं। उन्हें समझदारी और अनुशासन से निपटाएं। उच्च शिक्षा, छूटे हुए कौशल या किसी पुराने अधूरे काम की समीक्षा आज करें। पैसों में लग्नेश की स्थिर ऊर्जा बनी है। किसी यात्रा पर जाने या नई दीर्घकालिक योजना को बनाने में जल्दबाजी न करें। धैर्य और अनुशासन आज का मूल मंत्र है।

    वृषभ राशि : ससुराल से पुरानी जिम्मेदारी आ सकती है। वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन बड़े बदलाव लाने वाला हो सकता है। बीमा, आयकर या पुराने दस्तावेज से जुड़े कुछ पुराने और अधूरे कर्म आज दोबारा सामने आ सकते हैं। उन्हें अनुशासन और धैर्य से सुलझाएं। ससुराल पक्ष से कोई पुरानी जिम्मेदारी भरा काम या बात सामने आ सकती है, शांति से सुनें। व्यक्तित्व में स्थिरता और मजबूती रहेगी। नई दीर्घकालिक प्रतिबद्धता जल्दी में न लें। पार्टनर के साथ तनाव हो सकता है। घर में गुस्सा न करें। अपने पराक्रम से आप सभी काम पूरे कर लेंगे।

    मिथुन राशि : जीवनसाथी से किया पुराना वादा पूरा करें। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी से किए किसी वादे को पूरा करने का है। ऐसा कोई मामला पार्टनर की तरफ से सामने आने पर शांति से सुने और धैर्य से मामले को सुलझाएं। बातचीत में अच्छी स्पष्टता है। करियर के क्षेत्र में दबाव बढ़ सकता है। दीर्घकालिक साझेदारी के काम में जल्दबाजी न करें। अच्छी तरह सोच-विचार के बाद ही कोई कदम उठाएं। यदि पार्टनरशिप में कोई काम कर रहे हैं, तो उसकी समीक्षा करें। पैसों के मामले में स्थिति अच्छी रहेगी। परिवार में कोई शुभ काम में जाना हो सकता है। वाणी में आज वजन रहेगा, जिससे आपकी बातों को सुना जाएगा।

    कर्क राशि : सेहत पर ध्यान दें, दिनचर्या सुधारें। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत पर विशेष रूप से ध्यान देने का है। नौकरी से जुड़े पुराने काम की वजह से विवाद हो सकता है। धैर्य और अनुशासन से आज के दिन को संभालें। दिनचर्या में पुराने सुधार के जो काम अटके थे, वो आज शुरू करें। गरिमामय व्यक्तित्व दूसरों पर प्रभाव डालेगा। पार्टनर के साथ धार्मिक कार्यों में शामिल हो सकते हैं। लाभ के मौके मिलेंगे। नई नौकरी हासिल करने या नई दीर्घकालिक जिम्मेदारी उठाने के मामले में जल्दबाजी न करें।

    सिंह राशि : अचानक बदलाव आ सकता है, तैयार रहें। सिंह राशि वालों के लिए आज अचानक बदलाव लाने वाला साबित हो सकता है। फाइनेंशियल मामलों, ससुराल पक्ष, प्रेम, संतान और रचनात्मकता से जुड़े पुराने कामों की समीक्षा करें। शनिदेव के वक्री होने से प्रेम या बच्चों से जुड़े कुछ पुराने और अधूरे विषय आज दोबारा सामने आ सकते हैं। उन्हें शांति और जिम्मेदारी से संभालें। नई दीर्घकालिक प्रतिबद्धता जल्दी में न लें। करियर में स्थिर वृद्धि जारी रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर सावधान रहें। व्यक्तित्व पर आकर्षण बना रहेगा।

    कन्या राशि : घर या परिवार के कुछ अधूरे काम करें। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार से जुड़े पुराने काम को पूरा करने या उनकी समीक्षा करने का है। जीवनसाथी के साथ किए गए वादे को पूरा करें। उनके साथ शांति से चर्चा कर अपने रिश्ते को गहरा करें। जमीन या संपत्ति के पुराने मामले की भी समीक्षा करें। वाहन का ध्यान रखें और ड्राइविंग करते समय सावधानी बरतें। करियर में स्पष्टता बढ़ रही है। नए मौकों की तलाश कर सकते हैं। दोस्तों के साथ अच्छा समय बीतेगा। सही तरीके से धन कमाने के मौके मिलेंगे।

    तुला राशि : भाई-बहन का साथ देने का समय है। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन भाई-बहनों का साथ देने का समय है। उनके साथ बातचीत करें। हाल-चाल पूछें और यदि वे किसी उलझन में हैं, तो उसका समाधान कराएं। किसी छोटी यात्रा पर जा सकते हैं। किसी नई विधा को सीखने या उच्च शिक्षा के लिए समय अनुकूल है। पड़ोसी के साथ किसी पुराने और अधूरे मामले में आज फिर से चर्चा हो सकती है। उन्हें धैर्य से सुने और मामले को शांति से निपटाएं। बातचीत के मामले में स्पष्टता बढ़ रही है। लग्नेश शुक्रदेव लाभ में व्यावहारिक और स्थिर ऊर्जा दे रहे हैं। इच्छापूर्ति हो सकती है। दोस्तों के साथ किसी दीर्घकालिक योजना पर जल्दबाजी में कोई फैसला न करें। यात्रा में भी जल्दबाजी न करें। कार्यस्थल पर आपका प्रभुत्व बढ़ेगा।

    वृश्चिक राशि : परिवार की जिम्मेदारी उठाएं।‌ वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन परिवार की जिम्मेदारियां उठाने का है। पैसों या परिवार से जुड़े कुछ पुराने और अधूरे विषय आज दोबारा सामने आ सकते हैं। उन्हें जिम्मेदारी के साथ निभाना होगा। इस बार उन मामलों से भागने से काम नहीं चलेगा। आज आपकी आवाज में गंभीरता होगी और वाणी प्रभावशाली रहेगी। आंखों को थोड़ा आराम दें। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में जिम्मेदाराना नजरिया रहेगा। पैसों का कोई नया बड़ा दीर्घकालिक फैसला जल्दबाजी में न करें।

    धनु राशि : दूसरों के मामले और काम जिम्मेदारी से संभालेंगे। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन पुराने कर्म और जिम्मेदारियों की गहरी समीक्षा का है। घर और परिवार के किसी महत्वपूर्ण पहलू से जुड़े पुराने और अधूरे विषय आज दोबारा सामने आ सकते हैं। उन्हें शांति और अनुशासन के साथ देखें। आज आपको दूसरे के मामलों और काम को जिम्मेदारी को निभाना होगा। मन में एक गहरी और खोजबीन वाली एनर्जी है। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में जिम्मेदारी का भाव रहेगा। उसकी देखभाल करने से आपके संबंध मजबूत होंगे। सिर में हल्का भारीपन हो सकता है, थोड़ा आराम करें।

    मकर राशि : विदेश से जुड़ा पुराना मामला उठ सकता है। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन पुराने काम की समीक्षा का है। एकांत में बैठकर अपने पुराने और अधूरे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर आज विचार करें। विदेश या दूरस्थ स्थान से जुड़ा कोई पुराना और अधूरा मामला आज दोबारा उठ सकता है। खर्चों पर नजर रखें। कोर्ट-कचहरी के किसी पुराने मामले में लाभ मिल सकता है। विरोधी पक्ष दबाव बनाने की कोशिश कर सकता है, लेकिन आपको घबराना नहीं है। अपने पराक्रम से आप उन पर विजय हासिल कर सकते हैं। संतान पक्ष पर ज्यादा जोर न डालें।

    कुंभ राशि : लाभ से जुड़े पुराने काम की समीक्षा करें। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ की समीक्षा करनी चाहिए। जो काम आप कर चुके हैं, उससे आपको क्या लाभ हुआ, कितना लाभ हुआ और उसे कितना बढ़ा सकते हैं। इस पर विचार करने का समय है। दोस्तों से जुड़े कुछ पुराने और अधूरे विषय आज दोबारा सामने आ सकते हैं। आपको उनकी मदद करनी पड़ सकती है। किसी पुरानी इच्छा की पूर्ति हो सकती है। किसी मित्र के साथ हुए कोई पुराने विवाद को भी आज सुलझाने का अनुकूल समय है। करियर में गुरु का विलंबित शुभ साथ बना है।

    मीन राशि : सरकारी अधूरे काम पूरे हो सकते हैं। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने काम की समीक्षा करने का है। किसी वरिष्ठ से जुड़े कुछ पुराने और अधूरे विषय आज दोबारा सामने आ सकते हैं। बॉस ने कुछ दिन पहले जो कहा था, उस पर आज ध्यान दें और जिम्मेदारी से उनके बताए गए काम को पूरा करें। सरकारी काम में पुराने अधूरे मामलों की समीक्षा करें। आज सरकारी काम आगे बढ़ सकते हैं या पूरे हो सकते हैं। पिता का साथ मिलने से आज खुद को मजबूत महसूस करेंगे। नई दीर्घकालिक करियर प्रतिबद्धता जल्दबाजी में न करें।

  • Punjab News: प्रवासी परिवार के घर पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस, देखें वीडियो

    Punjab News: प्रवासी परिवार के घर पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के गांव 40 खुह, रसूलपुर कल्लर में एक प्रवासी परिवार के घर पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना का CCTV  फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की मांग की है। वहीं, हमले के आरोपी लोगों ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

    पीड़ित परिवार ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि करीब 20 से 25 युवक उनके घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि हमलावरों ने घर में दहशत का माहौल बना दिया और महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ भी मारपीट की।

    परिवार का आरोप है कि हमले से पहले भी उन्हें धमकी दी गई थी। पीड़ितों ने कहा कि वे पुलिस के पास गए, लेकिन उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि CCTV  फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

    दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से रानी ने अपने ऊपर लगे आरोपों का साफ तौर पर खंडन किया और कहा कि उन्हें बिना किसी वजह के बदनाम किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले उनके परिवार के साथ भी एक घटना हुई थी, जिसमें उनकी बात ठीक से नहीं सुनी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई सबूत है तो कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और दोनों पक्षों को समान न्याय मिलना चाहिए।

    इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने के बाद ASI पलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि घटना में एक युवक घायल हुआ है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट, CCTV  फुटेज व अन्य सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। इलाके के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

     

  • साढ़े चार साल में Punjab में एक भी पेपर लीक न होना गर्व की बातः सीएम मान, देखें वीडियो

    साढ़े चार साल में Punjab में एक भी पेपर लीक न होना गर्व की बातः सीएम मान, देखें वीडियो

    मनीष सिसोदिया ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं जीकरपुर में आयोजित एक समारोह में नीट 2026 क्लीयर करने वाले 882 छात्रों को किया सम्मानित
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    चंडीगढ़ः मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में ऐसी व्यवस्था स्थापित की है,  जहां पैसे और सिफारिश के बजाय केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जाती हैं। वर्ष 2026 की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में पंजाब के सरकारी स्कूलों के रिकॉर्ड 882 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। वहीं,  राज्य सरकार ने पूरी तरह पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 68,000 से अधिक सरकारी नौकरियां केवल योग्यता के आधार पर प्रदान की हैं, जो सरकार की ईमानदारी,  पारदर्शिता और समान अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जीरकपुर में आयोजित समारोह के दौरान नीट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निःशुल्क कोचिंग, मेंटोरशिप और करियर काउंसलिंग को दी गई प्राथमिकता का परिणाम है। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला है और रंगला पंजाब की मजबूत नींव रखी जा रही है। सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नीट-2026 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनसे संवाद किया। इस यादगार अवसर पर कई विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से ऑटोग्राफ भी लिया। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक विद्यार्थियों को अपने हस्ताक्षर दिए। विद्यार्थियों ने भी आभार व्यक्त करते हुए अपने हाथों से बनाए गए मुख्यमंत्री के चित्र उन्हें भेंट किए, जिससे यह अवसर और भी भावुक एवं विशेष बन गया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पंजाब के शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन लाने तथा ‘रंगला पंजाब’ की मजबूत नींव रखने के लिए मुख्यमंत्री के निरंतर प्रयासों की सराहना की। सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने नीट में सफलता हासिल कर रचा नया इतिहास पंजाब में शिक्षा सुधारों के उल्लेखनीय परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2026 की नीट परीक्षा में सरकारी विद्यालयों के 882 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जो वर्ष 2024 में सफल हुए 437 विद्यार्थियों की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। पिछले तीन वर्षों में सरकारी विद्यालयों के 2,166 विद्यार्थियों ने नीट तथा 786 विद्यार्थियों ने जेईई परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो सरकारी विद्यालयों में बढ़ती शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। इस वर्ष नीट में सफल हुए 882 विद्यार्थियों में 686 छात्राएँ हैं, जबकि 340 विद्यार्थी अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित हैं। यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक समावेशी एवं समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस परिवर्तन में ‘पेस’ (पंजाब अकादमिक कोचिंग फॉर एक्सीलेंस ) कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ‘अवंती’ तथा ‘मंत्रा फॉर चेंज’ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, मेंटरशिप, मॉक टेस्ट तथा करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अब तक 28,000 से अधिक नियमित शिक्षकों की भर्ती, 5,012 सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर लैब की स्थापना, 8,268 इंटरैक्टिव पैनलों की स्थापना, आधुनिक आधारभूत ढाँचे का विकास तथा शिक्षकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण सुनिश्चित कर शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं।      
  • दुबई में पंजाब के 36 वर्षीय राजबीर की सड़क हादसे में मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, देखें वीडियो

    दुबई में पंजाब के 36 वर्षीय राजबीर की सड़क हादसे में मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः दुबई में सड़क हादसे में जिले के घनिया के बांगर गांव के रहने वाले 36 वर्षीय राजबीर सिंह की मौत हो गई है। इस खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजबीर सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार का गुजारा उन्हीं की कमाई से होता था। अपने परिवार के उज्ज्वल भविष्य के सपने लेकर एक साल पहले विदेश गया था।

    परिवार ने कहा कि उनके पास शव को घर वापस लाने के लिए भी पैसे नहीं हैं। सरकार व पुलिस प्रशासन से यही विनती है कि किसी तरह शव को भारत लाया जाए।

    हादसे की खबर ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं
    परिवार के सदस्यों की आंखें भर आईं जब उन्होंने बताया कि हादसे वाली सुबह राजबीर ने वीडियो कॉल करके सबकी खैर-खबर पूछी थी। किसे पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। कुछ समय बाद आई हादसे की खबर ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा भी हमेशा के लिए छिन गया है। घर में हर तरफ रोने-बिलखने और मातम का माहौल है।

    इस बारे में जानकारी देते हुए मृतक राजबीर सिंह के पिता सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी नवनीत कौर ने बताया कि राजबीर सिंह एक साल पहले दुबई गए थे। राजबीर दुबई में ट्रॉली चलाते थे और कल दुबई में ही एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।

    पीड़ित परिवार ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से भावुक अपील की है कि वे राजबीर सिंह के शव को जल्द से जल्द दुबई से भारत लाने में हर संभव सरकारी मदद दें, ताकि उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जा सके। साथ ही, परिवार ने मांग की है कि सरकार उनकी विधवा पत्नी, दो मासूम बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आर्थिक मदद भी दे।

     

     

  • अंतरजातीय विवाह के बाद महिला से जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

    अंतरजातीय विवाह के बाद महिला से जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

    ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना मैहतपुर में एक महिला की शिकायत पर विश्व मोहन, आशु, शैली और पूजा के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि अंतरजातीय विवाह की रंजिश के चलते आरोपियों ने महिला को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकियां दीं।

     

  • तरलोचन सिंह को डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित

    तरलोचन सिंह को डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित

    अल्पसंख्यकों, धर्म, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित व्यक्तित्व हैं तरलोचन सिंह

    चंडीगढ़: पंजाब कला परिषद, चंडीगढ़ द्वारा पद्मश्री डॉ. रतन सिंह जग्गी मेमोरियल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित समारोह में प्रथम डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति सम्मान से पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सरदार तरलोचन सिंह को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के अंतर्गत ₹51 हजार की नकद राशि, शॉल तथा स्मृति चिह्न भेंट किया जाएगा। सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में 27 जुलाई को सायं 5:30 बजे डॉ. रतन सिंह जग्गी स्मृति पुरस्कार एवं डॉ. रतन सिंह जग्गी ओपन एयर थिएटर के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष स. कुलतार सिंह संधवां इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। स. तरलोचन सिंह अल्पसंख्यकों, धर्म, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, दूरदर्शिता, निष्पक्ष प्रशासन और मानवता की सेवा के माध्यम से भारत के सार्वजनिक जीवन में विशिष्ट स्थान बनाया है। देश के विभाजन की पीड़ा बचपन में झेलने के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने शिक्षा, सेवा और सामाजिक समर्पण को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाया। अर्थशास्त्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने लोक सेवा का मार्ग चुना और अपने लंबे प्रशासनिक तथा सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक जिम्मेदारी का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया। सरदार तरलोचन सिंह ने पंजाब सरकार के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर भारत के राष्ट्रपति सचिवालय तक विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष और बाद में अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा, धार्मिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं और उच्च सदन में जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से उठाया। यद्यपि वे हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे, फिर भी अपने छह वर्षीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने विश्वभर में बसे सिखों और पंजाबियों के हितों की बुलंद आवाज उठाई। अल्पसंख्यकों के अधिकारों, पंजाबी भाषा, सिख विरासत, राष्ट्रीय एकता तथा सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर उन्होंने निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई। स तरलोचन सिंह भारतीय ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष भी रहे, जहां उन्होंने स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के सदस्य के रूप में सेवाएं दीं तथा देश में आयोजित एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के सफल आयोजन में भी अहम भूमिका निभाई। उनकी विशिष्ट सार्वजनिक सेवाओं और योगदान को सम्मान देते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।