Blog

  • Agneepath Scheme: वायुसेना ने जारी की भर्ती डिटेल, मिलेंगी ये सुविधाएं…

    Agneepath Scheme: वायुसेना ने जारी की भर्ती डिटेल, मिलेंगी ये सुविधाएं…

    नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में जारी प्रदर्शन के बीच आज रविवार को भारतयी वायुसेना ने अग्निवीर भर्ती योजना की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. एयरफोर्स की वेबसाइट में अपलोड की गई जानकारी के मुताबिक, अग्निवीरों को वो सारी सुविधाएं दी जाएंगी जो सुविधाएं अभी सैनिकों को मिल रही हैं. उन्हे सैलरी के साथ हार्डशिप एलाउंस, यूनीफार्म एलाउंस, कैंटीन सुविधा और मेडिकल सुविधा भी दी जाएंगी.

    अग्निवीरों को सैलरी के साथ हार्डशिप एलाउंस, यूनीफार्म एलाउंस, कैंटीन सुविधा और मेडिकल सुविधा मिलेंगी. उन्हें ट्रैवल एलाउंस भी दिया जाएगा. अग्निपथ स्कीम के तहत अग्निवीरों को साल में 30 दिन की छुट्टी मिलेगी, उनका मेडिकल लीव अलग होगा. सेवाकाल में शहीद होने पर 1 करोड़ का इन्श्योरेंस कवर मिलेगा. वहीं दिव्यांग होने पर 44 लाख रुपये मिलेंगे. इसके अलावा सेवा निधि पैकेज भी मिलेगा.

    गौरतलब है कि वायुसेना में अग्निवीरों की भर्ती चार साल के लिए होगी. वायुसेना में इनका एक अलग रैंक होगा. जिन अग्निवीरों की वायुसेना में नियुक्ति के समय उम्र 18 साल से कम होगी उन्हें अपने अभिभावक से भी नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर करवाना होगा. सेवा शर्त के मुताबिक चार साल की अवधि पूरी होने के बाद 25 फीसदी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवी अग्निवीरों को रेगुलर कैडर में शामिल किया जाएगा.

  • ईंधन बचाने के लिए इस देश की सरकार ने की स्कूल और दफ्तर बंद करने की घोषणा

    ईंधन बचाने के लिए इस देश की सरकार ने की स्कूल और दफ्तर बंद करने की घोषणा

    नई दिल्ली। श्रीलंका इन दिनों अपनी आजादी के बाद से सबसे खराब आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में ईंधन की समस्या के चलते सरकार ने अगले हफ्ते से दफ्तर और स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। सरकारी कर्मचारी सोमवार से कार्यालयों में नहीं आएंगे। सरकार ने यह फैसला ईंधन की गंभीर कमी के चलते लिया है।

    श्रीलंका के शिक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि कोलंबो शहर में सभी सरकारी और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त निजी स्कूल अगले सप्ताह से बंद रहेंगे और शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाएंगे। इनके अलावा खाद्य संकट कम करने के लिए कृषि क्षेत्र से संलग्न होसरकारी अधिकारियों को अगले तीन महीनों तक हर हफ्ते एक छुट्टी देने को भी मंजूरी दी है। 

    मौजूदा ईंधन स्टॉक तेजी से घटने के कारण श्रीलंका पर आयात के लिए विदेशी मुद्रा हासिल करने का गहरा दबाव है। इसका असर अर्थव्यस्था पर साफ नजर आ रहा है। नतीजतन, देशभर में फिलिंग स्टेशनों के बाहर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग ईंधन के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार कर रहे हैं।

    श्रीलंका पिछले कई महीनों से एक दिन में 13 घंटों तक बिजली कटौती का सामना कर रहा है। शुक्रवार को श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने कहा कि देश की 2.20 करोड़ आबादी में से लगभग 50 लाख लोग भोजन की कमी से सीधे प्रभावित हो सकते हैं। श्रीलंका का कुल विदेशी कर्ज 51 अरब डॉलर है।

    नकदी संकट का सामना कर रही मौजूदा सरकार ने इस सप्ताह के शुरुआत में कई उपायों को मंजूरी दी, जिसमें कंपनियों पर उनके कारोबार के आधार पर 2.5 प्रतिशत सोशल कंट्रीब्यूशन टैक्स लगाना और अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए शुक्रवार को अवकाश घोषित करना आदि शामिल है।

  • खाना नहीं देने पर कर दी पत्नी की हत्या, रात भर लाश के साथ सोया रहा पति

    खाना नहीं देने पर कर दी पत्नी की हत्या, रात भर लाश के साथ सोया रहा पति

    नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रोज अपराध से जुड़े नए मामले सामने आते रहते हैं। ऐसा ही एक अनोखा अपराध का मामला शनिवार को दिल्ली पुलिस के सामने आया। यह मामला दिल्ली के सुल्तानपुर का है, जहां 47 वर्षीय पति ने पत्नी के साथ पहले बैठकर शराब पी और फिर जब पत्नी ने खाना देने से इनकार कर दिया तो उसे मार दिया। इतना ही नहीं बेसुध पति रात भर लाश के साथ सोता भी रहा। इर हैरत करने वाली घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में हलचल मची हुई है।

    पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर के रहने वाले 47 वर्षीय विनोद कुमार दुबे ने गुरुवार रात को अपनी 39 वर्षीय पत्नी सोनाली के साथ शराब पार्टी की। दोनों ने साथ में जाम छलकाए, इसके बाद विनोद ने सोनाली से खाना मांगा लेकिन सोनाली ने इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। बात इतनी बड़ी कि विनोद ने ​तकिए से सोनाली का मुंह दबा दिया। जोर से मुंह दबाए जाने के कारण सोनाली की दम घुटने से मौत हो गई. विनोद नशे में इतना धुत था कि उसे पता ही नहीं चला कि सोनाली मर चुकी है. वह रात भर पत्नी के बगल में ही सोता रहा।

    सुबह उठने पर जब विनोद को होश आया तो उसे पता चला कि सोनाली मर चुकी है. ऐसे में वह घर से 40 हजार से ज्यादा नकद लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 9:20 बजे पुलिस को फोन पर सुल्तानपुर की उक्त घटना की किसी ने जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी पति को लेकर पूछताछ की और उसकी लोकेश ट्रेस करके उसके गिरफ्तार कर लिया।

    अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) पवन कुमार ने बताया कि उसके पास से कुल 43280 रुपए का एक बैग, उसका सामान, दो शराब की बोतलें और खून से सना एक तकिया बरामद किया गया है। पुलिस पूछताछ में विनोद ने बताया कि सोनाली से जब खाना मांगा तो उसने मना कर दिया। इस पर दोनों की बहस हुई और सोनाली ने विनोद को थप्पड़ मार दिया। यह विनोद को बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने तकिए से उसका मुंह दबा दिया।

  • कोरोना के खिलाफ भारत को मिली एक और बड़ी कामयाबी….

    कोरोना के खिलाफ भारत को मिली एक और बड़ी कामयाबी….

    नई दिल्ली: कोरोना महामारी के खिलाफ भारत को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. देश में स्वदेशी टीका विकसित करने वाली दवा कंपनी भारत बायोटेक ने कोरोना वायरस के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए नेजल वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायल पूरा कर लिया है. भारत बायोटेक की इस वैक्सीन का इस्तेमाल नाक के जरिए किया जाएगा और यह संभवत: छोटे बच्चों या नवजात शिशुओं के टीकाकरण के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. दावा यह भी किया जा रहा है कि इस नेजल वैक्सीन को देश में जल्द ही लॉन्च किया जा सकता है. इसके लिए अब भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) की ओर से मंजूरी मिलने का इंतजार है. डीसीजीआई की ओर से वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी मिलने के बाद इसे बाजार में लॉन्च किया जाएगा.

    भारत बायोटेक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (एमडी) डॉ कृष्णा एला ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना की नेजल वैक्सीन के ट्रायल का तीसरा चरण पूरा हो गया है. उन्होंने कहा कि भारत बायोटेक जुलाई में इस नेजल वैक्सीन के इस्तेमाल के लिए भारत के औषधि महानियंत्रक के पास ट्रायल से संबंधित आंकड़ों को प्रस्तुत करेगी. डॉ एला ने आगे कहा कि हमने अभी एक क्लिनिकल ट्रायल पूरा किया है और उस पर डेटा विश्लेषण चल रहा है. अगले महीने हम औषधि नियामक एजेंसी के पास आंकड़ों को पेश करेंगे. अगर सब कुछ ठीक रहा, तो हमें लॉन्च करने की अनुमति मिल जाएगी और नाक के जरिए इस्तेमाल की जाने वाली यह दुनिया की पहली वैक्सीन होगी.

    बता दें कि भारत के औषधि महानियंत्रक ने इस साल के जनवरी महीने में भारत बायोटेक को कोरोना वायरस के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली नेजल वैक्सीन के निर्माण से संबंधित तीसरे चरण के ट्रायल शुरू करने की मंजूरी प्रदान की थी. भारत बायोटेक के चेयरमैन डॉ कृष्णा ऐला ने कहा कि इस नेजल वैक्सीन के तीसरे चरण के ट्रायल के परिणाम आशा के अनुरूप हैं और यह नेजल वैक्सीन कोरोना महामारी के खिलाफ बहुत बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकती है.

    भारत बायोटेक के चेयरमैन डॉ कृष्णा ऐला ने दावा किया है कि हमारा नाक जरिए इस्तेमाल की जाने वाली कोरोना वैक्सीन गेम चेंजर है, क्योंकि यह न केवल खतरनाक वायरस के संक्रमण से लोगों की रक्षा करेगा, बल्कि इससे वायरस का फैलना भी रुकेगा. उन्होंने कहा कि इसके लिए हमने सेंट लुइस में वाशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन समझौता किया है. उन्होंने दावा किया कि यह नेजल वैक्सीन आदमी के शरीर में बड़े पैमाने पर इम्यून सिस्टम को तैयार करता है और आईजीजी, म्यूकोसल आईजीए और टी सेल को बनने से रोकती है. उन्होंने कहा कि आम तौर पर कोरोना वायरस नाक के जरिए संक्रमण को फैलाता है. यह नेजल वैक्सीन नाक के म्यूकोसा में ही इम्यून सिस्टम को मजबूत करके वायरस के संक्रमण और उसके प्रसार को रोकने में सक्षम है.

  • राशिफल (रविवार 19 जून 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (रविवार 19 जून 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेषः प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। यात्रा मनोरंजक हो सकती है। व्यापार-व्यवसाय में नए प्रयोग किए जा सकते हैं। समय की अनुकूलता का लाभ लें। धन प्राप्ति सुगम होगी। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। कार्यभार व अधिकार में वृद्धि हो सकती है। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। कार्य की प्रशंसा होगी।

    वृषः आय में निश्चितता रहेगी। समय शीघ्र सुधरेगा। विवाद को बढ़ावा न दें। बेवजह कहासुनी हो सकती है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। थकान व कमजोरी रह सकते हैं। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। धनहानि की आशंका है। व्यापार-व्यवसाय में धीमापन रह सकता है।

    मिथुनः यात्रा सफल रहेगी। शत्रु सक्रिय रहेंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे। किसी दूसरे व्यक्ति के काम में हस्तक्षेप न करें। विवाद होगा। मित्रों का सहयोग करने का अवसर प्राप्त हो सकता है। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से लाभ होगा।

    कर्कः भूले-बिसरे साथियों व संबंधियों से मुलाकात होगी। कारोबार में अनुकूलता रहेगी। आत्मसम्मान बना रहेगा। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बुद्धि का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। प्रमाद न करें।

    सिंहः नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति हो सकती है। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। यात्रा लाभदायक रहेगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड मनोनुकूल लाभ देगा। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे।

    कन्याः कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। बेकार बातों पर बिलकुल ध्यान न दें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। फालतू खर्च होगा। कर्ज लेना पड़ सकता है। आय में कमी होगी।

    तुलाः नए अनुबंध होंगे। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। समय की अनुकूलता रहेगी, लाभ लें। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय में वृद्धि होगी। जल्दबाजी न करें। यात्रा मनोनुकूल रहेगी। नया काम मिलेगा।

    वृश्चिकः तत्काल लाभ नहीं होगा। निवेश में जल्दबाजी न करें। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। रुके कार्यों में गति आएगी। कार्यस्थल पर सुधार व परिवर्तन हो सकता है। योजना फलीभूत होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। प्रमाद न करें।

    धनुः कारोबार में वृद्धि होगी। आसपास का वातावरण सुखद रहेगा। पार्टनरों तथा भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। विवाद को बढ़ावा न दें। विवेक का प्रयोग करें। प्रमाद न करें। अध्यात्म में रुझान रहेगा। सत्संग का लाभ प्राप्त होगा। राजकीय बाधा दूर होकर स्थिति लाभदायक बनेगी।

    मकरः आय बनी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। व्यापार-व्यवसाय की गति धीमी रहेगी। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि की आशंका बनती है, सावधानी आवश्यक है। लेन-देन में जल्दबाजी से बचें।

    कुंभः व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। कारोबार लाभदायक रहेगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। धनहानि भी आशंका है। कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे।

    मीनः आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। भाग्य का साथ मिलेगा। चारों तरफ से सफलता मिलेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। उत्साह बना रहेगा। चिंता तथा तनाव कम होंगे। भूमि-भवन व मकान-दुकान इत्यादि की खरीद-फरोख्त मनोनुकूल लाभ देगी। बेरोजगारी दूर होगी।

  • डीएईएसआई प्रोग्राम के 5वें बैच का हुआ शुभारंभ

    डीएईएसआई प्रोग्राम के 5वें बैच का हुआ शुभारंभ

    ऊना/सुशील पंडित: आतमा परियोजना के तहत ऊना में डीएईएसआई प्रोग्राम के 5वें बैच का शुभारंभ निदेशक समिति मशोबरा शिमला डाॅ राजेश सूद की अध्यक्षता में परियोजना निदेशक आतमा ऊना के सभागार में आयोजित हुआ। इस अवसर पर राजेश सूद ने कहा कि डीएईएसआई कार्यक्रम ऊना जिला में बहुत अच्छे तरीके से किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने सभी प्रतिभागियों का मनोबल भी बढ़ाया तथा आशा जताई की 5वें बैच को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग करेंगे।

    इस दौरान परियोजना निदेशक आतमा ऊना रविंद्र जसरोटिया द्वारा डीएईएसआई के पांचवे बैच के शुरू करने व चैथे बैच के समापन बारे अवगत करवाया गया। उन्होंने बताया कि इस बैच के लिए 40 डीलर व डीपू होल्डरों को पंजीकृत किया गया है तथा जल्द ही इनकी क्लास आरंभ कर दी जाएगी। इस अवसर पर उप निदेशक डाॅ कृषि कुलभूषण धीमान, उप परियोजना निदेशक आतमा डाॅ राजेश राणा सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

  • बनगढ़ जेल में कैदियों के लिए लगाया गया योग शिविर

    बनगढ़ जेल में कैदियों के लिए लगाया गया योग शिविर

    ऊना/सुशील पंडित: बनगढ़ जेल में कैदियों के लिए आज प्रातः 5.30 बजे विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यह जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेद अधिकारी ऊना डॉ. आनंदी शैली ने बताया कि आयुष विभाग प्रतिदिन योग शिविर का आयोजन करता है, इसी कड़ी में आज बनगढ़ जेल में कैंप लगाया गया, जिसमें 232 कैदियों, 7 विचारधीन महिला कैदियों व 32 स्टाफ सदस्यों ने योगाभ्यास किया।
  • 23 जून को ऊना में मनाया जाएगा राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवसः वीरेंद्र कंवर

    23 जून को ऊना में मनाया जाएगा राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवसः वीरेंद्र कंवर

    कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने की समीक्षा बैठक

    ऊना/सुशील पंडित: प्रतिवर्ष 23 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम इस बार ऊना में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री तथा हिमाचल प्रदेश ओलंपिक्स संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने दी। कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बुलाई गई एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कार्यक्रम प्रातः 6.30 बजे इंदिरा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर ओलंपिक डे रन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चों के अलावा खिलाड़ी भाग लेंगे। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा तथा सभी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम के सफल आयोजन के कार्य करें। 

    कंवर ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ओलंपिक डे रन होगी, जो प्रातः 7 बजे इंदिरा स्टेडियम से शुरू होगी और पुलिस लाइन झलेड़ा में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि रन का उद्देश्य शांति का संदेश देना है।कार्यक्रम के दौरान विशिष्ठ उपलब्धियां हासिल कर जिला ऊना का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के स्थापना दिवस 23 जून को प्रतिवर्ष अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन खेल एवं फिटनेस को समर्पित है, जिसे मनाने का उद्देश्य है कि युवा खेलों के साथ जुड़ें और खेल को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।

    बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, राज्य ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश भंडारी, जिला खेल अधिकारी कुलदीप शर्मा, संयुक्त निदेशक उद्योग विभाग अंशुल धीमान, केसीसी बैंक के निदेशक बलवंत ठाकुर, एएसपी प्रवीण धीमान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू व उप निदेशक उच्चतर शिक्षा जनक सिंह उपस्थित रहे।

  • छोटी सी उम्र में 3 मर्डर, रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी

    छोटी सी उम्र में 3 मर्डर, रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी

    जयपुर। अपराधी अपना जुर्म छिपाने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. कुछ ऐसा ही राजस्थान के जयपुर में हुआ. रायसर इलाके में हत्या करने के बाद अपराधी ने बड़ी ही सफाई से अपना क्राइम छिपा लिया. वह 4 साल खुलेआम घूमता रहा. फिर एक मामूली से मामले में जब गिरफ्तार हुआ तो उसने पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसकी सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान रह गई. उसने एक युवक की हत्या करने के बाद लाश कुएं में फेंक दी थी. पुलिस को सिर्फ मृतक के शरीर की हड्डियां मिली थी. जुर्म की यह खौफनाक कहानी आपको हैरान कर देगी।

    बताया जा रहा है कि आरोपी महज 20 साल का है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक किलर रमेश यादव तीन हत्याएं कर चुका है. 2018 में उसने 16 साल की उम्र में पहला कल्त किया था. उसने हत्या करने के बाद लाश को कुएं में फेंक दिया था. फिर उसके ऊपर दो बोरी नमक भी डाल दी थी. पुलिस टीम जब वारदात की जगह पर पहुंची तो सिर्फ हड्डियां मिलीं. आरोपी रमेश को पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसने हत्याओं के बारे में खुलासा किया।

    पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी रमेश ने 16 की उम्र में विनोद भूमला नाम के युवक की हत्या की थी. पुलिस को मनोहरपुर इलाके के सूनसान जगह स्थित एक कुएं में विनोद की हड्डियां मिली थी. पुलिस का कहना है कि हत्या आपसी रंजिश में हुई थी. विनोद ट्रक चलाता था. उसने कुछ गुर्गे भी पाल रखे थे. रमेश भी किसी गैंग में शामिल था. उसने विनोद का पहले कि़डनैप किया फिर उसकी हत्या की थी. पुलिस को कुएं से चप्पल और कपड़े मिले थे. इससे मृतक विनोद की पहचान की गई थी।

    जानकारी के मुताबिक आरोपी रमेश ने 17 साल की उम्र में दूसरा मर्डर किया था. उसने जयपुर के विश्वकर्मा इलाके के राहुल नाम के युवक का पहले अपहरण किया. फिर उसी हत्या कर दी थी. इसमें रमेश के साथी भी शामिल थे. राहुल का शव एक बोलवेल से मिला था. पुलिस ने जब आरोपियों को पकड़ा उस वक्त रमेश की उम्र महज 17 साल की थी. इस वजह से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया था. बाल सुधार गृह में उसका विवाद हो गया था. बहस के बाद उसने एक लड़के की हत्या कर दी थी. फिर उसे जयपुर जेल शिफ्ट कर दिया गया था।

  • कॉपिंग एजैंसी से जारी होने वाले दस्तावेज़ आरटीआई से नहीं मांगे जा सकतेः एसडीएम

    कॉपिंग एजैंसी से जारी होने वाले दस्तावेज़ आरटीआई से नहीं मांगे जा सकतेः एसडीएम

    ऊना/सुशील पंडित: एसडीएम हरोली विकास शर्मा ने कहा है कि कई मामलों में लोग सामान्य रिकॉर्ड हासिल करने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि यह रिकॉर्ड सामान्य रूप से निर्धारित शुल्क की अदायगी कर कॉपिंग एजेंसी से सरलता से प्राप्त किया जा सकता है। यह निर्णय राज्य सूचना आयोग ने दिया है। 

    एसडीएम ने बताया कि जुलाई, 2021 में सूचना का अधिकार नियम के तहत प्राप्त आवेदन के संदर्भ में जन सूचना अधिकारी अधीक्षक, ग्रेड-।। हरोली ने आवेदक को सूचना सामान्य प्रक्रिया के तहत हासिल करने का परामर्श दिया, जिस पर आवेदक द्वारा सूचना आयोग में अपील की गई तथा प्रत्युत्तर में आयोग द्वारा एक अधिसूचना जारी कर यह स्पष्ट किया गया कि दीवानी न्यायालयों अथवा राजस्व न्यायालयों तथा अन्य राजस्व प्राधिकरणों में दीवानी विवाद इत्यादि के लिए आवश्यक दस्तावेज़ जैसे पुरानी जमाबंदी की नकलें, अक्स मुसाबी, जिलाधीश, एसडीएम (नागरिक), तहसीलदार के आदेश, पार्टीशन इत्यादि की नकल के दस्तावेज़ सामान्य प्रक्रिया के तहत कॉपिंग एजैंसी से हासिल किए जा सकते हैं। इसके लिए सार्वजनिक प्राधिकरणों से आरटीआई एक्ट के तहत दस्तावेज़ हासिल करना आरटीआई अधिनियम में शामिल नहीं है।

    एसडीएम विकास शर्मा ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम भ्रष्टाचार से लड़ने तथा पारदर्शिता व जवाबदेही लाने के लिए है तथा नागरिक जिम्मेवारी के साथ इसका पालन करें। उन्होंने लोगों से आहवान किया है कि किसी भी प्रकार की अव्यवहारिक मांग या निर्देश इस एक्ट के तहत आवेदन कर सरकारी एजैंसियों का समय सूचना एकत्र करने और प्रस्तुत करने के अनुत्पादक कार्य में व्यय हो रहा है।  

    उन्होंने अपील की है कि आरटीआई का इस्तेमाल इस अधिनियम के उद्देश्य तक ही सीमित रखें और राष्ट्रीय विकास और एकीकरण में बाधा डालने के लिए अथवा नागरिकों के बीच शांति और सद्भाव को नष्ट करने के लिए इसे उपकरण के रूप में इस्तेमाल करना सही नहीं है।